Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5th March North East West South India Politics Crime National News In Hindi

News Updates: पीएम मोदी से मिला जापानी व्यापार प्रतिनिधिमंडल; तेलंगाना सुरंग हादसे में रोबोट की ली जाएगी मदद

Wed, 05 Mar 2025 09:41 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Wed, 05 Mar 2025 09:41 PM IST
विज्ञापन
News Updates 5th March North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'आज तात्सुओ यासुनागा के नेतृत्व में जापानी व्यापार प्रतिनिधिमंडल से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत में उनकी विस्तार योजनाओं और 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड' के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता से उत्साहित हूं। हमारे विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदार जापान के साथ आर्थिक सहयोग को और गहरा करने की आशा है।'

विज्ञापन

 
विज्ञापन
विज्ञापन


पार्टी संपत्ति की निगरानी के लिए कांग्रेस का नया विभाग गठित
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश भर में कांग्रेस पार्टी की संपत्तियों की निगरानी के लिए एक नया एआईसीसी विभाग गठित किया है और विजय इंदर सिंगला को तत्काल प्रभाव से इस विभाग का एआईसीसी प्रभारी नियुक्त किया है।

झारखंड में BJP ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक
भाजपा ने झारखंड विधानसभा में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी सांसद डॉ. के. लक्ष्मण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के चूराचांदपुर और इंफाल पूर्वी जिले में अलग-अलग अभियान में तीन नाबालिगों समेत पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि चूराचांदपुर के बेथेल से एक 19 साल के युवक को तीन नाबालिगों को पकड़ा गया। सभी स्थानीय व्यापारियों ने जबरन वसूली, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में शामिल थे। उनसे दो पिस्तौल बरामद की गईं। इसके अलावा इंफाल पूर्व में ओल्ड मॉडर्न कॉलेज गेट से प्रतिबंधित पार्टी के एक सदस्य को पकड़ा गया। उसके पास 10 हथगोले मिले।

16 हथियार किए गए सरेंडर
मणिपुर के तीन घाटी जिलों में सुरक्षा बलों को 16 हथियार सरेंडर कि गए। पुलिस ने बताया कि बिष्णुपुर जिले में कमांडो इकाई के सामने दो एसएलआर राइफल, खाली मैगजीन के साथ इंसास राइफल सरेंडर की गई। जबकि कुम्बी और फोगाकचाओ में दो बोल्ड एक्शन राइफल, पिस्तौल और कार्बाइन सरेंडर की गई। जबकि इंफाल पूर्व में तीन पिस्तौल, गोला-बारूद का जखीरा और तीन ग्रेनेड पुलिस को सौंपे गए। इससे पहले पांच जिलों में लोगों ने स्वेच्छा से 33 हथियार और गोला-बारूद पुलिस को लौटा दिए थे।मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने पहाड़ी और घाटी, दोनों क्षेत्रों के लोगों की मांग के बाद लूटे गए और अवैध हथियारों को लौटाने की समयसीमा छह मार्च शाम चार बजे तक बढ़ा दी थी। भल्ला ने 20 फरवरी को राज्य के लोगों से लूटे गए और अवैध रूप से रखे गए हथियारों को सात दिनों के भीतर स्वेच्छा से सौंपने का आग्रह किया था। 

बढ़ते अपराध का विरोध करेगी कांग्रेस
ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के विरोध में 10 मार्च को कांग्रेस राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बताया कि राज्य में कोई शासन नहीं है। अराजकताओं से सबसे ज्यादा महिलाएं प्रभावित हो रही हैं। राज्य में हर दिन कम से कम सात महिलाओं को अपमान का सामना करना पड़ता है। अगर कानून का शासन होता तो स्थिति अलग होती। कांग्रेस हर जिले में 10 मार्च को प्रदर्शन करेगी।

Trending Videos

कर्नाटक : रॉ में नौकरी का झांसा देकर 30 लोगों को ठगने के आरोप में दो गिरफ्तार
रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) में अधिकारी के रूप में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 30 से अधिक लोगों को ठगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान आंध्र प्रदेश के मूल निवासी अरविंद नायडू (36) और कर्नाटक के बीदर के वेणुगोपाल के रूप में हुई है। आरोपी फोटोकॉपी व स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों ने नौकरी के इच्छुक लोगों से 2 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक की ठगी की। यह मामला तब सामने आया जब जेपी नगर निवासी एक व्यक्ति ने 26 फरवरी को केंद्रीय अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई।  

16,053 करोड़ से थार रेगिस्तान का फैलाव रोकेगा केंद्र
 अरावली पर्वत शृंखला के पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने के लिए शुरू किए गए अरावली ग्रीन वॉल प्रोजेक्ट के पहले चरण में केंद्र सरकार ने 8,16,732 हेक्टेयर वन क्षेत्र को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए 16,053 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव है। यह परियोजना राजस्थान, हरियाणा, गुजरात और दिल्ली में फैले अरावली क्षेत्र में मरुस्थलीकरण रोकने और हरित बफर जोन विकसित करने से जुड़ी है।

700 किलोमीटर लंबी अरावली शृंखला थार रेगिस्तान के विस्तार को रोकने वाली प्राकृतिक दीवार का काम करती है। यह दिल्ली, जयपुर और गुरुग्राम जैसे शहरों को रेतीले तूफानों से बचाती है। साथ ही, यहां से चंबल, साबरमती और लूनी जैसी नदियों का उद्गम होता है। हालांकि, अवैध खनन, वनों की कटाई और मानव अतिक्रमण के कारण इस क्षेत्र के 42 प्रतिशत (26.70 लाख हेक्टेयर) हिस्सा का क्षरण हो चुका है। यहां के जलस्रोत सूख रहे हैं और वन्यजीवों का अस्तित्व खतरे में है। पहले चरण में दिल्ली का 3,010 हेक्टेयर, गुजरात का 5,677 हेक्टेयर, हरियाणा का 3,812 हेक्टेयर और राजस्थान का 99,952 हेक्टेयर हिस्सा शामिल है।

जाली पासपोर्ट से कनाडा पहुंचा युवक, अमेरिका ने किया प्रत्यर्पित  
गुजरात के गांधीनगर जिले के कलोल निवासी जिग्नेश पटेल (31) को जाली पासपोर्ट से कनाडा यात्रा करने के आरोप में अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पनामा के रास्ते अमेरिका भी पहुंचा था, जहां से उसे भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया। वह रविवार शाम को दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचा था, जहां स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने उसे हिरासत में लिया। एफआईआर के मुताबिक, पटेल ने वसीम खलील नाम के एक व्यक्ति के पासपोर्ट का इस्तेमाल कर 3 फरवरी, 2025 को दिल्ली से एयर कनाडा की उड़ान से कनाडा की यात्रा की थी।

आंध्र में राजग उम्मीदवारों ने जीता एमएलसी चुनाव
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार ए राजेंद्र प्रसाद और पी राजशेखरम ने आंध्र प्रदेश में स्नातक विधान परिषद सदस्य चुनाव में विजय हासिल की। जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र एमएलसी चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार जी श्रीनिवासुलु नायडू को जीत मिली। प्रसाद ने आंध्र प्रदेश के अविभाजित कृष्णा-गुंटूर जिलों से स्नातक एमएलसी सीट जीती है। गुंटूर की जिलाधिकारी एस नागलक्ष्मी ने मंगलवार को परिणाम की घोषणा करते हुए कहा, पी राजशेखरम ने अविभाजित पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी जिलों से स्नातक एमएलसी चुनाव जीता।

तेलंगाना में कांग्रेस को झटका, भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत : हैदराबाद। तेलंगाना विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने जीत हासिल की। एक अन्य शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुआ। भाजपा समर्थित मलका कोमरैया ने मेडक-निजामाबाद-आदिलाबाद-करीमनगर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की। निर्दलीय उम्मीदवार श्रीपाल रेड्डी पिंगिली ने वारंगल-खम्मम-नलगोंडा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।

गुजरात में यूसीसी के लिए पोर्टल लॉन्च, जनता से मांगे सुझाव
गुजरात सरकार की ओर से राज्य में महिलाओं और बच्चों को समान अधिकार देने वाली समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू करने के लिए गिठत समिति ने मसौदा तैयार कर पोर्टल लॉन्च किया है। पांच सदस्यीय समिति की अध्यक्ष पूर्व जज रंजना देसाई ने पोर्टल www.uccgujarat.in पर यूसीसी को लेकर जनता, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, राजनीतिक दलों और सरकारी एजेंसियों से सुझाव देने को कहा है।

दलों के प्रति सुलभ व उत्तरदायी हों चुनाव अधिकारी : सीईसी
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को राज्यों में अपनी चुनाव मशीनरी को निर्देश दिया कि वे राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें करें और प्रक्रिया के अनुसार मुद्दों को हल करें। उन्होंने अधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रति सुलभ और उत्तरदायी होने का निर्देश दिया। सीईसी का यह निर्देश राज्य चुनाव अधिकारियों के एक सम्मेलन में ऐसे समय दिया गया, जब तृणमूल कांग्रेस ने यह आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के पास समान मतदाता कार्ड संख्या है।

राज्य चुनाव अधिकारियों को 31 मार्च तक मुद्दा-वार कार्रवाई रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा गया है। ज्ञानेश कुमार के सीईसी का पदभार संभालने के बाद यह इस तरह का पहला सम्मेलन है। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता से काम करने और सभी वैधानिक दायित्वों को मौजूदा कानूनी ढांचे के अनुसार पूरा करने का आह्वान किया। कुमार ने कहा, संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा मौजूदा वैधानिक ढांचे के भीतर किसी भी मुद्दे को हल करने के लिए वैधानिक स्तर पर सभी दलों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। सभी निर्वाचन अधिकारियों को अपनी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों का उसी तरह अक्षर: पालन करना चाहिए, जैसा कानून और चुनाव आयोग के निर्देशों में स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है।

झारखंड: नक्सल प्रभावित क्षेत्र से हथियारों का जखीरा बरामद
 झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक नक्सल प्रभावित इलाके से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने मंगलवार को टोंटो थाना क्षेत्र के हुस्सीपी इलाके के जंगलों में अभियान चलाया और यह जब्ती की। 10-10 किलो के दो आईईडी नष्ट किए गए। बरामद हथियारों में एक देसी पिस्तौल, दो कार्बाइन, एक बोल्ट एक्शन राइफल, 13 .303 बोर कारतूस, आठ 7.62 एमएम गोला-बारूद, 58 डेटोनेटर, तीन वायरलेस सेट और 95 स्पाइक रॉड शामिल हैं।  

ओडिशा में एटीएम लूटपाट गिरोह का भंडाफोड़, 8 बदमाश गिरफ्तार
 ओडिशा में पुलिस ने एटीएम की लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर इसके आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक यूपी से पकड़ा गया। एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में देबी प्रसाद मल्लिया, आकाश महापात्रा, रमाकांत साहू, सागर सामल, बीरेन राउत और आकाश मुखर्जी शामिल हैं। पूछताछ के बाद प.बंगाल से राजू और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ए रुस्तम को गिरफ्तार किया है।  

कर्नाटक में पत्थर खादान में विस्फोट 15 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के मदत्तदका गांव में पत्थर की खदान में विस्फोट होने से 15 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह हादसा कथित तौर पर चट्टान तोड़ने के लिए रखी गईं जिलेटिन छड़ों के भंडार में अत्यधिक गर्मी के कारण विस्फोट होने से हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे के आसपास हुआ। विस्फोट स्थल के 100 मीटर के दायरे में आने वाले दो घरों में दरारें पड़ गईं। वहीं, एक किलोमीटर दायरे में स्थित 15 से अधिक घरों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट की आवाज चार किलोमीटर दूर तक सुनी गई। पुलिस के मुताबिक, पत्थरों के बीच लगभग 200 जिलेटिन की छड़ें और डेटोनेटर रखे गए थे।

आशीष सिन्हा एस्टोनिया में  होंगे भारत के अगले राजदूत
वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी आशीष सिन्हा को एस्टोनिया गणराज्य में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर सेवारत हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 2005 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी सिन्हा के जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है।  

सोना तस्करी के आरोप में बेटी गिरफ्तारी पर स्तब्ध डीजीपी रामचंद्र राव
दुबई से सोना तस्करी के आरोप में डीआरआई की तरफ से गिरफ्तार की गई अपनी बेटी रान्या राव पर कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम के डीजीपी रामचंद्र राव ने कहा, 'जब मीडिया के माध्यम से ऐसी घटना मेरे संज्ञान में आई तो मैं भी स्तब्ध और हताश हो गया था, मुझे इनमें से किसी भी चीज की जानकारी नहीं थी, किसी भी अन्य पिता की तरह मैं भी स्तब्ध था। वह हमारे साथ नहीं रह रही है, वह अपने पति के साथ अलग रह रही है, कुछ पारिवारिक मुद्दों के कारण उनके बीच कुछ समस्या होनी चाहिए। खैर, कानून अपना काम करेगा, मेरे करियर में कोई काला धब्बा नहीं है। मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता।'

साहित्य अकादमी के साहित्य महोत्सव में 700 से अधिक साहित्यकार होंगे शामिल
साहित्य अकादमी के वार्षिक साहित्य महोत्सव ‘साहित्योत्सव: साहित्य महोत्सव’ में 7 मार्च से शुरू होने वाले लगभग 120 सत्रों में 53 भारतीय भाषाओं के 722 लेखक, कवि और अन्य उल्लेखनीय हस्तियां भाग लेंगी। 'भारतीय साहित्यिक परंपराएं: विरासत और विकास' थीम पर आधारित इस महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे।

वार्षिक साहित्यिक समारोह में ममंग दाई, संजय हजारिका, नीलिमा सिंह, मिनी कृष्णन, सुजाता शिवेन, रख्शंदा जलील, नंदिता दास, अखिल कत्याल, पॉल जकारिया, वोल्गा, अर्जुन देव चरण, वामन केंद्रे, ए जे थॉमस, मनीषा कुलश्रेष्ठ, यतींद्र मिश्रा और एम के रैना सहित प्रख्यात लेखकों और कवियों के व्याख्यान और सत्र आयोजित किए जाएंगे। 8 मार्च को अकादमी साहित्य अकादमी पुरस्कार के 23 विजेताओं को एक समारोह में सम्मानित करेगी, जिसे प्रसिद्ध अंग्रेजी नाटककार महेश दत्तानी संबोधित करेंगे। इस वर्ष का 'संवत्सर व्याख्यान' अंग्रेजी लेखक उपमन्यु चटर्जी की तरफ से 9 मार्च को 'कुछ बातें जिन पर बात की जानी चाहिए' विषय पर दिया जाएगा। 10 मार्च को साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता गगन गिल (हिंदी), के जयकुमार (मलयालम), समीर तांती (असमिया), ए आर वेंकटचलपति (तमिल) और दिलीप झावेरी (गुजराती) क्रमशः अंजुम शर्मा, पी कृष्णनुन्नी, दिनकर कुमार, डी आई अरविंदन और कमल वोरा सहित अन्य प्रतिष्ठित लेखकों और विद्वानों के साथ बातचीत करेंगे।

अदाणी फाउंडेशन ने एक हजार लखपति दीदियों को किया सम्मानित
अदाणी फाउंडेशन ने बुधवार को 1,000 से अधिक ‘लखपति दीदी को सम्मानित किया और महिलाओं की समुचित भागीदारी वाला कार्यबल एवं समाज बनाने की प्रतिबद्धता जताई। ‘लखपति दीदी’ किसी स्वयं-सहायता समूह की सदस्य होती हैं, जिनकी वार्षिक घरेलू आय एक लाख रुपये या उससे अधिक होती है। अदाणी समूह की सामाजिक कल्याण और विकास शाखा अदाणी फाउंडेशन ने एक बयान में कहा कि इसने 850 से अधिक महिलाओं को उनका उद्यमिता कौशल बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनने में मदद की है। बयान के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले अदाणी फाउंडेशन ने गुजरात के मुंद्रा में आयोजित एक कार्यक्रम में 1,000 से अधिक ‘लखपति दीदी’ को सम्मानित किया। यह स्त्री-पुरुष समानता पर आधारित समाज बनाने और महिलाओं की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दोहराता है।'

एआई से भारतीय अर्थव्यवस्था में एक लाख करोड़ डॉलर का हो सकता है इजाफा- निशिकांत
वरिष्ठ भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में विकास से देश की अर्थव्यवस्था में एक लाख करोड़ डॉलर का इजाफा हो सकता है। निशिकांत दुबे संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी पर संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं। निशिकांत दुबे ने कहा कि समिति ने बुधवार को बैठक में बैंकिंग, राजस्व और अन्य संबंधित क्षेत्रों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभाव पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एआई पर बहुत गंभीर हैं। उन्होंने हाल ही में एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सहअध्यक्षता भी की।

भाजपा नेता ने कहा कि भारत को एआई के मामले में प्रगति की आवश्यकता है। हम प्रौद्योगिकी को रोक नहीं सकते। केवल एआई के जरिये अर्थव्यवस्था में करीब एक लाख करोड़ डॉलर की वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही 50-60 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत एआई के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभरेगा। बैठक के दौरान समिति ने संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की अनुदान मांगों पर रिपोर्ट पर भी विचार-विमर्श किया। इसे अगले सप्ताह से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे हिस्से में पेश किए जाने की उम्मीद है।

झारखंड: सिमडेगा जिले से चार नक्सली गिरफ्तार
झारखंड के सिमडेगा जिले में बुधवार को प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि वे कई पुलिस थानों में कई मामलों में वांछित थे और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। सिमडेगा सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी बैजू उरांव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले पीएलएफआई सदस्य सुनील उरांव उर्फ तूफान को गिरफ्तार किया, जब वह पाकरटांड थाना क्षेत्र में लेवी वसूलने आया था।

तेलंगाना सुरंग हादसा: बचाव अभियान में ली जाएगी रोबोट की मदद
तेलंगाना में नागरकुर्नूल जिले में निर्माणाधीन सुरंग के अंदर फंसे 8 लोगों को बचाने के लिए अब रोबोट की मदद ली जा सकती है। 22 फरवरी को सुरंग का एक हिस्सा ढहने से आठ श्रमिक और इंजीनियर अंदर फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, सेना और नौसेना उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हैदराबाद की रोबोटिक्स कंपनी की टीम ने मंगलवार को इस बात की जांच की थी कि क्या रोबोट सुरंग के अंदर गहराई तक जाकर काम कर सकता है, क्योंकि सुरंग के भीतर आर्द्रता (ह्मयूडिटी) अधिक है। रोबोटिक्स कंपनी इस संबंध में जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जब भविष्य में सुरंग में परियोजना से संबंधित कार्य दोबारा शुरू होगा, तो चट्टानों की संरचनात्मक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए रोबोट प्रारंभिक टोही का कार्य कर सकते हैं। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भूकंप संबंधी अध्ययन के लिए राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक भी बचाव दल के साथ सुरंग के भीतर जाकर जांच कर चुके हैं। 2 मार्च को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी बचाव अभियान का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे थे।

एक लाख से अधिक बच्चों ने चुना एनपीएस वात्सल्य- पीएफआरडीए
सरकार की ओर से पिछले साल सितंबर में पेश एनपीएस वात्सल्य योजना में अब तक एक लाख से अधिक बच्चों का खाता खुल चुका है। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के अध्यक्ष दीपक मोहंती ने बुधवार को कहा, योजना के प्रचार-प्रसार के लिए नियामक सक्रिय रूप से काम कर रहा है। मध्यस्थ आधार का विस्तार भी कर रहा है क्योंकि देश में पेंशन की पहुंच कम है।

दीपक मोहंती ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, नवजात शिशु भी एनपीएस का विकल्प चुन सकते हैं। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि सितंबर, 2024 में वित्त मंत्री की ओर से इस उत्पाद को लॉन्च किए जाने के बाद से अब तक एक लाख से अधिक शिशुओं ने एनपीएस वात्सल्य का विकल्प चुना है। एनपीएस वात्सल्य योजना के तहत 18 वर्ष की आयु तक के सभी नाबालिग नागरिक खाता खोलने के पात्र हैं। माता-पिता या अभिभावक हर महीने न्यूनतम 1,000 रुपये का अंशदान कर सकते हैं। अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है।

साइबर ठगी के शिकार होने से बचे कांग्रेस विधायक
पैसों की मांग को लेकर साइबर ठगों ने तेलंगाना की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के एक विधायक को 'वीडियो कॉल' कर फंसाने की कोशिश की। साइबर ठगों ने वीडियो कॉल का स्क्रीन शॉट बनाकर विधायक से पैसों की मांग की। वहीं इस मामले में नालगोंडा से विधायक वेमुला वीरशम ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात को विधायक को एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल किया गया, जिसमें एक महिला बिना कपड़ों के थी। साइबर ठगों ने वीडियो कॉल का स्क्रीन शॉट बनाकर पैसों की मांग की। साइबर ठगों ने पैसा नहीं देने पर वीडियो उनके दोस्तों को भेजने की धमकी दी। इसके बाद विधायक वेमुला ने पुलिस से इसकी शिकायत की। शुरुआती जांच में पता चला है कि विधायक को वीडियो कॉल मध्य प्रदेश से की गई थी।

विधि सचिव नियुक्त की गई अंजू राठी राणा
भारतीय विधि सेवा की अधिकारी अंजू राठी राणा को बुधवार को नया विधि सचिव नियुक्त किया गया। वे विधि मामलों की सचिव नियुक्त होने वाली पहली महिला हैं, जिन्हें विधि सचिव भी कहा जाता है। अंजू राठी राणा 2027 में संयुक्त सचिव के रूप में विधि मंत्रालय में शामिल हुई थीं। इससे पहले वे 18 वर्षों तक दिल्ली सरकार में लोक अभियोजक थीं। बुधवार को उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई। आईएएस अधिकारी नितेन चंद्र कुछ महीने पहले तक विधि सचिव थे और तब से यह पद खाली था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed