Assam: रूट बदलने पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा के खिलाफ FIR; राहुल ने केंद्र पर लगाए असम को विभाजित करने के आरोप
असम के लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राहुल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भ्रष्ट सीएम बताया है।
विस्तार
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुरुवार को नगालैंड से असम पहुंच गई। शिवसागर जिले से शुरू होकर यह यात्रा असम के 17 जिलों से गुजरेगी और 833 किमी का सफर तय करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही यात्रा 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा नगालैंड से शिवसागर जिले के हलुवाटिंग होते हुए असम पहुंची। राहुल ने सुबह नगालैंड के तुली से बस यात्रा फिर से शुरू की और लगभग 9:45 बजे असम पहुंचे।
हलुवाटिंग में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी का स्वागत किया और राज्य में आठ दिवसीय यात्रा के लिए कांग्रेस की असम इकाई के नेताओं को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा गया। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी। असम के शिवसागर जिले के अमगुरी और जोरहाट जिले के मारियानी इलाके में राहुल गांधी दो जनसभाओं को संबोधित भी करेंगे। साथ ही जनसभा से पहले राहुल गांधी अमगुरी और मारियानी में रोड शो भी करेंगे। असम में यात्रा सबसे बड़े नदी द्वीप माजुली से भी गुजरेगी।
राहुल गांधी ने हिमंत बिस्वा सरमा को कहा भ्रष्ट सीएम
असम के लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राहुल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भ्रष्ट सीएम बताया है। उन्होंने कहा, 'आज भाजपा और आपके मुख्यमंत्री (हिमंत बिस्वा सरमा) असम को विभाजित कर रही है। शायद देश का सबसे भ्रष्ट सीएम असम का सीएम है।'
#WATCH | Jorhat, Assam: During the 'Bharat jodo Nyay Yatra', Congress leader Rahul Gandhi says, "Today BJP and your chief minister (Himanta Biswa Sarma) are dividing Assam. Maybe, the most corrupt chief minister in the country is the chief minister of Assam." pic.twitter.com/kwiRRxsWMY
— ANI (@ANI) January 18, 2024
असम में रूट बदलने पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज
वहीं, असम के जोरहाट शहर में रूट बदलने पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा और इसके मुख्य आयोजक केबी बायजू के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जुलूस ने केबी रोड की ओर जाने की अनुमति ली थी, लेकिन इसने शहर में एक अलग मोड़ ले लिया और इससे क्षेत्र में अराजक स्थिति पैदा हो गई। अचानक भीड़ उमड़ने से कुछ लोग गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। यात्रा और उसके मुख्य आयोजक के खिलाफ जोरहाट सदर पुलिस स्टेशन में स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में कहा गया है कि यात्रा ने जिला प्रशासन के मानदंडों का पालन नहीं किया और इसने सड़क सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन किया।
नगा राजनीतिक मुद्दे के समाधान के लिए 9 वर्षों में कुछ नहीं हुआ...
राहुल गांधी ने बुधवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान नगालैंड के मोकोकचुंग शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नगा राजनीतिक मुद्दे का समाधान ढूंढ़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 9 वर्षों में कुछ नहीं किया। इस मुद्दे को लेकर 2015 में एक ढांचागत समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। राहुल ने कहा कि नगा लोगों को भरोसे में लिए और उनसे चर्चा किए बिना इस समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता है। राहुल ने कहा कि यह मुद्दा गंभीर और इसका समाधान आवश्यक है। कहा कि नौ साल पहले प्रधानमंत्री ने जो वादा किया था वह नगा लोगों के लिए एक खोखला वादा है।कांग्रेस ने चुनाव घोषणापत्र के लिए मांगे सुझाव
कांग्रेस ने बुधवार को एक वेबसाइट और ई-मेल आईडी जारी कर 2024 लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र के लिए लोगों से सुझाव मांगे हैं। पार्टी की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष पी चिदंबरम ने कहा, यह कवायद लोगों से सुझाव प्राप्त करने के लिए है। यह जन घोषणापत्र होगा।