फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 6th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: ओडिशा में नदी में डूबे स्कूली छात्र, मौत; मिजोरम में नशीली दवाओं के साथ म्यांमार के तीन नागरिक पकड़े

Thu, 06 Feb 2025 12:52 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 06 Feb 2025 12:52 PM IST
विज्ञापन
News Updates 6th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
ओडिशा के खोरधा जिले के बालियांता ब्लॉक के अंतर्गत रंगा बाजार के पास कुआखाई नदी में देवी सरस्वती की मूर्ति विसर्जन के दौरान दो स्कूली छात्रों की डूबकर मौत हो गई। सीएम मोहन चरण माझी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राज्य सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से प्रत्येक परिवार के लिए 4 लाख रुपये की मुआवजा राशि की घोषणा की है।
विज्ञापन


नशीली दवाओं और हेरोइन की तस्करी का भंडाफोड़
मिजोरम में दो अलग-अलग अभियानों में मेथामफेटामाइन और हेरोइन की तस्करी के आरोप में म्यांमार के तीन नागरिक और एक असम निवासी को पकड़ा गया है। आबकारी विभाग के प्रवक्ता पीटर जोहामिंगाथांगा ने बताया कि मेथामफेटामाइन की 20200 गोलियां मंगलवार को आबकारी अधिकारी और असम राइफल्स द्वारा जोटे तियाऊ गांव में चले संयुक्त अभियान में जब्त की गईं। इस दौरान म्यांमार निवासी सुमलामथांग और जामगईनहो को पकड़ा गया। वे पड़ोसी देश से इसकी तस्करी कर रहे थे। एक दूसरे अभियान में आबकारी अधिकारियों ने 246 ग्राम हेरोइन आइजोल के निकट खातला से पकड़ी। इस मामले में म्यांमार के कपचीना और असम के नमानुद्दीन को पकड़ा गया। दो वाहन भी जब्त किए गए।
विज्ञापन


तमिलनाडु में तीन शिक्षकों ने किया छात्रा का उत्पीड़न
तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में एक सरकारी स्कूल में तीन शिक्षकों ने 13 वर्षीय छात्रा का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने पोक्सो के तहत मामला दर्ज करके तीनों शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी शिक्षकों को 15 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


रेस्टोरेंट में चिकन खाकर नौ बीमार
मदुरै के चिन्नकदाई स्ट्रीट शोलावंदन स्थित एक रेस्टोरेंट में ग्रिल्ड चिकन खाने के बाद नौ लोग बीमार पड़ गए। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू की। इसमें रेस्टोरेंट में साफ-सफाई नहीं मिली। रेस्टोरेंट पर जुर्माना लगाया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के उप निदेशक ने बताया कि नौ प्रभावित व्यक्तियों में से चार को शोलावंदन सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि बाकी पांच को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल (जीआरएच) में ले जाया गया। उनमें से दो को शोलावंदन अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य को चिकित्सा देखभाल जारी है।

ओडिशा में मालगाड़ी के तीन डिब्बे बेपटरी
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में राउरकेला रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि पटरी पार करने के बाद तीनों वैगन मालगोदाम झुग्गी बस्ती में रेलवे पटरियों के निकट स्थित घरों के पास पहुंच गए। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया, जब डब्बे हमारी कॉलोनी की ओर बढ़े तो हम अपने घरों से भाग निकले। दुर्घटना के कारण रेलवे गेट-बसंती कॉलोनी मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है।

सैन्य अधिकारी और मंगेतर की प्रताड़ना मामले में ओडिशा सरकार ने जांच आयोग का कार्यकाल बढ़ाया
ओडिशा में बीते साल सितंबर में हिरासत में सेना के अधिकारी और उसकी मंगेतर को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया था। इसकी जांच के लिए जस्टिस चित्तरंजन दास जांच आयोग का गठन किया गया। इसके सचिव सुवेंदु मोहंती ने बताया कि जांच पूरी नहीं हुई है, इसलिए आयोग का कार्यकाल 28 फरवरी तक बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा, 14-15 सितंबर 2024 की रात को भरतपुर पुलिस स्टेशन में कथित तौर पर एक घटना हुई थी, जिसमें एक सेना अधिकारी और उसकी मंगेतर के साथ पुलिस स्टेशन में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया था। इस संबंध में एफआईआर और काउंटर एफआईआर दर्ज की गई थी। राज्य सरकार ने न्यायमूर्ति चित्तरंजन दास की अध्यक्षता में जिस जांच आयोग का गठन किया उसने अक्तूबर 2024 में अपनी जांच शुरू की... अब सरकार ने आयोग का कार्यकाल 28 फरवरी 2025 तक बढ़ा दिया क्योंकि सभी 35 गवाहों से पूछताछ और जांच पूरी करना संभव नहीं हुआ।

किसी के भोजन के आधार पर भेदभाव का हमेशा विरोध करूंगा : शत्रुघ्न
तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि वे लोगों के खाने के आधार पर भेदभाव का कड़ा विरोध करते हैं। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से सांसद सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने हमेशा कहा है कि यूसीसी के लिए भाजपा की योजना हमें अस्वीकार्य है क्योंकि उस पार्टी की राजनीति और विचारधारा पूरी तरह से भेदभाव और ध्रुवीकरण पर निर्भर करती है। सिन्हा ने कहा, हमारे देश को मरहम लगाने की जरूरत है और हमें भाजपा के नफरत से प्रेरित विचारों की जरूरत नहीं है। शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान उन खबरों के बीच आया है जिसमें दावा किया गया था कि सिन्हा ने मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगाने की वकालत की है और उत्तराखंड सरकार के लाए गए समान नागरिक संहिता का समर्थन किया है।

मणिपुर के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्री भाजपा विधायक दिल्ली पहुंचे
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के केंद्रीय नेताओं से मिलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी रवाना होने के कुछ ही घंटों बाद, राज्य के तीन वरिष्ठ मंत्री और चार भाजपा विधायक भी बुधवार शाम को चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने की संभावना है, जिसमें राज्य में सुरक्षा स्थिति समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी।

हिंदू समाज एकजुट होकर ही फल फूल सकता है : भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि हिंदू समाज तभी फल-फूल सकता है, जब वह एकजुट हो। उन्होंने आह्वान किया कि सभी हिंदुओं को समान रूप से स्वीकार किया जाए, चाहे उनकी जाति, क्षेत्र या भाषा कुछ भी हो। भागवत ने यहां हिंदू एकता सम्मेलन में कहा कि एकजुट समाज फलता-फूलता है, जबकि विभाजित समाज नष्ट हो जाता है। उन्होंने कहा कि हिंदू होना एक 'स्वभाव' है, जहां लोग ज्ञान बढ़ाने के लिए विद्या का उपयोग करते हैं। दान के लिए धन देते हैं और कमजोरों की मदद के लिए शक्ति का इस्तेमाल करते हैं। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि हिंदू धर्म में कोई भी श्रेष्ठ या निम्न नहीं है। जाति कोई मायने नहीं रखती है और कोई अस्पृश्यता नहीं है। आरएसएस प्रमुख ने सभी से दूसरों का सम्मान करने का आग्रह करते हुए कहा कि अगर सभी हिंदू एकजुट होंगे, तो इससे दुनिया को लाभ होगा। भागवत ने कहा इस एकता के लिए 'खुद को जानना', सभी के साथ समान व्यवहार करना और पर्यावरण की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए नीतिगत बदलाव में समय लगेगा, लेकिन लोग तीन छोटे-छोटे काम कर सकते हैं, पानी बचाएं, पेड़ लगाएं और प्लास्टिक का उन्मूलन करें।

ओडिशा में डिप्टी डायरेक्टर के घर से 1.5 करोड़ नकद जब्त
ओिडशा के मलकानगिरी जिले में राज्य सरकार के एक अधिकारी के घर से 1.5 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। भ्रष्टाचार निरोधक सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में मलकानगिरि के वाटरशेड उप निदेशक शांतनु महापात्रा के घर पर छापा मारा। विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि छापे की कार्रवाई विशेष न्यायाधीश (सतर्कता विभाग, जयपुर) की ओर से जारी तलाशी वारंट के आधार पर की गई। इसमें 2 एएसपी, 4 डीएसपी, 10 इंस्पेक्टर, 6 एएसआई और अन्य सहायक कर्मचारी शामिल थे। छापे की कार्रवाई मलकानगिरि, कटक और भुवनेश्वर समेत कुल सात स्थानों पर जारी है। महापात्रा से जुड़े लोगों के घरों की भी तलाशी ली जा रही है।

