पीएम ने वाराणसी को दी 2100 करोड़ की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को काशी की जनता को 2100 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। अपने संसदीय क्षेत्र के नौवें दौरे पर आए पीएम ने चार योजनाओं का शिलान्यास और एक का उद्घाटन किया। साथ ही एक का हाल जाना।
वहीं डीरेका में भाजपा के हजारों बूथ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन कर उनसे फीडबैक भी लिया। उन्हें यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने लायक जीत सुनिश्चित करने के लिए मंत्र भी दिए। बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री की मुलाकात और बातचीत को अगले चुनाव की तैयारी के आगाज के तौर पर देखा जा रहा है।
इससे पहले, बीएचयू में महामना पं. मदन मोहन मालवीय कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (580 करोड़) और शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी सेंटर (200 करोड़) की आधारशिला रखी, जबकि डीरेका से 150 बेड के ईएसआई के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (150 करोड़) और बीआरएस हेल्थ एवं रिसर्च सेंटर (399) का शिलान्यास किया।
'यहां कैंसर का इलाज भी होगा, रिसर्च भी होंगे'
प्रधानमंत्री ने यहीं से लालपुर स्थित वस्त्र मंत्रालय के ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में व्यापार सुविधा केंद्र और शिल्प संग्रहालय (280 करोड़) के प्रथम चरण का उद्घाटन भी किया। इस बीच उन्होंने कबीर नगर कॉलोनी में आईपीडीएस के तहत भूमिगत तारों से बिजली आपूर्ति और हैरिटेज पोल (571 करोड़) का जायजा भी लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीएचयू में बनने वाले इन दोनों चिकित्सकीय संस्थानों से उत्तर प्रदेश समेत बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत और पड़ोसी देश नेपाल के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सकीय सेवाएं मिलेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कैंसर की बात होती है तो लोग टाटा रिसर्च इंस्टीट्यूट का रुख करते हैं। उत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश यहां तक कि बिहार के गांव में रहने वाली गरीब जनता की परेशानी को देखते हुए ही हमने टाटा रिसर्च इंस्टीट्यूट की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कैंसर रिसर्च सेंटर को शुरू करने का फैसला लिया। यहां कैंसर का इलाज भी होगा, रिसर्च भी होंगे।