फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 30th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Update: कर्नाटक में घर में संदिग्ध विस्फोट; चेन्नई हवाई अड्डे पर दो करोड़ की कोकीन के साथ यात्री गिरफ्तार

Tue, 30 Sep 2025 05:54 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 30 Sep 2025 05:54 AM IST
विज्ञापन
News Updates 30th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के मद्देनजर बुधवार को स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे। 1925 में विजयदशमी के दिन स्थापित आरएसएस बृहस्पतिवार को अपने 100 वर्ष पूरे कर लेगा। सूत्रों ने बताया, प्रधानमंत्री बुधवार को संगठन के शताब्दी वर्ष समारोह की पूर्व संध्या पर संघ महासचिव दत्तात्रेय होसबोले की उपस्थिति में स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में संघ की निस्वार्थ सेवा और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा था कि उसके स्वयंसेवकों के हर कार्य में राष्ट्र प्रथम हमेशा सर्वोच्च होता है।

विज्ञापन


पीएम मोदी के जीवन पर आधारित संगीत कार्यक्रम आज हैदराबाद में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित संगीत कार्यक्रम- मेरा देश पहले: श्री नरेंद्र मोदी की अनकही कहानी मंगलवार को हैदराबाद के हाईटेक्स में होगा। इसमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और चौधरी विद्यासागर राव शामिल होंगे।
विज्ञापन


किशन रेड्डी ने सोमवार को बताया कि मेगा स्टार चिरंजीवी और कई पद्म पुरस्कार विजेताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है, जो गैर-राजनीतिक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मेरा देश पहले के सिद्धांत पर काम करते हैं। रेड्डी ने कहा कि जब यह कार्यक्रम मुंबई में हुआ था, तब खूब सराहना मिली थी। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने कहा कि इस कार्यक्रम की परिकल्पना करने वाले गीतकार मनोज मुंतशिर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


चेन्नई हवाई अड्डे पर दो करोड़ की कोकीन के साथ यात्री गिरफ्तार
सीमा शुल्क विभाग की हवाई खुफिया इकाई ने एक यात्री के पास से दो किलोग्राम कोकीन जब्त की है। यह यात्री सिंगापुर से यहां पहुंचा था। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने एक गोपनीय सूचना के आधार पर यात्री को 28 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोका। जांच केदौरान उसके पास से दो किलो कोकीन बरामद की गई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने बताया कि यात्री ने कोकीन को खाने के सामान के रूप में छिपाकर अपने सामान में रखा था। फिलहाल यात्री को हिरासत में लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। 

कर्नाटक: हासल जिले में घर में संदिग्ध विस्फोट, बुलाया गया बम निरोधक दस्ता
कर्नाटक के हासन जिले के आलूर तालुक में एक घर में संदिग्ध विस्फोट हुआ, जिसमें एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना सोमवार देर रात हुई। शुरुआत में ऐसा लगा कि यह गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ। लेकिन पुलिस ने अभी तक विस्फोट का असली कारण स्पष्ट नहीं किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया है। टीम घर में जाकर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि धमाके की असली वजह क्या थी।

इस धमाके में घायल हुए दंपति की पहचान काव्या (28 वर्षीय) और सुदर्शन (32 वर्षीय) के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। 
 

भाजपा की शिकायत पर व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मुंबई के मरीन ड्राइव थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महाराष्ट्र कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर कथित हिंसा भड़काने वाली पोस्ट के खिलाफ भाजपा के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के समन्वयक ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192, 353 (1) और 353 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस पोस्ट में कांग्रेस के विभिन्न विरोध प्रदर्शनों और भाजपा कार्यालयों में आग लगने की घटना को दर्शाया गया है। 
  

भारत-केन्या ने आपसी रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर जताई सहमति
 केन्या के नौसेना कमांडर मेजर जनरल पॉल ओवोर ओटिएनो ने सोमवार को भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बातचीत में मौजूदा भू-रणनीतिक हालात और शांति व स्थिरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया। ओटिएनो ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि दी। वह 2 अक्तूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। 37 साल के सैन्य करियर में ओटिएनो ने कई अहम कमांड और शांति अभियानों की जिम्मेदारी संभाली है। भारत और केन्या समुद्री पड़ोसी हैं और हाल के वर्षों में दोनों के रिश्ते बहुआयामी साझेदारी में बदल चुके हैं।
 

नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या के दोषी को मौत की सजा
कर्नाटक में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम अदालत ने आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के दोषी युवक को मौत की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोषी पर 45,000 का जुर्माना भी लगाया। मामला राज्य के बेलगावी जिले के रायबाग तालुका का है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 28 वर्षीय भारतेश रावसब मिरजी ने अक्तूबर 2019 में घर लौट रही बच्ची को अगुवा कर दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया था।

अहमदाबाद हवाईअड्डे को मिली बम से उड़ाने की धमकी, दहशत
 गुजरात के अहमदाबाद हवाईअड्डे को रविवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने तुरंत पूरा परिसर खाली कराया और गहन तलाशी ली। हालांकि, इस दौरान कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने धमकी को झूठी करार दे दिया। हवाईअड्डा पुलिस ने धमकी भरा ईमेल भेजने वाले आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।  

आरएसएस को अगले 100 साल तक राष्ट्र निर्माण पर ध्यान देना चाहिए- कर्ण सिंह
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी समारोह से पूर्व कहा कि संघ को भारत की प्रगति के लिए अगले 100 वर्षों तक राष्ट्र निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने इस मौके पर हिंदुत्वादी संगठन के प्रमुख मोहन भागवत और स्वयंसेवकों को बधाई दी।

वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन केशवराव बलिराम हेडगेवार की ओर से स्थापित आरएसएस अपने 100 वर्ष पूरे कर रहा है। सिंह ने एक वीडियो संदेश में कहा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। इस अवसर पर, मैं मोहन भागवत से लेकर लाखों कार्यकर्ताओं तक, सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने कहा, मुझे याद है कि 1982 में जब मैंने विराट हिंदू समाज की स्थापना की थी, तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हमारी बहुत मदद की थी, जिसके कारण हमने कई महत्वपूर्ण शहरों में हिंदू धर्म और हिंदू समाज की आवश्यकताओं पर प्रकाश डालते हुए बड़ी सभाएं आयोजित की थीं।

बंगलूरू में कंजेशन टैक्स का कोई प्लान नहीं: शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि बंगलूरू में 'कंजेशन टैक्स' लगाने का राज्य सरकार का कोई इरादा नहीं है। यह टैक्स शहर के ट्रैफिक को कम करने के लिए चर्चा में था। शिवकुमार ने विपक्षी भाजपा की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव उनके पास नहीं आया है। उन्होंने बताया कि कुछ उद्योगपतियों ने शहर के नागरिकों के हित में सुझाव दिए हैं, लेकिन उसे अभी सरकार के स्तर पर नहीं लाया गया है। भाजपा के नेता रा अशोका ने सरकार की तुलना तुगलक सरकार से की थी और चेतावनी दी थी कि मामला अदालत तक पहुंच सकता है। शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि यह योजना केवल केंद्र सरकार के स्तर पर हो सकती है और राज्य सरकार की कोई योजना इसमें नहीं है।



 

पत्रकार राजीव प्रताप की मौत की निष्पक्ष जांच हो- राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड के पत्रकार राजीव प्रताप सिंह की मौत की तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने मांग की कि पीड़ित परिवार को बिना देरी न्याय मिले। सिंह 18 सितंबर से लापता थे और उनका शव 28 सितंबर को उत्तरकाशी की जोशियाड़ा झील से निकाला गया था।
राहुल ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, युवा पत्रकार राजीव का लापता होना और उसके बाद उनकी मृत्यु न केवल दुखद है, बल्कि भयावह भी है। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता और इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा हूं। गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में ईमानदार पत्रकारिता भय और असुरक्षा के साये में जी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग सच लिखते, जनता के लिए बोलते और सरकार से सवाल करते हैं, उन्हें धमकियों और हिंसा के जरिये चुप कराया जा रहा। गांधी ने कहा कि राजीव से जुड़ी पूरी घटना ऐसी ही एक साजिश की ओर इशारा करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed