West Bengal: दत्तपुकुर अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में एक गिरफ्तार, भाजपा ने की NIA जांच की मांग
बारासात पुलिस जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान पूरी रात जारी रहा। वहीं, इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो पटाखा फैक्ट्री के मालिक का बिजनेस पार्टनर था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के सिलसिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति अवैध पटाखा फैक्ट्री के मालिक का बिजनेस पार्टनर है। वहीं, इस मामले में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है।
एनआईए द्वारा जांच की मांग
पश्चिम बंगाल के नेता विपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु ने विस्फोटक की एनआईए से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह आरडीएक्स था। यह एक शक्तिशाली विस्फोटक होता है। उन्होंने कहा कि मैंने एक जनहित याचिका दायर की थी, जिसे कोलकाता हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इसे कल के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।
कल हुआ था हादसा
गौरतलब है, पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर इलाके में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में रविवार सुबह विस्फोट हुआ था। इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की जान गई थी। हालांकि, सोमवार को दत्तपुकुर पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर नीलगंज के मोशपोल में स्थिती शांत थी।
तलाशी अभियान जारी
बारासात पुलिस जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान पूरी रात जारी रहा। क्षेत्र में बिजली न होने और भारी मात्रा में मलबा बिखरा होने के कारण तलाशी करना मुश्किल हो गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जो पटाखा फैक्ट्री के मालिक का बिजनेस पार्टनर था।
तीन और लोगों पर केस
अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति पर विस्फोटक अधिनियम 1884 और विस्फोटक नियम 2008 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विस्फोट के सिलसिले में तीन अन्य लोगों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है।
50 से अधिक घर क्षतिग्रस्त
बता दें, अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट रविवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ जब लोग फैक्ट्री में काम कर रहे थे। माजपुर जगन्नाथपुर के पास एक फैक्ट्री में विस्फोट इतना तेज था कि 50 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर लाशें बिखर गईं।
पटाखा फैक्ट्री की मौत
पुलिस ने कहा कि अवैध पटाखा फैक्ट्री के मालिक और यूनिट में मौजूद उनके बेटे की भी विस्फोट में मौत हो गई। कई स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अवैध पटाखा फैक्ट्री को लेकर कई बार पुलिस से शिकायत की जा चुकी है। एक स्थानीय रतन हसन अली ने कहा कि अब, जब इतने सारे लोगों की जान चली गई है, तो पुलिस लोगों को गिरफ्तार करके क्या करेगी? जब शिकायत की थी तब आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए थी।
इससे पहले, मई में पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में इसी तरह के विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला में एक अन्य विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई थी।