{"_id":"596a3f094f1c1b2c598b46cc","slug":"presidential-candidate-ramnath-kovind-not-went-to-matoshree-despite-going-to-mumbai","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुंबई जाने के बावजूद भी कोविंद नहीं गए मातोश्री","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
मुंबई जाने के बावजूद भी कोविंद नहीं गए मातोश्री
ब्यूरो/ अमर उजाला, मुंबई
Updated Sat, 15 Jul 2017 09:45 PM IST
विज्ञापन
ramnath kovind
- फोटो : ANI
भाजपानीत एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद शनिवार को मुंबई पहुंचे। भाजपा नेताओं ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया। मुंबई आने पर कोविंद शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मिलने उनके आवास मातोश्री पर नहीं गए लेकिन, उन्होंने फोन पर उद्धव से बात की और समर्थन देने के लिए उनका आभार जताया।
विज्ञापन
पिछले दो टर्म में कांग्रेस समर्थित यूपीए की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार मातोश्री के दर मत्था टेकते रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से लेकर मौजूदा राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने भी मातोश्री जाकर शिवसेना का समर्थन मांगा था। लेकिन, एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद मातोश्री नहीं गए।
विज्ञापन
उन्होंने सिर्फ फोन पर उद्धव ठाकरे से बातचीत की और समर्थन देने के लिए उनका आभार जताया। कोविंद के मातोश्री नहीं जाने पर शिवसेना के नेताओं ने भी कोई एतराज नहीं जताया है। शिवसेना कोटे से सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बने दीपक सावंत ने कहा कि रामनाथ कोविंद के विचार बहुत अच्छे हैं। उद्धव ठाकरे ने पहले ही उन्हें समर्थन देने की घोषणा कर दी है, इसलिए शिवसेना ने कोविंद को समर्थन दिया है।
विज्ञापन
रामनाथ कोविंद शनिवार की सुबह मुंबई पहुंचे। उनके साथ बिहार भाजपा अध्यक्ष सांसद नित्यानंद राय भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपाध्यक्ष रावसाहेब दानवे पाटिल, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार ने उनकी आगवानी की।
वहीं, भाजपा के नेताओं ने गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। उसके बाद वह दक्षिण मुंबई स्थित गरवारे क्लब गए जहां भाजपा और घटक दल के विधायकों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनंत गीते और रामदास आठवले के अलावा भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय राज्य के मंत्री और भाजपा-शिवसेना के विधायक भी मौजूद थे। उन्होंने विधायकों से संवाद साधा और अपने विचार व्यक्त कर सभी का समर्थन मांगा।