फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 29th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: केरल में गर्भवती घोड़ी से क्रूरता, छह पर मुकदमा; रक्षा मंत्रालय स्वतंत्रता दिवस पर लगाएगा 15 लाख पौधे

Mon, 29 Jul 2024 06:18 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 29 Jul 2024 06:18 AM IST
विज्ञापन
News Updates 29th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

केरल में एक गर्भवती घोड़ी के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। बदमाशों ने कोल्लम में एक मंदिर परिसर में बंधे जानवर को लाठी-डंडों और हाथ-पैर से इतना मारा कि उसके पूरे शरीर में घाव बन गए और सूजन आ गई। यह घटना बृहस्पतिवार की बताई जा रही है, लेकिन इसका पता तब चला जब इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हुआ।

विज्ञापन


वीडियो में एक हमलावर को पांच महीने की गर्भवती घोड़ी को रोकते हुए देखा जा सकता है तथा पांच अन्य उस पर हाथ, पैर और डंडों से हमला कर रहे हैं। पशुपालन मंत्री जे चिंचू रानी ने हमलावरों की कड़ी आलोचना की। कहा कि इस घटना ने समाज और राज्य को बदनाम किया है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, घोड़े के मालिक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन

रक्षा मंत्रालय स्वतंत्रता दिवस पर लगाएगा 15 लाख पौधे
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के मौके पर रक्षा मंत्रालय देश भर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाएगा। मंत्रालय ने रविवार को कहा कि इसमें 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 15 लाख पौधे लगाए जाएंगे। यह देश का 78वां स्वतंत्रता दिवस होगा। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसे तीनों सेनाओं और डीआरडीओ, रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों, सीजीडीए, एनसीसी, सैनिक स्कूलों, आयुध कारखानों जैसे संबद्ध संगठनों के जरिए चलाया जाएगा। बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इस अभियान की शुरुआत की थी और भारत और दुनिया भर में सभी से माताओं को श्रद्धांजलि के रूप में एक पेड़ लगाने की अपील की थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में इस अभियान में भाग लिया था और अपनी मां की याद में एक पेड़ लगाया था।

विज्ञापन

केरल में चर्च संचालित कॉलेज में मुस्लिम छात्रों के नमाज पढ़ने की मांग पर विवाद
केरल में मुवत्तुपुझा के निकट चर्च संचालित एक कॉलेज परिसर में नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दिए जाने के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन से विवाद खड़ा हो गया है। नमाज पढ़ने की मांग का भाजपा और कैथोलिक चर्च के सदस्यों के संगठनों ने विरोध किया है।

छात्राओं के एक वर्ग ने शुक्रवार को निर्मला कॉलेज के अंदर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने आरोप लगाया कि गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने कुछ छात्राओं को संस्थान के एक कमरे के अंदर शुक्रवार की नमाज अदा करने से रोक दिया। कुछ स्थानीय चैनलों में प्रसारित विरोध प्रदर्शन के वीडियो में छात्रों ने दावा किया है कि कई दिनों तक कार्यालय के कर्मचारियों ने उन्हें प्रार्थना करने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने इस मसले पर प्राचार्य से माफी मांगने की मांग की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने दावा किया कि कुछ लोग हिंदू और ईसाई समुदायों के संचालित शैक्षणिक संस्थानों में समस्या उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोग नमाज अदा करने की इजाजत न देने पर कॉलेज के प्राचार्य को धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। दावा िकया कि ऐसे लोगों को वामपंथी और कांग्रेस पार्टियों का समर्थन हासिल है। 
विज्ञापन

वार्ता के लिए नहीं बुलाया तो फिर अनशन शुरू करेंगे सोनम वांगचुक
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्र को चेतावनी दी है कि यदि सरकार लद्दाख को राज्य का दर्जा और संवैधानिक संरक्षण की मांगों पर बातचीत के लिए लद्दाख के अधिकारियों को आमंत्रित नहीं करती है तो वह स्वतंत्रता दिवस पर 28 दिनों का उपवास शुरू करेंगे। एजेंसी को दिए साक्षात्कार में वांगचुक ने कहा कि पिछले हफ्ते पीएम नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपा था। उम्मीद है कि अब वे हमारे नेताओं को बातचीत के लिए आमंत्रित करेंगे। इससे पहले 27 मार्च को, वांगचुक ने 21 दिन की अपनी भूख हड़ताल खत्म की थी।

असम : कछार में 9 करोड़ की ड्रग जब्त, तस्कर गिरफ्तार
असम के कछार जिले में पुलिस ने 9 करोड़ रुपये की याबा की गोलियां (ड्रग्स) जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही, जिस दोपहिये से वह इन्हें ले जा रहा था, उसे भी जब्त कर लिया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को सोशल मीडिया में यह जानकारी दी और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में असम पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

त्रिपुरा के रास्ते भारत में घुसे 23 बांग्लादेशी व मददगार गिरफ्तार
त्रिपुरा के अगरतला रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने अवैध रूप से भारत में घुसे 23 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया और इनकी मदद करने का आरोप में एक भारतीय दलाल भी पकड़ा है। रेलवे पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां शनिवार को हुईं। सभी आरोपी बांग्लादेश के नवाबगंज जिले के हैं। वहीं, दलाल त्रिपुरा के सिपाहीजाला का निवासी है। आरोपी ट्रेन के जरिये देश के विभिन्न शहरों में जाने की फिराक में थे। गुप्त सूचना के बाद रेलवे पुलिस ने अभियान चलाकर ये गिरफ्तारियां कीं। आरोपियों से पूछताछ जारी है।

तमिलनाडु बसपा प्रदेश अध्यक्ष की हत्या में 3 और आरोपी गिरफ्तार
तमिलनाडु प्रदेश बसपा अध्यक्ष के आर्म्सट्रांग की हत्या के मामले में रविवार को तीन और आरोपियों एन विजयकुमार, वी मुकिलन और एन विग्नेश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और 15 दिन की हिरासत में भेज दिया गया। इसी के साथ इस हत्याकांड में पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। पांच जुलाई को यहां एक गिरोह ने ऑर्मस्ट्रॉग की हत्या कर दी थी और इसके बाद प्रदेश आक्रोश फैल गया था। 

झारखंड : हाथी के हमले में महिला समेत दो की मौत
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में हाथी के हमले में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह चौठिया गांव के पास जंगल में शौच के लिए गए 70 वर्षीय बुजुर्ग को एक हाथी ने कुचल दिया। इसके बाद हाथी उन्हें घसीटते हुए कुछ दूर ले गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, एक अन्य घटना में शनिवार देर रात दिघी गांव में एक हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हाथी ने उनके घर पर हमला कर दिया था, जिससे दीवार ढह कर महिला के ