News: बंगलूरू एयरपोर्ट पर ₹21.5 करोड़ की ड्रग्स बरामद; ओडिशा के जाजपुर में दहीबड़ा खाने से 58 बीमार, 27 बच्चे
अरुणाचल प्रदेश में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने अरुणाचल प्रदेश के तिराप जिले में प्रतिबंधित संगठन एनएससीएन-के (निकी सुमी) से जुड़े तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारियां शुक्रवार को खोंसा क्षेत्र के वांचो कॉलोनी में असम राइफल्स और राज्य पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान की गईं। पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान विंगन अगन (33), जॉनी रिबा (21) और राजापेयु खेचन खेतय (30) के रूप में हुई है। सुरक्षा बलों ने इनके कब्जे से दो 7.65 मिमी पिस्तौल मैगजीन सहित, नौ कारतूस, सिम कार्ड सहित तीन मोबाइल फोन और 500 रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर भी बरामद की है। गिरफ्तार उग्रवादियों को बरामद सामान के साथ आगे की जांच के लिए खोंसा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।
ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी निवेश वेबसाइटों का प्रचार कर रहे 184 प्रोफाइलों को हटाया
विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर सक्रिय ऐसे 184 सोशल मीडिया प्रोफाइल को पिछले महीने चिह्निन करने के बाद हटा दिया गया है जो भारतीय उपयोगकर्ताओं को लक्षित करके ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और फर्जी निवेश वेबसाइटों को बढ़ावा देने वाले 801 पेड विज्ञापन चला रहे थे।
इस मामले में प्रमोटरों के खिलाफ छह एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। हैदराबाद पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, ये विज्ञापन भोले-भाले उपयोगकर्ताओं को आसान धन, बोनस, रेफरल कमीशन और निवेश पर भारी रिटर्न का वादा करके आकर्षित करने के लिए रणनीतिक रूप से तैयार किए गए थे। साइबर अपराध इकाई ने निरंतर डिजिटल निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर ट्रैकिंग के माध्यम से 184 सोशल मीडिया प्रोफाइल पहचाने।
नारी वंदना का मुखौटा उतर चुका है : राहुल
गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा की ओर से कांग्रेस सांसद गेनीबेन ठाकोर पर की गई टिप्पणी को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि नारी वंदना का मुखौटा उतर चुका है। भाजपा की महिला विरोधी एवं मनुवादी मानसिकता उजागर हो गई है। राहुल ने सोशल मीडिया पर उपरोक्त बातें कहीं।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई, जब जगदीश विश्वकर्मा ने बनासकांठा में जनसभा के दौरान कहा कि भाजपा ने ठाकोर की साड़ी के पल्लू से जिला पंचायत छीन ली है। इस पर राहुल गांधी ने सवाल किया कि क्या भाजपा इसी तरह महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण करेगी? उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महिलाएं अपना अपमान कभी नहीं भूलतीं और वे इस अपमान का करारा जवाब देंगी।
बोर्ड परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे दो भाइयों की नहर में डूबने से मौत
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दोनों भाई नहाने के लिए पास स्थित लोअर भवानी परियोजना नहर में गए थे। आरोप है कि नहाने के दौरान वे नहर के गहरे हिस्से में चले गए और लापता हो गए। करीब दो घंटे बाद भी जब दोनों घर नहीं लौटे तो उनकी मौसी को संदेह हुआ और उन्होंने चेन्निमलाई अग्निशमन एवं बचाव सेवा को सूचना दी। विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और कुछ देर की तलाश के बाद दोनों भाइयों के शव बरामद कर अस्पताल भेज दिए।
कर्नाटक में बर्ड फ्लू, एच5एन1 संक्रमण से 40 मोरों की मौत
कर्नाटक के तुमकुर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) से लगभग 40 मोरों की मौत हो गई है। उपायुक्त सुभा कल्याण ने बताया कि मृत पक्षियों की जांच में एच5एन1 वायरस पाया गया। उन्होंने कहा कि वायरस के केंद्र से 10 किलोमीटर के दायरे को कंटेनमेंट जोन यानी रोकथाम क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही वायरस को फैलने से रोकने की कोशिश की जा रही है। लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है और टीमें मौके पर मौजूद हैं। कल्याण ने लोगों को केवल अच्छी तरह पका हुआ और उबला हुआ मांस खाने की सलाह भी जारी की है। उन्होंने कहा कि तुमकुर में लगभग 40 मोरों की मौत के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे और शुक्रवार को उनमें एच5एन1 वायरस मौजूद होने की पुष्टि हो गई। राज्य सरकार से निर्देश मिलते ही वायरस के केंद्र से 10 किलोमीटर के दायरे को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया और त्वरित प्रतिक्रिया दल लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने बताया, इस खास इलाके में लगभग 31 पोल्ट्री दुकानों और लगभग 10 फार्मों की पहचान कर शनिवार को मरे हुए पक्षियों के नमूने भी आगे की जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
भाजपा नेता की हत्या के दोषी कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी अयोग्य घोषित
कर्नाटक विधानसभा सचिवालय ने कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को अयोग्य घोषित कर दिया है। भाजपा नेता योगेशगौड़ा गौड़ार की हत्या के मामले में कोर्ट से उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार कुलकर्णी की सदस्यता 15 अप्रैल, 2026 से ही समाप्त मानी जाएगी। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत रिहाई के बाद भी वे अगले छह वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। सीबीआई ने उन्हें मुख्य साजिशकर्ता माना था। विधानसभा सचिवालय ने स्पष्ट किया कि दोषसिद्धि के कारण धारवाड़ सीट अब रिक्त है। वहीं, कुलकर्णी के कानूनी पक्ष ने संकेत दिया है कि वे इस फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती देंगे।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती 4 मई को होनी है, उससे पहले अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर सभी काउंटिंग सेंटरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की अपील की है। टीवीके के महासचिव आधारव अर्जुना ने कहा कि हाल ही में श्रीरंगम क्षेत्र में पार्टी के दो कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है। उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं ताकि वोटों की गिनती शांतिपूर्ण तरीके से न हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पार्टी के एजेंट और उम्मीदवार अपनी जिम्मेदारियां सही तरीके से नहीं निभा पाएंगे। टीवीके ने मांग की है कि हर काउंटिंग सेंटर के बाहर एक किलोमीटर का “सुरक्षित क्षेत्र” बनाया जाए, जहां सख्त निगरानी रहे। पार्टी का कहना है कि इससे किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकी जा सकेगी और सभी उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
शाह से मिले ऋषभ शेट्टी कांतारा को गृह मंत्री ने सराहा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में शनिवार को फिल्म कांतारा के चर्चित अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य केंद्र भारतीय सिनेमा के माध्यम से देश की गौरवशाली संस्कृति और इतिहास को विश्व पटल पर प्रस्तुत करना रहा। गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पर ऋषभ शेट्टी की सराहना करते हुए लिखा, फिल्मी दुनिया और संस्कृति के बारे में आपसे बात करना वास्तव में सुखद रहा।
जिस समझ और संवेदनशीलता के साथ आप अपनी फिल्मों के माध्यम से भारतीय सभ्यता को प्रस्तुत करते हैं, वह सराहनीय है। मुझे विश्वास है कि आप भविष्य में भी अपने काम से लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। वहीं, ऋषभ ने इस भेंट को गौरवपूर्ण बताय।
मणिपुर में बड़ी कार्रवाई, 23 बंकर ध्वस्त...हथियारों का जखीरा बरामद
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने उग्रवाद और हिंसा के खिलाफ अभियान तेज करते हुए उखरुल और तैंग्लोपॉल जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग अभियानों में 23 अवैध बंकरों को ध्वस्त किया गया, जबकि भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, उखरुल जिले के लितान थाना क्षेत्र के मोंगकोट चेपू, शोंगफेल, मुल्लाम, सिराराखोंग और रिंगुए गांवों में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने 23 अवैध रूप से बनाए गए बंकरों को नष्ट कर दिया। ऑपरेशन के दौरान एक 12 बोर पंप एक्शन गन, विभिन्न बोर के 17 कारतूस और 111 खाली खोखे भी बरामद किए गए। उखरुल जिले में फरवरी से तंगखुल नागा और कुकी समुदायों के बीच झड़पों के बाद लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में अब तक कम से कम सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक घरों को आग के हवाले किए जाने की खबर है। वहीं, तैंग्लोपॉल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र के टी बोंगमोल गांव में बुधवार को चलाए गए दूसरे अभियान में सुरक्षाबलों ने दो सिंगल बैरल राइफल, चार 9 एमएम पिस्तौल और मैगजीन के साथ 18 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किए।
केरल के कन्नूर जिले में शनिवार को यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार पी. वी. अनवर और सीपीआई(एम) के बागी नेता वी. कुन्हिकृष्णन की मुलाकात हुई। यह मुलाकात पय्यानूर स्थित कुन्हिकृष्णन के घर पर हुई। अनवर पहले एलडीएफ के विधायक रह चुके हैं, लेकिन बाद में उन्होंने मोर्चा छोड़ दिया और अब बेयपोर सीट से यूडीएफ के समर्थन से चुनाव लड़ रहे हैं। कुन्हिकृष्णन को भी पार्टी से निकाल दिया गया था, क्योंकि उन्होंने स्थानीय विधायक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्होंने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। अनवर ने कहा कि यह एक व्यक्तिगत मुलाकात थी, लेकिन दोनों नेताओं के विचार काफी हद तक एक जैसे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ने ही पार्टी में बढ़ते तानाशाही रवैये और परिवारवाद के खिलाफ आवाज उठाई थी। अनवर ने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़ दी है और अब एक नया राजनीतिक संगठन बनाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 15 मई तक नई पार्टी लॉन्च की जा सकती है, जो समान सोच वाले लोगों को साथ लाएगी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को जूनागढ़ जिले में एक नीलगाय के अचानक सड़क पार करने के कारण तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पलट गई, जिससे दो महिलाओं की मौत हो गई और कम से कम 15 यात्री घायल हो गए। बस में भावनगर से द्वारका और सोमनाथ की तीर्थयात्रा पर जा रहे लगभग 40 यात्री सवार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोपहर तीन बजे, मंगरोल कस्बे से कुछ किलोमीटर दूर राहिज गांव के पास, अचानक एक नीलगाय के सड़क पार करने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
पुलिस उपाधीक्षक डी.वी. कोडियातार ने बताया, 'दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। उन्हें जूनागढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।' उन्होंने आगे बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। दुर्घटना के बाद, स्थानीय निवासी पीड़ितों की सहायता के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि पलटी हुई बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए एक खुदाई मशीन का इस्तेमाल किया गया।
प्रसार भारती के अध्यक्ष बने प्रसून जोशी
प्रसून जोशी को प्रसार भारती का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। प्रसून जोशी देश के जाने-माने गीतकार, लेखक और कम्युनिकेशन एक्सपर्ट हैं, जिन्होंने साहित्य, विज्ञापन और फिल्मों में अहम योगदान दिया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रसून जोशी एक रचनात्मक व्यक्तित्व हैं, जिनका काम भारत की संस्कृति और सोच को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी।
प्रसून जोशी इससे पहले 2017 से सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में फिल्म सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को बेहतर बनाने की कोशिश की गई। इसके अलावा, वे मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप इंडिया के सीईओ और एशिया पैसिफिक के चेयरमैन भी रह चुके हैं। प्रसार भारती भारत का सार्वजनिक प्रसारण संस्थान है, जिसमें ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन शामिल हैं। माना जा रहा है कि तेजी से बदलती तकनीक और दर्शकों की नई जरूरतों के बीच प्रसून जोशी का अनुभव संस्थान के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
2 मई को जारी अधिसूचना के अनुसार, बंगलूरू सत्र न्यायालय द्वारा एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को कर्नाटक विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। संविधान और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत, यह अयोग्यता 15 अप्रैल, 2026 (दोषसिद्धि की तिथि) से प्रभावी होगी, जिसके परिणामस्वरूप धारवाड़ विधानसभा सीट रिक्त हो जाएगी।
आर. बालसुब्रमण्यम और जोरम अनिया नीति आयोग के सदस्य बने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. आर. बालसुब्रमण्यम और डॉ. जोरम अनिया को नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है।
Prime Minister Narendra Modi has approved the appointment of Dr R Balasubramaniam and Dr Joram Aniya as full-time members of NITI Aayog. pic.twitter.com/Qv9Yy9K9Jv
— ANI (@ANI) May 2, 2026
ओडिशा के जाजपुर जिले में दहीबड़ा खाने के बाद 58 लोग बीमार हो गए, जिनमें 27 बच्चे शामिल हैं। सभी को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार को दसरथपुर ब्लॉक के पतापुर गांव में हुई, जहां लोगों ने एक स्थानीय दुकनदार से ‘कट्टक दहीबड़ा’ खाया था। खाने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी और बुखार की शिकायत होने लगी। बीमार लोगों को दसरथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला कलेक्टर अंबर कुमार कर ने बताया कि इलाज के बाद 21 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में दहीबड़ा खाने से बीमारी की आशंका है। खाद्य और पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। सरकार ने घटना की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई हैं और मरीजों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए हैं।
इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (आई-पैक) के निदेशक और सह-संस्थापक विनेश चंदेल को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी, जिसके बाद वे तिहाड़ जेल से रिहा होकर बाहर आ गए। विनेश चंदेल पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच चल रही थी। कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ उन्हें जमानत प्रदान की। उनकी रिहाई के बाद आई-पैक से जुड़े लोगों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विनेश चंदेल के वकील अभिषेक ने कहा, 'हमने जमानत के लिए अर्जी दी थी। 30 तारीख को इस पर बहस हुई। अदालत ने हमारे पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत ने कुछ शर्तें भी लगाईं, जिनका हमने पूरा पालन किया।' चंदेल के अधिवक्ता अभिषेक ने बताया, '2 लाख रुपये का बॉन्ड जमा करना था, जिसे हमने जमा कर दिया। ईडी से जांच करने के लिए कहा गया था। आज अदालत में इसकी सुनवाई हुई। जांच पूरी होने के बाद अदालत ने रिहाई के आदेश जारी कर दिए।' विनेश चंदेल आई-पैक के प्रमुख चेहरे हैं। यह संस्था राजनीतिक रणनीति, चुनाव प्रबंधन और कैंपेनिंग से जुड़े काम करती है। उन पर ईजी ने मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित मामले में जांच की थी, जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया था। पटियाला हाउस कोर्ट ने लंबी सुनवाई के बाद उन्हें जमानत दे दी। कोर्ट ने उन्हें कुछ शर्तों का पालन करने का निर्देश दिया है, जिसमें नियमित रूप से जांच अधिकारी के सामने पेश होना और बिना अनुमति के देश छोड़कर न जाना शामिल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग के नए पूर्णकालिक सदस्यों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर डॉ. आर बालासुब्रमण्यम और डॉ. जोरम अनिया के नियुक्त होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा, 'नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में नियुक्त होने पर डॉ. आर बालासुब्रमण्यम और डॉ. जोरम अनिया को हार्दिक बधाई। उनका समृद्ध अनुभव और कई मुद्दों की गहरी समझ नीति-निर्माण को काफी मजबूती प्रदान करेगी। मुझे विश्वास है कि उनका योगदान विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और विकास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा। मैं उनके आगामी कार्यकाल के अत्यंत सफल और प्रभावशाली होने की कामना करता हूं।'
बता दें कि शनिवार को जारी एक नोटिफिकेशन के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में जोरम अनिया की नियुक्ति को मंजूरी दी। यह एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जो अरुणाचल प्रदेश की एक जानी-मानी बौद्धिक आवाज को राष्ट्रीय नीति-निर्माण के सर्वोच्च स्तर पर लाता है। एक कुशल शिक्षाविद और एसोसिएट प्रोफेसर, अनिया अरुणाचल प्रदेश निजी शिक्षा नियामक आयोग की सदस्य भी हैं। शिक्षण, अनुसंधान और सार्वजनिक नीति में 18 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, अनिया ने इस क्षेत्र में शिक्षा और ज्ञान प्रणालियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्हें निशी समुदाय की पहली महिला होने का गौरव प्राप्त है, जिन्होंने पीएचडी की उपाधि प्राप्त की और अरुणाचल प्रदेश से हिंदी भाषा में पीएचडी करने वाली वह पहली महिला हैं।
उनका विद्वतापूर्ण कार्य साहित्य, संस्कृति और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों तक फैला हुआ है। उन्होंने निशी भाषा और सांस्कृतिक विरासत पर कई किताबें लिखीं और संपादित की हैं, साथ ही कई शोध प्रकाशन भी किए हैं। आयोग के दूसरे नियुक्त व्यक्ति आर बालासुब्रमण्यम हैं, जो क्षमता निर्माण आयोग में सदस्य हैं। वह 'मिशन कर्मयोगी' पहल से करीब से जुड़े रहे हैं, जिसका उद्देश्य भारत की सिविल सेवाओं को डिजिटल रूप से प्रशिक्षित करना है। उन्होंने 'पावर विदइन: द लीडरशिप लेगेसी ऑफ नरेंद्र मोदी' नाम की पुस्तक भी लिखी है और 'कर्मयोगी सक्षमता फ्रेमवर्क' को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों में क्षमता-निर्माण का मार्गदर्शन करता है। उनकी नियुक्ति केंद्रीय सरकार द्वारा अशोक लाहिड़ी को नीति आयोग का उपाध्यक्ष नामित किए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसके साथ ही दो पूर्णकालिक सदस्यों को भी शामिल किया गया था। इससे पहले अप्रैल में लाहिड़ी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। यह मुलाकात उनके पदभार ग्रहण करने के एक दिन बाद हुई थी।