फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates 7 march pm modi bel sasmos agreement defence production

Updates: थाईलैंड में बंधक बनाए गए छह भारतीय मजदूर बचाए गए; ओडिशा के जलाशयों में डूबने से 5 छात्रों की मौत

Sat, 07 Mar 2026 02:47 PM IST
Nitin Gautam न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Nitin Gautam Updated Sat, 07 Mar 2026 02:47 PM IST
विज्ञापन
news updates 7 march pm modi bel sasmos agreement defence production
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

थाईलैंड में बंधक बनाए गए छह भारतीय मजदूरों को बचा लिया गया है। इनमें से चार मजदूरों को भारत वापस भेज दिया गया है, जबकि बाकी दो की वापसी की प्रक्रिया जारी है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने शनिवार को यह जानकारी दी। एनएचआरसी के अनुसार ये सभी मजदूर ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के रहने वाले हैं और पिछले छह महीनों से थाईलैंड में अपने नियोक्ता की कैद में यातना झेल रहे थे। आयोग ने बताया कि इस मामले में मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद उसने स्वतः संज्ञान लिया और 20 फरवरी को विदेश मंत्रालय से इस मामले में जानकारी मांगी। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाईलैंड के अधिकारियों से संपर्क किया और मजदूरों को छुड़ाने की प्रक्रिया शुरू की। एनएचआरसी के पत्र के अगले ही दिन चार मजदूरों को बैंकॉक से उड़ान के जरिए कोलकाता भेज दिया गया। उनकी वापसी की व्यवस्था उनके नियोक्ता ने की।

विज्ञापन


ओडिशा के जलाशयों में डूबने से 5 छात्रों की मौत
ओडिशा के कोरापुट और मयूरभंज जिलों में शनिवार को जलाशय में डूबने से पांच छात्रों की मौत हो गई। कोरापुट में परीक्षा खत्म होने की खुशी मना रहे कक्षा 10 के तीन छात्र लिंगराज खिल, स्वास्तिक और ओम प्रकाश कोलाब जलाशय में डूब गए। एसडीपीओ संजय मंडल ने बताया कि घटना दोपहर बजे की है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, मयूरभंज के नछीपुर में तालाब में नहाते समय कक्षा 2 की दो छात्राओं, सुभासंध्या और राजलक्ष्मी की जान चली गई। थाना प्रभारी मधुमिता मोहंती के अनुसार दोनों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

विज्ञापन

सेमीकंडक्टर-एआई क्षेत्र में सहयोग करेंगे भारत-जापान

भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाई देते हुए विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शुक्रवार को जापानी प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार सदामासा ओए के साथ रक्षा तकनीक और आर्थिक सुरक्षा के स्तंभों को और अधिक सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार इस मुलाकात के दौरान हुई बातचीत का मुख्य केंद्र भारत-जापान आर्थिक सुरक्षा पहल रहा, जिसकी नींव 2025 में रखी गई थी। इस पहल के तहत दोनों देश सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, फार्मास्युटिकल्स और क्लीन एनर्जी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। इस सहयोग का उद्देश्य न केवल तकनीक साझा करना है, बल्कि आपूर्ति शृंखला को लचीला बनाना और बाजार विविधीकरण को बढ़ावा देना भी है। दोनों पक्षों ने भारत-जापान एआई सहयोग पहल (जेएआई) और बैटरी आपूर्ति शृंखला के विकास पर भी सहमति जताई। यह कदम एक सुरक्षित और भरोसेमंद एआई इकोसिस्टम बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। ब्यूरो

पीएम मोदी के संयुक्त विजन का हिस्सा
दरअसल, द्विपक्षीय संबंधों की यह सक्रियता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पिछली जापान यात्रा के दौरान तय किए गए अगले दशक के संयुक्त विजन का हिस्सा है। इसी क्रम में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी के नेतृत्व में एक संसदीय दल ने भी जापानी विदेश राज्य मंत्री कुनिमित्सु अयानो से भेंट की, जहां दोनों देशों ने साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की प्रतिबद्धता दोहराई। यह बैठकें दर्शाती हैं कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में भारत और जापान की एकजुटता वैश्विक स्थिरता के लिए कितनी महत्वपूर्ण है।

कोलकाता एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए उड़ानों की आवाजाही शुरू
दुबई से फ्लाईदुबई की एक उड़ान शनिवार रात 12:53 बजे 163 यात्रियों को लेकर कोलकाता पहुंची। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि बाद में यही विमान 92 यात्रियों के साथ वापस दुबई के लिए रवाना हुई। इसके अलावा कतर एयरवेज की एक फ्लाइट ने भी कोलकाता से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए उड़ान भरी। एमिरेट्स एयरलाइंस ने जानकारी दी कि दुबई-कोलकाता रूट पर उसकी सेवाएं तय समय के अनुसार चलेंगी। इसमें आने वाली फ्लाइट शाम 6:50 बजे और जाने वाली रात 8:25 बजे रवाना होगी। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण शुक्रवार को कोलकाता से खाड़ी देशों की सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। अब धीरे-धीरे उड़ानों का संचालन सामान्य हो रहा है।
विज्ञापन

पीएम मोदी ने गुजरात भाजपा विधायक के निधन पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात भाजपा विधायक गोविंदभाई परमार के निधन पर शोक व्यक्त किया, जिनका 6 मार्च को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक परमार सामाजिक कल्याण कार्यों के प्रति समर्पित थे। प्रधानमंत्री ने लिखा, 'गुजरात विधानसभा के सदस्य गोविंदभाई परमार के निधन की खबर से मैं व्यथित हूं। वे हमेशा सामाजिक कल्याण कार्यों के प्रति समर्पित और प्रतिबद्ध रहे। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना। ओम शांति!'

गुजरात: गांधीनगर नगर निगम की दो महिलाओं ने की आत्महत्या
गुजरात के गांधीनगर में नगर निगम की दो महिला कर्मचारियों की मौत हो गई। उन्होंने कथित तौर पर नहर में कूदकर अपनी जान दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।  उन्होंने कहा, महिलाओं के नाम सेजल पटेल (26 वर्षीय) और रिपल रावत (24 वर्षीय) थे। दोनों अहमदाबाद की रहने वाली थीं और हाल ही में गांधीनगर नगर निगम में नौकरी पर लगी थीं। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे दोनों ने नाभोई नहर में छलांग लगा दी। इससे पहले उनमें से एक महिला ने अपने परिवार को फोन करके बताया था कि वह अपनी दोस्त के साथ अपनी जान देने जा रही है। परिवार वालों ने बाद में उन्हें फोन करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन बंद थे। इसके बाद पुलिस और दमकल की टीम ने तलाश करके दोनों के शव नहर से बाहर निकाले। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिए गए। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए अभी यह साफ नहीं है कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।

तमिलनाडु: सीएम स्टानिल ने पार्टी के दिवंगत नेता अंबाझगन को श्रद्धांजलि दी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शनिवार को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के दिवंगत वरिष्ठ नेता के अंबाझगन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अंबाझगन को समर्थन और मार्गदर्शन का स्रोत बताया। अंबाझगन नौ बार विधायक रहे और 43 साल तक पार्टी के महासचिव के पद पर रहे। वह डीएमके के संस्थापक नेता एम करुणानिधि के करीबी सहयोगी थे। उनका निधन 7 मार्च 2020 को हुआ था। शनिवार को जारी बयान में स्टालिन ने कहा, प्रोफेसर अंबाझगन एक महान व्यक्ति और सिद्धांतों के योद्धा थे। जब भी पार्टी पर संकट आया, प्रोफेसर ने कलाईनार (एम. करुणानिधि) के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। कलाईनार के निधन के बाद वह मेरे लिए सहारा, स्नेह और मार्गदर्शन का स्रोत थे। उन्होंने कहा, हमारे प्रोफेसर के अंबाझगन मित्रता और सिद्धांतों के प्रति समर्पण की मिसाल थे, उनकी स्मृति दिवस पर हम सभी फिर से द्रविड़ मॉडल सरकार स्थापित करने का संकल्प लें। 

लैंगिक हिंसा और अवसरों की असमानता के खिलाफ सामूहिक प्रयास तेज करने की जरूरत: सीएल जॉन
नगालैंड के वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री सीएल जॉन ने लैंगिक हिंसा और अवसरों की असमानता के खिलाफ सामूहिक प्रयास तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये समस्याएं महिलाओं के सशक्तिकरण में बड़ी बाधा बनी हुई हैं। कोहिमा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजितसमारोह में मंत्री ने कहा कि यह दिन केवल जश्न मनाने का नहीं है, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं के त्याग, संघर्ष और उपलब्धियों को पहचानने का अवसर भी है। कार्यक्रम का विषय 'राइट्स, जस्टिस, एक्शन: फॉर ऑल वूमन एंड गर्ल्स' था। यह कार्यक्रम नगालैंड के समाज कल्याण विभाग ने नगालैंड राज्य महिला आयोग, नगालैंड राज्य ग्रामीण रोजगार मिशन, महिला संसाधन विकास निदेशालय और कोहिमा नगर परिषद के सहयोग से आयोजित किया।

मणिपुर में 4 उग्रवादी समेत पांच लोग गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एनआरएफएम के एक सक्रिय कार्यकर्ता को शुक्रवार को इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को इम्फाल पूर्वी जिले के खुराई सजोर लैरो पुखरी मपाल स्थित उनके आवास से यूएनएलएफ (पाम्बेई) के एक कार्यकर्ता और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया। बयान में कहा गया है कि उनके पास से एक 9 मिमी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई। इसमें कहा गया है कि गुरुवार को बिष्णुपुर जिले से दो अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उनके खुलासे के बाद, जिले के इथिंग खेल के मैदान के तकमु झील किनारे से एक एचके-33 राइफल, मैगजीन और 38 जिंदा कारतूस तथा तीन आईईडी बरामद किए गए। बयान में यह भी कहा गया है।

स्वदेशी रक्षा उत्पादन बढ़ाने के लिए समझौता
सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने स्वदेशी रक्षा उत्पादन को मजबूत करने के लिए सासमोस एचईटी टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बीईएल के अनुसार इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स, सिस्टम इंटीग्रेशन और प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगी। इसका उद्देश्य रक्षा उपकरणों के महत्वपूर्ण पुर्जों का देश में ही निर्माण बढ़ाना, घरेलू उत्पादन को मजबूत करना और निर्यात को बढ़ावा देना है। इस साझेदारी के तहत फाइबर ऑप्टिक सिस्टम, एवियोनिक्स, मिशन से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और एयरोस्पेस स्तर के इंटरकनेक्ट समाधान जैसे क्षेत्रों में काम किया जाएगा।

लोकायुक्त का छापा: बीडीए वन अधिकारी के पास मिली 3.08 करोड़ की संपत्ति
आय से अधिक संपत्ति के मामले में कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को बंगलूरू विकास प्राधिकरण (बीडीए) के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर दालेश एएल के ठिकानों पर छापेमारी की। चार स्थानों पर की गई इस कार्रवाई में अधिकारी के पास 3.08 करोड़ की संपत्ति का खुलासा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार बरामदगी में 2.70 करोड़ की अचल संपत्ति (मकान, साइट और कृषि भूमि) और 48 लाख से अधिक की चल संपत्ति शामिल है। इसमें 13 लाख के जेवर और 34 लाख के वाहन बरामद किए गए हैं। लोकायुक्त पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

माओवादी नेता के अंतिम संस्कार में शामिल सात लोगों को एनआईए का नोटिस
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने तेलंगाना में पिछले वर्ष माओवादी नेता के. रामचंद्र रेड्डी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर भाषण देने वाले कई लोगों को नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार सात लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। इनमें एक वकील भी शामिल है। इन लोगों ने अक्तूबर 2025 में सिद्धिपेट जिले में रामचंद्र रेड्डी के अंतिम संस्कार के दौरान आयोजित सभा में हिस्सा लिया था और वहां भाषण दिया था। रामचंद्र रेड्डी प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य थे। उनकी सितंबर 2025 में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई थी। इसके बाद 18 अक्तूबर को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया था। इसी मामले में एनआईए ने सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व नक्सली गडे इन्नैया उर्फ गडे इन्ना रेड्डी (64) को गिरफ्तार किया था। उन पर अंतिम संस्कार के दौरान दिए गए भाषण में प्रतिबंधित संगठन का समर्थन और प्रचार करने का आरोप है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed