Delhi: NSUI कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद को विरोध में खिलाए लड्डू, निशिकांत बोले- सभी को भाजयुमो में लेकर आऊंगा
कांग्रेस की छात्र शाखा एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित निशिकांत दुबे के आवास के बाहर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद को न सिर्फ फूल भेंट किए, बल्कि उन्हें लड्डू भी खिलाए।
विस्तार
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस पर विपक्ष के साथ मिलकर भारत की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया था। साथ ही भाजपा सांसद ने राहुल गांधी पर भी आरोप लगाए। इसके खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस की छात्र शाखा एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित निशिकांत दुबे के आवास के बाहर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद को न सिर्फ फूल भेंट किए, बल्कि उन्हें लड्डू भी खिलाए।
#WATCH | Delhi: In a unique protest outside the residence of BJP MP Nishikant Dubey, NSUI workers gave him a rose flower. MP Nishikant Dubey offered sweets to them. https://t.co/wsCCzsmxlu pic.twitter.com/nxLqjLByZc
विज्ञापन
— ANI (@ANI) December 12, 2024
'ये लोग कन्फ्यूज हैं'
जब इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा सांसद से सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि 'ये लोग कन्फ्यूज हैं। इन्हें किसी ने बरगलाया है। आज ये एनएसयूआई के साथ हैं लेकिन कल ये भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता बन जाएंगे। मैं इन्हें युवा मोर्चा में लेकर आऊंगा।' राहुल गांधी को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि 'उन्हें बीते चार दिनों से शून्य काल में बोलने का समय मिल रहा है, लेकिन विपक्ष मुझे बोलने ही नहीं दे रहा। वह आज संसद में इस मुद्दे पर बोलेंगे।'
भाजपा सांसद ने कांग्रेस और जॉर्ज सोरोस के कथित संबंधों पर पूछे सवाल
निशिकांत दुबे ने लोकसभा में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर विदेशी संगठनों और लोगों के माध्यम से देश की संसद, सरकार और अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है, जिसे लेकर सदन में भारी हंगामा हुआ। निशिकांत दुबे ने आज लोकसभा के शून्य काल के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी से 10 सवाल पूछे, जिनमें उन्होंने पूछा कि कश्मीर को अलग देश मानने वाले संगठन के साथ राहुल गांधी के क्या संबंध हैं। सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस का क्या संबंध है। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और जॉर्ज सोरोस का क्या संबंध है। सोरोस और गांधी परिवार का संबंध क्या है। राजीव गांधी फाउंडेशन को सबसे ज्यादा पैसा सोरोस ने दिया। राजीव गांधी फाउंडेशन के साथ सोरोस का रिश्ता क्या है। सोरोस ने कई फंड बनाए, वो सारे कांग्रेस के 300 लोगों को इन फंड से पैसा दिया है। भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस ने कितना पैसा खर्च किया और सोरोस फाउंडेशन ने उसमें कितना पैसा दिया।