पीएम आवास योजना के तहत 70 हजार का ऋण मुहैया कराएगी सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार पीएम आवास योजना के तहत बेहतर मकान की चाहत रखने वाले लोगों के लिए 70 हजार का ऋण मुहैया करवाएगी। यह राशि सरकार के जरिए मिलने वाली 1.5 लाख रुपये की सहयोग राशि से अलग होगी। केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री का कहना है कि पीएम आवास योजना के तहत मकान बनवाने वाले लोगों को सरकार की सहायता राशि 1.5 लाख रुपये के अलावा 70 हजार का ऋण मुहैया कराया जाएगा।
केंद्र ने इसका निर्णय ले लिया है। अक्तूबर में होने वाली पीएम आवास योजना की रिलांचिंग के वक्त खुद पीएम मोदी इसका एलान कर सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि कैबिनेट के निर्देश के बाद ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी इन दिनों पीएम आवास योजना धारकों के लिए बैंक से 70 हजार रुपये बतौर ऋण प्रदान कराने की पहल को अमली जामा पहनाने में लगे हुए हैं।
तीन दिन पहले ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने रिजर्व बैंक, एसबीआई और माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के साथ इस मामले में बैठक की। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इंदिरा आवास योजना का नाम बदलकर पीएम आवास योजना कर दिया है।
मकान बनाने के लिए गरीबों को मिलने वाली राशि में भी बढ़ोतरी
योजना का नाम बदलने के साथ ही सरकार ने इसके तहत मकान बनाने के लिए गरीबों को मिलने वाली राशि में भी बढ़ोतरी की है। इस योजना के तहत मैदानी इलाके में मकान बनाने वाले को 1.20 लाख बतौर सहायता राशि, 18 हजार मनरेगा के मद से और स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय बनवाने के लिए मिलने वाली रकम 12000 रुपये को जोड़कर 1.5 लाख रुपये की राशि की व्यवस्था कर दी है।
पहाड़ी इलाकों के लिए यह राशि 1.6 लाख है। इसके ऊपर सरकार अब 70 हजार के ऋण की व्यवस्था कराने जा रही है।