Maharashtra: कॉन्ट्रैक्ट पर पुलिसवालों की भर्ती से फडणवीस का इनकार, विपक्ष से बोले- आप अनुबंध पर आए तो सोचेंगे
कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि सरकार अनुबंध के आधार पर पुलिसकर्मियों की भर्ती कर रही है। मंत्री भी अनुबंध पर हैं। इस पर डिप्टी सीएम फडणवीस ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। कहीं भी पुलिसकर्मियों को अनुबंध पर नहीं रखा जाता है।
विस्तार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को राज्य विधानसभा में कहा कि पुलिसकर्मियों को अनुबंध (Contract) पर नहीं रखा जाएगा। उन्होंने इस मामले पर विस्तृत बयान देने की बात भी कही।
नाना पटोले ने उठाया सवाल
दरअसल, राज्य में कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने सदन में इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार अनुबंध के आधार पर पुलिसकर्मियों की भर्ती कर रही है। मंत्री भी अनुबंध पर हैं। जब वे (अधिकारियों से) ब्रीफिंग लेते हैं, तो वे जवाबों को तोड़-मरोड़ कर पेश करते हैं, यही वजह है कि सवालों का जवाब देने में समय लगता है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट उत्तर देने को कहा।
फडणवीस का वार
इसका जवाब देते हुए राज्य के गृह मंत्री फडणवीस ने कहा कि कोई भी मंत्री अनुबंध पर नहीं है। डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि अगर आप अनुबंध पर आना चाहते हैं तो हम इस बारे में सोचेंगे। उन्होंने कहा कि कहीं भी पुलिस कर्मचारियों को अनुबंध के आधार पर नहीं रखा जाता है और ऐसा किया भी नहीं जाएगा। फडणवीस ने कहा कि वह इस पर विस्तृत बयान देंगे।
तीन हजार कर्मियों को आउटसोर्स करने की मंजूरी
गौरतलब है, मुंबई पुलिस बल में कांस्टेबलों की कमी को दूर करने के लिए, राज्य सरकार ने महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम (एमएसएससी) से 3,000 कर्मियों को आउटसोर्स करने की मंजूरी दे दी है। राज्य के गृह विभाग ने सोमवार को इससे संबंधित एक आदेश जारी किया था।