फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates of 4 March, News in Hindi, India News, Kerala, West Bengal, Andhra Pradesh, News in Hindi

Updates: दिल्ली पहुंचे भूटान के विदेश मंत्री; बंगाल में रेलवे स्टेशन के पास कई दुकानों में लगी आग, एक की मौत

Wed, 04 Mar 2026 02:50 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Wed, 04 Mar 2026 02:50 PM IST
विज्ञापन
News Updates of 4 March, News in Hindi, India News, Kerala, West Bengal, Andhra Pradesh, News in Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत भारतीय नागरिकता मांगने वाले आवेदनों पर निर्णय लेने के मकसद से दो और अधिकार प्राप्त समितियों का गठन किया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पहले से ही ऐसी दो समितियां हैं लेकिन बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने के मद्देनजर दो अतिरिक्त समितियों के गठन का निर्णय लिया गया। इस समिति की अध्यक्षता भारत सरकार के उप सचिव स्तर या उससे उच्च रैंक के अधिकारी द्वारा की जाएगी और उस अधिकारी को भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त द्वारा नामित किया जाएगा। हर समिति में भारत सरकार के कम से कम अवर सचिव या उससे उच्च रैंक के सहायक खुफिया ब्यूरो के एक अधिकारी समेत अन्य रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं।
विज्ञापन


नई दिल्ली पहुंचे भूटान के विदेश मंत्री, रायसीना डायलॉग में लेंगे हिस्सा
भूटान के विदेश और विदेश व्यापार मंत्री ल्योंपो डीएन ढुंग्येल बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां वह 11वें रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेंगे।  विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उनका स्वागत किया और कहा कि भारत-भूटान साझेदारी गहरे भरोसे और सद्भाव पर आधारित है और यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगी। नई दिल्ली में 5 से 7 मार्च तक रायसीना डायलॉग आयोजित होगा। यह भारत का प्रमुख भू-राजनीति और भू-अर्थव्यवस्था सम्मेलन है, जो 2016 से हर साल आयोजित किया जाता है। इसका आयोजन ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) विदेश मंत्रालय के सहयोग से करता है। इस सम्मेलन में दुनिया भर के नेता, नीति-निर्माता, विशेषज्ञ और पत्रकार हिस्सा लेते हैं।
विज्ञापन


पश्चिम बंगाल: रेलवे स्टेशन के पास दुकानों में लगी आग, एक की मौत
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार को मध्यग्राम रेलवे स्टेशन के पास कई दुकानों में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और अंदर प्रवेश करने के बाद एक मिठाई की दुकान में काम करने वाले कर्मचारी का शव जली हुई दुकान से बरामद किया गया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग दोपहर करीब दो बजे मिठाई की दुकान में लगी और देखते ही देखते पास की दुकानों में फैल गई। उन्होंने कहा कि दुकानों के भीतर रखे एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट होने से आग और भड़क गई, जिससे कुल आठ से नौ दुकानें चपेट में आ गईं। इनमें से ज्यादातर दुकानें खाने-पीने से जुड़ी थीं।

अधिकारी ने बताया कि दमकल के तीन वाहनों ने आग पर काबू पाया, लेकिन स्टेशन के पास व्यस्त सोदेपुर-मध्यग्राम रोड पर कुछ समय के लिए यातायात आंशिक रूप से प्रभावित रहा। आग लगने के बाद पास के मध्यग्राम फ्लाईओवर पर भी कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित हुआ। हालांकि, एक जिला अधिकारी ने बताया कि इस घटना से रेलवे स्टेशन परिसर या ट्रेन सेवाओं को कोई खतरा नहीं हुआ।

नहीं रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री और छह बार के सांसद केपी उन्नीकृष्णन
पूर्व केंद्रीय मंत्री और छह बार के लोकसभा सांसद केपी उन्नीकृष्णन का निधन हो गया है। वह 89 वर्ष के थे। परिजनों ने बताया कि उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उन्नीकृष्णन को कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार तड़के आखिरी सांस ली। भारतीय राजनीति में 1980 और 1990 के दशक के दौरान प्रमुख चेहरों में शामिल रहे उन्नीकृष्णन, वडकरा से लगातार छह बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। उन्होंने 1989-90 में वीपी सिंह सरकार के मंत्रिमंडल में केंद्रीय भूतल परिवहन और संचार मंत्री के रूप में प्रभार संभाला था।
मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने खाड़ी युद्ध के समय भारतीयों की निकासी की निगरानी की। पत्रकार के रूप में अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत करने वाले उन्नीकृष्णन 1971 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में वडकरा से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 1977, 1980, 1984, 1989 और 1991 में भी इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

बंगलूरू: 11.50 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, दो तस्कर किए गिरफ्तार
सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) की नारकोटिक्स कंट्रोल विंग ने मादक पदार्थ मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8,335 एलएसडी स्ट्रिप, 534 ग्राम चरस और 5 किलो हाइड्रो गांजा जब्त किया। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 11.50 करोड़ रुपये बताई गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले एक वर्ष से बंगलूरू में रह रहे थे और केरल के एक व्यक्ति के जरिए, जो थाईलैंड में रह रहा है, ड्रग्स मंगवाकर सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आंध्र शराब घोटाले का आरोपी प्रणय नेपाल सीमा से गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश पुलिस ने वाईएसआर कांग्रेस के शासन में हुए 3,500 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के आरोपी प्रणय प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे आंध्र प्रदेश लाया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रकाश को रविवार को भारत-नेपाल सीमा पर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, प्रकाश उत्तर प्रदेश के सनौली स्थित ड्राई पोर्ट (एकीकृत जांच चौकी) क्षेत्र से दुबई भागने की फिराक में था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी  किया गया था, इसलिए सूचना मिलने पर उसे पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम भेजी गई थी।

मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने में काम करेगा स्वदेशी तकनीक का विशेष ड्रोन
तिरुवनंतपुरम में हाथियों को बिना मानव संपर्क के बेहोश करने में स्वदेशी तकनीक का विशेष मदद करेगा। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णनन ने मंगलवार को इसका अनावरण किया। इस मौके पर केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी भी मौजूद रहे। ड्रोन का निर्माण चेन्नई स्थित स्टार्टअप गरुण एयरोस्पेस ने किया है। कंपनी के अनुसार यह कस्टमाइज्ड यूएवी (यूएवी) हवाई सहायता से सटीक तरीके से डार्टिंग (बेहोशी का इंजेक्शन) करने में सक्षम है। इससे वनकर्मियों के लिए जमीन पर जोखिम कम होगा, वन्यजीवों को कम व्यवधान होगा और आपात स्थितियों में कार्रवाई अधिक प्रभावी होगी। कंपनी के मुताबिक, करीब एक दशक पहले तमिलनाडु वन विभाग के लिए उसका पहला ड्रोन तैयार किया गया था। यह नया मॉडल वर्षों के शोध और तकनीकी उन्नयन का परिणाम है।

गरुण एयरोस्पेस ने पहले भी वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर समेत कई वन विभागों को ड्रोन उपलब्ध कराए हैं, जिनका उपयोग निगरानी, एंटी-पोचिंग और आवास मानचित्रण में किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि ड्रोन आधारित डार्टिंग मानव-हाथी संघर्ष के समाधान में सुरक्षित और मानवीय विकल्प साबित हो सकता है।
 

एक लाख स्कूलों में करीब 1.2 करोड़ बच्चों का बायोमेट्रिक डाटा अपडेट
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने छह माह में देशभर के एक लाख से अधिक स्कूलों में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट का अभियान पूरा कर लिया है। इसमें 1.2 करोड़ स्कूली बच्चे लाभांवित हुए। यह कदम बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति लाभ, तथा प्रतियोगी और विश्वविद्यालय परीक्षाओं में पंजीकरण के दौरान पहचान सत्यापन में मददगार होगा।
आधिकारिक के मुताबिक, अभियान के तहत सात से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार में फिंगरप्रिंट एवं आंखों की पुतलियों के स्कैन को अपडेट करने की सुविधा अक्तूबर 2025 से एक वर्ष की अवधि के लिए मुफ्त रखी गई है।

इस अभियान के दौरान स्कूलों में लगाए गए विशेष शिविरों में बच्चों को आधार संबंधी बायोमेट्रिक डाटा को अपडेट कराने की सुविधा मिली। प्राधिकरण ने बताया कि अब तक 1,03,000 से अधिक स्कूलों में प्रक्रिया पूरी  की जा चुकी है। प्रक्रिया के तहत बच्चों के फिंगरप्रिंट और आंख की पुतलियों के डाटा को पांच वर्ष और फिर 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर अपडेट कराना अनिवार्य होता है। क्योंकि पांच वर्ष से कम उम्र में ये बायोमेट्रिक संकेतक पूरी तरह विकसित नहीं होते हैं।
 

संघर्ष से आपूर्ति शृंखला नहीं होगी प्रभावित- चंद्रशेखरन
टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि पशि्चम एशिया में युद्ध से का आपूर्ति शृंखला पर कोई असर नहीं पड़ेगा। समूह ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से उत्पन्न होने वाले जोखिमों को कम करने की योजना बनाई है। चंद्रशेखरन ने कहा, वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता की स्थिति है। पिछला साल भी काफी कठिन रहा। मुझे लगता है कि हालात जल्द ही सामान्य हो जाएंगे। उन्होेंने कहा, भू-राजनीतिक स्थिति में अनिश्चितता को देखते हुए हमने न सिर्फ टाटा समूह बल्कि देश के लिए भी मौजूदा स्थिति से उत्पन्न होने वाले जोखिमों को कम करने की योजना बनाई है। टाटा समूह के चेयरमैन ने कहा, टाटा स्टील पश्चिम एशिया से चूना पत्थर खरीदती है और उसके पास पर्याप्त भंडार है। कंपनी वैकल्पिक स्रोतों से भी चूना पत्थर खरीदेगी। हमें विश्वास है कि इससे कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा अब उनकी प्राथमिकता है।

तेलंगाना: विग्नान कॉलेज के पास लगी आग
तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरि जिले के बाचुपल्ली पुलिस थाना क्षेत्र में विग्नान कॉलेज के पास भीषण आग लग गई। हैदराबाद अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, दमकल वाहन मौके पर पहुंच चुके हैं और आग पर काबू पाने में जुटे हैं।
 

भीषण आग में 22 फर्नीचर शेड जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
हैदराबाद के बाचुपल्ली पुलिस स्टेशन इलाके में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में सड़क किनारे बने 22 अस्थाई शेड जलकर खाक हो गए। इन शेड में फर्नीचर बनाने और बेचने का काम होता था। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। पुलिस और फायर विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह आग रात करीब 11 बजे लगी। आग एक शेड से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के सभी शेड में फैल गई। इसमें रखा लकड़ी का फर्नीचर और उसे बनाने का सारा सामान पूरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को बुझाया गया। शुरुआती जांच के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था। चश्मदीदों ने बताया कि बिजली के एक खंभे पर शॉर्ट सर्किट हुआ और जलता हुआ तार नीचे रखे सोफे पर गिर गया। इससे आग लग गई और कुछ ही मिनटों में इसने विकराल रूप ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भीषण सड़क हादसे में बेंगलुरु के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पालमनेरू के पास फोर-लेन हाईवे पर एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बेंगलुरु के एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतको में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 8:45 बजे हुई। परिवार कार में सवार होकर बेंगलुरु से तिरुपति जा रहा था। पुलिस को शक है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी और शायद ड्राइवर को नींद आ गई थी। इसी वजह से कार अनियंत्रित होकर सीधे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के रिश्तेदारों को सूचना दे दी है और वे घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

दिग्गज पत्रकार एच.के. दुआ का निधन
जाने-माने पत्रकार एच.के. दुआ का बुधवार को 88 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले तीन हफ्तों से बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा। एक जुलाई 1937 को जन्मे दुआ ने पत्रकारिता जगत में अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने 'द हिंदुस्तान टाइम्स', 'द इंडियन एक्सप्रेस' और 'द ट्रिब्यून' जैसे बड़े अखबारों में संपादक के रूप में काम किया। वे 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' के संपादकीय सलाहकार भी रहे। दुआ अपनी तेज राजनीतिक समझ और संपादकीय आजादी के लिए जाने जाते थे।

दुआ ने दो प्रधानमंत्रियों, अटल बिहारी वाजपेयी और एच.डी. देवेगौड़ा के मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी भी निभाई। वे 2001 से 2003 तक डेनमार्क में भारत के राजदूत रहे। इसके बाद 2009 से 2015 तक वे राज्यसभा के मनोनीत सदस्य भी रहे। उन्होंने विदेश मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर संसद में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारत सरकार ने उन्हें 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया था। वे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड और कई महत्वपूर्ण संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे। पंजाब और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने उन्हें डी.लिट की मानद उपाधि दी थी। उनका जाना पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed