फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 9th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: एअर इंडिया दिल्ली-लंदन रूट पर शुरू करेगी एक और उड़ान; कर्नाटक में ईडी ने जब्त किया 50 करोड़ का सोना

Thu, 09 Oct 2025 07:00 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 09 Oct 2025 07:00 AM IST
विज्ञापन
News Updates 9th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया 26 अक्तूबर से दिल्ली से लंदन के लिए एक अतिरिक्त फ्लाइट शुरू करेगी। इस कदम से उच्च मांग वाले इस रूट पर उसकी साप्ताहिक सेवाएं बढ़कर 28 हो जाएंगी। वर्तमान में टाटा समूह की एयरलाइन दिल्ली-लंदन रूट पर 24 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है। जिनमें तीन उड़ानें अस्थायी आधार पर संचालित होती हैं। एअर इंडिया का कहना है कि अतिरिक्त उड़ान से दिल्ली और लंदन के बीच दोनों तरफ मिलाकर 1,196 सीटें प्रति सप्ताह बढ़ेंगी। गौरतलब है कि, एअर इंडिया दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, अहमदाबाद और अमृतसर को लंदन के हीथ्रो, गैटविक और बर्मिंघम हवाई अड्डों से जोड़ती है।

विज्ञापन


विमानन कंपनी इंडिगो बढ़ाएगी मुंबई-दिल्ली से मैनचेस्टर के लिए उड़ानों की संख्या
इंडिगो जल्द ही मुंबई और दिल्ली से मैनचेस्टर के लिए अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ाएगी। दिल्ली-मैनचेस्टर सीधी उड़ानें 15 नवंबर 2025 से शुरू होंगी। इससे पहले इंडिगो की मुंबई-मैनचेस्टर सेवा 1 जुलाई 2025 को शुरू हुई थी। दिल्ली-मैनचेस्टर रूट पर साप्ताहिक सेवाएं 15 नवंबर से 4 से 5 गुना और मुंबई-मैनचेस्टर रूट पर 17 नवंबर 2025 से 3 से 4 गुना हो जाएंगी। इसके अतिरिक्त इंडिगो 26 अक्तूबर 2025 से मुंबई से लंदन हीथ्रो के लिए भी रोजाना सीधी फ्लाइट शुरू कर रही है।
विज्ञापन


कर्नाटक के विधायक और अन्य से जुड़े सट्टेबाजी मामले में ईडी ने जब्त किया 50 करोड़ का सोना
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक के कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र व अन्य लोगों से जुड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में नए छापों के दौरान 50.33 करोड़ रुपये का लगभग 40 किलो सोना जब्त किया है। कांग्रेस विधायक को ईडी पहले ही गिरफ्तार कर चुका है। ईडी ने एक बयान में कहा कि 24 कैरेट का सोना कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के चल्लाकेरे स्थित दो लॉकरों से बरामद किया गया। ईडी ने चित्रदुर्ग विधानसभा सीट से 50 वर्षीय विधायक को अगस्त में गिरफ्तार किया था। उन्हें सिक्किम में हिरासत में लिया गया था, जहां वे एक कैसीनो किराये पर लेने गए थे। वीरेंद्र वर्तमान में न्यायिक हिरासत में जेल में हैं, और ईडी ने उन्हें मामले में मुख्य आरोपी बताया है। ईडी ने पहले इस मामले में 21 किलो सोने की छड़ें, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बैंक खातों में जमा राशि और लग्जरी वाहनों के रूप में 103 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। आरोप है कि वीरेंद्र अपने अन्य दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर किंग567 और राजा567 जैसी कई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों के संचालन में शामिल था और निर्दोष लोगों को धोखा दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

कोच्चि में दिनदहाड़े 80 लाख की लूट 
कोच्चि में बुधवार दोपहर शहर के कुंदनूर इलाके में एक स्टील की दुकान में चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर करीब 80 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस के अनुसार, लुटेरे बंदूक और पेपर स्प्रे से लैस थे। उन्होंने दुकान के मालिक और कर्मचारियों को धमकाकर नकदी अपने कब्जे में ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी तीन की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बाकी आरोपियों की पहचान की जा सके।
 

जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने नवीन यादव को बनाया उम्मीदवार
तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने बुधवार को जुबली हिल्स विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए वी. नवीन यादव को उम्मीदवार घोषित किया। एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। नवीन यादव ने इससे पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से 2014 में विधानसभा चुनाव लड़ा था। वहीं 2018 में वे निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे। इसके बाद साल 2023 में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। जुबली हिल्स सीट बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ के जून में हृदयाघात से निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव 11 नवंबर को होना तय है। 
 

अगले सप्ताह भारत दौरे पर आएंगी कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद
कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद अगले सप्ताह भारत की यात्रा पर आएंगी। इस साल में विदेश मंत्रालय का प्रभार संभालने वाली भारतवंशी अनीता की यह पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

विदेश मंत्री एस जयशंकर 29 सितंबर को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर आनंद से मिले थे। उन्होंने इस मुलाकात को अच्छी बैठक बताया था। जयशंकर ने दिल्ली में हाई कमिश्नर की नियुक्ति को रिश्ते सामान्य बनाने की दिशा में अच्छा कदम बताया और इसका स्वागत किया। जयशंकर ने कहा कि वह आनंद की भारत यात्रा को लेकर उत्सुक हैं। बता दें कि जस्टिन ट्रूडो के प्रधानमंत्री रहते दोनों देशों के रिश्ते बेहद तल्ख और नाजुक दौर में पहुंच गए थे लेकिन मार्क कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद एक बार फिर दोनों देशों के रिश्ते को वापस पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले कार्नी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हो चुकी है।

शाह अब स्वदेशी जोहो मेल पर, कहा-मेरे ईमेल पते में हुए बदलाव पर ध्यान दें
गृह मंत्री अमित शाह ने अपना आधिकारिक ईमेल पता बदलकर स्वदेशी जोहो मेल को अपना लिया है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया में यह घोषणा की। एक पोस्ट में शाह ने लिखा, मैंने जोहो मेल को अपना लिया है। कृपया मेरे ईमेल पते में हुए बदलाव पर ध्यान दें। मेरा नया ईमेल पता amitshah.bjp@zohomail.in है। भविष्य में मेल के जरिये पत्राचार के लिए कृपया इसी पते का इस्तेमाल करें।

जोहो के सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने इस कदम के लिए गृह मंत्री का आभार जताया। एक पोस्ट में वेम्बू कहा, सर, हम पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद। मैं यह पल हमारे मेहनती इंजीनियरों को समर्पित करता हूं, जिन्होंने जोहो में 20 से अधिक वर्षों तक कड़ी मेहनत की है। वे सभी भारत में रहे और इतने वर्षों तक काम किया क्योंकि उन्हें विश्वास था। 
 

केजरीवाल के फैसले से नाराज आप के कार्यकारी अध्यक्ष का इस्तीफा
 गोवा आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश कलंगुटकर ने बुधवार को पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों में अन्य विपक्षी दलों के साथ गठबंधन न करने के केंद्रीय नेतृत्व के रुख पर नाखुशी जताई।

हाल में संपन्न गोवा दौरे के दौरान आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन इस तटीय राज्य में अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगा, जहां भाजपा 13 वर्षों से सत्ता में है। कलंगुटकर ने कहा कि उन्होंने राज्य के कार्यकारी अध्यक्ष पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, क्योंकि वह पिछले हफ्ते केजरीवाल के इस बयान से व्यथित थे कि आप राज्य में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के इस रुख का मतलब है कि राज्य में विपक्षी वोट बंट जाएंगे, जिससे सत्तारूढ़ भाजपा को फायदा होगा। निवर्तमान आप नेता ने 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव में मायेम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।

तमिलनाडु- मदुरै एयरपोर्ट को मिली बम की धमकी
तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डे के निदेशक ने बताया, 'मदुरै हवाई अड्डे के निदेशक को एक ईमेल मिला था जिसमें दावा किया गया था कि हवाई अड्डे के अंदर बम रखा गया है। इसके बाद, हवाई अड्डे के निदेशक मुथुकुमार ने मदुरै जिला कलेक्टर और पुलिस आयुक्त को खतरे के बारे में सूचित किया। इसके बाद, सीआईएसएफ कर्मियों और पुलिस ने संयुक्त रूप से हवाई अड्डे के परिसर में और उसके आसपास गहन तलाशी ली। हवाई अड्डे में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों को अंदर जाने से पहले बम निरोधक दस्ते द्वारा कड़ी जांच की गई। इस दौरान स्निफर कुत्तों को तैनात किया गया था, और बम का पता लगाने वाले विशेषज्ञों ने वाहन पार्किंग क्षेत्रों, यात्री आगमन क्षेत्रों और हवाई अड्डे के भीतर अन्य सार्वजनिक सभा स्थलों पर विस्तृत निरीक्षण किया।'

जलपाईगुड़ी में भाजपा नेताओं पर हमले के मामले में दो और गिरफ्तार
भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और भाजपा विधायक शंकर घोष पर हमले के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी देते हुए एसपी जलपाईगुड़ी ने बताया कि उत्तर बंगाल में हुए हमले में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के आरोप में जलपाईगुड़ी पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को सुबह करीब 3 बजे नागराकाटा इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान शाहनूर आलम और तोफैल हुसैन के रूप में हुई है। वहीं इस गिरफ्तारी पर भाजपा विधायक शंकर घोष ने कहा, 'सबसे पहले, हमें उस व्यक्ति की पहचान करनी होगी जिसे गिरफ्तार किया जा रहा है - चाहे वह घटना में शामिल हो या नहीं। चोटें गंभीर हैं; उन्होंने खगेन मुर्मू के साथ मुझे भी मारने की कोशिश की। मॉब लिंचिंग की स्थिति पैदा की गई, इसलिए बहुत सी बातें समझने की हैं...क्या ऐसी गिरफ्तारियां केवल दिखावा हैं या वे वास्तव में इस तरह की घटना करने के लिए कोई सजा देना चाहते हैं।'
 

कर्नाटक के आवासीय विद्यालय में आग लगने से छात्र की मौत
गुरुवार को कोडागु जिले के एक आवासीय विद्यालय में आग लगने की घटना में सात वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बताया कि हर मंदिर स्कूल में तड़के सुबह आग लगी थी और इस घटना में बाकी 29 छात्रों को बचा लिया गया। मृतक की पहचान माडिकेरी तालुक के चेट्टीमनी गांव के कक्षा दो के छात्र पुष्पक के रूप में हुई है। माडिकेरी अग्निशमन केंद्र के दमकलकर्मियों ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आग बुझाने का काम किया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और निरीक्षण किया।

स्पेक्ट्रम के दाम तय होने के बाद ही शुरू होगी उपग्रह संचार सेवा: सिंधिया
दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, देश में उपग्रह संचार ब्रॉडबैंड सेवाएं ट्राई के स्पेक्ट्रम की कीमतें तय करने और कंपनियों की अपनी योजना को अंतिम रूप देने के बाद शुरू होगी। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 में बृहस्पतिवार को मंत्री ने कहा, दो कंपनियों यूटेलसैट वनवेब और जियो-एसईएस को उपग्रह संचार सेवाओं के लिए लाइसेंस दिए गए हैं। एलन मस्क के स्वामित्व वाली स्टारलिंक को आशय पत्र जारी किया गया है। यह कंपनियों पर निर्भर करता है कि वे कितनी जल्दी अपनी रणनीति को लागू कर पाती हैं। एक मुद्दा यह है कि भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) को अभी स्पेक्ट्रम मूल्य निर्धारण को अंतिम रूप देना है। ⁠भारत में उपग्रह संचार सेवा शुरू होने को लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ रही है। स्टारलिंक, भारती समर्थित यूटेलसैट वनवेब और रिलायंस जियो-एसईएस जैसी प्रमुख कंपनियां ब्रॉडबैंड इंटरनेट क्षेत्र में दांव लगाने का उत्सुक हैं। इस बीच, वोडाफोन आइडिया को राहत देने के संबंध में मंत्री ने कर्ज में डूबी कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी बढ़ाने की किसी भी योजना से इन्कार कर दिया।

ओडिशा में भाजपा नेता की हत्या में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं
ओडिशा के गंजम जिले में भाजपा नेता पीताबाश पांडा की हत्या के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। वे पेशे से वकील थे। एक अधिकारी ने इस बारे में बताया कि मौत को लेकर 30 लोगों से पूछताछ की गई है। मामले की जांच के लिए पुलिस की छह टीमें काम कर रही हैं। बता दें कि सोमवार को बैद्यनाथपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठ नगर स्थित उनके आवास के पास बाइक पर सवार दो हथियारबंद लोगों ने पांडा की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी थी।

आजाद हिंद सरकार की वर्षगांठ पर  लाल किले पर फहराया जाए तिरंगा
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि वे 21 अक्टूबर को लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराने की परंपरा को दोहराएं और इसे हर साल मनाए जाने वाला राष्ट्रीय आयोजन घोषित करें। नेताजी के भतीजे और 'ओपन प्लेटफॉर्म फॉर नेताजी' के संयोजक चंद्र कुमार बोस ने प्रधानमंत्री कार्यालय को ईमेल भेजकर कहा, देश 12 दिन बाद आजाद हिंद सरकार की 82वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। ऐसे में लाल किले से तिरंगा फहराना अनिवार्य किया जाना चाहिए। इस ईमेल की एक प्रति प्रति राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को भी भेजी गई है। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 में 75वीं वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं लाल किले से झंडा फहराया था, जिससे आजाद हिंद फौज के वीरों को सम्मान मिला था जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। बोस परिवार ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि यह आयोजन हर वर्ष 21 अक्टूबर को नियमित रूप से किया जाए।

आजाद हिंद सरकार का गठन 21 अक्तूबर 1943 को बोस ने किया था
आजाद हिंद सरकार का गठन 21 अक्तूबर 1943 को जापानी कब्जे वाले सिंगापुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में हुआ था। इस सरकार ने ब्रिटिश शासन से भारत की मुक्ति के लिए एक स्वतंत्र अस्थायी सरकार का रूप लिया था और ब्रिटिश सेना के खिलाफ युद्ध की घोषणा की थी। इसकी सैन्य शाखा, आजाद हिंद फौज (आईएनए) ने इंफाल-कोहिमा मोर्चे पर ब्रिटिश सेना से मुकाबला किया था, हालांकि शुरुआती सफलता के बाद उसे पराजय झेलनी पड़ी थी।

श्रीलंकाई नौसेना ने 47 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, पांच नाव जब्त
श्रीलंकाई नौसेना ने तलाईमन्नार से 47 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनके पांच ट्रॉलर (बड़ी नाव) जब्त कर लिए। ये गिरफ्तारियां बृहस्पतिवार को मन्नार और डेल्फ के समुद्री क्षेत्रों में चलाए गए समन्वित गश्ती अभियानों के दौरान की गईं। इन सभी मछुआरों पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन कर मछलियां पकड़ने का आरोप है। श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तार किए गए 47 मछुआरों और उनके उपकरणों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्तर में स्थित मत्स्य निरीक्षक कार्यालय को सौंपा जाएगा। भारत- श्रीलंका द्विपक्षीय संबंधों में मछुआरों का मुद्दा विवादास्पद बना हुआ है। पिछले महीने भी जाफना के पास 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी नाव को जब्त किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed