फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5th July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Update: PM मोदी ने रामविलास पासवान की जयंती पर दी श्रद्धांजलि; कोलकाता- 9 अगस्त को गैर-राजनीतिक नबन्ना मार्च

Sat, 05 Jul 2025 04:25 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 05 Jul 2025 04:25 PM IST
विज्ञापन
News Updates 5th July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि दलितों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को कभी नहीं भुलाया जा सकता। लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक की जयंती पर मोदी ने कहा कि उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित था। अन्य भाजपा नेताओं ने भी दिग्गज दलित नेता को याद किया और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने समाज के गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए उनके समर्पण की सराहना की।

विज्ञापन


एअर इंडिया ने अहमदाबाद हादसे के दो तिहाई पीड़ितों को दिया मुआवजा
एअर इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि उसने अहमदाबाद में 12 जून को हुए विमान हादसे में मारे गए करीब दो-तिहाई पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा दे दिया है। एअर इंडिया ने 14 जून को घोषणा की थी कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना में प्रत्येक मृतक और जीवित बचे व्यक्ति के परिवारों को तत्काल वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद के लिए 25 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा प्रदान करेगी। अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा एअर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान 12 जून को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में विमान में सवार और जमीन पर मौजूद 260 लोगों की मौत हो गई थी। एअर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व प्रबंध निदेशक कैम्पबेल विल्सन ने एयरलाइन कर्मचारियों को एक आंतरिक पोस्ट में बताया, हमारी टीम परिवारों को अंतरिम मुआवजा दिलाने में मदद कर रही हैं। प्रत्येक प्रभावित परिवार को एअर इंडिया के प्रतिनिधि की तरफ से सीधे सहायता दी जा रही है, जिनमें से लगभग दो-तिहाई परिवारों को पहले ही भुगतान मिल चुका है या उनका भुगतान अंतिम चरण में है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने कहा कि टाटा संस परिवारों और बचे लोगों को दीर्घकालिक सहायता प्रदान करने के लिए तंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया में है। बता दें कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जबकि जमीन पर हताहतों सहित कुल 260 लोगों की जान गई थी।

विज्ञापन

 

कर्नाटक में बाघों के मौत मामले में अधिकारियों के निलंबन की सिफारिश
कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने शुक्रवार को उप वन संरक्षक (डीसीएफ) वाई चक्रपाणि और तीन अन्य अधिकारियों को नर महादेश्वर (एमएम) पहाड़ियों में पांच बाघों की अप्राकृतिक मौतों के संबंध में लापरवाही के लिए निलंबित करने की सिफारिश की। खंड्रे ने उनके आचरण की विभागीय जांच की भी सिफारिश की। 26 जून को एमएम हिल्स के हुग्यम रेंज में एक मादा बाघिन और उसके चार शावक मृत पाए गए थे। घटना के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें जहर छिड़कने वाली एक गाय का मालिक भी शामिल है, जिसे जंगली बिल्लियों ने खा लिया था। खंड्रे का यह फैसला अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (एपीसीसीएफ) कुमार पुष्कर की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय जांच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आया। समिति घटना की जांच कर रही थी। मंत्री ने समिति को 10 जुलाई तक अपनी अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। खंड्रे के कार्यालय ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले तीन महीनों से फ्रंटलाइन अनुबंध कर्मचारियों को उनके वेतन या भत्ते का भुगतान नहीं किया गया था, जिससे गश्ती गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हुई। हालांकि, वेतन भुगतान के लिए राशि अप्रैल के अंत तक जारी कर दी गई थी, लेकिन भुगतान जून तक विलंबित रहा।
विज्ञापन

News Updates 5th July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
असम मेघालय सीमा विवाद के बीच पहला स्तंभ स्थापित - फोटो : एक्स@himantabiswa
असम-मेघालय सीमा विवाद : विवादित क्षेत्र में पहला सीमा स्तंभ स्थापित; मुख्यमंत्री सरमा ने की घोषणा
असम और मेघालय के बीच दशकों पुराने सीमा विवाद को सुलझाने की दिशा में अंतर-राज्यीय सीमा पर विवादित क्षेत्र में पहला सीमा स्तंभ स्थापित किया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। हालांकि, उन्होंने इसका स्थान स्पष्ट नहीं किया। सरमा ने कहा, जब 1972 में मेघालय असम से अलग होकर एक नया राज्य बना था, तब उसकी सीमा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अस्पष्ट रह गया था। इससे अकसर दोनों राज्यों के बीच अव्यवस्था और तनाव की स्थिति उत्पन्न होती रही है। मुख्यमंत्री सरमा ने अपने मेघालय समकक्ष कॉनराड संगमा को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, दोनों राज्यों ने गठन के 50 साल बाद 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता दोनों राज्यों ने राष्ट्रीय राजधानी में किया था। समझौते के तहत सीमाओं को परिभाषित किया गया था। 12 विवादित क्षेत्रों में से छह का समाधान कर लिया गया है और उस समझौते के तहत सीमा स्तंभ स्थापित किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि दोनों मुख्यमंत्रियों ने 2 जून को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की थी कि स्वतंत्रता दिवस तक पांच विवादित क्षेत्रों में सीमा स्तंभ स्थापित किए जाएंगे।
विज्ञापन

पलामू में ट्रक पलटने से 3 मजदूरों की मौत, 29 घायल
झारखंड के पलामू जिले में शुक्रवार को एक भीड़भाड़ वाले मिनी ट्रक के पलटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि 29 घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हादसा एनएच-98 पर चतरपुर थाना क्षेत्र में हुआ। चतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि मजदूर बिहार के सासाराम धान कटाई के लिए जा रहे थे। नशे में धुत ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर से टकराकर पलट गया। दो मजदूरों की मौत स्थान पर ही हो गई, जबकि तीसरे ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पीड़ितों की पहचान राजू भुइयां (27), गुड्डू राम (25) और पुरन भुइयां (30) के रूप में हुई है। 20 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।

अभिनेत्री रान्या की 34 करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोना तस्करी से जुड़े धन शोधन मामले में कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव की 34 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि विक्टोरिया लेआउट में एक आवास और बंगलूरू के अर्कावती लेआउट में एक आवासीय भूखंड, तुमकुर में एक औद्योगिक भूखंड और अनेकल तालुक में एक कृषि भूमि को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जब्त किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य लगभग 34.12 करोड़ रुपये है। संघीय जांच एजेंसी ने राव की कथित संलिप्तता वाले सोना तस्करी गिरोह के संबंध में सीबीआई और डीआरआई (राजस्व खुफिया निदेशालय) की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पीएमएलए मामला दर्ज किया था। 

हज : 2026 के लिए एक हफ्ते बाद शुरू हो जाएंगे आवेदन
केंद्र सरकार एक हफ्ते बाद वर्ष 2026 की हज यात्रा के लिए आवेदन स्वीकार करना शुरू कर देगी। यह जानकारी केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को हज समीक्षा बैठक के बाद दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में हज का अब तक का सबसे बेहतरीन आयोजन किया गया और अगले साल उनका मंत्रालय इसमें और सुधार का करने का प्रयास करेगा। उन्होंने हज यात्रियों से आग्रह किया कि किसी तरह की जटिलताओं से बचने के लिए दस्तावेजों को समय पर जमा करना सुनिश्चित करें।

झारखंड : पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के 8 ठिकानों पर ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ चल रही रेत के अवैध खनन और जबरन वसूली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में आठ ठिकानों पर छापे मारे। हजारीबाग और रांची स्थित परिसरों पर सुबह से ही केंद्रीय एजेंसी ने छापे की कार्रवाई की। सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के अनुसार की जा रही है। 

असम में ढाई करोड़ रुपये की अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, 43 किलो बरामद
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 43.5 किलो अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को छह माइल इलाके में पुलिस द्वारा लगाए गए नियमित नाका चेक के दौरान एक वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अफीम मिली। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

केरल में अस्पताल हादसे पर बवाल, महिला की मौत के बाद इस्तीफे की मांग, विपक्ष का सड़कों पर प्रदर्शन
केरल के कोट्टायम मेडिकल कॉलेज की इमारत का हिस्सा गिरने से 52 वर्षीय बिंदु की मौत के बाद राज्य में सरकार का विरोध तेज हो गया है। कांग्रेस महिला मोर्चा ने पालाक्कड़ अस्पताल तक मुंह पर काली पट्टी बांधकर मार्च निकाला। विपक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज पर जिम्मेदारी तय करते हुए इस्तीफे की मांग की है। शुक्रवार को भी कई जगह प्रदर्शन हुए। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

 

असम पुलिस के जांबाजों ने अमेरिका में लहराया परचम, वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में 5 गोल्ड, 3 सिल्वर मेडल जीते

असम पुलिस के जवानों ने अमेरिका के बर्मिंघम में चल रहे वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि कंदरपा बोरा ने दोनों हाथों में गोल्ड जीता, अमलांजीत बोर्थाकुर ने एक गोल्ड और एक सिल्वर, जुनमनी दास ने एक गोल्ड और एक सिल्वर, जबकि लोवीता कोच ने एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में दुनियाभर के पुलिसकर्मी और फायरफाइटर्स हिस्सा लेते हैं। भारत इस वक्त कुल 373 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

कम्युनिस्ट नेता अच्युतानंदन के सेहत में सुधार नहीं
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन अभी भी एक निजी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में हैं, उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है, अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्हें 23 जून को हृदयाघात और उम्र संबंधी बीमारियों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शनिवार को अस्पताल द्वारा जारी नवीनतम मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि 101 वर्षीय नेता अभी भी आईसीयू में हैं और उनकी हालत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, बुलेटिन में उनके उपचार के बारे में और जानकारी नहीं दी गई है। केरल की राजनीति में एक कद्दावर व्यक्ति अच्युतानंदन हाल के वर्षों में सार्वजनिक जीवन से दूर रहे हैं। वे 2006 से 2011 तक राज्य के मुख्यमंत्री थे।

असम के धेमाजी में पत्रकार पर हमला, सीएम ने कहा पुलिस की जांच जारी है
असम के धेमाजी जिले में पंचायत चुनाव से संबंधित समाचार कवर करने के दौरान भीड़ की तरफ से कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद एक पत्रकार घायल हो गया। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि असमिया समाचार चैनल के लिए काम करने वाले मधुरज्या सैकिया शुक्रवार को डिमो पाथर में लाठी-डंडों से लैस 25 से अधिक लोगों की भीड़ की तरफ से हमला किए जाने पर घायल हो गए।

सिलापाथर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत में सैकिया ने आरोप लगाया कि उन पर हमले के पीछे एक स्थानीय संगठन के नेताओं का हाथ है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए सैकिया का डिब्रूगढ़ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच, ताकम मिसिंग पोरिन केबांग (मिसिंग छात्र संघ) ने पत्रकार द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया। फेसबुक पोस्ट में टीएमपीके अध्यक्ष तिलक डोले ने दावा किया कि न तो उनका और न ही उनके संगठन के किसी सदस्य का इस घटना से कोई संबंध है। उन्होंने कहा कि टीएमपीके प्रेस का बहुत सम्मान करता है।

इस घटना के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि दोषियों को ढूंढना और उन्हें गिरफ्तार करना पुलिस का काम है। एक सप्ताह के भीतर राज्य में पत्रकारों पर यह दूसरा ऐसा हमला है। स्थानीय टीवी पत्रकार बिमलज्योति नाथ और उनके सहयोगी पर 29 जून को ढेकियाजुली में हमला किया गया था। दोनों पत्रकारों पर उस समय हमला किया गया जब वे कथित अवैध खनन गतिविधियों की खबर कवर करके लौट रहे थे।

सीएम सरमा बोले- राज्य में पत्रकारों के बीच एकता नहीं
उन्होंने कहा, 'अगर हम ढेकियाजुली की घटना को लें तो एक वर्ग के लोगों पर हमला किया गया और दूसरा मीडिया समूह हमलावरों को बचा रहा है।' उन्होंने बक्सा में संवाददाताओं से कहा, 'आप सभी के बीच कोई एकता नहीं है। आप हमारे जैसे हो गए हैं - भाजपा, कांग्रेस, एजीपी और यूपीपीएल। वास्तव में, हमारे बीच और भी अधिक एकता है।'

झारखंड में NH-2 पर कार के डिवाइडर से टकरा कर पलटी, दो युवकों की मौत
झारखंड के धनबाद जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 2 पर एक कार के डिवाइडर से टकराने और पलटने से दो युवकों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर के पास सुबह करीब 5.30 बजे हुई। राजगंज थाना प्रभारी अलीशा अग्रवाल ने बताया कि धनबाद की ओर जा रही कार डिवाइडर से टकरा गई और एनएच-2 की सर्विस लेन पर उतरने से पहले कई बार पलटी। 

उन्होंने कहा, 'ऐसा प्रतीत होता है कि कार तेज गति से चल रही थी और चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।' उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हीरा शोरूम के मालिक के बेटे शाहिल कृष्णनी (20) और उसके दोस्त अनमोल रतन (21) के रूप में हुई है। दोनों धनसार थाना क्षेत्र के जोड़ाफाटक रोड के रहने वाले थे।

कर्नाटक सरकार ने 'अवैध खनन' घोटाले की जांच के लिए कैबिनेट उपसमिति गठित की
कर्नाटक सरकार ने शनिवार को 'अवैध खनन' मुद्दे की जांच करने और उचित कार्रवाई की सिफारिश करने के लिए कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एच के पाटिल की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कैबिनेट उपसमिति गठित की। उपसमिति को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

इसमें गृह मंत्री जी परमेश्वर, खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री के एच मुनियप्पा, समाज कल्याण मंत्री एच सी महादेवप्पा, वन मंत्री ईश्वर खंड्रे और खान एवं भूविज्ञान मंत्री एस एस मल्लिकार्जुन शामिल हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल ने 2 जुलाई को अपनी बैठक के दौरान उपसमिति बनाने का फैसला किया था। एक आधिकारिक नोट में कहा गया है, 'खनन में अनियमितताओं, विशेष रूप से रिकवरी कमिश्नर की नियुक्ति और मामलों के त्वरित निपटान के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट की स्थापना के संबंध में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा करने और उचित सिफारिशें करने के लिए एक कैबिनेट उपसमिति गठित की गई है।'

राजा रघुवंशी हत्याकांड : सोनम और राज की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए और बढ़ी

मध्य प्रदेश के इंदौर में रहने वाले व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मेघालय की एक अदालत में सुनवाई हो रही है। शिलॉन्ग की कोर्ट ने शुक्रवार को सोनम रघुवंशी और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी। 21 जून को अदालत ने दो मुख्य आरोपियों राजा की पत्नी सोनम और राज को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जो शुक्रवार को समाप्त हो गई। लोक अभियोजक तुषार चंदा ने बताया, अदालत ने सोनम और राज की न्यायिक हिरासत को 14 दिन के लिए और बढ़ा दिया है। सुनवाई आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हुई। राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रचने और हत्यारों को किराये पर लेने के आरोपी सोनम और राज को शिलांग जिला जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां वे गिरफ्तारी के बाद से बंद हैं। सोनम और राज के साथ तीन अन्य - आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी की भी न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ा दी है। इन पर 23 मई को सोहरा में वेइसाडोंग फॉल्स के पास हुए अपराध में हत्या की साजिश, हत्या और सबूत नष्ट करने के आरोप हैं।

डीआरडीओ और एम्स ऋषिकेश के बीच परीक्षणों के लिए समझौता
डीआरडीओ के एक संस्थान ने चरम वातावरण में मानव प्रदर्शन से संबंधित बायोमेडिकल उपकरणों के क्षेत्र में नैदानिक परीक्षण और उन्नत अनुसंधान करने के लिए एम्स ऋषिकेश के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के बीच सहयोग मानव प्रदर्शन पर चरम वातावरण के प्रभावों के शमन के लिए उत्पादों, प्रौद्योगिकियों और रणनीतियों के विकास की सुविधा प्रदान करेगा। डीआरडीओ ने शुक्रवार देर रात एक पोस्ट में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

पोर्कोडी आर्मस्ट्रांग ने तमिलनाडु में शुरू की नई पार्टी तमिल मानीला बहुजन समाज 
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) तमिलनाडु के मारे गए प्रमुख के. आर्मस्ट्रांग की पत्नी पोर्कोडी आर्मस्ट्रांग ने शनिवार को अपने पति की पहली पुण्यतिथि पर तमिल मानिला बहुजन समाज पार्टी की शुरुआत की। नई पार्टी की शुरुआत शनिवार को तिरुवल्लूर जिले के पोथुर इलाके में आयोजित एक स्मारक कार्यक्रम में हुई। भावनात्मक रूप से आवेशित इस कार्यक्रम में 1,000 से अधिक समर्थक शामिल हुए। यह आयोजन कड़े पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। पार्टी ने लॉन्च के दौरान अपना आधिकारिक झंडा पेश किया, जिसमें नीले रंग की पृष्ठभूमि पर एक हाथी पेन पकड़े हुए है। यह चुनाव चिन्ह शिक्षा, सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय पर ध्यान केंद्रित करने वाली आंबेडकरवादी विचारधारा का प्रतीक है।

दलित नेता के. आर्मस्ट्रांग (52) की पिछले साल 5 जुलाई को चेन्नई के पेरंबुर में उनके निर्माणाधीन घर के पास क्रूर तरीके से हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने तमिलनाडु में व्यापक आक्रोश पैदा किया था। हत्या के बाद राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन हुए और आंबेडकरवादी व दलित संगठनों ने इसकी निंदा की थी।

