फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates Of 26 May: India News, President Murmu Sikkim Visit, North East West South, News in Hindi

News Updates: केरल के मुख्यमंत्री सतीशन ने पीएम मोदी से की मुलाकात, राज्य के विकास मुद्दों पर हुई चर्चा

Tue, 26 May 2026 02:56 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Tue, 26 May 2026 02:56 PM IST
विज्ञापन
News Updates Of 26 May: India News, President Murmu Sikkim Visit, North East West South, News in Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशान ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ की जीत के बाद मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी प्रधानमंत्री मोदी से पहली औपचारिक मुलाकात थी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों नेताओं की मुलाकात की जानकारी साझा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सतीशन ने केरल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री से चर्चा की और राज्य के भविष्य के विकास के लिए केंद्र सरकार से हर संभव सहयोग और समर्थन का अनुरोध किया।

विज्ञापन

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को केरल की प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्य-नाट्य कला कथकली का प्रतीक मानी जाने वाली एक कथकली नर्तक की प्रतिमा भी भेंट की। इसे केरल की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है।

विज्ञापन

राष्ट्रपति मुर्मू का तीन दिवसीय सिक्किम दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार से तीन दिवसीय सिक्किम दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और भारत-चीन सीमा के निकट स्थित नाथुला का भी दौरा करेंगी। अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति मंगलवार दोपहर गंगटोक स्थित लिविंग आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगी। इसके बाद वह लोक भवन जाएंगी और फिर देवराली स्थित नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी तथा रिज पार्क के ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगी। 27 मई को राष्ट्रपति नाथुला जाएंगी, जहां वह भारत-चीन सीमा क्षेत्र की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगी। इसके बाद वह सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। समारोह में वर्ष 2023, 2024 और 2025 बैच के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति 28 मई को पलजोर स्टेडियम में सिक्किम पुलिस की परेड में भी हिस्सा लेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

बंगाल: होल्डिंग सेंटर शुरू 12 संदिग्ध घुसपैठिए रखे गए
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने घुसपैठ के खिलाफ अभियान पता लगाओ, हटाओ और निर्वासित करो शुरू कर दिया है। गृह मंत्रालय व आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम-2025 के तहत सीमावर्ती जिलों में होल्डिंग सेंटर (अस्थायी शिविर) शुरू कर दिए हैं। केंद्रों में अब तक छह नाबालिगों समेत 12 संदिग्धाें को रखा है। मुर्शिदाबाद के लालगोला स्थित पद्मा भवन और मालदा के चंदन पार्क में बने केंद्रों में संदिग्ध बांग्लादेशियों को कड़ी सुरक्षा में रखा जा रहा है। पद्मा भवन में बने शिविर में तीन संदिग्ध घुसपैठिये रखे गए हैं। चंदन पार्क में नौ संदिग्धाें को रखा गया है। इनमें तीन महिलाएं व छह नाबालिग हैं। इन्हें रविवार को पकड़ा था। संदिग्धों को केंद्रों में अधिकतम 30 दिन रखा जाएगा, जहां उनके बायोमेट्रिक डाटा और दस्तावेज की जांच होगी। फिर उन्हें निर्वासन के लिए सीमा सुरक्षा बल को सौंप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल में अफसरों से कहा था कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत अवैध प्रवासियों को घुसपैठिया मानकर गिरफ्तार किया जाएगा।

तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी का मॉनिटर जब्त
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास शांति निकेतन में सोमवार को पुलिस ने टीवी मॉनिटर जब्त कर लिया। पुलिस के मॉनिटर ले जाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब हाल में अभिषेक के आवास व दफ्तर से अतिरिक्त सुरक्षा हटाई गई है। परिसर में लगा स्कैनर भी निकाल लिया गया था। मॉनिटर इसी स्कैनर से जुड़ा था। तृणमूल की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
 

पीएनजी वाले ग्राहकों को ट्रांसफर वाउचर का विकल्प
पाइप से मिलने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में एलपीजी कनेक्शन बहाल कराने के लिए ट्रांसफर वाउचर का विकल्प मिलेगा। पेट्रोलियम मंत्रालय ने तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण विनियमन) संशोधन आदेश जारी किया है। एलपीजी कनेक्शन वाले उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन पाने के 30 दिन में एलपीजी कनेक्शन खत्म करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उपभोक्ता भविष्य में गैर-पीएनजी क्षेत्र में एलपीजी कनेक्शन बहाल कराने के लिए ट्रांसफर वाउचर प्राप्त कर सकते हैं। यह संशोधन उन ग्राहकों को राहत देगा, जो भविष्य में ऐसे क्षेत्रों में स्थानांतरित हो सकते हैं, जहां पीएनजी उपलब्ध या व्यावहारिक नहीं है। प्रवासी परिवारों, किरायेदारों व छात्रों को भी राहत मिलेगी।
 

क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक आज
क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की भारत की मेजबानी में मंगलवार को बैठक होगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर की अध्यक्षता में इस बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग व जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी शामिल होंगे। मोतेगी व वोंग भी नई दिल्ली पहुंच गए हैं। बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामरिक सहयोग मजबूत करने के साथ वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। वैश्विक आतंकवाद और उभरते साइबर खतरों से निपटने पर भी बात होगी। आगामी क्वाड शिखर सम्मेलन का आधार तैयार किया जाएगा। जापानी विदेश मंत्री मोतेगी ने जयशंकर के साथ बैठक कर दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर बात की।

कर्नाटक: बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 24 करोड़ की ठगी के छह आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक राज्य साइबर कमांड ने डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अपराध में इस्तेमाल किए गए छह मोबाइल फोन भी जब्त किए। बंगलूरू के साइबर कमांड पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रणब मोहंती ने बताया कि आरोपियों ने खुद को सीबीआई और ईडी का वरिष्ठ अधिकारी बताकर 74 साल की महिला से 24 करोड़ रुपये ठगे। डीजीपी मोहंती ने आगे बताया कि आरोपियों की पहचान तमिलनाडु के इरोड के रहने वाले एन शिवज्ञानम, मुंबई के अक्काच मलिक, अहमदाबाद के पलक भाई पटेल और अमित नरेंद्र पटेल, नई दिल्ली के ओम प्रकाश राजपूत और बिहार के गौरव कुमार के तौर पर की गई। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने एनसीआरपी पोर्टल की मदद से अपराध से हासिल अवैध पैसे को वैध बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे कई म्यूल खातों को फ्रीज करने में कामयाब रही। इससे चार करोड़ रुपये से अधिक की रकम बचा ली गई और अदालत के आदेशों के जरिये लगभग 1.50 करोड़ रुपये बरामद भी किए गए।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित महिला पर दबाव डालकर इस साल 10 फरवरी से 24 अप्रैल के बीच 26 ट्रांजैक्शन्स के जरिये देश भर के 10 बैंकों के 23 म्यूल (बिचौलिया) बैंक खातों में 24 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए। बैंक के 24 अप्रैल को साइबर कमांड यूनिट को संदिग्ध ट्रांजैक्शन की कोशिशों के बारे में सचेत करने पर इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर और पीड़ित महिला को समझाया-बुझाया। इस तरह, धोखेबाजों के म्यूल खातों में और पैसे ट्रांसफर होने से रोककर तीन करोड़ रुपये बचा लिए गए। बुज़ुर्ग महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
 

मणिपुर: हथियारों संग चार उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के चुराचांदपुर और इंफाल पूर्वी जिलों में सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान थोंगपी गुइते (33) और शोखोमांग बैते (40) के रूप में हुई है। इनके पास से एक एआर-47 राइफल, एक 9एमएम पिस्टल, 31 कारतूस और दो ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। वहीं, शनिवार को वांगखेई अयांगपल्ली रोड से मणिपुर रिवोल्यूशनरी आर्मी के दो विद्रोहियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान निंगथौजम विक्की सिंह उर्फ मुनल और निंगथौजम ईश्वरचंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।
 

सीबीआई ने घूसखोर जेई किया गिरफ्तार
सीबीआई ने जम्मू के नरवाल स्थित पीएचई मैकेनिकल अर्बन सर्कल के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में कार्यरत एक कनिष्ठ सहायक (जेई) को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायकर्ता से उसकी पेंशन प्रक्रिया को मंजूरी देने के लिए 4,500 रुपये की घूस मांगी थी। जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा गया कि शिकायत मिलने पर उसने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और जांच शुरू की। इस दौरान पता चला कि आरोपी ने रिश्वत लेने के लिए व्हाट्सएप के माध्यम से क्यूआर कोड साझा किया था। सीबीआई ने रविवार को जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
 

हावड़ा में कुख्यात अपराधी को पुलिस ने अंडरवियर में घुमाया
बंगाल के हावड़ा में कुख्यात अपराधी आकाश सिंह को पुलिस ने अंडरवियर में सड़क पर घुमाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर बहस शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार हावड़ा सिटी पुलिस आरोपी आकाश सिंह को अपनी हिरासत में लेकर मालीपांचघरा और गोलाबाड़ी थाना क्षेत्रों में विभिन्न अपराध स्थलों पर पहुंची। मुख्यमंत्री पहले ही कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की बात कह चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन प्रक्रिया का हिस्सा थी, जिसके जरिये पुराने मामलों में अपराध की योजना, सहयोगियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को अलग-अलग इलाकों में ले जाया गया। वायरल वीडियो में वह काले रंग के बरमूडे और हथकड़ी में दिखाई दे रहा है। वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुनाई देता है कि उसे नहीं पता कि उसे क्यों घुमाया जा रहा है और उसने कोई अपराध नहीं किया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों की जांच चल रही है। जांच अधिकारी घटनास्थलों पर जाकर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दे रही है। हालांकि, घटना के बाद मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और कानूनी विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि किसी भी आरोपी को सार्वजनिक रूप से इस तरह पेश करना उसकी गरिमा और कानूनी अधिकारों से जुड़ा विषय है।
 

असम पहुंचे भूटान के पीएम की सीएम हिमंत बिस्व सरमा के साथ की चर्चा
भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे सोमवार को असम पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के साथ चर्चा की। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत और भूटान के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने में असम की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। सीएम सरमा ने गुवाहाटी में भूटान के प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए इस दौरे को भूटान और पूर्वोत्तर क्षेत्र के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

असम के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, 'गुवाहाटी में भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे का स्वागत करके और उनसे मिलकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं।' सरमा ने कहा कि भारत और भूटान के बीच 'बहुत ही विशेष ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध' हैं और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असम इस साझेदारी को आगे बढ़ाने में एक अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि असम और भूटान के बीच घनिष्ठ सहयोग 21वीं सदी में दक्षिण एशियाई क्षेत्र के आर्थिक और रणनीतिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा का मुख्य केंद्र सीमा पार कनेक्टिविटी, व्यापार, पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को बढ़ाना था। बातचीत के दौरान जलविद्युत, शिक्षा, बुनियादी ढांचा और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर भी प्रमुखता से चर्चा हुई।

पूर्व BDO प्रशांत बर्मन गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज ब्लॉक के पूर्व बीडीओ प्रशांत बर्मन को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह पिछले साल कोलकाता के साल्ट लेक स्थित दत्ताबाद में स्वर्ण व्यवसायी स्वपन कामिल्या के अपहरण और हत्या मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी सोमवार देर रात न्यू टाउन इलाके में नाटकीय परिस्थितियों में हुई। जानकारी के मुताबिक, नशे की हालत में कार चला रहे बर्मन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसने बाइक सवार और वहां मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर इकोपार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। जांच में पता चला कि वही फरार आरोपी प्रशांत बर्मन है। उस पर पहले से गिरफ्तारी वारंट जारी था। कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद उसने आत्मसमर्पण नहीं किया था और जनवरी 2026 से फरार था।

तमिलनाडु में ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ पर कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि का हमला
तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद एस जोतिमणि ने मंगलवार को राज्य की राजनीति में कथित हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तमिलनाडु और अन्य राज्यों के लिए अलग-अलग मापदंड नहीं अपना सकती। ज्योतिमणि का यह बयान सोमवार को तीन एआईएडीएमके विधायकों के इस्तीफे और सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल होने के बाद सामने आया है। डीएमके और एआईएडीएमके ने इस घटनाक्रम को “हॉर्स ट्रेडिंग” करार दिया है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि गठबंधन सहयोगी होने के नाते पार्टी टीवीके संस्थापक और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के साथ बेहतर शासन देने के लिए खड़ी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पार्टी टीवीके सरकार के हर फैसले का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के कदम लोकतंत्र को मजबूत करने वाले होने चाहिए, न कि उसे कमजोर करने वाले।

सोशल मीडिया पोस्ट में ज्योतिमणि ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए बीजेपी ने सबसे पहले “हॉर्स ट्रेडिंग” का हथियार इस्तेमाल किया और निर्वाचित सरकारों को गिराने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी तमिलनाडु में हॉर्स ट्रेडिंग का समर्थन और दूसरे राज्यों में उसका विरोध जैसी दोहरी नीति नहीं अपना सकती। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकत बनती है तो यह महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और पार्टी की विचारधारा के साथ ऐतिहासिक विश्वासघात होगा। 

मोथाबाड़ी घेराव मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में विधानसभा चुनाव से पहले न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने सोमवार रात 14 और लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारियां जिले के कालियाचक और मोथाबाड़ी इलाकों में कई स्थानों पर छापेमारी के बाद की गईं।

एनआईए के अनुसार, मोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारियों के घेराव से जुड़े मामले में अब तक कुल 68 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एजेंसी इस मामले में लगातार जांच और तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

IPL सट्टेबाजी रैकेट पर बंगलूरू पुलिस का बड़ा एक्शन
आईपीएल टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान कथित अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बंगलूरू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की विशेष जांच टीम ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े 17 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए और 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने छापेमारी में सट्टेबाजी के नेटवर्क से जुड़े कई सामान भी बरामद किए हैं। इनमें 1.10 लाख रुपये कीमत के सात मोबाइल फोन, 1,06,433 रुपये नकद और करीब 13.37 करोड़ रुपये मूल्य की बेटिंग चिप्स शामिल हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 13.39 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस फिलहाल मामले की आगे जांच कर रही है और इस अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

रायबाग में दर्दनाक सड़क हादसा, 9 महीने के मासूम समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
कर्नाटक के बेलगावी रेलवे स्टेशन रोड के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में नौ महीने का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसा मोटरसाइकिल और मिनी गुड्स रिक्शा की टक्कर में हुआ।

जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, मेंटेनेंस के दौरान लिफ्ट गिरने से तीन कर्मचारी घायल

नेताजी सुभाष चंद्र बोस अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट में मेंटेनेंस के दौरान एक लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिसमें काम कर रहे तीन कर्मचारी घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, हादसा लिफ्ट नंबर 34 में मरम्मत कार्य के दौरान हुआ। इसी बीच लिफ्ट का सिस्टम टूट गया और वह नीचे गिर पड़ी। घटना में तीनों कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे के समय लिफ्ट में मेंटेनेंस का काम चल रहा था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed