फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates: Gujarat Five held for stealing 199 vintage gold coins while demolishing house

Updates: गुजरात में 199 सोने के सिक्के चोरी के आरोप में पांच गिरफ्तार; संभाजीनगर में 3300 करोड़ में बनेगा बांध

Mon, 01 Jan 2024 05:36 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: निर्मल कांत Updated Mon, 01 Jan 2024 05:36 PM IST
सार

Updates: गुजरात में ब्रिटिश काल के सोने के सिक्कों की चोरी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से चार मजदूर और एक ठेकेदार शामिल हैं। ये सिक्के उन्होंने कथित तौर पर मकान ढहाते वक्त चोरी किए। 

विज्ञापन
News Updates: Gujarat Five held for stealing 199 vintage gold coins while demolishing house
ब्रिटिश काल के सोने के सिक्के। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

गुजरात के नवसारी जिले के बिलिमोरा में 199 सोने के सिक्कों की चोरी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये सिक्के तब मिले थे जब एक मकान को गिराया जा रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

विज्ञापन

उन्होंने बताया कि सिक्कों पर किंग जॉर्ज पंचम की तस्वीर उकेरी गई है। बाजार स्ट्रीट स्थित यह घर प्रवासी भारतीय हवाबेन बलिया का है। जो फिलहाल ब्रिटेन के लीस्टर में रहती हैं। अधिकारी ने बताया कि बलिया ने मकान गिराने के लिए काम पर रखे गए ठेकेदार सरफराज कराडिया और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के अलीराजपुर के रहने वाले चार मजदूरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने कहा, एक हेरिटेज हाउस से सोने के सिक्कों की चोरी का मामला दर्ज किया गया था और पांच लोगों को आरोपी बनाया गया था। चोरी हुए सोने के सिक्कों की संख्या के बारे में कोई स्पष्टता नहीं थी। नवसारी के पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने बताया कि बलिया ने 21 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांचों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 114 (अपराध के समय मौके पर उकसाने वाला मौजूद होना) के तहत आरोप लगाए गए हैं।

विज्ञापन

उन्होंने कहा, यहां से एक पुलिस टीम ने छह बार अलीराजपुर का दौरा किया और चार मजदूरों को गिरफ्तार किया। वलसाड के ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें 26 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें तीन जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि उनके घरों से किंग जॉर्ज पंचम के 1922 के 199 सोने के सिक्के बरामद किए गए हैं, जिनमें से प्रत्येक का वजन आठ-आठ ग्राम है। उन्होंने कहा कि इन सिक्कों का मूल्य मौजूदा बाजार मूल्य 92 लाख रुपये है।

इस बीच, गिरफ्तार मजदूरों में से एक की शिकायत पर अलीराजपुर के सोंडबा पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मध्य प्रदेश के चार पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि नवसारी पुलिस मध्य प्रदेश पुलिस के जवानों से पूछताछ करने के लिए अदालत की अनुमति मांगेगी ताकि उनके कब्जे से सिक्के बरामद किए जा सकें। उन्होंने कहा, 'बरामद सिक्के फिलहाल अदालत के पास हैं। उन्हें अदालत के फैसले के आधार पर या तो राज्य सरकार या शिकायतकर्ता को सौंप दिया जाएगा।' एसपी ने कहा कि पुलिस इस मुद्दे पर स्पष्टता के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और गुजरात सरकार को पत्र लिखेगी।

महाराष्ट्र: बांध की नहर की क्षमता में 1100 क्यूसेक की वृद्धि होगी
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में जायकवाड़ी बांध की 208 किलोमीटर लंबी नहर की मरम्मत पर 3,300 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इससे ढुलाई क्षमता में 1100 क्यूसेक की वृद्धि होगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि सिंचाई विभाग ने पैठान से परभणी जिले तक जाने वाले बांध की बाईं नहर की मरम्मत के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की है। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता समाधन सब्बिनवार ने बताया, डीपीआर लगभग तैयार है और परियोजना पर 3,300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नहर 2100 क्यूसेक से अधिक छोड़े गए पानी के दबाव को संभाल नहीं सकती है। नहर के अंतिम छोर तक पानी देर से पहुंचता है। उन्होंने कहा कि बाईं नहर की डिजाइन क्षमता 3600 क्यूसेक है। लेकिन, 2800 क्यूसेक से ऊपर पानी कभी नहीं छोड़ा गया।

उन्होंने कहा कि ओवरहॉल के साथ नहर 3200 क्यूसेक पानी ले जाने में सक्षम होगी। जिससे वहन क्षमता 1100 क्यूसेक बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि डीपीआर को आगे की मंजूरी के लिए राज्य सरकार को प्रस्तुत किया जाएगा।

महाराष्ट्र: एसयूवी को चार पहिया वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत
नागपुर के हिंगना इलाके में एक एसयूवी को एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में एक उप निरीक्षक तथा दो कांस्टेबल समेत चार लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार देर रात की है। मोंढा इलाके में दो ट्रक आपस में टकरा गए थे और उप निरीक्षक के नेतृत्व में दो कांस्टेबल और कुछ ग्रामीणों की एक टीम एक एसयूवी में राहत अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन, एसयूवी को एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी और वह पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार घायल हो गए।

हिंगना पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में लापरवाही से मौत, लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य अपराधों का मामला दर्ज किया गया है।

साइबर धोखाधड़ी के मामले में तीन गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने धनशोधन की जांच के तहत साइबर धोखाधड़ी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में एक कॉल सेंटर के जरिए एक आयरिश नागरिक को निशाना बनाया। एजेंसी ने एक बयान में बताया कि उसने कोलकाता और खड़गपुर में छापेमारी के बाद पिछले महीने पटना के नितेश कुमार और कोलकाता के सागर यादव तथा संतोष कुमार को हिरासत में लिया।

आयरलैंड की एक महिला द्वारा साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद एजेंसी ने कार्रवाई की। एजेंसी ने बताया साइबर धोखाधड़ी के जरिए महिला से 84,941 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। जांच में पाया गया कि आठ से 10 लोगों का एक समूह विदेशी नागरिकों, मुख्य रूप से आयरिश लोगों को धोखा देने में लगातार शामिल है। ईडी ने कहा,'ये लोग पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में स्थित एक कॉल सेंटर के तरीके से काम कर रहे थे। तलाशी के दौरान 1.85 करोड़ रुपये नकद और बैंक खातों में रखे 3.67 करोड़ रुपये जब्त किए गए। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed