05:11 PM, 26-Jul-2021
राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित
सदन की कार्यवाही में बार-बार बाधा पहुंचने और कार्यवाही स्थगित होने के बाद राज्यसभा को 27 जुलाई की सुबह 11 बजे तक स्थगित करने का फैसला किया गया है।
04:16 PM, 26-Jul-2021
राज्यसभा पांच बजे तक के लिए स्थगित
विपक्षी दलों के हंगामे के चलते राज्यसभा को चार बजे तक के लिए स्थगित किया गया था। वहीं, चार बजे दोबारा कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने फिर प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके चलते सदन की कार्यवाही को अब पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
03:25 PM, 26-Jul-2021
लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
संसद के दोनों सदनों में फिर से कार्यवाही शुरू होते ही जबरदस्त हंगामा हुआ। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही 4 बजे और लोकसभा की कार्यवाही कल यानी मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
11:30 AM, 26-Jul-2021
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष का जोरदार हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 12 बजे और लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
11:27 AM, 26-Jul-2021
मीराबाई चानू को दी बधाई
संसद के दोनों सदनों में आज कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्वांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही ओलंपिक मेडलिस्ट मीराबाई चानू को टोक्यो में दमदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई।
11:11 AM, 26-Jul-2021
राज्यसभा सदस्यों ने शहीदों को अर्पित की श्रद्वांजलि
मानसून सत्र के दूसरे हफ्ते के पहले दिन संसद की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हो गई। राज्यसभा के सदस्यों ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
10:42 AM, 26-Jul-2021
मानसून सत्र: पेगासस और किसानों के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित
संसद में आज मानसून सत्र का आज से दूसरा हफ्ता है। आज भी नए कृषि कानूनों और पेगासस जासूसी विवाद को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा होने के पूरे आसार हैं। जब से मानसून सत्र शुरू हुआ है, तब से विपक्ष इन मुद्दों को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर है। इस बीच, सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी किसान आंदोलन के समर्थन में ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को उस वक्त सभी को हैरान कर दिया, जब वह दिल्ली की सड़कों पर ट्रैक्टर चलाते हुए नजर आए। दरअसल, राहुल गांधी किसान आंदोलन के समर्थन और नए कृषि कानून के विरोध में ट्रैक्टर चलाकर संसद भवन पहुंचे। राहुल गांधी के साथ ट्रैक्टर पर रणदीप सुरजेवाला, दीपेंद्र हुड्डा समेत अन्य कई कांग्रेसी नेता नजर आए। ट्रैक्टर के सामने कृषि कानूनों के खिलाफ पोस्टर चिपका था और किसानों के समर्थन में बातें कही गईं। बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर देशभर के किसान पिछले कई महीनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश के किसानों को दबाया जा रहा है। उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को काले कानून वापस लेने ही होंगे।