रैली में पाक को सख्त संदेश दे सकते हैं पीएम मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उड़ी आतंकी हमले के साये में शुक्रवार से शुरू हो रही भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पाकिस्तान को सख्त संदेश देने की तैयारी की जा रही है। इस क्रम में निगाहें शनिवार को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली पर है। माना जा रहा है कि इस हमले के बाद अपनी पहली रैली में प्रधानमंत्री पाकिस्तान को सख्त संदेश देंगे। बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। तीन दिवसीय बैठक में सरकार के गरीब कल्याण एजेंडे को तेजी से लागू करने के अलावा उत्तर प्रदेश सहित अन्य चुनावी राज्यों की रणनीति पर भी गंभीर मंथन होगा।
दरअसल पहले इस बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्ताव लाने की कोई तैयारी नहीं थी। मगर इसी बीच उड़ी के सैन्य मुख्यालय पर हुए हमले और इससे लोगों की बढ़ी नाराजगी के बाद प्रस्ताव के जरिए पाकिस्तान को सख्त संदेश देने पर सहमति बनी है।
इसके अलावा चूंकि इस हमले के बाद प्रधानमंत्री शनिवार को पहली बार जनसभा को संबोधित कर रहे हैं, ऐसे में उनकी ओर से पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दिया जाना तय माना जा रहा है।
यूपी की रणनीति पर खास चर्चा
परिषद के पहले दिन महासचिवों की बैठक में एजेंडा तय किया जाएगा। इसी दिन शाम में राज्यों की अलग-अलग रिपोर्टिंग होगी। शनिवार को चुनावी राज्यों पर खास चर्चा होगी। इसी दिन दोपहर बाद प्रधानमंत्री रैली को संबोधित करेंगे।
रविवार को बैठक के अंतिम दिन पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का अध्यक्षीय और पीएम मोदी का समापन भाषण होगा। अंतिम दिन प्रधानमंत्री दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी समारोह की शुरुआत करेंगे।
बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष चर्चा होगी। इस दौरान राज्य में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। हालांकि उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी बैठक में अलग-अलग चर्चा की जाएगी। इसके अलावा केरल में पार्टी कार्यकर्ताओं पर बढ़ रहे हमले के खिलाफ भी एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा।