Parliament: 'पहलगाम हमले के चार आतंकी अब भी फरार', ऑपरेशन सिंदूर पर बहस से पहले बोलीं प्रियंका चतुर्वेदी
संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा से पहले शिवसेना (उद्धव गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारत की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि पाकिस्तान सेना प्रमुख के भड़काऊ भाषण के बाद भी खुफिया एजेंसियां सतर्क क्यों नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सख्त कदम उठाए, लेकिन चारों आतंकी अब भी फरार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संसद में सोमवार जम्मू-कश्मीर में हुए पहलगाम आतंकी हमले और भारत के जवाबी सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा होनी है। इस बीच शिवसेना (उद्धव गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारत की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों के खिलाफ की गई तमाम कार्रवाइयों के बावजूद पहलगाम हमले में शामिल चारों आतंकी अब भी फरार हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी जानना चाहते हैं कि खुफिया तंत्र में चूक कहां हुई। पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर का भाषण हमला होने से पहले ही हो चुका था, फिर हम सतर्क क्यों नहीं हुए? उन्होंने कहा कि हमले में लोगों को उनके धर्म पूछकर मारा गया ताकि देश में माहौल बिगाड़ा जा सके, लेकिन भारतीयों ने एकजुटता दिखाकर उस साजिश को नाकाम कर दिया।
क्या था असीम मुनीर का भाषण?
बता दें कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर ने ओवरसीज पाकिस्तानिज सम्मेलन में कहा था कि पाकिस्तान और भारत हर मामले में अलग हैं। धर्म, परंपरा, सोच और महत्वाकांक्षाएं। उन्होंने 1947 की टू-नेशन थ्योरी का जिक्र करते हुए पाकिस्तानी नागरिकों से कहा था कि वे अपने बच्चों को हिंदू-मुस्लिम के बीच अंतर सिखाएं।
ये भी पढ़ें:- Politics: पहलगाम हमले पर चिदंबरम के बयान से बवाल, भाजपा बोली- पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की कोशिश
'चारों आतंकी अभी तक पकड़े नहीं गए'
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भारत सरकार ने हमले के बाद कई कड़े कदम उठाए। इसके तहत सिंधु जल संधि को निलंबित किया गया, पाकिस्तानी मीडिया चैनलों, सोशल मीडिया अकाउंट्स और क्रिकेटरों पर प्रतिबंध लगाया गया। व्यापार और द्विपक्षीय वार्ताएं रोकी गईं और विभिन्न देशों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल भेजे गए। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इतने कदमों के बावजूद चारों आतंकी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं, और इससे ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सवाल उठते हैं।
पी चिदंबरम के बयान पर भी दी तीखी प्रतिक्रिया
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चिदंबरम जी कई मंत्रालयों में काम कर चुके हैं, गृहमंत्री भी रह चुके हैं। भारत-पाकिस्तान के पिछले 70 वर्षों के इतिहास को देखें, तो हमें न युद्ध का सबूत चाहिए, न आतंकवाद का सब पाकिस्तान के ही कारण हुआ है। पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा था कि कोई सबूत नहीं है कि हमलावर पाकिस्तान से आए थे। इस पर शिवसेना (उद्धव गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
आगामी एशिया कम पर बोलीं प्रियंका चतुर्वेदी
उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच आगामी एशिया कप क्रिकेट मैच पर भी आपत्ति जताई और कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान दुनिया में कहीं भी क्रिकेट मैच खेलते हैं, तो यह देश के हित में नहीं होगा। प्रियंका चतुर्वेदी ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान के साथ किसी भी प्रकार का सामान्य रिश्ता देश की सुरक्षा नीति के खिलाफ हो सकता है।
ये भी पढ़ें:- सुप्रीम कोर्ट: सेब के बागों को हटाने के आदेश के खिलाफ याचिका पर आज सुनवाई; हाईकोर्ट के आदेश को दी गई है चुनौती
समझिए पूरा मामला
गौरतलब है कि बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिक मारे गए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओजेके) में आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए, जिसे 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया। अब संसद में इस पूरे मामले को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच जोरदार बहस की उम्मीद है।