प्रधानमंत्री मोदी की दुनिया को दो टूक: 'अगर पाकिस्तान से बात होगी तो सिर्फ आतंकवाद और पीओके पर ही होगी'
प्रधानमंत्री मोदी ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार देश को संबोधित किया। पाकिस्तान के कायरान हमले को लेकर पीएम मोदी ने कहा, बीते दिनों में दुनिया ने भारत का सामर्थ्य और संयम दोनों देखा। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आतंकवाद पर पाकिस्तान समेत पूरी दुनिया को बड़ा संदेश दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात राष्ट्र के नाम संबोधन में भारतीय सेना के बेहद सफल ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्धविराम समेत कई मुद्दों पर बात की। पाकिस्तान की ओर से चलाए जा रहे आतंकी ठिकानों को लेकर कड़ा संदेश दिया है। पीएम मोदी ने विश्व समुदाय से साफ तौर पर कहा कि, अगर पाकिस्तान से बात होगी तो आतंकवाद और पीओके पर ही होगी।
'पाकिस्तान से बात सिर्फ आतंकवाद और पीओके पर'
पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज विश्व समुदाय को भी कहूंगा कि हमारी घोषित नीति रही है कि अगर पाकिस्तान से बात होगी तो आतंकवाद पर ही बात होगी। अगर पाकिस्तान से बात होगी तो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पीओके पर ही होगी। भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों पर, उनके ट्रेनिंग सेंटर्स पर सटीक प्रहार किया। आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है, लेकिन जब देश एकजुट होता है, नेशन फर्स्ट की भावना से भरा होता है, राष्ट्र सर्वोपरि होता है तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं। परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं।
'भारत के हमले से उनका हौसला भी थर्रा गया'
पीएम मोदी ने कहा, जब पाकिस्तान में आतंक के अड्डों पर भारत की मिसाइलों ने हमला किया, भारत के ड्रोन्स ने हमला बोला तो आतंकी संगठनों की इमारतें ही नहीं, बल्कि उनका हौसला भी थर्रा गया। बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकाने एक प्रकार से ग्लोबल टेररिज्म की यूनिवर्सिटी रहे हैं। दुनिया में कहीं पर भी जो बड़े आतंकी हमले हुए हैं, चाहे 9/11 हो, चाहे लंदन ट्यूब बॉम्बिंग हो या भारत में दशकों से बड़े-बड़े आतंकी हमले हुए हैं, उन सभी के तार कहीं न कहीं आतंक के इन्हीं ठिकानों से जुड़ते रहे हैं।
ये भी पढ़ें: PM on Operation Sindoor: हर आतंकी हमारी बहन-बेटियों के माथों से सिंदूर हटाने का अंजाम जान चुका है: पीएम मोदी
आतंक के आकाओं के एक झटके में खत्म कर दिया- पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंक के बहुत सारे आका बीते ढाई-तीन दशकों से खुलेआम पाकिस्तान में घूम रहे थे, जो भारत के खिलाफ साजिशें करते थे। उन्हें भारत ने एक झटके में खत्म कर दिया। दुनिया ने देखा कि कैसे पाकिस्तान के ड्रोन्स, पाकिस्तान की मिसाइलें भारत के सामने तिनके की तरह बिखर गईं। भारत के सशक्त एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया। पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया।
आतंकियों को विदाई देने पाकिस्तानी सेना के बड़े-बड़े अफसर उमड़े
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने पाकिस्तान का वह घिनौना सच देखा है, जब मारे गए आतंकियों को बिदाई देने पाकिस्तानी सेना के बड़े-बड़े अफसर उमड़ पड़े। स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज्म का यह बहुत बड़ा सबूत है। हम भारत और अपने नागरिकों को किसी भी खतरे से बचाने के लिए लगातार निर्णायक कदम उठाते रहेंगे।
'पाकिस्तान के सीने में बसाए गए आतंक के अड्डों को हमने खंडहर बना दिया था'
पीएम मोदी ने कहा कि, मैं फिर दोहरा रहा हूं कि हमने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर अपनी जवाबी कार्रवाई को अभी सिर्फ स्थगित किया है। पाकिस्तान दुनियाभर में तनाव कम करने के लिए गुहार लगा था और बुरी तरह पिटने के बाद इसी मजबूरी में 10 मई की दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने हमारे डीजीएमओ से संपर्क किया। तब तक हम आतंकवाद के इन्फ्रास्ट्रक्चर को बड़े पैमाने पर तबाह कर चुके थे। आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया था। पाकिस्तान के सीने में बसाए गए आतंक के अड्डों को हमने खंडहर बना दिया था। इसलिए जब पाकिस्तान की तरफ से गुहार लगाई गई, पाकिस्तान की तरफ से जब यह कहा गया कि उसकी ओर से आगे कोई आतंकी गतिविधि और सैन्य दुस्साहस नहीं दिखाया जाएगा, तो भारत ने उस पर भी विचार किया। आने वाले दिनों में हम पाकिस्तान के हर कदम को इस कसौटी पर मापेंगे कि वह क्या रवैया अपनाता है।
आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को ही समाप्त कर देगा- पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ हम सभी का एकजुट रहना हमारी एकता हमारी सबसे शक्ति होगी। निश्चित तौर पर यह युग युद्ध का नहीं है, लेकिन यह युग आतंकवाद का भी नहीं है। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस बेहतर दुनिया की गारंटी है। पाकिस्तानी फौज, पाकिस्तान की सरकार जिस तरह आतंकवाद को खाद-पानी दे रहे हैं, वो एक दिन पाकिस्तान को ही समाप्त कर देगा। पाकिस्तान को अगर बचना है तो उसे अपने टेरर इन्फ्रास्ट्रक्चर का सफाया करना ही होगा। इसके अलावा शांति का कोई रास्ता नहीं है। भारत का मत एकदम स्पष्ट है- टेरर और टॉक, एकसाथ नहीं हो सकते। टेरर और ट्रेड एकसाथ नहीं चल सकते। ...और पानी और खून भी एकसाथ नहीं बह सकता।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.