PM Modi Birthday: 74 साल के हुए पीएम मोदी; राष्ट्रपति समेत जानीमानी हस्तियों ने दी बधाई, दूरदर्शी नेता बताया
अपने 74वें जन्मदिन पर नरेंद्र मोदी मंगलवार को भुवनेश्वर के गड़कना में 26 लाख पीएम आवास घरों का उद्घाटन करेंगे। पीएम यहां जनता मैदान भी जाएंगे, जहां वह सुभद्रा योजना का शुभारंभ करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज यानी 17 सितंबर को जन्मदिन है। वे 74 साल के हो गए हैं। पीएम मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। उनके जन्मदिन के मौके पर भाजपा समेत राजनीतिक दलों के नेताओं और अन्य जानीमानी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। विदेश से भी पीएम मोदी को जन्मदिन के शुभकामना संदेश भेजे गए। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
राष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति मुर्मू की ओर से माइक्रो ब्लॉगिंग साइट 'X' पर लिखा गया, 'प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बल पर असाधारण नेतृत्व प्रदान किया है तथा देश की समृद्धि और प्रतिष्ठा में वृद्धि की है। मेरी कामना है कि आपके द्वारा राष्ट्र प्रथम की भावना से किए जा रहे अभिनव प्रयासों से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त हो। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप दीर्घायु हों तथा सदैव स्वस्थ और सानंद रहें।'
मोदी ने भारत की आत्मा को जगाया है: धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को 2047 तक विकसित भारत की ओर मजबूती से आगे बढ़ाया है। उनके दो दशकों से अधिक समय तक शासन में और एक दशक से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के रूप में भारत की आत्मा को जगाया है। उन्होंने इसके सांस्कृतिक मूल्यों को प्रेरित किया है।, इसके सभ्यतागत लोकाचार का पोषण किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को अभूतपूर्व विकास पथ पर मजबूती से आगे बढ़ाया है। अब नई अंतर्दृष्टि और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आप आने वाले कई वर्षों तक भारत का नेतृत्व करते रहें! ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको शक्ति प्रदान करें और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें।
'दुनिया भर में शांति, करुणा व संवेदना की प्रेरणा'
अमित शाह ने लिखा, 'अपने अथक परिश्रम, साधना व दूरदर्शिता से देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले और भारत का गौरव बढ़ाकर विश्व में नई प्रतिष्ठा दिलाने वाले जनप्रिय प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके स्वस्थ व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। आपने ‘नए भारत’ के विजन के साथ विरासत से लेकर विज्ञान तक को जोड़ा है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व जनकल्याण के संकल्प से अनेक असंभव से लगने वाले कार्यों को संभव बनाकर गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान रचे हैं। प्रधानमंत्री के रूप में देश को एक ऐसे निर्णायक नेता मिले हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा से लेकर वंचितों के जीवन में बदलाव लाकर उन्हें मुख्यधारा में लाने के काम किए। देशवासियों का आत्मगौरव बढ़ाने के साथ-साथ उनके नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण भी बदला है। समुद्र की गहराई से लेकर अंतरिक्ष की ऊंचाई तक देश का मान बढ़ाने वाले मोदी जी दुनिया भर में शांति, करुणा व संवेदना की प्रेरणा हैं।
खरगे और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने दी बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दीं और उनकी दीर्घायु की कामना की। खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना है।' समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने पोस्ट किया, 'प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।' वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'माननीय प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।'
'भारत नई बुलंदियों को छूने का आकांक्षी'
राजनाथ सिंह ने लिखा, 'भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। भारत ही नहीं पूरे विश्व ने उनके दूरदर्शी एवं सशक्त नेतृत्व को देखा और अनुभव किया है। आपने पूरी तत्परता, तन्मयता और तपस्वी भाव के साथ देश का नेतृत्व किया है और आज भी कर रहे हैं। गरीब कल्याण से लेकर समाज के हर व्यक्ति के कल्याण की मोदीजी ने चिंता की है और उसके लिए पूरे मनोयोग से काम किया है। आज भारत मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत बनने के विराट लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, एक सक्षम और और सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। पिछले दस वर्षों में भारत ने जो कदम आगे बढ़ाए हैं, आज उनकी मजबूती के बल पर भारत नई बुलंदियों को छूने का आकांक्षी है। यह हौसला और विश्वास मोदीजी के अथक परिश्रम और उनके प्रयासों का सुपरिणाम है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना करता हूं।'
'सेवा, सुशासन और विकास का हमारा ध्येय साकार हो रहा'
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा, 'राष्ट्रसेवा व जन-जन के उत्थान को समर्पित, 'अंत्योदय' के मंत्र को साकार करने में प्रतिक्षण समर्पित यशस्वी प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई देता हूं। आपके नेतृत्व में सेवा, सुशासन और विकास का हमारा ध्येय साकार स्वरूप प्राप्त कर रहा है। 'विकसित भारत निर्माण' का लक्ष्य जन-जन का संकल्प बना है। आपका नेतृत्व व मार्गदर्शन हम कोटिशः भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणा है। ईश्वर से आपके सुदीर्घ जीवन व उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूँ। स्वस्तिकामनाएं!'
'विदेश नीति विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध'
जयशंकर ने लिखा, 'प्रधानमंत्री को दीर्घायु, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं। हमारे देश को विकसित भारत की ओर ले जाने में आपका नेतृत्व हम सभी को प्रेरित करता है। हमारी विदेश नीति उस सपने को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आपके जन्मदिवस पर उनके दीर्घ, स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करता हूं।'
नीतीश कुमार ने भी दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना है।
त्रिपुरा और ओडिशा के सीएम ने दी बधाई
इस बीच त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'दूरदर्शी नेता और मां भारती के सपूत प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। एक मजबूत, समृद्ध भारत के लिए आपका दृष्टिकोण हर दिल में गूंजता है। आपका गतिशील नेतृत्व और अटूट समर्पण भारत को बदलता रहे और पीढ़ियों को प्रेरित करता रहे!' ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।
शिंदे बोले- आपके नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं। उनके नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। मैं उन्हें 2047 तक विकसित भारत के अपने संकल्प को पूरा करने की शक्ति की कामना करता हूं। महाराष्ट्र भी प्रधानमंत्री मोदी के देश को पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। मैं कहना चाहता हूं कि 21वीं सदी भारत की सदी है, क्योंकि देश के कर्णधार प्रधानमंत्री मोदी हैं। मैं उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
सुदर्शन पटनायक ने दी शुभकामनाएं
प्रसिद्ध शिल्पकार सुदर्शन पटनायक ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'महाप्रभु का आशीर्वाद हमेशा आप पर बना रहे और विकसित भारत के आपके सपने साकार हों। जन्मदिन की शुभकामनाएं।' इस अवसर पर उन्होंने पीएम मोदी को कलाकृति समर्पित की।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.