फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 6th Dec North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: नगालैंड में 34 करोड़ रुपये के ड्रग्स नष्ट; मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन के तीन सदस्य गिरफ्तार

Fri, 06 Dec 2024 11:02 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 06 Dec 2024 11:02 PM IST
विज्ञापन
News Updates 6th Dec North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

नगालैंड पुलिस ने दीमापुर में 34 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नशीली दवाओं को नष्ट किया है। एक अधिकारी ने बताया कि ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) ने गुरुवार को दीमापुर नगर परिषद के डंपिंग ग्राउंड में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किया। नष्ट की गई दवाओं में ब्राउन शुगर और हेरोइन, क्रिस्टल मेथ और अफीम स्ट्रॉ शामिल हैं।

विज्ञापन

अधिकारी ने कहा, ये प्रतिबंधित दवाएं सीपी दीमापुर के तहत पुलिस स्टेशनों में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत दर्ज 79 मामलों में जब्त की गई थीं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट किया गया।
विज्ञापन


मणिपुर: इंफाल पश्चिम में प्रतिबंधित संगठन के चार सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने जबरन वसूली गतिविधियों और अवैध हथियार रखने के आरोप में इंफाल पश्चिम जिले से एक प्रतिबंधित संगठन के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और सीआरपीएफ के एक संयुक्त दल ने गुरुवार को फायेंग इलाके में तलाशी अभियान के दौरान कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के तीन सदस्यों को पकड़ा। उनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि ये जबरन वसूली गतिविधियों में शामिल थे। कांगचुप में उनके ठिकानों की तलाशी के दौरान अवैध हथियार बनाने की एक वर्कशॉप का भी पता चला।

विज्ञापन
विज्ञापन

सुनीत मेहता फिजी में भारत के अगले उच्चायुक्त नियुक्त
 भारतीय विदेश सेवा अधिकारी सुनीत मेहता को फिजी में भारत के अगले उच्चायुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। मेहता 2007 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। वे वर्तमान में कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग में उप उच्चायुक्त के पद पर कार्यरत हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि सुनीत मेहता वर्तमान में कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग में उप उच्चायुक्त के पद पर कार्यरत हैं।  

गुजरात : फर्जी ईडी अफसर बन छापा मारने वाले 12 गिरफ्तार
गुजरात के गांधीधाम स्थित राधिका ज्वैलर्स पर फिल्मी स्टाइल में फर्जी प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी बनकर छापे मारने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापे के दौरान आरोपियों ने 22.25 लाख की नकदी और आभूषण चुराए थे। आरोपियों की पहचान भरत मोरवाडिया, देवायत खाचर, अब्दुल सत्तार मंजोथी, हितेश ठक्कर, विनोद चुडासमा, यूजीन डेविड, आशीष मिश्रा, चंद्रराज नायर, अजय दबे, अमित मेहता, उसकी पत्नी निशा मेहता और शैलेन्द्र देसाई के रूप में हुई। 
 

असम मंत्रिमंडल का विस्तार कल, चार नए मंत्री होंगे शामिल
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 7 दिसंबर को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। कैबिनेट में चार मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। इस विस्तार के बाद असम मंत्रिपरिषद में 20 मंत्री हो जाएंगे। सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भाजपा विधायक प्रशांत फूकन, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल और रूपेश गोला 12 बजे मंत्री पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री सरमा की सरकार में फिलहाल 16 मंत्री हैं। 

 

गुजरात : तटरक्षक बल ने डूबते जहाज के चालक दल के 12 सदस्यों को बचाया
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने उत्तरी अरब सागर में डूब चुके एक भारतीय जहाज के चालक दल के 12 सदस्यों की जान बचा ली। बचाव अभियान में पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने भी मदद की। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि एमएसवी एआई पिरानपीर नामक जहाज मंगलवार को पोरबंदर से ईरान के लिए निकाल था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसमें खराबी आ गई और डूब गया। सूचना मिलने पर आईसीजी के दल ने बचाव अभियान शुरू कर सभी को सुरक्षित निकाल लिया। 

सलमान के बॉडीगार्ड को दी धमकी आरोपी जूनियर आर्टिस्ट हिरासत में  
अभिनेता सलमान खान के बाद अब उनके बॉडीगार्ड को भी जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी मिली है। पुलिस ने बताया कि एक युवक सलमान की आगामी फिल्म के सेट में घुस गया था और वहां उसकी एक बॉडीगार्ड से बहस हो गई थी। इस दौरान उसने बिश्नोई का नाम लेकर उसे धमकाया। बताया जा रहा है कि आरोपी जूनियर आर्टिस्ट है। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-संज्ञेय शिकायत दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। 

जस्टिस मनमोहन ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पद की ली शपथ 
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनमोहन ने बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर शपथ ग्रहण की। सीजेआई जस्टिस संजीव खन्ना ने सभी न्यायाधीशों की उपस्थिति में जस्टिस मनमोहन को शपथ दिलाई। जस्टिस मनमोहन के शपथ ग्रहण करने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 33 हो गई। शीर्ष कोर्ट में न्यायाधीशों के कुल स्वीकृत पदों की संख्या 34 है।

अशोक कुमार बेलारूस में भारतीय राजदूत नियुक्त
जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त अशोक कुमार को बेलारूस गणराज्य में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, कुमार 1998 में भारतीय विदेश  सेवा में शामिल हुए। उन्होंने 2000-2003 के दौरान सीरिया में भारतीय दूतावास में काम किया था। कुमार को 2013 में मॉरीशस के भारतीय उच्चायोग में उप उच्चायुक्त के रूप में नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने 2017 तक सेवाएं दीं। 

मोहम्मद सालिह लक्षद्वीप के लिए भाजयुमो अध्यक्ष नियुक्त
वकील पी.एम. मोहम्मद सालिह को केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 

बंगलूरू में संत की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपी का अजीबोगरीब दावा

बंगलूरू के सिद्धगंगा मठ के लिंगायत संत शिवकुमार स्वामी की प्रतिमा को 30 नवंबर को तोड़ दिया गया था। हालांकि, पुलिस ने सख्ती बरतते हुए 37 वर्षीय डिलीवरी एग्जीक्यूटिव श्रीकृष्ण को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, उसने इस कृत्य के लिए जो स्पष्टीकरण दिया उससे पुलिस दंग रह गई। आंध्र प्रदेश निवासी श्रीकृष्ण ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार करते हुए दावा किया कि उसने सपने में ईसा मसीह के दर्शन किए थे और उससे प्रतिमा को नष्ट करने की प्रेरणा मिली थी।

यह घटना बंगलूरू के वीरभद्र नगर में रात करीब डेढ़ बजे हुई थी, जब श्रीकृष्ण कथित तौर पर प्रतिमा के पास पहुंचा और लौटते पर उसने आंशिक रूप से प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह तक स्थानीय निवासियों को प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का पता चला। इससे इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और निवासियों ने अपराधी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए श्रीकृष्ण को गिरफ्तार कर लिया और उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुडुचेरी को घोषित किया प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र

पुडुचेरी सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के पुडुचेरी, यनम और कराईकल क्षेत्र को एक जुलाई 2024 से 30 जून 2025 तक प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया है। सरकार ने यह फैसला नवंबर-दिसंबर 2024 के महीने में चक्रवाती तूफान फेंगल से हुई विनाशकारी क्षति के चलते लिया।
 

 

गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार को दिए 944 करोड़

गृह मंत्रालय ने चक्रवात फेंगल से प्रभावित लोगों की मदद के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से केंद्रीय हिस्से के रूप में तमिलनाडु राज्य सरकार को 944.80 करोड़ रुपये जारी किए हैं। 

रेवंत रेड्डी कोलकाता आकर देखें सफाई और विकास: टीमएसी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के कोलकाता को कचरा शहर बताने पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आलोचना की है। पार्टी ने उन्हें शहर की सफाई और विकास को देखने के लिए शहर आने का न्योता भी दिया है। तेलंगाना के सीएम ने कहा था कि क्या दिल्ली अभी भी रहने लायक शहर है। आपने बंगलूरू में ट्रैफिक जाम देखा है। चेन्नई में बारिश होने पर नावों का उपयोग करने की स्थिति देखी है। मुंबई में बह जाने की स्थिति देख रहे हैं। मुझे आपको कोलकाता के बारे में बताने की जरूरत नहीं है। स्थिति ऐसी है कि अगर कोलकाता को दुनिया के कचरा शहरों में शामिल किया जाए तो वह पहले स्थान पर होगा। टीएमसी ने इस बयान पर आपत्ति जताई। पार्टी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने कहा कि उनकी टिप्पणी असंवेदनशील है। कोलकाता आनंद का शहर और भारत की सांस्कृतिक राजधानी है। शहर तेजी से विकसित हो रहा है। मैं सुझाव दूंगा कि रेवंत रेड्डी कुछ समय कोलकाता घूमने के लिए निकालें और खुद देखें कि शहर कितना साफ और सुंदर है। राज्यसभा सांसद डोला सेन ने कहा कि हम ऐसे निराधार दावों पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते। कोलकाता देश के सबसे साफ-सुथरे शहरों में से एक है।

सार्वजनिक उपक्रम और बैंकों के निदेशक मंडल में एससी-एसटी सदस्य होना अनिवार्य : संसदीय समिति

संसद की एक समिति ने शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) और बैंकों के निदेशक मंडल में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के सदस्य को अनिवार्य रूप से रखने की जरूरत बताई। समिति ने कहा कि वह कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के रुख से संतुष्ट नहीं हैं कि केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में बोर्ड स्तर के पदों के लिए सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) द्वारा नामों की सिफारिश पर आरक्षण की कोई सरकारी नीति नहीं है। समिति का मानना है कि अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति में उच्च योग्यता वाले उम्मीदवार हैं। मंत्रालय/डीओपीटी को अन्य मंत्रालयों/वित्तीय सेवा विभाग आदि के समन्वय में एक ठोस निगरानी तंत्र विकसित करना चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित ऐसे उम्मीदवारों/सदस्यों को अनिवार्य रूप से सभी मंत्रालयों/विभागों/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों/बैंकों आदि के निर्णय लेने वाले निकायों में शामिल किया जाए। यह बात कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय (कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग) की अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के कल्याण संबंधी समिति की दूसरी रिपोर्ट में की गई। 

ईडी ने अहमदाबाद और मुंबई में की छापेमारी, जब्त किए 13.5 करोड़

 नासिक मर्चेंट को-ऑपरेटिव बैंक (नैमको बैंक) मालेगांव मामले में ईडी के मुंबई जोन ने अहमदाबाद और मुंबई में सात ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 13.5 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की। 
 

शहरों में मतदान केंद्र पर आने से बचते हैं मतदाता: मुख्य चुनाव आयुक्त

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कहा कि शहरों में चुनाव के दिनों में मतदाता मतदान केंद्रों पर आने से बचते हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोग बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बाहर आते हैं। जम्मू-कश्मीर, मणिपुर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत काफी अधिक रहा है, लेकिन शहरों में लोग वोट नहीं देते। तमाम प्रयासों के बावजूद कर्नाटक के बंगलूरू और हरियाणा के गुरुग्राम में मतदाता मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में नहीं आए। मुंबई स्थित कोलाबा में भी सबसे कम मतदान हुआ। चुनाव आयोग शहरी क्षेत्रों में कम मतदान के मुद्दे को उठाता रहा है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में शहरी उदासीनता और युवाओं की उदासीनता पर भी ध्यान दिया जाएगा। भारतीय मतदाता बहुत परिपक्व है और देश में मुद्दों का समाधान गोली से नहीं, बल्कि मतपत्र से होगा।

इसरो ने मिशन गगनयान में सहायता के लिए यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी से मिलाया हाथ

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के साथ एक तकनीकी कार्यान्वय योजना (टीआईपी) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह करार भारत को गगनयान मिशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण ग्राउंड ट्रैकिंग सहायता में सक्षम बनाएगा। इसरो ने इसे वैश्विक सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताया। इसरो की तरफ से शुक्रवार को जारी एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया कि 4 दिसंबर को टीआईपी पर हस्ताक्षर किए गए। इसरो की ओर से इसट्रैक्ट के निदेशक डॉ. अनिलकुमार एके और ईएसए की ओर से प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गुणवत्ता निदेशक तथा इस्टैक, नीदरलैंड के निदेशक डाइटमार पिल्ज ने हस्ताक्षर किए। इसरो और ईएसए ने गगनयान मिशन के लिए ग्राउंड ट्रैकिंग सहायता प्रदान करने के लिए इस पर हस्ताक्षर किए। यह निर्बाध कक्षीय संचालन और डाटा निरंतरता के लिए एक बड़ा कदम है।

हर महीने मंत्रियों के काम की होगी समीक्षा: हेमंत सोरेन

कैबिनेट  विस्तार के बाद हेमंत सोरेन ने संबंधित विभाग के मंत्रियों को कई दिशा निर्देश दिये। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, हम काम के मद्देनजर 15 से 16 बिंदु बनाए हैं। उन्होंने कहा कि, झारखंड को कैसे बेहतर दिशा दी जा सकती है, इस पर हमने चर्चा की। इसके लिए हमने एक रूपरेखा तैयार किया है। इसके तहत सभी मंत्री अपने-अपने विभागों की समीक्षा करना शुरू करेंगे। इसके बाद में प्रत्येक जिले में विभागवार बैठक होगी। इस दौरान जो भी समस्या सामने आएगी उसका जल्द से जल्द समाधान होगा।  सभी मंत्री 2 महीने के भीतर हर जिले का दौरा करेंगे। इसके बाद सभी अपने अपने विभाग के काम को लेकर रोडमैप तैयार करेंगे। इसकी सूचना वे मुझे समय समय पर देते रहेंगे।

कोडानाड डकैती-हत्याकांड: हाईकोर्ट ने तीन आरोपियों को पलानीस्वामी, शशिकला से पूछताछ की अनुमति दी

मद्रास हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कोडानाड एस्टेट डकैती-हत्याकांड के तीन आरोपियों की याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीस्वामी और अपदस्थ एआईएडीएमके नेता वीके शशिकला और उनके रिश्तेदारों को तलब करने और नीलगिरी जिले की निचली अदालत के समक्ष बचाव पक्ष के गवाह के तौर पर उनसे पूछताछ करने की मांग की गई थी।

न्यायमूर्ति पी वेलमुरुगन ने वर्ष 2021 में आरोपी डी दीपू, एमएस सतीसन और ए संतोष सामी की तरफ से दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें निचली अदालत के उस आदेश के खिलाफ याचिका दायर की गई थी, जिसमें दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के स्वामित्व वाले कोडानाड एस्टेट में दर्ज अपराध के संबंध में दोनों नेताओं को तलब करने से इनकार कर दिया गया था। शशिकला दिवंगत एआईएडीएमके सुप्रीमो की करीबी सहयोगी हैं। मूल रूप से, तीनों आरोपियों ने चोरी के पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए पलानीस्वामी और अन्य से पूछताछ करने के लिए उधगमंडलम में ट्रायल कोर्ट के समक्ष एक याचिका दायर की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed