फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates north east west south india elections 2026 politics crime national news in hindi

Updates: कर्नाटक में भाजपा नेता की हत्या के मामले में छह दोषियों को मृत्युदंड; मिजोरम में उग्रवाद का अंत

Thu, 30 Apr 2026 12:20 PM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अमन तिवारी Updated Thu, 30 Apr 2026 12:20 PM IST
विज्ञापन
news updates north east west south india elections 2026 politics crime national news in hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि असम और पुडुचेरी में भी भाजपा अपनी सत्ता बरकरार रखेगी। अठावले के अनुसार, तमिलनाडु और केरल में भी पार्टी के अच्छे प्रदर्शन की पूरी संभावना है। उन्होंने बताया कि बंगाल को 'सोनार बांग्ला' बनाने के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने वहां बहुत मेहनत की है।
विज्ञापन


अठावले ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में महिलाओं ने मौजूदा सरकारों के खिलाफ बड़ी संख्या में वोट दिया है। कई एग्जिट पोल भी असम में भाजपा की बड़ी जीत और बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के मुकाबले भाजपा को बढ़त दिखा रहे हैं। अठावले ने यह भी कहा कि केरल के लोग अब प्रधानमंत्री मोदी के विकास के विजन को पसंद कर रहे हैं। उनके मुताबिक, पांच में से चार राज्यों में एनडीए की सरकार बनना तय है और केरल में भी इसकी उम्मीद है।
विज्ञापन


कर्नाटक : भाजपा नेता हत्याकांड में छह दोषियों को फांसी की सजा
कर्नाटक की एक सत्र अदालत ने भाजपा नेता वेंकटेश कुरुबारा की 2025 में हुई नृशंस हत्या के मामले में छह दोषियों को मौत की सजा सुनाई है। जज सदानंद नागप्पा नायक ने रवि, विजय, धनराजा, भीम, सलीम और गंगाधर को हत्या का दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
विज्ञापन
विज्ञापन


8 अक्तूबर 2025 को रंजिश में वेंकटेश की बाइक को टक्कर मारकर उन पर घातक हथियारों से हमला किया गया था। कोप्पल एसपी राम एल. अरासिद्धि ने संवाददाताओं से कहा, पुलिस ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दो माह के भीतर चार्जशीट दाखिल की थी। कड़े परिश्रम के बाद आज न्याय मिला है। दोषियों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

केसी वेणुगोपाल फिर बनाए गए लोक लेखा समिति के अध्यक्ष
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को फिर से संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि भाजपा के बैजयंत पांडा सार्वजनिक उपक्रम समिति की अध्यक्षता करेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को 2026-27 कार्यकाल के लिए संसद की प्रमुख समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की। वेणुगोपाल को एक बार फिर पीएसी का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, भाजपा के फग्गन सिंह कुलस्ते को अनुसूचित जाति और जनजाति कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जिनका कार्यकाल 1 मई 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक रहेगा। भाजपा नेता संजय जायसवाल को अनुमान समिति का अध्यक्ष बनाया गया। पीएसी के अन्य सदस्यों में विभिन्न दलों के नेता शामिल हैं, जिनमें द्रमुक के टीआर बालू, तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी, भाजपा के रविशंकर प्रसाद, तेजस्वी सूर्या और अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस, तेदेपा, समाजवादी पार्टी और जनसेना पार्टी के सांसद भी इस समिति का हिस्सा होंगे। यह समिति सरकारी खर्चों की जांच और वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाती है।

मिजोरम में उग्रवाद का अंत: एचपीसी (डी) के अंतिम गुट ने डाले हथियार
पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम ने बृहस्पतिवार को उग्रवाद मुक्त होने का ऐतिहासिक गौरव प्राप्त किया। लालमिंगथांगा सनाटे के नेतृत्व वाले हमार पीपुल्स कन्वेंशन-डेमोक्रेटिक (एचपीसी-डी) के अंतिम सक्रिय गुट के 43 कैडरों ने आइजोल के पास सेसांग में आयोजित घर वापसी समारोह में आत्मसमर्पण किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कहा, हमने खुले दिल से वार्ता की और आज मिजोरम वास्तव में शांतिपूर्ण राज्य बन गया है। अब लोग उग्रवाद को दोबारा पनपने नहीं देंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी उप-जनजातियों को साझा मिजो पहचान में ही अपनी भलाई देखनी चाहिए।

