फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 7th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: ओडिशा में पटाखा फैक्टरी में आग से दो की मौत; कांग्रेस की समिति करेगी KIIT में छात्राओं की मौत की जांच

Wed, 07 May 2025 12:56 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Wed, 07 May 2025 12:56 AM IST
विज्ञापन
News Updates 7th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

ओडिशा के भद्रक जिले में मंगलवार को पटाखा बनाने वाली एक फैक्टरी में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना चांदबली रोड पर हलाडीहा बाईपास पर हुई। मृतकों की पहचान एसके मुसरफ (12) और रायतुन बीबी (40) के रूप में हुई है।

विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि आग में घायल होने वालों में रंजीता जेना, सुल्ताना बीबी और अरजीफा खातून शामिल हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संवेदना जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को पहले भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में रसोई गैस सिलिंडर में रिसाव की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

KIIT में नेपाली छात्राओं की मौत की जांच के लिए कांग्रेस ने बनाई समिति
ओडिशा के कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) में बीते तीन महीनों में दो नेपाली छात्राओं की मौत हो चुकी है। जिसके बाद विपक्षी दलों का आक्रोश चरम पर है। इस बीच, ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) ने इस मामले की जांच के लिए एक तथ्य-खोजी समिति का गठन किया है।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने बयान में कहा कि केआईआईटी में दो नेपाली छात्राओं की मौत से पूरे देश और भारत के बाहर लोगों में गुस्सा है। इन दोनों घटनाओं की जांच के लिए ओपीसीसी ने पूर्व मंत्री पंचानन कानूनगो के नेतृत्व में एक तथ्यान्वेषी समिति बनाई है। इस समिति में कांग्रेस नेता शकुंतला लागुरी, सस्मिता बेहरा, अमिता बिस्वाल, अमृता दास, उदित नारायण प्रधान और लिपिका पात्रा शामिल हैं। कांग्रेस की यह समिति संस्थान का दौरा करेगी और घटनाओं से संबंधित लोगों से चर्चा करेगी तथा ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
 

विज्ञापन

सूरत के निजी अस्पताल में लगी आग सभी मरीजों को सुरक्षित निकाला
गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार शाम एक चार मंजिला निजी अस्पताल के भूमि तल पर आग लग गई। अस्पताल से सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग अस्पताल के स्टोर रूम में लगी और इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। डीसीपी राकेश बारोट ने बताया, अथवालाइंस स्थित मिशन हॉस्पिटल के ग्राउंड फ्लोर के स्टोर रूम में आग लग गई, जिसका धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया। फायर ऑफिसर कृष्णा मोदी ने बताया कि आग पर काबू पाने में एक घंटे से अधिक समय लगा। करीब एक दर्जन फायर टेंडर मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा, धुएं के कारण दृश्यता कम हो गई थी। हमने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। अस्पताल स्टाफ ने बताया कि सभी मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आग लगने के समय अस्पताल में कितने मरीज भर्ती थे और उन्हें कहां शिफ्ट किया गया। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 20 मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आग लगने का कारणों की जांच जारी है।
विज्ञापन

पहली बार किसी पीएम ने सेना को दी इतनी खुली छूट : देवगौड़ा
 पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) नेता एचडी देवेगौड़ा ने मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले को सबसे जघन्य अपराध करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब किसी प्रधानमंत्री ने सशस्त्र बलों को इतनी स्वतंत्रता दी है।

देवेगौड़ा ने कहा, यह पहला मौका है जब कश्मीर में पर्यटकों पर हमला हुआ। इस सुनियोजित हमले में 28 लोगों की जान गई। हमारी पार्टी और कुमारस्वामी पीएम के फैसले के साथ हैं। पीएम ने रूस दौरा रद्द कर सेना को खुली छूट दी है। देवेगौड़ा ने कहा, मैं भी पीएम रह चुका हूं, मुझे जमीनी हकीकत पता है। यह पहली बार है जब सेना को इतनी स्वतंत्रता मिली। पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। दूसरी ओर, देवेगौड़ा ने बंगलूरू में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पर जाति जनगणना को लेकर निशाना साधा। उन्होंने सिद्धारमैया पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा, जो मुख्यमंत्री खुद को एससी-एसटी का नायक बताते हैं, वे पहले बताएं कि उन्होंने क्या किया। उन्होंने 16 बजट पेश किए, लेकिन जाति जनगणना को मंजूरी नहीं दी। देवेगौड़ा ने तंज कसते हुए कहा, अब सिद्धरमैया पीएम और गृह मंत्री को सामाजिक न्याय सिखाएंगे? उन्होंने चुनौती दी कि सिद्धारमैया पहले बताएं कि उनके दफ्तर में कितने पिछड़े वर्ग के लोग कार्यरत हैं।  
 

23 सितंबर को मनाया जाएगा आयुर्वेद दिवस
 राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस इस साल से 23 सितंबर को देश भर में मनाया जाएगा। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने सरकारी समिति की सिफारिश पर यह फैसला लिया। सरकार ने साल 2016 को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाने का फैसला लिया था, तब से हर साल पूरे सरकारी स्तर पर धन्वंतरि जयंती यानी धनतेरस के अवसर पर भारत सहित पूरी दुनिया में आयुर्वेद दिवस मनाया जाता है।

आयुष मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि त्योहार और अवकाश के चलते इस दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम प्रभावित होते हैं जिसके चलते सरकार ने दिवस में बदलाव का फैसला लिया। यह किस दिन मनाया जाना चाहिए? इसके लिए आयुष मंत्रालय ने एक समिति का गठन किया जिसने वर्ष के सभी महीनों की समीक्षा करने के बाद 23 सितंबर का चयन किया क्योंकि इस दिन पूरी दुनिया में दिन और रात की अवधि लगभग बराबर होती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इस समय सूर्य की किरणें भूमध्य रेखा के ठीक ऊपर होती हैं।

'बम की धमकी' के बाद चंडीगढ़ से मुंबई आ रही उड़ान की आपात लैंडिंग
चंडीगढ़ से मुंबई आ रही इंडिगो की एक उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार को हवाईअड्डे के हॉटलाइन नंबर पर धमकी भरा फोन आया था। मंगलवार दोपहर 2:32 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने इंडिगो की उड़ान 6E-6382 के लिए पूर्ण आपात स्थिति घोषित की। उड़ान 2:57 बजे सुरक्षित लैंड हो गई और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

आतंकवाद के खिलाफ सभी को एकजुट होकर लड़ना चाहिए: ममता बनर्जी  
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सभी को मिलकर लड़ना चाहिए और इस मुद्दे पर कोई मतभेद नहीं होना चाहिए। उनका यह बयान उस समय आया, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान और नेपाल की सीमाओं से लगे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) के साथ एक आपात बैठक की।

बता दें कि यह बैठक जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद बुलाई गई थी। ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय में कहा, 'इस समय हम सभी को मिलकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ना चाहिए। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं होना चाहिए।' साथ ही मुख्यमंत्री ने मीडिया से अपील की कि वे सही जानकारी दें और किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना न फैलाएं।

गुजरात: गैस पाइप लाइन में लगी आग, 3 की मौत, 6 लोग घायल
गुजरात के जूनागढ़ शहर में बुधवार को भूमिगत गैस पाइपलाइन में आग लगने से एक महिला, उसकी तीन साल की बेटी और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुदाई के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन में दरार आने से आग लग गई, जिससे छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed