Agniveer: राहुल बलिदानी परिवार का वीडियो जारी कर बोले- रक्षा मंत्री ने झूठ कहा; सेना ने दावों का खंडन किया
लोकसभा में अग्निवीर के मुद्दे पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि अग्निवीरों के बलिदान पर उनके परिवारों को मुआवजा नहीं दिया जाता। इसके जवाब में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि अग्निवीर के बलिदान पर परिवार को एक करोड़ रुपये दिए जाते हैं। भारतीय सेना ने राहुल गांधी के दावों का खंडन किया है।
विस्तार
लोकसभा का सत्र शुरू हुआ तो सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्षी गठबंधन के बीच अलग अलग मुद्दों पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया था। इनमें से एक प्रमुख मुद्दा अग्निवीर भी था। अब राहुल गांधी एक वीडियो के माध्यम से केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
राहुल गांधी ने जारी किया बलिदानी के परिवार का वीडियो
इस वीडियो में नेता प्रतिपक्ष सर्वोच्च बलिदान देने वाले अग्निवीर अजय सिंह के परिजनों से बात करते नजर आ रहे हैं। अजय सिंह के परिवार का कहना है कि केंद्र सरकार ने नहीं बल्कि पंजाब सरकार ने उनकी मदद की। राहुल गांधी ने अजय सिंह के पिता से बातचीत का वीडियो भी दिखाया। राहुल गांधी ने दावा किया ‘शहीद अजय सिंह के पिता ने मेरे और रक्षामंत्री के भाषण सुनने के बाद ये बयान दिया।’ इसके बाद बलिदानी के पिता कह रहे हैं, ‘रक्षा मंत्री ने कल बयान दिया कि परिवारों को एक करोड़ रुपये मिल चुके हैं। हमें ना कोई संदेश आया और ना ही कोई पैसा आया। अग्निवीर योजना बंद होनी चाहिए और नियमित भर्ती होनी चाहिए।’
सत्य की रक्षा हर धर्म का आधार है!
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 3, 2024
लेकिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद अग्निवीर के परिवार को सहायता मिलने के बारे में संसद में झूठ बोला।
उनके झूठ पर शहीद अग्निवीर अजय सिंह के पिता जी ने खुद सच्चाई बताई है।
रक्षा मंत्री को संसद, देश, सेना और शहीद अग्निवीर अजय सिंह जी के… pic.twitter.com/H2odxpfyOO
भारतीय सेना ने किया राहुल के दावों का खंडन
उधर, भारतीय सेना ने राहुल गांधी के दावों का खंडन किया है। भारतीय सेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स के अपने आधिकारिक अकाउंट पर बताया कि भारतीय सेना अग्निवीर अजय के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करती है। आगे कहा गया है, ‘अग्निवीर अजय के परिवार को पहले ही 98.39 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है। अब पुलिस द्वारा सत्यापन किए जाने के बाद परिवार को 67 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस तरह से परिवार को दी जाने वाली कुल धनराशि करीब 1.65 करोड़ रुपये होगी।’ बात पर भी जोर दिया गया है कि भारतीय सेना, सर्वोच्च बलिदान देने वाले अग्निवीरों और सैनिकों के परिजनों को जल्द से जल्द बकाया राशि प्रदान करती है।
Indian Army issues a clarification on emoluments to Agniveer Ajay Kumar.
— ANI (@ANI) July 3, 2024
Tweets, "... Of the total amount due, the family of Agniveer Ajay has already been paid Rs 98.39 lakhs. Ex - Gratia and other benefits amounting to approximately 67 lakhs, as applicable according to the… pic.twitter.com/d3v92BisMG
सदन में अग्निवीर योजना पर मचा था हंगामा
दरअसल, राहुल गांधी ने सदन में अग्निवीर योजना पर सवाल खड़े किए थे और कहा था अग्निवीर अगर सर्वोच्च बलिदान दे तो उसे मुआवजा नहीं मिलता। इसके जवाब में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि अगर कोई अग्निवीर सर्वोच्च बलिदान दे तो केंद्र सरकार द्वारा एक करोड़ रुपये की धनराशि उसके परिवार की सहायता के रूप में दी जाती है। इसके बाद रक्षामंत्री और गृहमंत्री ने राहुल पर सदन में झूठ बोलने का आरोप भी लगाया था।