फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates Of 09 Dec; North East West South Indian Politics Crime manipur Latest National News in Hindi

Update: दादरा-नगर हवेली में इंडस्ट्रियल इलाके में लगी आग; लोकसभा में चुनाव सुधारों पर बहस, राहुल करेंगे शुरुआत

Tue, 09 Dec 2025 07:06 AM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: पवन पांडेय Updated Tue, 09 Dec 2025 07:06 AM IST
विज्ञापन
News Updates Of 09 Dec; North East West South Indian Politics Crime manipur Latest National News in Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
दादरा और नगर हवेली के दादरा के इंडस्ट्रियल इलाके में भीषण आग लग गई। फिलहाल मौके पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी पहुंच गए हैं। वहीं अग्निशमन विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर, अमृतलाल ने बताया, 'लगभग रात करीब 10.14 बजे हमें आग लगने की घटना के बारे में कॉल मिला था। कॉल मिलते ही फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए...आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है...किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।'
विज्ञापन

 
विज्ञापन
विज्ञापन

 


मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्ता
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के विभिन्न हिस्सों से चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।  पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

गिरफ्तारी सोमवार को हुई और सभी पर जबरन वसूली का आरोप है। अवांग वबागई से यूएनएलएफ (पाम्बेई) के दो सदस्य गिरफ्तार किए गए। उनकी पहचान निंगथौजाम नोंगपोङ्गनबा मेतेई (31 वर्षीय) और कॉन्थौजाम नेल्सन सिंह (23 वर्षीय) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि यूएनएलएफ (पाम्बेई) ने 2023 में केंद्र सरकार के साथ शांति समझौता किया था, लेकिन संगठन के सदस्य अभी भी वसूली और अन्य अपराधों में लिप्त हैं।

एसओआरईपीए के भी दो सदस्य गिरफ्तार किए गए। चुन्खाम नानाओ माचा उर्फ मितलांग (24 वर्षीय) को निंगथेमकोल से और अरंबम थोइथोइ सिंह (41 वर्षीय) को चांगांगेई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 3.90 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसी बीच, जिले के नगैरंगबाम म्याई लाम्बी लुकॉन से हथियार और गोलाबारूद भी बरामद किए गए। 

केरल:  कोट्टायम में व्यक्ति की मौत को पुलिस ने बताया हत्या का मामला
कोट्टायम पुलिस ने पुनजीर के पास 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत को आत्महत्या का मामला माना है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार को हुई।

मृतक की पहचान जोशी टीके उर्फ लॉरेंस के रूप में हुई। उन्हें उनके घर से लगभग आधे किलोमीटर दूर खेत में मृत पाया गया। उन पर गोली लगी हुई थी। पुलिस ने बताया कि उनके पास में देशी पिस्तौल मिली। हथियार बिना लाइसेंस का था और इसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

राहुल गांधी लोकसभा में चुनाव सुधारों पर शुरू करेंगे बहस
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मंगलवार को निचले सदन में चुनाव सुधारों पर बहस शुरू करेंगे। विपक्ष मॉनसून सत्र से ही संसद में चुनावी रोल के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार ने यह कहते हुए चुनाव सुधारों पर बहस का सुझाव दिया कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र, स्वायत्त और संवैधानिक निकाय है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा इस दो दिन तक चलने वाली बहस में वरिष्ठ नेता निशिकांत दुबे, पीपी चौधरी, अभिजीत गांगुली और संजय जायसवाल को मैदान में उतारेगी। राहुल गांधी के अलावा, कांग्रेस की ओर से केसी वेणुगोपाल, मनीष तिवारी, वर्षा गायकवाड़, मोहम्मद जावेद, उज्ज्वल रमन सिंह, ईसा खान, रवि मल्लू, इमरान मसूद, गोवाल पाडवी और जोति मणि के इस बहस में शामिल होने की उम्मीद है।

नई दिल्ली- सी-130जे हरक्यूलिस सैन्य विमान के लिए नया रखरखाव केंद्र
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और लॉकहीड मार्टिन ने भारत में सी-130जे सुपर हरक्यूलिस सैन्य परिवहन विमान के संचालन में मदद के लिए एक नए रखरखाव, मरम्मत और नवीकरण (एमआरओ) केंद्र की स्थापना की सोमवार को घोषणा की।

बंगलूरू में इस केंद्र की स्थापना की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब टाटा-लॉकहीड मार्टिन संयुक्त उद्यम भारतीय वायु सेना को लगभग 80 भारी मालवाहक विमानों की आपूर्ति से जुड़ा करार हासिल करने की दौड़ में सी-130जे सुपर हरक्यूलिस को सर्वश्रेष्ठ विमान के रूप में पेश कर रहा है। भारतीय वायु सेना फिलहाल लॉकहीड मार्टिन के 12 सी-130जे विमानों का संचालन करती है, जिन्हें दुनिया के अग्रणी सामरिक मालवाहक विमानों में से एक माना जाता है।

मणिपुर: पहली बार मैतेई विधायक ने कुकी राहत शिविर का किया दौरा
मणिपुर में 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद पहली बार सोमवार को मैतेई विधायक युमनाम खेमचंद सिंह ने उखरुल जिले में कुकी समुदाय के लिए बनाए गए राहत शिविर का दौरा किया। खेमचंद सिंह इंफाल पश्चिम में सिंगजामेई से भाजपा के विधायक है। वह लिटन सारेखोंग में शिविर में पहुंचे। उन्होंने वहां हिंसा के दौरान अपने घरों से भागने पर मजबूर कुकी समुदाय के लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा, क्रिसमस पास आ रहा है, हम सभी को राज्य में शांति की वापसी के लिए प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, दुनिया में लगभग हर जगह झगड़े होते हैं, लेकिन हमें मौजूदा मतभेदों के बावजूद मिलजुलकर रहना सीखना चाहिए। एक-दूसरे के गांवों में जाने में कोई रुकावट नहीं होनी चाहिए।

कोलकाता-ट्रेन की चपेट में आए आईआईटी के छात्र की इलाज के दौरान मौत
ट्रेन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आईआईटी-खड़गपुर के शोध छात्र की मौत हो गई। मूल रूप आंध्र प्रदेश के चित्तूर (तिरुपति) के रहने वाले 27 वर्षीय भट्टोराम श्रावण कुमार शनिवार देर रात ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दो दिन तक इलाज चला लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। रविवार देर रात कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

केरल स्थानीय निकाय चुनाव के लिए किया गया मॉक पोल
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई हैं। चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिले में चुनाव होगा।
 

केरल- पत्नी संग वोट डालने पहुंचे केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी अपनी पत्नी राधिका नायर के साथ तिरुवनंतपुरम में केरल स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे।
 

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी से मिलीं भाजपा उम्मीदवार
केरल में भाजपा उम्मीदवार आर. श्रीलेखा ने केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी का स्वागत किया, जो तिरुवनंतपुरम में केरल स्थानीय निकाय चुनावों के लिए अपना वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं।
 

दरार के कारण बंद किया गया अहमदाबाद के सुभाष ब्रिज
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक ने कहा, 'अहमदाबाद के सुभाष ब्रिज के बीच में दरार आ गई है, जिसके कारण इसे बंद करना पड़ा है। इससे यातायात की भीड़-भाड़ थोड़ी बढ़ गई है... हमने आज वहां के निगम अधिकारियों को कुछ निर्देश जारी किए हैं... हम यातायात ड्यूटी के लिए नियमित पुलिस स्टेशन से 250 अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस मुख्यालय में 650 ट्रैफिक ब्रिगेड के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है।'
 

नेतृत्व विवाद के बीच कांग्रेस विधायक केएन राजन्ना का बड़ा एलान
कर्नाटक में नेतृत्व विवाद के बीच, कांग्रेस विधायक केएन राजन्ना ने कहा, 'विधायक कांग्रेस विधायक दल के नेता का चुनाव करते हैं। उन्हें (कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया) पांच साल के कार्यकाल के लिए चुना गया है। अगर वह कांग्रेस विधायक दल के नेतृत्व से इस्तीफा देते हैं, तो नए नेतृत्व का सवाल उठेगा... अगर वह (डीके शिवकुमार) मुख्यमंत्री बनते हैं, तो मैं उनके मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं रहूंगा।'
 

कर्नाटक में दुनिया के दूसरे सबसे बड़े खादी तिरंगे का अनावरण
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सुवर्ण विधान सौध में दुनिया के दूसरे सबसे बड़े खादी राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ खादी का बना राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के सम्मान, गर्व और आत्मसम्मान का प्रतीक है। राज्य सरकार के अनुसार, दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा 2021 में लेह में प्रदर्शित किया गया था। ध्वज अनावरण के बाद सिद्धारमैया ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ही तिरंगे को अपनाया गया था और तब से यह राष्ट्रीय एकता, बलिदान और देशभक्ति का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने बताया कि तिरंगे में मौजूद केसरिया रंग साहस और त्याग का संदेश देता है, सफेद रंग शांति और सच्चाई का प्रतीक है, जबकि हरा रंग देश की समृद्धि और विकास का संकेत है। तिरंगे पर बना अशोक चक्र निरंतर प्रगति और सभी के लिए समान अवसरों का प्रतीक है। सिद्धारमैया ने जोर देकर कहा कि हर नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना चाहिए और इसे देखकर गर्व महसूस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगे के महत्व को समझते हुए देशभक्ति और राष्ट्रभावना को मजबूत करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

भारत-अमेरिका विदेश कार्यालय वार्ता में रक्षा
भारत और अमेरिका के बीच विदेश कार्यालय वार्ता (FOC) नई दिल्ली में हुई, जिसकी अध्यक्षता विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अमेरिका की अंडर सेक्रेटरी ऑफ स्टेट ऐलिसन हुकर ने संयुक्त रूप से की। इस वार्ता में भारत-अमेरिका के व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की विस्तृत समीक्षा की गई। दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, ऊर्जा साझेदारी, क्रिटिकल मिनरल्स, विश्वसनीय सप्लाई चेन और टेक्नोलॉजी जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। सिविल न्यूक्लियर सहयोग और TRUST पहल पर भी प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही दोनों पक्षों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्वतंत्र और खुली व्यवस्था बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भारत और अमेरिका ने मौजूदा संवाद तंत्रों के सफल संचालन का स्वागत किया और "COMPACT for the 21st Century" को तेजी से लागू करने पर सहमति जताई। यह ढांचा रक्षा सहयोग, वाणिज्य और उच्च तकनीक के क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करेगा। दोनों देशों ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए और सहयोग बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

ऑपरेशन सागर बंधु में तेजी, श्रीलंका को राहत और पुनर्वास में भारत की बड़ी मदद
भारत ने कहा है कि चक्रवात दित्वाह से प्रभावित श्रीलंका की मदद के लिए ऑपरेशन सागर बंधु के तहत उसकी प्रतिबद्धता पूरी तरह जारी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, श्रीलंका में टूट चुके संपर्क मार्गों को बहाल करने के लिए चार मॉड्यूलर बेली ब्रिज सिस्टम भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान से भेजे गए, जिनकी तैनाती 3 से 9 दिसंबर के बीच हुई। विदेश मंत्रालय ने बताया कि ये तेजी से लगाए जाने वाले पुल प्रभावित इलाकों में राहत पहुँचाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। भारत ने 28 नवंबर को ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया था और चक्रवात के तुरंत बाद पहले प्रतिवादी के तौर पर मानवीय सहायता भेजी थी। भारत ने राहत सामग्री, मेडिकल टीम, इंजीनियरिंग यूनिट, BHISHM क्यूब्स और अन्य जरूरी उपकरण श्रीलंका भेजे हैं। भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल भी वहां काम कर रहा है। आरोग्य मैत्री टीम ने कई दिनों तक चिकित्सा सहायता दी और श्रीलंकाई वायुसेना मेडिकल अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया। भारत ने कहा कि उसका सहयोग पड़ोसी प्रथम नीति और विजन ‘महासागर’ के तहत जारी रहेगा, ताकि श्रीलंका में पुनर्वास और पुनर्निर्माण तेजी से हो सके।

पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली समिति आज चुनेगी नए मुख्य सूचना आयुक्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और एक नामित केंद्रीय मंत्री की समिति बुधवार को बैठक कर केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) के नए मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के आठ खाली पदों के लिए नाम तय करेगी। सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को 1 दिसंबर को बताया था कि यह बैठक 10 दिसंबर को होने की संभावना है। RTI कानून की धारा 12(3) के अनुसार, प्रधानमंत्री समिति के प्रमुख होते हैं। समिति की जिम्मेदारी योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उनकी नियुक्ति की सिफारिश करना है। समिति के फैसले के बाद नए मुख्य सूचना आयुक्त और अन्य आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। CIC में कुल एक मुख्य सूचना आयुक्त और 10 सूचना आयुक्त होते हैं, जो आरटीआई आवेदनों पर असंतोषजनक सरकारी जवाबों के खिलाफ दायर अपील और शिकायतों की सुनवाई करते हैं। आयोग में लंबे समय से रिक्तियों के कारण कई मामलों में देरी हो रही थी, जिसे देखते हुए यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भारतीय नौसेना प्रमुख की ब्राजील यात्रा के दौरान त्रिपक्षीय समझौता
भारतीय नौसेना प्रमुख की ब्राज़ील यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना, ब्राजीलियाई नौसेना और मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) के बीच एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय समझौता (MoU) हुआ। यह समझौता स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियों और अन्य नौसैनिक प्लेटफॉर्म के रखरखाव से जुड़ी जानकारी के आदान-प्रदान पर केंद्रित है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता के अनुसार, यह MoU लाइफ-साइकिल सपोर्ट को बेहतर बनाएगा, रखरखाव, लॉजिस्टिक्स और प्रशिक्षण के क्षेत्रों में अनुभव साझा करने को बढ़ावा देगा। समझौते से दोनों देशों की सरकारी एजेंसियों और रक्षा उद्योग के बीच सहयोग मजबूत होगा। साथ ही, रक्षा अनुसंधान एवं विकास को नई दिशा मिलेगी और स्कॉर्पीन पनडुब्बियों व अन्य नौसैनिक प्लेटफॉर्म के लिए तकनीकी नवाचार को गति मिलेगी।

केरल के सात जिलों में स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण में 70.9% हुई वोटिंग
केरल में आज सात जिलों में स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग हुई। इसमें कुल 70.9 प्रतिशत मतदान हुआ। जिलेवार वोटिंग को की बात करें तो, तिरुवनंतपुरम में 67.4%, कोल्लम में 70.36%, पठानमथिट्टा में 66.78%, अलाप्पुझा में 73.76%, कोट्टायम में 70.94%, इडुक्की में 71.77%, और एर्नाकुलम में 74.58%  वोटिंग हुई। मतदान शाम छह बजे तक हुआ।  हालांकि मतदान बंद होने के बाद भी मतदाताओं वोट डालने की इजाजत दी गई। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed