PM Mumbai Visit: 'विकसित भारत की परिकल्पना गति और प्रगति'; नवी मुंबई एयरपोर्ट का शुभारंभ करने के बाद बोले पीएम
Navi Mumbai International Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) और मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2बी का उद्घाटन किया। उन्होंने उद्घाटन करने के बाद कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना 'गति और प्रगति' की है। उन्होंने कहा, आज महाराष्ट्र सरकार ने सैकड़ों ITI और तकनीकी स्कूलों में नए प्रोग्राम का शुभारंभ भी किया है। इससे अब बच्चों को ड्रोन, सोलर एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन जैसी टेक्नॉलॉजी की ट्रेनिंग भी मिलेगी। जानिए प्रधानमंत्री ने और क्या बातें कहीं
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुंबई को अपना दूसरा एयरपोर्ट मिल गिया। हवाई अड्डे के उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार मौजूद रहे। यह डीबी पाटिल नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने मुंबई मेट्रो की लाइन-3 (एक्वा लाइन) के अंतिम चरण का भी उद्घाटन किया।
मुंबई का सफर और भी आसान होगा, बचेगा समय
उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आज मुंबई का लंबा इंतज़ार खत्म हुआ। मुंबई को अब अपना दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिल गया है। ये एयरपोर्ट, इस क्षेत्र को एशिया के सबसे बड़े कनेक्टिविटी हब के रूप में स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। आज मुंबई को पूरी तरह से अंडरग्राउंड मेट्रो भी मिली है, इससे मुंबई का सफर और भी आसान होगा और लोगों का समय भी बचेगा।'
अब बच्चों को ड्रोन, सोलर एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन जैसी टेक्नॉलॉजी की ट्रेनिंग
उन्होंने कहा, 'ये समय भारत के नौजवानों के लिए अनगिनत अवसरों का समय है। कुछ समय पहले ही देश की अनेक ITI को इंडस्ट्री से जोड़ने के लिए 60,000 करोड़ रुपये की पीएम सेतु योजना शुरू की गई है। आज से महाराष्ट्र सरकार ने सैकड़ों ITI और तकनीकी स्कूलों में नए प्रोग्राम का शुभारंभ किया है। इससे स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को ड्रोन, सोलर एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन जैसी अनगिनत नई टेक्नॉलॉजी की ट्रेनिंग मिल पाएगी। मैं महाराष्ट्र के युवाओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।'
एयरपोर्ट का आकार कमल के फूल जैसा
पीएम मोदी ने कहा, 'नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसमें विकसित भारत की झलक है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती पर बना है, और इसका आकार कमल के फूल जैसा है। यानी यह संस्कृति और समृद्धि का जीवंत प्रतीक है।' उन्होंने इसकी अहमियत को रेखांकित करते हुए कहा, इस नए एयरपोर्ट से महाराष्ट्र के किसान यूरोप और पश्चिम एशिया के सुपरमार्केट से भी जुड़ पाएंगे।
2014 से पहले हमारे देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160...
प्रधानमंत्री ने कहा, 2014 में जब देश ने मुझे अवसर दिया, तब मैंने कहा था कि मेरा सपना है कि हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई सफर कर सकें। हमारी सरकार ने इस मिशन पर गंभीरता से काम शुरू किया और पिछले 11 साल में देश में एक के बाद एक एयरपोर्ट बनते चले गए। उन्होंने कहा, 2014 से पहले हमारे देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे और आज एयरपोर्ट की संख्या 160 को पार कर चुकी है। उड़ान योजना की वजह से बीते दशक में लाखों लोगों ने पहली बार हवाई सफर किया है, अपना सपना पूरा किया है।'
देशवासी स्वदेशी सामान घर लाएगा, स्वदेशी सामान
जीएसटी दरों में कटौती के फैसले और देश को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मेरा आपसे आग्रह है, स्वदेशी अपनाइए। गर्व से कहिए, यह स्वदेशी है। यह हर घर और हर बाजार का मंत्र होना चाहिए। हर देशवासी स्वदेशी सामान घर लाएगा, स्वदेशी सामान उपहार में देगा। इससे देश का पैसा देश में ही लगेगा। इससे भारत के श्रमिक को काम मिलेगा और नौजवानों को रोजगार मिलेगा।'
नवी मुंबई में एयरपोर्ट खुलने से क्या आसानी होगी
इस हवाई अड्डे से अक्तूबर के अंत तक टिकटों की बिक्री शुरू होने की संभावना है। इंडिगो, अकासा एयर और एअर इंडिया एक्सप्रेस उड़ानें इस हवाई अड्डे से यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगी।
क्यों खास है नवी मुंबई का यह हवाई अड्डा?
VIDEO | Navi Mumbai, Maharashtra: Prime Minister Narendra Modi (@narendramodi) inaugurates Phase 1 of the Navi Mumbai International Airport (NMIA), built at an estimated cost of Rs 19,650 crore.#NaviMumbaiAirport
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos -… pic.twitter.com/KFjLa09Ha4— Press Trust of India (@PTI_News) October 8, 2025
बता दें कि 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत विकसित यह हवाईअड्डा मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में एनएमआईए छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के साथ मिलकर काम करेगा।
भारत की विमानन यात्रा में मील का पत्थर
उद्घाटन के बाद अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, यह सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं बल्कि भारत को वैश्विक द्वार के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बेहतरीन कदम है। यह इंफ्रास्ट्रक्चर आज की जरूरत ही नहीं, बल्कि आने वाले दशकों की संभावनाओं का निर्माण करता है। आने वाली पीढ़ियों के लिए यह एयरपोर्ट सिर्फ यात्रियों को नहीं, बल्कि एक उभरती महाशक्ति की धड़कन, उसके सपने और उसकी आकांक्षाएं लेकर चलेगा। अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड के निदेशक जीत अदाणी ने कहा, एनएमआईए भारत की विमानन यात्रा में एक मील का पत्थर है, जो आधुनिक तकनीक और यात्री अनुभव को एक साथ जोड़ता है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) को सहायक बनाकर मुंबई को एक वैश्विक एविएशन हब के रूप में सुदृढ़ करता है।
विकसित भारत की नई उड़ान
एनएमआईए को मुंबई महानगरीय क्षेत्र (एमएमआर) के लिए एक ट्विन एयरपोर्ट सिस्टम के हिस्से के रूप में विकसित किया गया है। यह एयरपोर्ट शुरुआती चरण में 2 करोड़ पैसेंजर प्रति वर्ष (एमपीपीए) क्षमता के साथ शुरू होगा और भविष्य में 9 करोड़ प्रति वर्ष (एमपीपीए) तक विस्तार करेगा। एयरपोर्ट का डिज़ाइन कमल के रूप से प्रेरित है, जो भारत की सांस्कृतिक जड़ों और आधुनिक तकनीकी दृष्टिकोण का अद्भुत संगम है। ज़ाहा हदीद आर्किटेक्ट्स द्वारा निर्मित यह ढांचा प्राकृतिक रोशनी, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरणीय स्थिरता को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
स्मार्ट कनेक्टिविटी और मल्टी–मॉडल हब
एनएमआईए को मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (अटल सेतु), नवी मुंबई और मुंबई मेट्रो, उपनगरीय रेल नेटवर्क और प्रस्तावित जलमार्गों से जोड़ा गया है। यह नेटवर्क पश्चिम भारत के विशाल क्षेत्र में यात्रियों और कार्गो दोनों के आवागमन को सहज और तेज बनाएगा। प्रारंभिक दो चरणों में एयरपोर्ट एक रनवे और एक टर्मिनल के साथ संचालित होगा, जिसकी क्षमता 20 एमपीपीए होगी। आगे चलकर इसमें चार रनवे, कई टर्मिनल और अत्याधुनिक कार्गो सुविधाएँ होंगी, जिनमें पेरिशेबल गुड्स और एक्सप्रेस कार्गो के लिए विशेष टर्मिनल भी शामिल होगा।
दुनिया के सबसे कुशल हवाई अड्डों में से एक
इससे भीड़भाड़ को कम किया जा सकेगा और मुंबई को वैश्विक बहु-हवाई अड्डा प्रणालियों की श्रेणी में शामिल किया जा सके। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को 1160 हेक्टेयर क्षेत्रफल के साथ, दुनिया के सबसे कुशल हवाई अड्डों में से एक के रूप में डिजाइन किया गया है। यह हवाई अड्डा अंततः वार्षिक 90 मिलियन यात्रियों (एमपीपीए) और 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो को संभाल सकेगा।
ये भी पढ़ें- Airport: मुंबई-दिल्ली के हवाईअड्डे देंगे लंदन और पेरिस को टक्कर, आधुनिक सुविधाओं से मजबूत होगा वैश्विक संपर्क
इसकी अनूठी सुविधाओं में एक स्वचालित पीपल मूवर (एपीएम) शामिल है, जो एक परिवहन प्रणाली है जो सभी चार यात्री टर्मिनलों को सुचारू अंतर-टर्मिनल स्थानांतरण के लिए जोड़ेगी। साथ ही एक लैंडसाइड एपीएम भी है जो शहर के बुनियादी ढांचे को जोड़ेगा। स्थायी प्रथाओं के अनुरूप, इस हवाई अड्डे में स्थायी विमानन ईंधन (एसएएफ) के लिए समर्पित भंडारण, लगभग 47 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन और पूरे शहर में सार्वजनिक संपर्क के लिए ईवी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। एनएमआईए देश का पहला हवाई अड्डा भी होगा जो वाटर टैक्सी से जुड़ा होगा।
ये भी पढ़ें: रामपुर: दिल से मिले दिल... अखिलेश और आजम खां की मुलाकात की पहली तस्वीर, एक-दूसरे के हाथ पकड़कर चले साथ
ब्रिटेन के पीएम से भी करेंगे मुलाकात
इसके अलावा प्रधानमंत्री मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी मुंबई मुंबई में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से भी मिलेंगे। इस दौरान दोनों देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए बैठक करेंगे। इसके मद्देनजर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा काफी अहम माना जा रहा है।