{"_id":"63da27726f0a9703084cc093","slug":"political-reaction-on-budget-2023-farooq-abdullah-shashi-tharoor-akhilesh-yadav-2023-02-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Budget 2023: फारूक अब्दुल्ला ने की तारीफ तो थरूर दिखे नाराज, जानें बजट को लेकर किसने क्या कहा?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Budget 2023: फारूक अब्दुल्ला ने की तारीफ तो थरूर दिखे नाराज, जानें बजट को लेकर किसने क्या कहा?
Wed, 01 Feb 2023 08:34 PM IST
संजीव कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: संजीव कुमार झा
Updated Wed, 01 Feb 2023 08:34 PM IST
सार
वित्त मंत्री के बजट में किए गए एलानों के बाद नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने जहां तारीफ की वहीं शशि थरूर नाराज नजर आए। आइए जानते हैं कि इस बार किस नेता ने की बजट की तारीफ तो कौन हुए नाराज...
विज्ञापन
बजट पर प्रतिक्रियाएं
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश का आम बजट पेश कर दिया है। इस बार के बजट में महिलाओं,युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों का खासा ख्याल रखने की कोशिश की गई है। इस बार सबसे खास बात यह रही कि टैक्स स्लैब में बड़ा बदलाव किया गया है। नए टैक्स स्लैब के मुताबिक सात लाख रुपये तक की आय वालों को अब कोई टैक्स नहीं देना होगा। वहीं अब वित्त मंत्री के बजट में किए गए एलानों के बाद नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। आइए जानते हैं कि इस बार किस नेता ने की बजट की तारीफ तो कौन हुए नाराज...
विज्ञापन
बजट में सबको कुछ न कुछ दिया गया: फारूक अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि बजट में मध्यम वर्ग को मदद दी गई है, सबको कुछ न कुछ दिया गया है। डेढ़ घंटे तक हमने बजट सुना अब हम इसपर बात करेंगे जब मौका आएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
बजट में मनरेगा का कोई जिक्र नहीं था: शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि बजट में कुछ चीजें अच्छी थी मैं इसे पूरी तरह नकारात्मक नहीं कहूंगा, लेकिन अभी भी कई सवाल उठते हैं। बजट में मनरेगा का कोई जिक्र नहीं था। सरकार मजदूरों के लिए क्या करने जा रही है? बेरोजगारी, महंगाई की बात भी नहीं की गई।
इस बजट से महिला का सम्मान बढ़ा: स्मृति ईरानी
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि इस बजट से महिला का सम्मान बढ़ा, बच्चों और किशोरों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की घोषणा से ज़िला स्तर पर बच्चे कैसे पढ़ेंगे और बढ़ेंगे इसका उल्लेख किया गया है। नारी शक्ति एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कैसे कर सकती है इसका प्रतिबिंब आज के बजट में दिखता है। ये बजट मध्यम वर्ग के हित में भी है, इससे भारत प्रफुल्लित है भले ही विपक्ष नाराज हो।
राजनाथ सिंह ने की बजट की तारीफ
बजट को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2023-24 का केंद्रीय बजट किसानों, महिलाओं, हाशिए पर पड़े वर्गों और मध्यम वर्ग को सहायता प्रदान करने की प्राथमिकता के साथ विकास और कल्याण पर केंद्रित है। सिंह ने कहा कि बजट प्रस्ताव देश को कुछ वर्षों के भीतर 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और विश्व स्तर पर शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था बनने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में ले जाएगा।
यह बजट वही है जो पिछले 8-9 साल से आ रहा था: महबूबा मुफ्ती
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यह बजट वही है जो पिछले 8-9 साल से आ रहा था। टैक्स बढ़ाए गए, कल्याणकारी योजनाओं और सब्सिडी पर पैसा खर्च नहीं किया जा रहा है। कुछ सांठगांठ वाले पूंजीपतियों और बड़े कारोबारियों के लिए टैक्स वसूला जा रहा है। जनता को टैक्स से फायदा होना चाहिए लेकिन इससे उसकी कमर टूट रही है।
रोजगार के लिए आपने गोल-गोल बातें कीं: RJD सांसद मनोज झा
RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि मैंने वित्त मंत्री को कई बार कहा है कि जब भी बजट बनाए तो अनुच्छेद 39 को देख लें। संविधान से आंखें मूंद कर स्तुति गान वाला बजट बनाते हैं तो कुछ हासिल नहीं होगा। रोजगार के लिए आपने गोल-गोल बातें की। ये बजट खास लोगों का खास लोगों द्वारा खास तरह से बनाया बजट है।
बजट आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट की पुनरावृत्ति: कार्ति चिदंबरम
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि बजट का एक बड़ा हिस्सा राष्ट्रपति के अभिभाषण और आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट की पुनरावृत्ति है...टैक्स में किसी भी तरह की कटौती का स्वागत है। लोगों के हाथ में पैसा देना अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का सबसे अच्छा तरीका है।
बजट ने उम्मीद के बजाय निराशा दी: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा 2023-24 के केंद्रीय बजट ने देश के लोगों को उम्मीद के बजाय निराशा दी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बजट महंगाई और बेरोजगारी को और बढ़ाता है।
ये चुनावी बजट है, किसानों के लिए कुछ नहीं: डिंपल यादव
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि ये चुनावी बजट है, किसानों के लिए कुछ नहीं है। किसानों की एमएसपी की बात नहीं की है। रेलवे को पूरी तरह नज़रअंदाज़ किया गया है। आधी से ज्यादा आबादी गांव में बसती है लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया है। ये बहुत ही निराशाजनक बजट है।
आम आदमी के लिए ये बजट बहुत अच्छा: गौतम गंभीर
भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि आम आदमी के लिए ये बजट बहुत अच्छा है, ये एक ऐतिहासिक कदम है। मध्यम वर्ग को इस बजट से बहुत राहत मिलेगी।
बहुत खुश हैं कि इतना अच्छा बजट पेश किया गया: रिजिजू
केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि इतना अच्छा बजट पेश किया गया है।
अमृतकाल का पहला बजट बहुत क्रांतिकारी: मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अमृतकाल का पहला बजट बहुत क्रांतिकारी है, ये समाज के हर वर्ग को राहत देने वाला है। विशेषकर मध्यम वर्ग को आयकर में राहत दी गई है, जो टैक्स स्लैब बनाया गया है वो राहत देने वाला है। युवा, महिला, वरिष्ठ नागरिक सभी को इस बजट में राहत दी गई है।
तेजस्वी यादव ने दी प्रतिक्रिया
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बजट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ये बजट निल बट्टा सन्नाटा है, बिहार के लिए कुछ नहीं है। केंद्र में बिहार के जितने सांसद हैं उन्हें शर्म से डूब जाना चाहिए। किसानों के लिए, रेलवे के लिए कुछ नहीं है। UPA की सरकार में बिहार को जितना दिया जाता था क्या इस सरकार ने दिया?
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बोले- मध्यम वर्ग खुश
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि बजट को लेकर जिस तरह से मध्यम वर्ग की प्रतिक्रिया आ रही है उससे पता चल रहा है कि उनमें कितना उत्साह है। वर्षों से मध्यम वर्ग का जो लंबित विषय था उसे लेकर मध्यम वर्ग प्रधानमंत्री का धन्यवाद कर रहा है।
बजट में केवल फैंसी घोषणाएं - कांग्रेस महासचिव
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट देश की वास्तविक भावना को संबोधित नहीं कर रहा है जो कि महंगाई और बेरोजगारी है। इसमें केवल फैंसी घोषणाएं थीं जो पहले भी की गई थीं लेकिन कार्यान्वयन के बारे में क्या? पीएम किसान योजना से सिर्फ बीमा कंपनियों को फायदा हुआ किसानों को नहीं।
2023-24 का बजट 'न्यू इंडिया' के लिए विजन- यूपी सीएम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को केंद्रीय बजट 2023-24 पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये बजट 'न्यू इंडिया' का विजन है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि यह बजट नए भारत के दृष्टिकोण, देश की समृद्धि और 130 करोड़ भारतीयों की सेवा करने का लक्ष्य रखता है। बजट समाज के सभी वर्गों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करेगा, जिसमें गरीब, किसान, युवा और महिलाएं शामिल हैं। निस्संदेह यह बजट भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है: चिराग
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद चिराग पासवान ने बुधवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इसमें समाज के हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। लोकसभा सांसद ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि देश की 'आर्थिक संरचना' 'मजबूत और स्थिर' बनी रहे, जबकि उन्हें इसकी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मैं बजट का स्वागत करता हूं। कोविड-19 के दौरान न केवल हमारे देश बल्कि दुनिया ने जिन परिस्थितियों का सामना किया है, उसे देखते हुए, मैं केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट का वास्तव में स्वागत करता हूं।
आम आदमी पार्टी ने किया बजट 2023-24 पर प्रहार
आम आदमी पार्टी ने 2014 से प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने के केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के दावे पर बुधवार को सवाल खड़े किए हैं। आप नेताों ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अमृत काल है, देश के आम लोगों के लिए नहीं।
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि इसमें न तो फसलों का एमएसपी बढ़ा और न ही युवाओं को रोजगार मिला, लेकिन मोदी जी के लिए यह अमृत काल है। वित्तमंत्री कह रही हैं कि प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई है।
आप नेताओं ने कहा कि संसद में वित्त मंत्री द्वारा पेश 2023-24 के केंद्रीय बजट में देश के किसानों, सैनिकों और युवाओं के लिए कोई प्रावधान नहीं है। बजट में किसी के लिए कोई प्रावधान नहीं है। आम लोग अमृत काल में अमृत के लिए तरस रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने किया 'सर्व-समावेशी' और 'दूरदर्शी' बजट का स्वागत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार केंद्रीय बजट 2023-24 को लेकर कहा कि ‘सर्व समावेशी और दूरदर्शी’ बजट 2023-24 हर वर्ग को साथ लेकर आत्मनिर्भर भारत बनाने के मोदी सरकार के संकल्प को और गति देगा। उन्होंने ट्वीट करके लिखा कि बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूंजीगत व्यय को 33 प्रतिशत बढ़ाकर 10 लाख करोड़ रुपये करने और राजकोषीय घाटे को 5.9 प्रतिशत पर रखने का लक्ष्य सराहनीय है। यह मोदी सरकार की मजबूत बुनियादी ढांचे और मजबूत अर्थव्यवस्था वाले नए भारत के निर्माण की दूरदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लाया गया बजट-2023 अमृतकाल की मजबूत नींव रखने वाला बजट है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के लिए बजट में हुई महत्वपूर्ण घोषणा- मंडाविया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने बुधवार को पेश किए गए बजट को लेकर कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय के लिए इस बजट में महत्वपूर्ण घोषणा हुई। स्वास्थ्य क्षेत्र में अनुसंधान करने वालों के लिए सरकारी लैब खोल जाएगी। देश जब आजादी की शताब्दी मना रहा हो तब सिकलसेल एनीमिया से मुक्त हो। हमारे जनजातीय जनसंख्या में सिकलसेल एनीमिया एक बहुत बड़ी बीमारी है। इस बजट में घोषणा की गई है कि सिकलसेल एनीमिया को खत्म करने के लिए मिशन मोड में काम किया जाएगा और 2047 तक इसे खत्म किया जाएगा।
बजट में किसानों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं पर किया गया है विचार- फडणवीस
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को सर्व जन हितैषी बताया।
फडणवीस ने कहा कि 7 लाख रुपये तक की आयकर छूट से निम्न मध्यम वर्ग को मदद मिलेगी। साथ ही 15 लाख रुपये तक की आय के लिए 1.5 लाख रुपये की आयकर सीमा से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। बजट मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग को उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करेगा।
रेलमंत्री ने बजट पर दी प्रतिक्रिया
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे के लिए 2.41 लाख करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। यह एक बड़ा बदलाव है और यह यात्रियों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा। अमृत भारत स्कीम में बड़े स्टेशन सहित कुल 1275 स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। सोनीपथ, लातूर और रायबरैली में वंदे भारत ट्रेन का उत्पादन शुरु होगा। ग्रीन ग्रोथ पहल के तहत दिसंबर 2023 तक हाइड्रोजन ट्रेन भी बनकर निकलेगी। इसे हैरिटेड सर्किट में चलाया जाएगा। बिजली के लिए अल्ट्रा मेगा सोलर प्लांट लगाए जाएंगे।
उन्होंने आगे बताया कि 100 5G लैब बनाए जाएंगे। आगामी 2-3 वर्ष के अंतर्गत भारत टेलीकॉम तकनीक का निर्यातक बनेगा। आत्मनिर्भर भारत के तहत 4G-5G को BSNL में रोलआउट किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक के उत्पादन के तहत मोबाइल फोन में लगने वाले लेंस में रियायत मिली है।
ये 'मित्र काल' का बजट- राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय बजट को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उसके मित्र काल बजट में रोजगार सृजित करने और महंगाई से निपटने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि यह साबित करता है कि केंद्र के पास भारत का भविष्य बनाने के लिए कोई रोडमैप नहीं है।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा 'मित्र काल' बजट में नौकरियां पैदा करने का कोई विजन नहीं है। महंगाई से निपटने की उसकी कोई योजना नहीं है। असमानता को दूर करने का कोई इरादा नहीं है। 1% सबसे अमीर 40% संपत्ति के मालिक हैं, 50% सबसे गरीब 64% GST का भुगतान करते हैं, 42% युवा बेरोजगार हैं। इसके बाद भी पीएम को उनकी कोई परवाह नहीं है।