पाकिस्तान चुनाव परिणाम: पीएम की कुर्सी के करीब इमरान खान, आज आएंगे अंतिम नतीजे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान में बुधवार को 272 संसदीय सीटों के लिए हुए आम चुनाव की मतगणना हो रही है। पाकिस्तान का चुनाव आयोग ने कहा कि अगले 24 घंटे में, यानी शनिवार को अंतिम नतीजे जारी किए जाएंगे। रिटर्निंग ऑफिसर्स ने 90 फीसदी नतीजे घोषित कर दिए हैं। इनमें से हमें 82 फीसदी नतीजे आयोग को मिल चुके हैं। बता दें कि आम चुनाव के नतीजों में इमरान खान की लहर में कई दिग्गज ढेर हो गए हैं। ताजा नतीजों में पाकिस्तान की हंग असेंबली बनती हुई दिख रही है।
इमरान खान का पाकिस्तान का नया पीएम बनना तय माना जा रहा है। अब तक के रुझानों में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सरकार बनाने के करीब दिख रही है। इमरान की पार्टी 115 सीटों के साथ सबसे आगे है। लेकिन बहुमत के लिए 137 सीटें जरूरी हैं।
वहीं, नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन 60 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है तो बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के उम्मीदवार 39 सीटों पर आगे चल रहे हैं। इसके अलावा 58 सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बता दें कि PML(N) के शहबाज शरीफ, PPP के बिलावल भुट्टो, MMA के फजल उर रहमान, जमात ए इस्लामी के सिराज उल हक अपनी-अपनी सीट पर चुनाव हार गए हैं।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान चुनाव 2018: आतंकी हाफिज के मंसूबे नाकाम, बेटे दामाद समेत सबको मिली हार
बता दें कि सरकार बनाने के लिए 137 सीटों की जरूरत है। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कुल 342 सदस्य होते हैं जिनमें से 272 को सीधे तौर पर चुना जाता है जबकि शेष 60 सीटें महिलाओं और 10 सीटें धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं। आम चुनावों में 5 फीसदी से ज्यादा वोट पाने वाली पार्टियां इन आरक्षित सीटों पर समानुपातिक प्रतिनिधित्व के हिसाब से अपने प्रतिनिधि भेज सकती हैं। हालांकि, वर्तमान में कोई पार्टी तभी अकेले दम पर सरकार बना सकती है जब उसे 137 सीटें हासिल हो जाए।
Final results will come out within 24 hours. There is no delay. 90% of results have been announced by Returning Officers in the field. we have received 82% out of it: Election Commission of Pakistan. #PakistanElections2018 pic.twitter.com/cS03558T1K
— ANI (@ANI) July 26, 2018
इससे पहले बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के भूसा मंडी क्षेत्र में तामीर-ई-नोऊ एजुकेशन कॉम्पलेक्स स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र के बाहर पुलिस वैन के समीप इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आत्मघाती हमलावर ने बम विस्फोट कर दिया, जिसमें 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 घायल हो गए। मृतकों में 5 पुलिसकर्मी और 2 नाबालिग भी शामिल हैं।
ये मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित की गई एन-260 सीट का हिस्सा था। इसके अलावा अन्य घटनाओं में भी चार लोगों की मौत हो गई। देशभर में 85 हजार केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। नेशनल असेंबली की 272 सीटों और चार राज्य विधानसभाओं के लिए हो रहे चुनाव में मतगणना भी तत्काल शुरू करा दी गई थी।
विपक्षी दलों ने इमरान को जिताने के लिए पाकिस्तानी सेना पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।अपने एजेंटों को मतगणना केंद्र से बाहर करने के आरोप लगाए
जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने मतगणना की प्रक्रिया पर ऐतराज जताया और आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के एजेंटों को जबरन बहुत सारी जगह पर मतगणना केंद्रों से बाहर करने के बाद बंद दरवाजे के पीछे फॉर्म-45 में छेड़छाड़ कर गड़बड़ी की जा रही है। इससे पहले मतदान के दौरान भी सेना पर बहुत सारे केंद्रों से पार्टी एजेंटों को बाहर कर देने तथा मीडिया को भी अंदर प्रवेश नहीं करने देने के आरोप लगे थे।
पाक पुलिस ने संभाली इमरान के घर की जिम्मेदारी
पाकिस्तान का प्रधानमंत्री घोषित किए जाने से पहले ही इस्लामाबाद स्थित इमरान खान के घर की जिम्मेदारी निजी सुरक्षाकर्मियों की जगह पाकिस्तान पुलिस ने संभाल ली। 65 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर को बुधवार को वीआईपी सुरक्षा दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने उनके घर के बाहर बैरियर लगाने का फैसला किया।
नई पाक सरकार के साथ काम करने को तैयार : चीन
इमरान खान की जीत पर चीन ने बृहस्पतिवार को कहा कि सामरिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए वह पाकिस्तान की नई सरकार के साथ काम करने को तैयार है। उसने उम्मीद भी जताई कि उसका मित्र देश राजनीतिक स्थिरता को बनाए रखेगा। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा कि चुनाव के नतीजों के कारण पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंध प्रभावित नहीं होंगे।'
इमरान खान के समर्थन में आए मुशर्रफ
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने आम चुनावों को सही करार दिया है। उनका कहना है कि देश ने इमरान खान के रूप में ईमानदार और देशभक्त नेता को पीएम के लिए चुना है। उन्होंने चुनावों में गड़बड़ी को खारिज करते हुए कहा कि हर बार हारने वाली पार्टी ऐसे ही आरोप लगाती है।
इमरान खान की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि वह बहुमत से दूर रहती नजर आ रही है। उनकी पार्टी के सूत्रों ने बताया कि सरकार बनाने के लिए विचारधारा से समझौता नहीं होगा। नवाज शरीफ या भुट्टो की पार्टी से कोई समर्थन नहीं लिया जाएगा। निर्दलीयों का साथ लिया जा सकता है।