भाजपा ने चिदंबरम को बताया कांग्रेस का ‘नवाज शरीफ’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काला धन मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आयकर विभाग की ओर से आरोपपत्र दाखिल होने पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मामले की तुलना पाकिस्तान के पूर्व पीएम से करते हुए कहा कि यह कांग्रेस के लिए ‘नवाज शरीफ वाले पल’ हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, चिदंबरम की ब्रिटेन में 5.73 करोड़, अमेरिका में 3.78 करोड़ के अलावा 21 विदेशी बैंकों में संपत्ति है। इसका खुलासा उन्होंने नहीं किया। पहले ही वित्तीय अनियमितता के मामले में जमानत पर चल रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस पर क्या जवाब देंगे?
निर्मला के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी ट्वीट से कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, चिदंबरम की विदेश में 3 अरब डॉलर की संपत्ति है। अब समझ में आता है कि काला धन मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा एसआईटी गठन के निर्देश के बावजूद पूर्ववर्ती यूपीए सरकार ने ऐसा क्यों नहीं किया।
उधर, कांग्रेस ने इसे राजनीति प्रेरित मामला बताते हुए राफेल डील मामले में भाजपा और सरकार पर हमला बोला। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि रक्षा मंत्री देश की रक्षा से जुड़े राफेल डील में हुई अनियमितता पर तो चुप रहती हैं, मगर भ्रष्टाचार के आरोपी रेल मंत्री पीयूष गोयल के बचाव में हमेशा खड़ी रहती हैं। विरोधी दलों के नेताओं को परेशान करने के लिए मोदी सरकार विभिन्न एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
आयकर विभाग की वकील होंगी सीतारमण : चिदंबरम
भाजपा के हमलों का पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने ट्वीट से जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘ऐसी चर्चा है कि रक्षा मंत्री को कैबिनेट से हटाकर आयकर विभाग का वकील बनाया जा सकता है। वेलकम टू बार मिसेज सीतारमण।’
कांग्रेस नेता ने भाजपा को विदेशों से काला धन लाने में नाकाम रहने और लोगों के खाते में 15 लाख रुपये डालने की याद दिलाई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का नाम लिए बगैर चिदंबरम ने ट्वीट किया, ‘देश की सबसे अमीर पार्टी के अध्यक्ष अरबों डॉलर के ख्वाब देख रहे हैं। काला धन वापस लाओ और हर भारतीय के खाते में 15 लाख रुपये जमा करो, जैसा तुमने चुनाव में वादा किया था।’
...उधर इमरान बोले, नवाज शरीफ ‘आज के मीर जाफर’
भारत की सियासत में ‘नवाज शरीफ पल’ के बाद पाकिस्तान की राजनीति में मीर जाफर की एंट्री हो गई। मुंबई हमले पर अपने मुल्क को बेनकाब करने वाले पाक के पूर्व पीएम नवाज शरीफ को इमरान खान ने ‘आज के जमाने का मीरजाफर’ कहा है।
तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के संस्थापक ने एक ट्वीट में कहा, नवाज शरीफ आज के जमाने के मीर जाफर हैं, जिसने निजी लाभ के लिए देश को गुलाम बनाने में अंग्रेजों का साथ दिया। नवाज गलत तरीके से कमाए 300 अरब रुपये और विदेशों में अपने बेटे की कंपनियों की खातिर पाकिस्तान के खिलाफ नरेंद्र मोदी की भाषा बोल रहे हैं। नवाज ने डॉन को दिए साक्षात्कार में एक सनसनीखेज कबूलनामे में कहा था कि मुंबई हमले में पाकिस्तानी आतंकी शामिल थे।