तेलंगाना कांग्रेस ने एमएलसी टीनमार मल्लन्ना को भेजा कारण बताओ नोटिस
तेलंगाना कांग्रेस ने गुरुवार को एमएलसी चिंतापंडु नवीन उर्फ तीनमार मल्लन्ना को कारण बताओ नोटिस जारी किया। मल्लन्ना पर आरोप है कि उन्होंने राज्य सरकार द्वारा किए गए सामाजिक-आर्थिक जाति सर्वेक्षण की प्रतियां जलाईं और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

बता दें कि पार्टी ने उन्हें 12 मई तक जवाब देने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर 12 फरवरी, 2025 तक उनका जवाब नहीं आया, तो कांग्रेस पार्टी के नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी ने यह भी कहा कि तीनमार मल्लन्ना को बी-फॉर्म देकर वारंगल, खम्मम और नलगोंडा के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव जिताने में मदद की थी।

फेसलेस असेसमेंट योजना को विफल करने के आरोप में 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) फेसलेस असेसमेंट योजना के मामले में देशभर के 18 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान सीबीआई ने आयकर विभाग की फेसलेस असेसमेंट योजना को विफल करने के प्रयास के आरोप में आयकर विभाग के उप आयुक्त और दो निरीक्षकों तथा पांच सीए सहित 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 

भारत-ग्रीस के रिश्तों पर बोले ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेट्राइटिस
ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेट्राइटिस ने कहा कि हाल के वर्षों में ग्रीस और भारत के रिश्तों में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि वे पर्यटन, संस्कृति, व्यापार और अन्य पहलुओं में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसके अलावा गेरापेट्राइटिस ने यह भी बताया कि ग्रीस, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के सदस्य के रूप में, भारत की आवाज़ को समर्थन देने के साथ-साथ यूरोपीय संघ और भारत के रिश्तों में एक विश्वसनीय मध्यस्थ बनने की कोशिश करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनके लिए एक खास मौका है क्योंकि ग्रीस और भारत के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं।

पीएम मोदी के राज्यसभा भाषण पर बोले जेपी नड्डा
गुरुवार को पीएम मोदी के द्वारा राज्यसभा में दिए गए भाषण पर जेपी नड्डा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में आदरणीय राष्ट्रपति जी के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर अपने जवाब में सशक्त, समृद्ध और 'विकसित भारत' के निर्माण का पथ प्रशस्त किया है व अंत्योदय, सुशासन और गरीब कल्याण के ध्येय को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने सत्ता-सुख के लिए आज़ादी के उपरांत संविधान को कुचलने का काम आरंभ कर दिया था। देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटा गया तथा लोकतांत्रिक सरकारों को अस्थिर करने का काम किया गया। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी सरकार 'सबका साथ - सबका विकास' का मंत्र लेकर हर वर्ग का उत्थान सुनिश्चित करने के साथ बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए देश के सर्वांगीण विकास के संकल्प की सिद्धि हेतु कटिबद्ध है।
 

केरल के कैफे में 'कुकिंग स्टीमर' विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत
केरल के कलूर स्थित एक भोजनालय में बृहस्पतिवार को 'कुकिंग स्टीमर' में विस्फोट होने से एक श्रमिक की मौत हो गई तथा उसके तीन सहकर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सुमित के रूप में हुई है। घायलों (अली, लुलु और किरण) को एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बचाव सेवा अधिकारियों ने दी जानकारी
अग्निशमन एवं बचाव सेवा अधिकारियों के अनुसार, उन्हें शाम 4:23 बजे सूचना मिली कि कलूर स्थित जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के भूतल पर स्थित कैफे में गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ है। अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। अग्निशमन एवं बचाव सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि यह गैस सिलेंडर विस्फोट नहीं था, बल्कि कैफे का 'कुकिंग स्टीमर' अत्यधिक दबाव के कारण फट गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed