LS Polls: 'सीधा मुकाबला नहीं कर पा रहे तो राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी फैला रहे फर्जी वीडियो', पीएम का विपक्ष पर वार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड में सोमवार को एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को महाराष्ट्र में राजनीतिक प्रतिद्वंदियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो प्रतिद्वंदी भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, वे अब टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग कर रहे हैं। टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर ये लोग मेरी आवाज में फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं, जिससे खतरा पैदा हो रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विपक्ष सामाजिक कलह पैदा करने के लिए मेरे, अमित शाह और जेपी नड्डा जैसे नेताओं के भाषणों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग कर रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि यदि आपको सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो दिखता है तो पुलिस को सूचना दें।
पीएम का दावा- एक महीने में बड़ी घटना करने की योजना
पीएम मोदी ने दावा किया कि अगले एक महीने में बड़ी घटना करने की योजना है। समाज को ऐसे फर्जी वीडियो से बचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने चुनाव आयोग से अनुरोध किया कि फर्जी वीडियो के पीछे जो भी लोग हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस ने सैनिक परिवारों को वन रैंक वन पेंशन योजना से रखा वंचित
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस ने 40 वर्षों तक सैनिकों के परिवारों को वन रैंक वन पेंशन योजना से वंचित रखा। पूरे भारत में दलितों को आरक्षण मिला, लेकिन वोट बैंक की राजनीति के लिए कश्मीर में दलितों को आरक्षण से वंचित रखा गया। मोदी ने कहा, जब तक मैं जीवित हूं, मैं संविधान और धर्म आधारित आरक्षण में कोई बदलाव नहीं होने दूंगा।