नागालैंड में हत्या का आरोपी अरुणाचल प्रदेश से गिरफ्तार
ईटानगर पुलिस ने बताया कि नागालैंड में हत्या के आरोपी को शनिवार तड़के अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी सियांग जिले से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान होबीबुल्लाह इस्लाम के रूप में हुई है, जो नवंबर 2024 में नागालैंड के वोखा जिले के रालैंड पुलिस स्टेशन में दर्ज अपहरण और हत्या के मामले में वांछित था। उन्होंने बताया कि नागालैंड पुलिस से मिली सूचना के बाद गिरफ्तारी की गई कि होबीबुल्लाह आलो में है। पुलिस ने होबीबुल्लाह को पकड़ा, जो अम्तुम इलाके में राजमिस्त्री का काम करता था। उसने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि होबीबुल्लाह अपराध करने के बाद से फरार है। मामले के अन्य आरोपी केरल भाग गए और वहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि होबिबुल्लाह ने अरुणाचल प्रदेश के नामसाई जिले में शरण ली और फिर आलो चले गए, जहां उन्होंने मजदूर के रूप में काम करना जारी रखा। एक अधिकारी ने बताया कि आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए उन्हें नागालैंड पुलिस की एक टीम को सौंप दिया गया है।

असम से 18 अवैध बांग्लादेशी अप्रवासियों को वापस खदेड़ा गया- सीएम
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे अठारह बांग्लादेशियों को शनिवार को वापस खदेड़ा गया। उन्होंने कहा कि कछार और श्रीभूमि जिलों से लोगों को वापस खदेड़ा गया।

सीएम सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'अरे देखो कौन अपने घर वापस जा रहा है? असम में, हम मेहमानों का खुले दिल से स्वागत करते हैं, लेकिन जो लोग अवैध रूप से अपने प्रवास को बढ़ाने की कोशिश करते हैं, उन्हें वापस खदेड़ने के विशेष भाव से देखा जाता है'।

उन्होंने यह भी कहा, 'आज तड़के कछार और श्रीभूमि से 18 अवैध बांग्लादेशियों को वापस खदेड़ा गया।' असम पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, खासकर वैध दस्तावेजों के बिना रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई शुरू की है। सीएम सरमा ने पहले कहा था कि पिछले एक महीने में असम से करीब 330 अवैध अप्रवासियों को वापस भेजा गया है, और जल्द ही और लोगों को वापस भेजे जाने की उम्मीद है।

कोलकाता में 9 अगस्त को 'गैर-राजनीतिक' नबन्ना मार्च
पश्चिम बंगाल में वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को दुष्कर्म-हत्या के शिकार आरजी कर अस्पताल के चिकित्सक के घर का दौरा किया और पीड़िता के लिए न्याय की मांग करते हुए 9 अगस्त को 'नबन्ना अभिजन' (राज्य सचिवालय तक मार्च) की घोषणा की।

उत्तर 24 परगना के सोदेपुर स्थित अपने आवास पर पीड़िता के शोकाकुल माता-पिता के साथ शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि यह रैली नागरिकों का आंदोलन होगी, न कि राजनीतिक। उन्होंने कहा, 'इसमें कोई पार्टी का रंग नहीं होगा। कोई पार्टी का झंडा नहीं होगा। केवल आम लोग, जो राज्य में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और महिलाओं की सुरक्षा की कमी के बारे में चिंतित हैं, नबन्ना की ओर जाने वाले मार्च में भाग लेंगे।' उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को 31 वर्षीय डॉक्टर के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म-हत्याकांड की पहली वर्षगांठ है और भारत छोड़ो आंदोलन की 83वीं वर्षगांठ भी है। 

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'हजारों लोग राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर मार्च में शामिल होंगे। हमारी बहन के लिए न्याय की मांग करते हुए उसके माता-पिता हमारा नेतृत्व करेंगे, जिसकी हत्या एक सरकारी अस्पताल के अंदर की गई थी।' पीटीआई से बात करते हुए पीड़िता के पिता ने कहा, 'हमारी बेटी को खोए हुए एक साल हो जाएगा। मैं लोगों से पिछले साल 'रात जागो' विरोध प्रदर्शन की तरह रैली में शामिल होने और नबाना तक मार्च करने का आग्रह करता हूं। लोगों को इस राज्य सरकार का असली चेहरा देखने का हक है।'
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed