Updates: तेलंगाना के थाने में दलित महिला का उत्पीड़न, जांच जारी; PM मोदी ने रिकॉर्ड गैस उत्पादन की सराहना की
एक दलित महिला ने तेलंगाना के शादनगर पुलिस थाने में उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला ने दावा किया है कि उसे सोना चोरी के आरोप में पुलिस थाने बुलाया गया, जिसके बाद उसके नाबालिग बेटे की मौजूदगी में कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। उसने पत्रकारों को बताया कि पहले पति को पीटा और फिर छोड़ दिया। फिर उसे अपनी साड़ी उतारने और शॉर्ट्स पहनने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस कर्मियों ने मारपीट कर उसके हाथ-पैर बांध दिए।
महिला के आरोपों के बाद साइबराबाद पुलिस आयुक्त अविनाश मोहंती ने कहा, शादनगर के डीआई (जासूसी निरीक्ष) को आरोपों की जांच लंबित रहने तक आयुक्त मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। शादनगर के एसीपी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी ने रिकॉर्ड गैस उत्पादन की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश में रिकॉर्ड गैस उत्पादन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को हासिल करने के लिए ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बहुत महत्वपूर्ण है। उनकी यह टिप्पणी पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की उस पोस्ट के जवाब में आई है, जिसमें कहा गया था कि देश ने गैस उत्पादन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान हासिल किया है।
2020-21 में गैस उत्पादन 28.7 बीसीएम था और 2023-24 में बढ़कर 36.43 बीसीएम हो गया। केंद्रीय मंत्री द्वारा साझा किए गए आंकड़ों में अनुमान लगाया गया है कि 2026 में गैस उत्पादन 45.3 बीसीएम होगा।
शराब कंपनियों के छद्म विज्ञापन पर सरकार सख्त, लगेगा जुर्माना
केंद्र सरकार शराब के छद्म विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने के लिए नियमों की घोषणा करने जा रही है। नए नियम के अनुसार कंपनियों पर 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाने की तैयारी चल रही है। इससे कार्ल्सबर्ग, पर्नोड रिकार्ड और डियाजियो जैसी कंपनियों को मार्केटिंग अभियान फिर से तैयार करने पर मजबूर होना पड़ सकता है। उपभोक्ता मामलों के शीर्ष अधिकारी निधि खरे ने बताया कि कुछ कंपनियां छद्म विज्ञापन में पानी, संगीत सीडी या कांच के बर्तन (ग्लास) दिखाती हैं। नए नियमों में तंबाकू और शराब के विज्ञापनों का समर्थन करने वाली मशहूर हस्तियों पर भी प्रतिबंध लग सकता है।
सेल्फी ले रही युवती 60 फुट गहरी खाई में गिरी, बचाई गई
महाराष्ट्र के बोराने घाट पर सेल्फी लेते समय एक युवती 60 फुट गहरी खाई में गिर गई। हालांकि होम गार्ड और स्थानीय निवासियों की मदद से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। यह घटना क्षेत्र में भारी बारिश के बीच हुई। क्षेत्र में थोसेघर समेत सभी झरने उफान पर हैं।
पुणे से कुछ लोगों का एक समूह शनिवार को थोसेघर झरना घूमने आया था। समूह में शामिल पुणे के वारजे निवासी नसरीन अमीर कुरेशी (29) बोराने घाट पर सेल्फी लेते समय फिसल गईं और 60 फुट गहरी खाई में गिर गईं। हालांकि, नसरीन को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया गया और तत्काल इलाज के लिए सतारा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वैध दस्तावेज के बगैर त्रिपुरा में दाखिल 12 बांग्लादेशी गिरफ्तार
त्रिपुरा में वैध दस्तावेज के बगैर दाखिल होने वाले 12 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को बताया कि इन घुसपैठियों को राज्य के कई हिस्सों से पकड़ा गया। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पश्चिम अगरतला थाने के द्वितीय प्रभारी कांति बर्धन ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बिना वैध दस्तावेज के बांग्लादेश से भारत में आने की बात स्वीकारी। उन्हें भारतीय पासपोर्ट अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इन बांग्लादेशियों को लेकर खुफिया जानकारी मिली थी।
केरल : मलप्पुरम में चमगादड़ों के नमूनों में मिला निपाह वायरस
केरल के मलप्पुरम जिले के पांडिक्कड़ से एकत्र किए गए चमगादड़ों के नमूनों में निपाह वायरस की उपस्थिति का पता चला है। यहां 21 जून को संक्रमण के कारण 14 वर्षीय लड़के की मौत हो गई थी। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के अनुसार, पांच किलोमीटर के दायरे में एकत्र किए गए चमगादड़ों के नमूनों में एंटीबॉडी पाए गए।
शिक्षक भर्ती घोटाला : तृणमूल विधायक साहा को समन जारी
शिक्षक भर्ती घोटाले की चल रही जांच के संबंध में पूछताछ के लिए ईडी ने तृणमूल कांग्रेस विधायक जीवन कृष्ण साहा को समन जारी किया। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी ने कहा कि साहा को सोमवार को एजेंसी के कोलकाता कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने घोटाले के संबंध में पहले साहा की पत्नी से पूछताछ की थी। कई दिनों की पूछताछ के बाद सीबीआई ने अप्रैल 2023 में साहा को गिरफ्तार किया था। उन्हें बीती मई में रिहा कर दिया गया था और फिलहाल वह जमानत पर हैं।