सबरीमाला में निषेधाज्ञा 14 जनवरी तक बढ़ी, भाजपा ने बैठक का किया बहिष्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केरल में जारी हिंसा को देखते हुए प्रशासन ने सबरीमाला में निषेधाज्ञा 14 जनवरी मकरविल्लकू महोत्सव तक बढ़ा दी है। पत्तनमथिट्टा के जिलाधिकारी ने भारी हिंसा के मद्देनजर निषेधाज्ञा बढ़ाने का निर्णय लिया। अडूर, पंडलम, कोडुमन और नेदुमंगदू जैसी जगहों पर पहले से ही निषेधाज्ञा लागू है। 2 जनवरी को 50 साल से कम उम्र की दो महिलाओं के मंदिर में प्रवेश के बाद से राज्य में हिंसा जारी है।
मकरविलक्कू 14 जनवरी को है और मंदिर के कपाट 20 जनवरी को सुबह 7 बजे हो जाएंगे। इस बीच, पत्तनमथिट्टा के अडूर में रेवन्यू डिविजनल ऑफिसर की ओर से बुलाई गई शांति बैठक का भाजपा ने बहिष्कार किया। भाजपा का आरोप है कि सबरीमाला कर्म समिति से जुड़े चंद्रन उन्नीथन की मौत के मामले में पुलिस ने अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। ऐसी स्थिति में वह किसी भी बैठक में शामिल नहीं होगी। पत्थरबाजी में घायल उन्नीथन की 3 जनवरी को मौत हो गई थी।
संघ से कड़ाई से निपटेंगे : विजयन
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा, ‘संघ परिवार लोगों के दिमाग में भय पैदा करने का प्रयास कर रहा है। उनके लोग विधायकों और पार्टी के दूसरे नेताओं के घरों पर हमले कर रहे हैं। वे राज्य की शांति भंग कर रहे हैं। राज्य की जनता ने संयम दिखाया है। हम संघ की हिंसा से कड़ाई से निपटेंगे। पुलिस हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।’
राज्य पुलिस असफल रही: कांग्रेस
वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीथला ने सरकार से पूछा कि वह संघ और भाजपा के लोगों को हिंसा करने से रोकने में विफल क्यों रही? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में फेल रही है, जिसे राज्य के डीजीपी ने खुद स्वीकार किया है।
यह राज्य प्रायोजित हिंसा: भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि माकपा के गुंडे राज्य में हिंसा कर रहे हैं, जिन्हें सरकारी संरक्षण हासिल है। भाजपा नेता ने दावा किया कि सीएम विजयन जिस कन्नूर जिले से ताल्लुक रखते हैं, वह हिंसा का केंद्र बन चुका है, जिसमें सरकार सहभागी है।
मुख्य पुजारी ‘ब्राह्मण राक्षस’: मंत्री
महिलाओं के प्रवेश के बाद मंदिर में शुद्धीकरण किए जाने पर केरल के पीडब्ल्यूडी मंत्री और वरिष्ठ माकपा नेता जी सुधाकरन ने मंदिर के मुख्य पुजारी को ‘ब्राह्मण राक्षस’ कह डाला। उन्होंने कहा कि एक महिला को अशुद्ध साबित करने वाला इंसान नहीं हो सकता।
कानून का सम्मान हो: यूएन
सबरीमाला विवाद पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने कहा कि यूएन सभी को कानून के शासन का सम्मान करने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर हम चाहते हैं कि सभी पक्ष कानून के शासन का सम्मान करें।
ब्रिटेन ने जारी की यात्रा एडवाइजरी
ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए यात्रा एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि कोई भी ब्रिटिश नागरिक अगर केरल जाने की योजना बना रहा है, तो उसे मीडिया रिपोर्टों को ध्यान में रखना चाहिए। साथ ही केरल में मौजूद ब्रिटिश नागरिकों को भीड़भाड़ वाले इलाके से दूर रहने की भी सलाह दी गई है।