Updates: राजस्थान HC ने सड़क हादसों पर सरकार से मांगी रिपोर्ट; बंगलूरू में 65 वर्षीय महिला की घर में हत्या
करूर भगदड़: विजय की रैली में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सीबीआई के सामने पेश
अभिनेता-राजनीतिज्ञ विजय की रैली के दौरान हुए करूर भगदड़ हादसे की जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। 27 सितंबर को विजय की पार्टी तमिलगा वेत्त्रि कझगम की रैली के दौरान 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए थे। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में शामिल पुलिस अधिकारी मंगलवार को सीबीआई के सामने पेश होकर घटना से संबंधित जानकारी दी। जांच एजेंसी ने हादसे वाली जगह वेलुसामिपुरम का दौरा किया और स्थानीय अधिकारियों से बातचीत कर मौके की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि भीड़ नियंत्रण में कहां चूक हुई और क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था।
कैंसर इलाज में बड़ी राहत, सरकार ने जीन थेरेपी कंपनी को दी फंडिंग
केंद्र सरकार ने कैंसर उपचार को सस्ता और सुलभ बनाने के लिए जीन थेरेपी की अग्रणी कंपनी इम्यूनोऐक्ट को वित्तीय सहायता दी है। यह कंपनी आईआईटी बॉम्बे से जुड़ी एक स्टार्टअप है जिसने नेक्स कार-19 नामक दुनिया की पहली मानव आधारित कार-टी जीन थेरेपी विकसित की है। इस तकनीक के ज़रिए मरीज की अपनी रोग-प्रतिरोधक कोशिकाओं को कैंसर से लड़ने योग्य बनाया जाता है। यह थेरेपी खासतौर पर एक्यूट लिम्फोसाइटिक ल्यूकेमिया जैसे गंभीर कैंसर रोगियों के लिए प्रभावी मानी जा रही है।
सरकार ने बताया कि बायोटेक्नोलॉजी विभाग ने बायो ई-3 नीति के तहत इम्यूनोऐक्ट को 200 लीटर जीएमपी लेंटिवायरल वेक्टर और प्लास्मिड प्लेटफॉर्म स्थापित करने के लिए फंडिंग दी है। इससे थेरेपी उत्पादन की लागत घटेगी और सालाना करीब 1000 मरीजों को लाभ मिलेगा। इस प्लेटफॉर्म में उन्नत बायोरिएक्टर तकनीक जोड़ी जाएगी जो उच्च घनत्व वाली कोशिकाओं के निरंतर उत्पादन को संभव बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एस्टिक सम्मेलन में इसे भारत की तीन बड़ी नवाचार उपलब्धियों में से एक बताया।
भारत और अमेरिका के बीच हुई 22वीं मिलिट्री कोऑपरेशन ग्रुप की बैठक
भारत और अमेरिका के बीच 22वीं मिलिट्री कोऑपरेशन ग्रुप की बैठक का हवाई में सफल समापन हुआ। बैठक की सह-अध्यक्षता एयर मार्शल अशुतोष दीक्षित और लेफ्टिनेंट जनरल जोशुआ एम रड ने की। इस दौरान दोनों देशों ने हाल ही में हस्ताक्षरित मेजर डिफेंस पार्टनरशिप फ्रेमवर्क पर सहयोग बढ़ाने के कदमों की समीक्षा की। बातचीत में एआई, साइबर सुरक्षा, कॉम्बैट मेडिसिन, संयुक्त प्रशिक्षण और ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स पर सहयोग को गहराने पर सहमति बनी। दोनों पक्षों ने आपसी सुरक्षा और इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
वैश्विक रैंकिंग में भारत ने बिखेरी चमक, अमूल और इफको शीर्ष पर
प्रधानमंत्री ने अमूल और इफको को विश्व स्तर पर शीर्ष रैंक हासिल करने पर बधाई दी है। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ लिमिटेड ने सहकारी समितियों की वैश्विक रैंकिंग में पहला स्थान पाया है, जबकि भारतीय कृषक उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) दूसरे स्थान पर रही। मोदी ने कहा कि भारत का सहकारी क्षेत्र जीवंत है और करोड़ों लोगों के जीवन में परिवर्तन ला रहा है।
यह रैंकिंग इंटरनेशनल कोऑपरेटिव एलायंस के वर्ल्ड कोऑपरेटिव मॉनिटर 2025 द्वारा जारी की गई। इसकी घोषणा कतर के दोहा में आयोजित ईसीए सीएम-20 सम्मेलन में की गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार आने वाले समय में सहकारी क्षेत्र को और सशक्त बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाने जा रही है।
तेलंगाना पुलिस ने हैदराबाद में पति के अपहरण की साजिश रचने और फिरौती मांगने के आरोप में उसकी पत्नी सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन कारें, दुपहिया वाहन और कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी एम. माधवी लता ने अपने पति मंत्री श्याम के अपहरण की योजना बनाई थी। उसने वुंडी दुर्गा विनय (32), कट्टा दुर्गा प्रसाद और कटमोनी पुरूषोत्तम समेत कई लोगों को इस काम के लिए किराए पर रखा था। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब श्याम 31 अक्तूबर को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भाग निकला और पुलिस को पूरी जानकारी दी।
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एक टीवी अभिनेत्री के ऑनलाइन यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोपी सोशल मीडिया पर उन्हें अश्लील मैसेज और वीडियो भेजता था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नवीन के को गिरफ्तार कर लिया है। वह यहां व्हाइटफील्ड स्थित एक कंपनी में डिलीवरी मैनेजर के रूप में काम करता है। पुलिस के अनुसार, अभिनेत्री को पिछले तीन महीनों से नवीनज नामक एक फेसबुक यूजर से अश्लील मैसेज मिल रहे थे। हालांकि, उन्होंने उसकी फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं की थी।
आधात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर को बोस्टन ग्लोबल फोरम (बीजीएफ) और एआई वर्ल्ड सोसाइटी ने वर्ल्ड लीडर फॉर पीस एंड सिक्योरिटी अवार्ड-25 से सम्मानित किया गया है। बीजीएफ ने उन्हें मित्र-निर्माता, बंधु-निर्माता, बिना स्वार्थ या पूर्वाग्रह के शांति सेतु बनाने वाला नेता भी करार दिया। यह वैश्विक शांति सम्मान 2015-25 के बीच शांति-सुरक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वालों को समर्पित है। श्री श्री रविशंकर को ये सम्मान उनके वैश्विक शांति-निर्माण, पुनर्समाधान और मानवीय नेतृत्व को देखते हुए प्रदान किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का मिशन लाइफ-लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट' न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक वैश्विक पहल है, बल्कि यह देश की प्राचीन परंपराओं को पुनर्जीवित करने वाला अभियान भी है। उन्होंने इस मिशन पर लिखे केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के लेख को साझा करते हुए कहा कि वास्तविक स्थिरता की शुरुआत समझौतों से नहीं, बल्कि पालन-पोषण और संवर्धन से होती है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भूपेंद्र यादव ने अपने लेख में बताया है कि कैसे मिशन लाइफ भारत की पारंपरिक संरक्षण पद्धतियों जैसे तमिलनाडु के एरी टैंक सिस्टम और राजस्थान के जोहड़ को आधुनिक संदर्भ में ‘पृथ्वी की सेवा’ के रूप में पुनर्परिभाषित कर रहा है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक नीति और व्यक्तिगत प्रयासों से पीएम सूर्य घर योजना के तहत एक करोड़ से अधिक घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए गए हैं। फरवरी 2024 में शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत अब तक 58 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं और 4.9 गीगावॉट की सौर क्षमता जोड़ी गई है।
मणिपुर: मुठभेड़ में चार उग्रवादियों के मारे जाने के बाद सेना ने हथियार और गोला-बारूद बरामद किए
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में मंगलवार को हुई मुठभेड़ में चार उग्रवादियों के मारे जाने के बाद सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर हथियार, गोला-बारूद और एक प्रतिबंधित संगठन के ठिकाने को नष्ट किया। रक्षा विभाग द्वारा बुधवार को जारी बयान में बताया गया कि प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के सशस्त्र कैडरों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर हेंगलेप उपखंड के खानपी गांव में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान चार उग्रवादी ढेर कर दिए गए।
सेना की स्पीयर कोर टीम ने मौके से चार हथियार, जिनमें एक AK-56 राइफल, एक MA4 MK-II राइफल, गोला-बारूद और युद्ध सामग्री बरामद की। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी भी उग्रवादी गतिविधि को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
कर्नाटक: बीदर में कार और कूरियर वाहन की भिड़ंत, तीन की मौके पर मौत
कर्नाटक के बीदर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक कार की आमने-सामने टक्कर एक कूरियर सेवा के वाहन से हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले के नारायणखेड तालुक के रहने वाले रचप्पा (57), नवीन (30) और नागराज (38) के रूप में हुई है। यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे भालकी तालुक के नीलमंडी टांडा के पास हुआ। सभी लोग कलबुर्गी जिले के श्री दत्तात्रेय मंदिर में पूजा-अर्चना करके लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग और बोलेरो चालक घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बीदर के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के उत्तरहल्ली इलाके में एक 65 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान श्रीलक्ष्मी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला का सोने का मंगलसूत्र गायब है, जिससे हत्या के पीछे चोरी की आशंका जताई जा रही है। यह घटना मंगलवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार, श्रीलक्ष्मी के पति अश्वथ नारायण जब काम पर थे, तो उन्होंने कई बार पत्नी को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शाम करीब 5:30 बजे अपने किरायेदार से घर जाकर देखने को कहा। जब किरायेदार ने घर का दरवाजा खोला, तो श्रीलक्ष्मी बेहोश हालत में फर्श पर पड़ी मिलीं। पुलिस ने बताया कि उनके गले, होंठ और चेहरे पर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई और फिर गहने लेकर आरोपी फरार हो गया।
पुलिस को शक है कि यह वारदात किसी परिचित व्यक्ति ने की हो सकती है। इस मामले में सुब्रमण्यपुरा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।