फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 9th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: आर जी कर पीड़िता दिवंगत महिला डॉक्टर के जन्मदिन पर कोलकाता में रैली; मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार

Sun, 09 Feb 2025 12:03 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 09 Feb 2025 12:03 PM IST
विज्ञापन
News Updates 9th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
पश्चिम बंगाल के आर जी कर मेडिकल कॉलेज में हुई घटना में जान गंवाने वाली महिला चिकित्सक के जन्मदिन पर रविवार को कोलकाता में एक मौन रैली निकाली गई, जिसमें चिकित्सकों और सभी क्षेत्रों के लोगों ने हिस्सा लिया। रैली में हिस्सा लेने वालों ने इस मामले में न्याय की मांग की।
विज्ञापन


रैली में महिला डॉक्टर के माता-पिता ने लिया भाग
दिवंगत चिकित्सक के माता-पिता ने भी उसके जन्मदिन के उपलक्ष्य में उत्तर 24 परगना जिले में एक अन्य रैली में भाग लिया। दिवंगत चिकित्सक के माता-पिता ने कहा कि वे चाहते हैं कि अपराध में शामिल किसी भी अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाए और कानूनी कार्यवाही शुरू की जाए।
विज्ञापन


बता दें कि रैली कलकत्ता विश्वविद्यालय परिसर के निकट कॉलेज चौक से शुरू हुई और रैली को उत्तर कोलकाता में आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। अधिकारियों ने रैली में शामिल लोगों से बात की, जो परिसर के अंदर एक जगह पर जाना चाहते थे, जहां दिवंगत चिकित्सक के सहकर्मियों द्वारा उसकी याद में एक पट्टिका लगाई गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


जनरल बिपिन रावत की पत्नी गीतिका लिडर ने लिखी किताब, सेना प्रमुख ने किया विमोचन
भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत के साथ बलिदान होने वाले सैन्य अधिकारी की पत्नी गीतिका लिडर ने एक किताब लिखी है। उनकी पुस्तक का विमोचन सेना प्रमुख भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किया। गीतिका ने 'आई एम ए सोल्जर्स वाइफ' शीर्षक से जो किताब लिखी है, इसके संबंध में सेना प्रमुख ने कहा, इसका शीर्षक 'आई एम ए सोल्जर्स वाइफ' बेहद उपयुक्त है। ये किताब न केवल एक सैनिक के जीवन को बल्कि एक समर्पित पति, एक पोषित पिता और सामान्य रूप से भारतीय सेना और विशेष रूप से जेएंडके राइफल्स रेजिमेंट के एक महत्वाकांक्षी सैनिक का सार प्रस्तुत करती है।

बंगाल दौरे पर आरजी कर कांड के पीड़ितों से मिले संघ प्रमुख भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने पश्चिम बंगाल दौरे पर आरजी कर कॉलेज-अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या मामले से पीड़ित परिवार से मुलाकात की। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात पर पीड़िता के पिता ने कहा, "...हम उनसे सुबह 11 बजे करीब आधे घंटे तक मुलाकात और बातचीत की। पिता के मुताबिक भागवत ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी है, लेकिन वे इस मामले की गंभीरता से अनभिज्ञ हैं। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया है कि वे इस मामले की जांच करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि हमें न्याय मिले। पीड़ित परिवार ने भागवत को एक पत्र दिया है और उन लोगों के नाम बताए हैं जिन पर पीड़ित परिवार को संदेह है। पिता ने कहा, हमें भागवत पर भरोसा है...हम न्याय की अपील करने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे।

रक्षा मंत्रालय का वरिष्ठ ऑडिटर 10 लाख की घूसखोरी में गिरफ्तार
केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने रक्षा मंत्रालय के अधीन आने वाले रक्षा लेखा कार्यालय के वरिष्ठ ऑडिटर को एक कारोबारी से 10 लाख रुपये की घूस मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक निजी रक्षा आपूर्तिकर्ता भी है। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार वरिष्ठ ऑडिटर दीप नारायण यादव अफ्रीका एवेन्यू स्थित डिफेंस ऑफिस कॉम्प्लेक्स में तैनात है। यादव पर आरोप है, उसने लंबित बिलों को पास न करने और भविष्य में बिलों का भुगतान रोकने की धमकी दी थी। इसके बदले उसने कारोबारी से 10 लाख रुपये की मांग की थी। यादव ने कारोबारी से घूस की पहली किश्त के रूप में 8 लाख रुपये रक्षा आपूर्तिकर्ता आकाश कपूर को देने के लिए कहा था। कारोबारी ने इसकी शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद कपूर के कर्मचारी दिनेश को घूस की रकम लेते हुए गिरफ्तार किया गया। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि दिनेश की गिरफ्तारी के बाद उसके मालिक कपूर को गिरफ्तार किया गया। कपूर और उसके नौकर से पूछताछ में रक्षा लेखा कार्यालय के वरिष्ठ ऑडिटर का नाम सामने आया, जिसके बाद यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। 

असम में सात करोड़ की ड्रग्स जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि श्रीभूमि जिले में दो अलग-अलग अभियानों के तहत पुलिस ने 7 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित याबा की गोलियां जब्त कीं और इनकी तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुवामारा क्षेत्र में चले एक अभियान के दौरान 50,000 याबा गोलियां जब्त कीं और एक युवक को गिरफ्तार किया। वहीं, लोंगई क्षेत्र में 5,800 गोलियां बरामद की गईं और दो लोगों को पकड़ा गया। याबा की गोलियों में मेथेम्फेटामाइन और कैफीन मिला होता है। 

केरल में आबकारी विभाग की टीम से मारपीट, चार गिरफ्तार
केरल के कोल्लम जिले में आबकारी विभाग की टीम से मारपीट के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी की खुफिया सूचना पर विभाग की टीम शुक्रवार की रात चावरा गांव में तलाशी लेने गई थी। हालांकि, उन्हें वहां कुछ भी नहीं मिला। इस टीम का नेतृत्व एक महिला अधिकारी कर रही थीं। एक अधिकारी ने बताया कि जब आबकारी टीम वापसी की तैयारी कर रही थी, तभी दो वाहनों में चार लोग आए और बहस करते हुए मारपीट करने लगे। 

अनिल नौटियाल बने दक्षिण सूडान में भारत के राजदूत
दक्षिण सूडान में भारत के राजदूत के तौर पर अनिल नौटियाल की नियुक्ति की गई है। वह मौजूदा वक्त में विदेश मंत्रालय (एमईए) में संयुक्त सचिव हैं। एमईए की तरफ से शनिवार को जारी एक बयान के मुताबिक, दक्षिण सूडान में भारत के अगले राजदूत नियुक्त नौटियाल जल्द ही अपना नया पदभार संभालेंगे। वह दक्षिण सूडान में भारत के मौजूदा राजदूत विष्णु कुमार शर्मा की जगह स्थान लेंगे।

मणिपुर में सुरक्षाबलों ने बरामद किया हथियारों का जखीरा
मणिपुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है।  विष्णुपुर जिले में सुरक्षाबलों ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को एगेजैंग इलाके में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया है। इसमें प्वाइंट 303 की राइफल, बोल्ट एक्शन राइफल, प्वाइंट 22 की पिस्टल, मैगजीन, 9 एमएम की पिस्टल, दो एसबीबीएल राइफल शामिल हैं। इसके अलावा पांच हैंड ग्रेनेड, एक चीनी हैंड ग्रेनेड, 40 एमएम के चार लेथोड ग्रेनेड, लंबी दूरी की मोर्टार शेल बमराद हुए हैं।

सेना के लिए बीईएल से 642 करोड़ में खरीदेगा 14 जहाज
रक्षा मंत्रालय ने नौसेना के लिए नई पीढ़ी के 11 गश्ती और 3 कैडेट प्रशिक्षण जहाजों के 28 जरूरी प्रणालियों की खरीद के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. (बीईएल) के साथ 642 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। शनिवार को रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि यह अनुबंध सरकार के आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत किया गया है।

हम यूएन में भारत की आवाज को देंगे मजबूती : जॉर्ज जेरापेट्रिटिस
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के आमंत्रण पर ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज जेरापेट्रिटिस ने 5 से 7 फरवरी तक भारत का दौरा किया। विदेश मंत्रालय के शनिवार के बयान के मुताबिक, इस दौरान जयशंकर और जेरापेट्रिटिस ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने भारत और ग्रीस के संबंधों की समीक्षा करते हुए व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी,एआई और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बात की। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों सहित हिंद- प्रशांत और पूर्वी भूमध्यसागरी क्षेत्रों में हो रहे घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इसके साथ ही सहमति जताई कि भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) से कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। विदेश मंत्री जयशंकर ने दोनों देशों के बीच लगातार हो रही उच्चस्तरीय बैठकों को रिश्तों में मजबूती का इशारा करार दिया।

उपराष्ट्रपति ने हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन गोपीचंद की पुस्तक का किया विमोचन
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने जाति और संस्कृति के आधार पर विभाजन पैदा करने वाली ताकतों के खिलाफ आगाह किया है। उन्होंने कहा कि धर्म, जाति, वर्ग, पंथ और संस्कृति के नाम पर बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग संकीर्ण हितों के कारण इस खतरे को नजरअंदाज कर देते हैं। हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन गोपीचंद पी. हिंदुजा की संकलित पुस्तक आई एम? के विमोचन के अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा, इस समग्र परिदृश्य (राष्ट्र में विकास) का सामना ऐसी ताकतों से हो रहा है, जो जाति, वर्ग, धर्म, रंग, संस्कृति और खानपान के कृत्रिम विभाजन को घातक तरीके से बढ़ावा देने की कोशिश कर रही हैं। यह मेरे स्तर पर, मेरी स्थिति में गहरी पीड़ा का कारण है कि लोग जो इस तरह के दृष्टिकोण में निहित खतरों को गहरे से समझते हैं, फिर भी पार्टीगत और संकीर्ण हितों से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा, यह पुस्तक भारतीयता की सार्वभौमिक प्रासंगिकता और सभी धर्मों में स्पष्ट रूप से दिखने वाली सद्गुणता को रेखांकित करती है। 

इरोस मामले में 10 बैंक व डीमैट खाते होंगे अटैच
बाजार नियामक सेबी ने इरोस इंटरनेशनल मीडिया लि. के मामले में 1.25 करोड़ रुपये की वसूली के लिए 10 लोगों के बैंक खातों के साथ शेयरों व म्यूचुअल फंड होल्डिंग को अटैच करने का आदेश दिया है।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) का कहना है कि इरोस इंटरनेशनल ने उसकी जांच का अनुपालन नहीं किया है। सेबी ने कहा कि इन 10 व्यक्तियों  गौरव चौधरी, मनीषा कुमारी सिंह, विनोद कुमार अग्रवाल, सुतापा मुखर्जी, सुमित भूत, अभिषेक दास, देव गोविंद बिनानी, देबोस्मिता घोष दस्तीदार, देबजीत मेड्डा और अनिंद्य विकास दत्ता के खिलाफ वसूली की कार्यवाही शुरू की गई। इन लोगों ने नियामक की ओर से उन पर लगाए जुर्माने का भुगतान नहीं किया। सेबी ने कहा कि यह मानने के पर्याप्त कारण हैं कि ये लोग बैंक खातों और डीमैट खातों या म्यूचुअल फंड फोलियो में प्रतिभूतियों का निपटान कर सकते हैं। इससे देय राशि की वसूली में देरी या बाधा उत्पन्न होगी। इसलिए सेबी ने सभी बैंकों, डिपॉजिटरी, म्यूचुअल फंडों से कहा है कि वे इन लोगों के खातों से किसी भी तरह की डेबिट की अनुमति न दें। हालांकि, जमा की अनुमति दी गई है। 

रिश्वत लेने के आरोप में रक्षा मंत्रालय के अधिकारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रक्षा मंत्रालय के रक्षा कार्यालय परिसर, नई दिल्ली के प्रधान रक्षा लेखा नियंत्रक कार्यालय के एक वरिष्ठ लेखा परीक्षक और एक निजी कंपनी के मालिक और उसके कर्मचारी सहित तीन लोगों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की। आरोपियों पर आठ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। 

गोवा में बढ़े विदेशी पर्यटक

गोवा को पर्यटन मंत्री रोहन खोंटे ने कहा कि गोवा में आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। साल 2023 में गोवा में 4.52 लाख विदेशी पर्यटक आए थे, जबकि साल 2024 में इनकी संख्या 4.67 लाख रही। गोवा विधानसभा के सत्र के दौरान पर्यटन मंत्री ने कहा कि साल 2020 में गोवा में कुल 3,00,193 विदेशी पर्यटक आए थे, लेकिन कोरोना महामारी के चलते 2021 में यह आंकड़ा गिरकर महज 22,128 रह गया था। 
 

कोलकाता के नरकेलडांगा इलाके में लगी आग, एक की मौत

कोलकाता के नरकेलडांगा इलाके में रविवार आग लग गई। यह झुग्गी-झोपड़ी वाला इलाका है। इस अग्निकांड में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृत व्यक्ति की पहचान हबीबुल्ला मुल्ला (65 वर्षीय) के रूप में हुई है। हादसे में 30 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस आग के चलते झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे 200 लोग बेघर हो गए। 
 

मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिमी जिले से तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। दो उग्रवादियों का ताल्लुक प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट से है। ये उग्रवादी वसूली और हथियारों की तस्करी से जुड़े थे। उग्रवादियों के पास से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल  और हजारों रुपये की नकदी बरामद की है। वहीं गिरफ्तार किया गया एक अन्य उग्रवादी प्रतिबंधित समूह पीपल्स लिबरेशन आर्मी से संबंधित है। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में पुलिस ने करीब पांच एकड़ जमीन पर कई गई अवैध अफीम की खेती तबाह की है। तबाह की गई अफी की खेती से करीब 25 किलो अवैध अफीम निकलती। 

केरल में व्यक्ति ने चाकू मारकर पत्नी की हत्या की

केरल में एक महिला की चाकू घोंपकर हत्या करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक महिला के पति को गिरफ्तार किया है। घटना केरल के पलक्कड़ जिले के उपमपदम इलाके की रविवार सुबह की है। मृतक महिला की पहचान चंद्रिका के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चंद्रिका का अपने पति राजन के साथ बीते कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह भी दोनों के बीच बहस हुई थी। उसी दौरान पति ने पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 
 

तमिलनाडु में पोरपनईकोट्टी मुनीश्वर मंदिर त्योहार में जलीकट्टू का आयोजन

तमिलनाडु में पोरपनईकोट्टी मुनीश्वर मंदिर त्योहार में जलीकट्टू का आयोजन किया गया। 
 
 

रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए सुनवाई करेगा कल सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट सोमवार को एक एनजीओ की याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें रोहिंग्या शरणार्थियों को सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में प्रवेश देने की मांग की गई है। एनजीओ ने कहा है कि आधार कार्ड न होने के कारण उन्हें ये सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं, जबकि उनके पास यूएनएचसीआर (शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त) का कार्ड है।

बता दें कि 31 जनवरी को कोर्ट ने एनजीओ से कहा था कि वह यह बताए कि शरणार्थी दिल्ली के कहां-कहां बसे हैं और उन्हें कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं। एनजीओ के वकील कॉलिन गोंसाल्विस ने बताया कि ये शरणार्थी शाहीन बाग, कालिंदी कुंज और खजूरी खास में रहते हैं।

बंगाल में डॉ. सुकांत चक्रवर्ती की अभया हत्याकांड में न्याय की मांग
पश्चिम बंगाल में डॉ. सुकांत चक्रवर्ती ने कहा कि उनकी मांग है कि अभया की हत्या, उसकी यातना और सबूतों से छेड़छाड़ करने वाले सभी दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को भी सजा देने की मांग की।

जूनियर डॉक्टोरों ने निकाली मौन रैली
इसके अलावा, सिटीजन फोरम के साथ जूनियर और सीनियर डॉक्टरों ने अभया के जन्मदिन पर कोलकाता में एक मौन रैली निकाली। यह रैली आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से शुरू होकर कॉलेज स्क्वायर से श्यामबाजार तक गई, जो कि बलात्कार और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर आयोजित की गई थी।

गुजरात में मजदूरों पर गिरा ट्रक, एक बच्चे और तीन महिलाओं की मौत
गुजरात के बनासकांठा जिले में रेत से भरा एक डंपर ट्रक पलट कर मजदूरों के एक समूह पर गिर गया, जिससे तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम जिले के खेंगरपुरा गांव में उस समय हुई, जब वहां सड़क निर्माण का कार्य हो रहा था। मजदूरों का यह समूह सड़क निर्माण के कार्य में जुटा हुआ था।

पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस उपाधीक्षक एस.एम. वरोतरिया ने बताया कि डंपर एक संकरे रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान वह पलट गया तथा सड़क निर्माण कार्य में जुटी तीन महिला मजदूरों के एक समूह पर गिर गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक बच्चे की भी मौत हो गई।

आंध्र प्रदेश में ट्रैक्टर दुर्घटना में चार महिला खेतिहर मजदूरों की मौत
आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में एक ट्रैक्टर ट्रॉली के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें मिर्च की खेती करने वाली चार महिलाओं की मौत हो गई। मामले में पुलिस अधीक्षक के श्रीनिवास राव ने बताया कि दुर्घटना शाम करीब साढ़े छह बजे हुई, जब मुप्पल्ला मंडल के चगंतीवारीपालम गांव में खराब रखरखाव वाली सड़क पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने नियंत्रण खो दिया। 

पुलिस अधीक्षक राव ने आगे बताया कि मिर्च की खेती करने वाले मजदूर मिर्च की बोरियों पर बैठे थे, तभी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई, जिससे उनकी मौत हो गई। एसपी के मुताबिक, दुर्घटना के समय मिर्च की बोरियों पर करीब 15 लोग बैठे थे। इस बीच, पुलिस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed