{"_id":"5c6113f1bdec2273a33974eb","slug":"parliament-uproar-in-lok-sabha-over-karnataka-audio-congress-praises-slogans","type":"story","status":"publish","title_hn":"संसद: लोकसभा में कर्नाटक ऑडियो को लेकर विपक्ष का हंगामा, 2 बजे तक के लिए राज्यसभा स्थगित","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
संसद: लोकसभा में कर्नाटक ऑडियो को लेकर विपक्ष का हंगामा, 2 बजे तक के लिए राज्यसभा स्थगित
Mon, 11 Feb 2019 11:49 AM IST
Sneha Baluni
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Sneha Baluni
Updated Mon, 11 Feb 2019 11:49 AM IST
विज्ञापन
संसद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कर्नाटक में विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े ऑडियो टेप, पश्चिम बंगाल में एक विधायक की हत्या और आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य की दर्जे की मांग को लेकर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और तेलुगू देसम पार्टी (टीडीपी) के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होने के करीब 10 मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विज्ञापन
वहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक शुरू होने के करीब दस मिनट बाद ही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे की वजह से उच्च सदन में आज भी शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया।
विज्ञापन
लोकसभा में प्रश्नकाल आरंभ होने के साथ ही कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल ने कर्नाटक ऑडियो टेप का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि वहां उनकी पार्टी के विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि वह प्रश्नकाल के बाद अपने मुद्दे उठाएं और उन्होंने प्रश्नकाल आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
विज्ञापन
इसके बाद कांग्रेस के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। उन्होंने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं। इस दौरान भाजपा के सदस्यों ने कांग्रेस सदस्यों पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने भी अपने एक विधायक की कथित हत्या का मुद्दा उठाया और नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए।
टीडीपी के सदस्य भी आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य की दर्जे की मांग को लेकर आसन के निकट पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। सदन में शोर-शराबे के बीच ही मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने उच्च शिक्षण संस्थानों में आरक्षण के विषय से जुड़े कुछ पूरक प्रश्नों के उत्तर भी दिए। अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से अपने स्थान पर जाने को कहा, लेकिन हंगामा नहीं थमा जिसके बाद उन्होंने करीब 11:10 बजे सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
राज्यसभा में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अनिवासी भारतीय विवाह पंजीकरण विधेयक 2019 पेश किया। इसी बीच टीडीपी के सदस्य आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग करते हुए आसन के समीप आ गये। वे नारेबाजी भी कर रहे थे। उधर कांग्रेस के सदस्यों ने भी अपने स्थानों से ही नारेबाजी शुरु कर दी। शोरगुल के कारण कांग्रेस सदस्यों की मांग को नहीं सुना जा सका। हंगामा थमते न देख नायडू ने 11 बज कर करीब दस मिनट पर सदन की बैठक दोपहर दो बजे तक के लिये स्थगित कर दी।