{"_id":"628663cead6b9678ee77bddb","slug":"president-ram-nath-kovind-arrives-in-saint-vincent-and-the-grenadines","type":"story","status":"publish","title_hn":"President Visit: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस, सूचना साझा करने संबंधी समझौते पर हुए हस्ताक्षर","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
President Visit: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस, सूचना साझा करने संबंधी समझौते पर हुए हस्ताक्षर
Thu, 19 May 2022 09:53 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Thu, 19 May 2022 09:53 PM IST
सार
उनके इस दौरे के दौरान भारत और सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइन्स के बीच गुरुवार को सूचनाओं को साझा करने और सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण समझौते हुए।
विज्ञापन
किंग्सटाउन पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
- फोटो : social media
विस्तार
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी दो कैरेबियाई देशों की यात्रा के दूसरे चरण में गुरुवार को सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस पहुंचे। यहां उन्होंने देश की संसद में अपना संबोधन भी दिया। हालांकि इससे पहले राजधानी किंग्सटाउन में उनका अर्गिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री राल्फ गोंजाल्वस और गवर्नर जनरल डेम सुसान डोगन ने जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रपति के आगमन पर उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ और 21 तोपों की सलामी दी गई। कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ यहां पहुंचे थे। किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की यह सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस की पहली यात्रा है।
विज्ञापन
यहां पहुंचे के बाद सबसे पहले राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने देश के प्रधानमंत्री राल्फ गोंजाल्वस और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उनके इस दौरे के दौरान गुरुवार को भारत और सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइन्स के बीच सूचनाएं साझा करने और अन्य सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण समझौते हुए। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के प्रधानमंत्री राल्फ ई गोंजाल्विस दोनों देशों के बीच हुए समझौतों पर हस्ताक्षर के साक्षी भी बने।
विज्ञापन
इस समझौते के मुताबिक, दोनों देश किसी भी व्यक्ति या कंपनियों के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान करने, बैंकों और वित्तीय संस्थानों आदि द्वारा आयोजित कंपनियों के स्वामित्व और करों के संग्रह की सूचना का आदान-प्रदान और सहायता करेंगे।
विज्ञापन
सड़क का नाम बदला
सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस की राजधानी किंग्सटाउन में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद यहां मौजूद काल्डर रोड का नाम बदलकर 'इंडिया ड्राइव-भारत मार्ग' रखने के साक्षी भी बने। इस दौरान सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के प्रधानमंत्री राल्फ ई गोंजाल्विस और स्थानीय समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।
यहां राष्ट्रपति कोविंद का गवर्नर-जनरल सुसान डोगन, वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात और देश की संसद को भी संबोधित करने का कार्यक्रम तय था। सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस, भारत का अहम भागीदार है और दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य हैं। राष्ट्रपति कोविंद जमैका की यात्रा करके यहां पहुंचे थे। उन्होंने जमैका की संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को भी संबोधित किया था।
समावेशी विश्व व्यवस्था होनी चाहिए : कोविंद
सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस की संसद में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि बहुपक्षवाद को प्रासंगिक और प्रभावी बने रहने के लिए संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है। आज के जटिल मुद्दों से निपटने के लिए, हमें जिस नई विश्व व्यवस्था का निर्माण करना चाहते हैं, वह समावेशी विश्व व्यवस्था होनी चाहिए। समकालीन वैश्विक वास्तविकता को प्रतिबिंबित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के साथ वैश्विक संस्थानों में सुधार समय की मांग है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस के साथ हमारी विकासात्मक साझेदारी सार्वभौमिक भाईचारे की भावना पर आधारित है... मैं आप सभी से नए भारत और आर्थिक विकास से जुड़ने का आग्रह करता हूं।
यह एक असाधारण घटना : पीएम गोंजाल्विस
भारत के राष्ट्रपति के दौरे पर सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस के प्रधानमंत्री राल्फ ई. गोंजाल्विस ने कहा कि हमारे लिए यह एक असाधारण घटना है। दोनों देशों में स्थान, आकार आदि में अंतर हैं लेकिन फिर भी हम बहुत कुछ साझा करते हैं। हम लोकतंत्र और स्वतंत्रता के मूल्यों और गुटनिरपेक्षता के विचारों को साझा करते हैं। हम व्यापार और निवेश को प्रोत्साहित कर सकें इसके लिए हमें भारत में भौतिक रूप से उपस्थिति की आवश्यकता है। इसलिए 2023 में हम भारत में एक राजनयिक मिशन स्थापित करने का इरादा रखते हैं।
कोविड महामारी के दौरान भारत हमारे साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा रहा है। इससे पहले कि भारत के पास खुद के लिए पर्याप्त वैक्सीन होती, उन्होंने वैक्सीन हमें दी। यह उल्लेखनीय बात है और हम इसे कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि मेरा ब्लेजर उनके (पीएम मोदी के) दर्जी ने बनाया था। अपने मित्र राष्ट्रपति कोविंद के स्वागत के लिए आज मैंने वही सूट पहना है। पीएम मोदी और मेरी बहुत अच्छी दोस्ती है; हम दोनों ही काफी मिलनसार हैं और मानवता, शांति और सुरक्षा की चिंता करते हैं।