पोलियो की दवा पीने के बाद चार बच्चों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, नाराज परिजनों ने किया प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हापुड़ के गिरधारी नगर में पोलियो की दवा पीने के बाद अचानक चार बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी दस्त होने के बाद करीब दो साल की अवनी की मौत हो गई। तीन बच्चों का अभी इलाज चल रहा है।
एक बच्चे को गंभीर हालत में मेरठ में भर्ती कराया गया है। इस घटना से नाराज परिजनों ने सोमवार सुबह गढ़ रोड जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
गिरधारी नगर में रविवार दोपहर करीब 182 बच्चों को यह दवा पिलायी गई। उसके बाद एक साल के नमन और मिष्ठी, डेढ़ साल के लक्ष्य और दो साल की अवनी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। शाम तक हालत में सुधार न होने पर बच्चों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
अवनी की हालत ज्यादा खराब हो गई और अस्पताल के रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा नमन की हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
उधर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजवीर सिंह कहना है कि पोलियोरोधी दवा से बच्चों के स्वास्थ्य पर कोई असर नहीं पड़ता है। जिस बॉक्स में दवा रखी गई थी, उसी बाक्स से 20 अन्य बच्चों को भी दवा पिलाई गई थी, जो स्वस्थ हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उल्टी दस्त अधिक होने के कारण शरीर में पानी की कमी के चलते डायरिया से मौत की पुष्टि हुई है। इधर, अवनी के परिजनों का कहना है कि पोलियो की दवा करीब 12 बजे दिन में पिलाई गई थी। दोपहर दो बजे अचानक बच्चों को उल्टी-दस्त होने लगे। नजदीक के एक डाक्टर से उपचार कराया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।