{"_id":"6b04891339484687b1085293","slug":"pune-software-engineer-kills-techie-girlfriend-after-dispute-calls-police-for-ambulance-2026-11-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुणे में खौफनाक वारदात: सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने प्रेमिका को पीट-पीटकर मार डाला, सुबह खुद फोन कर बुलाई पुलिस","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
पुणे में खौफनाक वारदात: सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने प्रेमिका को पीट-पीटकर मार डाला, सुबह खुद फोन कर बुलाई पुलिस
Tue, 24 Nov 2026 12:16 AM IST
शिवम गर्ग
पीटीआई, पुणे
पीटीआई, पुणे
Published by: शिवम गर्ग
Updated Tue, 24 Nov 2026 12:16 AM IST
सार
पुणे के हिंजवड़ी इलाके में प्रेम संबंधों के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम कालबांडे पर प्रेमिका कोमल दहाले की हत्या का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस बुलाई।
विज्ञापन
अपराध। (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
महाराष्ट्र के पुणे में रिश्तों में बढ़ते विवाद ने एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान ले ली। हिंजवड़ी के आईटी हब इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका को पीट-पीटकर मार डाला। दोनों पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया और एंबुलेंस भेजने की मांग की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
ढाई महीने से चल रहा था दोनों के बीच विवाद
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान कोमल दहाले के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के वर्धा जिले की रहने वाली थी। वहीं, आरोपी शुभम कालबांडे बुलढाणा जिले का निवासी है। दोनों हिंजवड़ी स्थित दो बड़ी आईटी कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। पेशे के दौरान ही दोनों की जान-पहचान हुई थी। पुणे के पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि दोनों पिछले साढ़े तीन साल से प्रेम संबंध में थे। हालांकि, पिछले दो से तीन महीनों से उनके बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद हो रहा था।
विज्ञापन
होटल में डिनर के बाद पीजी में हुआ झगड़ा
पुलिस के अनुसार, रविवार रात दोनों एक होटल में डिनर करने गए थे। इसके बाद वे हिंजवड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे वस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी लौट आए। इसी पीजी में कोमल रह रही थी। रात करीब 12:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पुलिस का कहना है कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे गुस्से में शुभम ने कोमल पर कई बार मुक्कों से हमला किया। इस हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
सुबह खुद पुलिस को फोन कर बुलाई एंबुलेंस
वारदात के करीब साढ़े तीन घंटे बाद सुबह 6:30 बजे आरोपी शुभम ने खुद पुलिस को फोन किया और एंबुलेंस भेजने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कोमल की मौत कथित तौर पर उसके प्रेमी के हमले के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने शुभम को हिरासत में ले लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है। हिंजवड़ी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक बालाजी पांढरे जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
