PNB फ्रॉड केस: न्यूयॉर्क के आलीशान होटल में आराम फरमा रहे हैं नीरव मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हीरा कारोबारी नीरव मोदी और बिजनेस में उनके पार्टनर मामा मेहुल चोकसी का पासपोर्ट चार हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया गया है। दोनों ही व्यापारियों पर 11 हजार 400 करोड़ का घोटाला करने का आरोप लगा है। ईडी, आईटी और सीबीआई ताबड़तोड़ इन दोनों के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसी बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि नीरव मोदी न्यूयॉर्क के एक होटल में हैं।
हालांकि जब विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से नीरव मोदी की लोकेशन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह हमारे किसी भी अधिकारी के संपर्क में नहीं है और अब तक उनकी लोकेशन की भी जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि नीरव मोदी जेडब्ल्यू मैरियट के एसेस हाउस में मौजूद हैं। वह होटल के 36वें फ्लोर पर आलीशान सुइट्स में हैं।इस सुइट्स का एक दिन का किराया 75 हजार रुपये है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह होटल साढ़े 67 लाख रुपये में 90 दिन के लिए बुक कराया गया है।
चार हफ्ते के लिए पासपोर्ट निलंबित
विदेश मंत्रालय ने नीरव और उसके मामा एवं बिजनेस पार्टनर मेहुल चोकसी के पासपोर्ट तत्काल प्रभाव से चार हफ्ते के लिए निलंबित कर दिए हैं। पासपोर्ट रद्द करने से पहले इसका जवाब देने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया है। अगर वह इस बीच जवाब नहीं देते हैं तो मान लिया जाएगा कि उनके पास अपने बचाव में कोई स्पष्टीकरण नहीं है। उनके पासपोर्ट को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मामा-भांजे को समन
ईडी ने इस मामले में मामा-भांजे को उसके समक्ष उपस्थित होने के लिए समन जारी किया है। प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत भेजे गए इस नोटिस के अनुसार दोनों को जांच एजेंसी के सामने एक हफ्ते के अंदर पेश होना है। चूंकि ये दोनों देश छोड़कर जा चुके हैं, इसलिए यह नोटिस उनकी कंपनी के निदेशकों को सौंपा गया। ईडी ने सीबीआई की FIR के आधार पर पीएमएलए का केस दर्ज किया है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को मारे गए छापे में ईडी ने 5100 करोड़ रुपये के सोने एवं हीरे के गहने और बहुमूल्य रत्न जब्त किए थे।
इंटरपोल को सतर्क किया
सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए इंटरपोल को अलर्ट करने के साथ डिफ्यूजन नोटिस जारी किया गया है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस आशय का नोटिस जारी करने के बाद आरोपियों के वर्तमान ठिकाने की तलाश में तेजी आएगी।
गीतांजलि ग्रुप पर नई एफआईआर
पीएनबी की एक ताजा शिकायत पर सीबीआई ने शुक्रवार को चोकसी के गीतांजलि ग्रुप पर नई एफआईआर दर्ज की। एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि ताजा एफआईआर 13 फरवरी की पीएनबी की उस शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है कि जिसमें बैंक ने कुल 4886 करोड़ रुपये का नुकसान होने की जानकारी दी है।
एनडीए में बढ़कर 50 गुना हुआ घोटाला
इलाहाबाद बैंक के पूर्व निदेशक दिनेश दुबे के अनुसार यह घोटाला यूपीए के कार्यकाल में शुरू हुआ था और एनडीए के समय बढ़कर 10-50 गुना हो गया। उन्होंने 2013 में रिजर्व बैंक और सरकार को पत्र लिखकर गीतांजलि ग्रुप को लोन देने पर आपत्ति जताई थी लेकिन जब उन पर इसके लिए दबाव डाला गया तो उन्होंने इस्तीफा दे दिया।