गृह मंत्री के. सपडांगा ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री को शांति का प्रतीक बताया। वहीं, आत्मसमर्पण करने वाले नेता सनाटे ने स्वीकार किया कि लालदुहोमा सरकार के विकास कार्यों, जैसे यूनिटी ब्रिज के निर्माण ने उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया। 1986 से स्वायत्त जिला परिषद की मांग को लेकर शुरू हुआ यह संघर्ष 14 अप्रैल को हुए शांति समझौते के साथ समाप्त हो गया। अब सरकार इन कैडरों के पुनर्वास और लोकतांत्रिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

राजदूतों के सम्मेलन में शामिल हुए मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को विश्व भर में राजनयिक मिशनों में तैनात भारतीय राजदूतों और उच्चायुक्तों के सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ावा देकर भारत की वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। सम्मेलन में विश्व भर में फैले भारतीय प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर इस बारे में लिखा, नई दिल्ली में मिशन प्रमुखों के सम्मेलन में भाग लिया। हमने व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ावा देकर भारत की वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने और प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की। सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल, विदेश मंत्री एस जयशंकर और प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा और शक्तिकांत दास सहित अन्य लोग शामिल हुए।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने तुम्मिदिहेट्टी बैराज योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को महाराष्ट्र सीमा पर गोदावरी नदी पर तुम्मिदिहेट्टी बैराज बनाने की योजना में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी को निर्देश दिया कि वे इस मामले में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी की मदद लें। सरकार चाहती है कि महाराष्ट्र 150 मीटर की ऊंचाई पर बैराज बनाने के लिए राजी हो जाए। इससे पहले महाराष्ट्र 148 मीटर की ऊंचाई पर सहमत हुआ था।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बैराज की ऊंचाई 150 मीटर होती है, तो तेलंगाना कम से कम 100 टीएमसी पानी ले सकेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस ऊंचाई से महाराष्ट्र में ज्यादा जमीन नहीं डूबेगी। अगर वहां कोई नुकसान होता है, तो तेलंगाना सरकार मुआवजा देने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने सिंचाई मंत्री को सुझाव दिया कि वे किशन रेड्डी को पत्र लिखें और उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर महाराष्ट्र सरकार को मनाने के लिए सहयोग मांगें।

हनीमून मर्डर केस के मुख्य आरोपी की जमानत पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा
मेघालय की एक अदालत ने इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मुख्य आरोपी राज कुशवाहा की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। राज कुशवाहा को राजा की पत्नी सोनम का प्रेमी बताया जा रहा है। सोनम को एक दिन पहले ही अदालत से जमानत मिल चुकी है। पुलिस के मुताबिक, राजा रघुवंशी की शादी मई 2025 में हुई थी और वे हनीमून के लिए मेघालय आए थे।

राजा 23 मई को लापता हो गए थे और उनकी लाश जून में सोहरा के पास एक गहरी खाई से मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उनके सिर पर किसी धारदार चीज से हमला किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें सोनम और राज कुशवाहा समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। राज के वकील ने बताया कि अदालत जल्द ही अपना फैसला सुनाएगी। इसके बाद मामले के अन्य तीन आरोपियों की जमानत के लिए भी अर्जी लगाई जाएगी।

अरुणाचल प्रदेश में असम राइफल्स ने उग्रवादी नेटवर्क को किया नाकाम
अरुणाचल प्रदेश में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। असम राइफल्स ने चांगलांग जिले से एनएससीएन (खांगो) के एक हथियारबंद उग्रवादी कामनोंग पांगथा और एक जमीनी कार्यकर्ता गोपांग नेगिमु को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि ये दोनों लोग जबरन वसूली और युवाओं को उग्रवादी संगठनों में भर्ती करने का काम कर रहे थे।

यह जमीनी कार्यकर्ता उग्रवादियों को एक गुट से दूसरे गुट में शामिल कराने की कोशिश भी कर रहा था ताकि इलाके में अपना प्रभाव बढ़ा सके। गिरफ्तार किए गए लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। इसके अलावा, भारतीय सेना और असम पुलिस ने ऊपरी असम के तिनसुकिया, चराइदेव और शिवसागर जिलों में भी संयुक्त अभियान चलाए हैं। इन अभियानों का मकसद इलाके में शांति बनाए रखना और उग्रवादी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने तबाह किए 12 बंकर, हथियार बरामद
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न हिस्सों में बने 12 अवैध बंकरों को तबाह कर दिया और बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए। पुलिस के अनुसार, कांगपोकपी जिले के साइकुल थाना क्षेत्र की लुंगटेर पहाड़ी पर मंगलवार को तीन बंकरों को ध्वस्त किया गया, जबकि टिंगपिबुंग और लेपलेन गांवों में एक-एक बंकर नष्ट किए गए।  उखरुल जिले के लिटान थाना क्षेत्र में भी सात अवैध बंकरों को सुरक्षा बलों ने नष्ट किया। इस साल फरवरी में कुकी और तांगखुल नगा समुदायों के बीच भड़की हिंसा के बाद सशस्त्र समूहों ने ये अवैध बंकर बनाए थे। इस बीच, सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में चुराचांदपुर जिले के माओवोम गांव और उसके आसपास से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए।

मिजोरम में नक्सलवाद का खात्मा
मिजोरम में बृहस्पतिवार को नक्सलवाद का अंत हो जाएगा। एचपीसी (डी) के लालमिंगथांगा सनाते के नेतृत्व वाले प्रदेश के अंतिम सक्रिय हमार विद्रोही समूह के 43 कैडर हथियार डालेंगे। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा और गृह मंत्री के सपडांगा आइजोल से लगभग 40 किलोमीटर दूर सेसावंग स्थित पुलिस केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
स्वदेश वापसी समारोह 14 अप्रैल को मिजोरम सरकार और हमार पीपुल्स कन्वेंशन (डेमोक्रेटिक) के बीच हस्ताक्षरित शांति समझौते के बाद हो रहा है, जिसने राज्य में विद्रोह के प्रभावी अंत का प्रतीक है। हालांकि यह संगठन पिछले कुछ वर्षों से निष्क्रिय था, लेकिन सनाते गुट को मिजोरम का आखिरी सक्रिय उग्रवादी समूह माना जाता था। इस पर हमार बहुल गांवों में उगाही जैसी छिटपुट आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। समझौते में सिनलुंग हिल्स काउंसिल (एसएचसी) क्षेत्र के समग्र विकास पर जोर दिया गया है। इसके तहत बजट आवंटन बढ़ाने, विशेष विकास पैकेज, बुनियादी ढांचे के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी जैसे प्रावधान शामिल हैं। संगठन ने अपनी मांगों में एसएचसी प्रशासन को मजबूत करने, सकावर्दाई में विभिन्न सरकारी कार्यालय खोलने, 2027-28 से बजट बढ़ाने और विशेष विकास योजनाएं लागू करने की बात कही थी।

तमिलनाडु- ट्रांसफार्मर खरीद में अनियमितता जांच सीबीआई को
मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु में 45,000 वितरण ट्रांसफॉर्मर की खरीद में अनियमितताओं को लेकर सीबीआई से जांच कराने का आदेश दिया है। जांच की मांग को लेकर दाखिल याचिकाओं में दावा किया गया कि साल 2021 से 2023 के बीच इस खरीद प्रक्रिया में सरकारी खजाने को करीब 397 करोड़ की चपत लगी। मद्रास हाईकोर्ट की ओर से सीबीआई जांच का आदेश विभिन्न याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया गया। मुख्य विपक्षी पार्टी अन्नाद्रमुक के नेता ई सरवनन और राजकुमार ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।
 

कर्नाटक- सहायक आयुक्त 15 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
बंगलूरू में कर्नाटक इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट बोर्ड (केआईएडीबी) के एक सहायक आयुक्त को 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी नागप्रशांत कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (केएएस) के अधिकारी हैं। वह भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों को देखते थे। शिकायतकर्ता रवि कुमार ने आरोप लगाया था कि एक लंबित राजस्व मामले में अनुकूल आदेश देने के लिए अधिकारी ने 30 लाख रुपये की मांग की थी। जांच के अनुसार, नागप्रशांत के निर्देश पर उनके ड्राइवर कुमार ने पहले भी 15 लाख रुपये लिए थे। लेकिन जब दोबारा रकम वसूलने की कोशिश की तो लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ईरान युद्ध से महंगाई और व्यापार पर बढ़ा जोखिम
पश्चिम एशिया संघर्ष से आपूर्ति पक्ष को बड़ा झटका लगने से महंगाई, व्यापार और वित्तीय प्रवाह पर जोखिम बढ़ गया है। हालांकि, मजबूत घरेलू मांग, नीतिगत समर्थन, सुदृढ़ वित्तीय प्रणाली और सार्वजनिक निवेश से अर्थव्यवस्था को कुछ हद तक सुरक्षा मिलेगी। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी अप्रैल की मासिक आर्थिक समीक्षा में कहा, ऊर्जा और उर्वरक आपूर्ति को लेकर लंबी अनिश्चितता देश की वृहद आर्थिक स्थिरता की मजबूती की परीक्षा ले सकती है। रिपोर्ट में ईरान संकट के बीच आपूर्ति पक्ष से जुड़े झटके की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि बढ़ती कीमतों और आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार धीमी होने से मांग में कमी भी चिंता का विषय है। कंपनियों के बढ़ती लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर डालने से महंगाई बढ़ने का भी खतरा बना हुआ है। इसका असर कच्चे माल से अंतिम उत्पाद बनाने वाले प्रसंस्करण और विपणन उद्योगों पर व्यापक रूप से पड़ेगा।

अल नीनो का असर भी बढ़ा सकता है चुनौतियां
रिपोर्ट में अल नीनो के प्रभाव से इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से कम रहने की आशंका जताई गई है। ऐसा होने से अधिकांश जिलों में औसत से कम बारिश हो सकती है। मंत्रालय ने कहा, खाड़ी क्षेत्र में तेल एवं गैस के आपूर्ति ढांचे को सामान्य होने में कई महीने लग सकते हैं। अगर इसके साथ कमजोर मानसून भी जुड़ता है, तो महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है।

चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में महिला की मौत

केरल के एर्नाकुलम जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान कोल्लम निवासी चिप्पी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ, जब महिला वंचीनाड एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रही थी। पुलिस का कहना है कि महिला ट्रेन में उस वक्त चढ़ने की कोशिश कर रही थी, जब ट्रेन स्टेशन से चल चुकी थी।

चलती ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गई और ट्रेन की चपेट में आ गई। घायल अवस्था में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
 

केसी वेणुगोपाल फिर बनाए गए लोक लेखा समिति के अध्यक्ष
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को फिर से संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि भाजपा के बैजयंत पांडा सार्वजनिक उपक्रम समिति की अध्यक्षता करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को 2026-27 कार्यकाल के लिए संसद की प्रमुख समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की।

वेणुगोपाल को एक बार फिर पीएसी का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, भाजपा के फग्गन सिंह कुलस्ते को अनुसूचित जाति और जनजाति कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जिनका कार्यकाल 1 मई 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक रहेगा। भाजपा नेता संजय जायसवाल को अनुमान समिति का अध्यक्ष बनाया गया। पीएसी के अन्य सदस्यों में विभिन्न दलों के नेता शामिल हैं, जिनमें द्रमुक के टीआर बालू, तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी, भाजपा के रविशंकर प्रसाद, तेजस्वी सूर्या और अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस, तेदेपा, समाजवादी पार्टी और जनसेना पार्टी के सांसद भी इस समिति का हिस्सा होंगे। यह समिति सरकारी खर्चों की जांच और वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाती है।

सेना प्रमुख से मिले चीन में भारत के राजदूत दोरईस्वामी
चीन में भारत के मनोनीत राजदूत विक्रम दोरईस्वामी ने बृहस्पतिवार को थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की और भारत-चीन संबंधों में जारी संवेदनशीलता के बीच भू-रणनीतिक मुद्दों, द्विपक्षीय जुड़ाव और मौजूदा तंत्र को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

एक्स पर एक पोस्ट में एडीजीपीआई ने कहा कि पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना में भारत के नामित राजदूत विक्रम के. दोरईस्वामी ने थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। इस बातचीत का मुख्य केंद्र मौजूदा भू-रणनीतिक मुद्दे, द्विपक्षीय जुड़ाव और मौजूदा तंत्र को और मजबूत करने के उपाय थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed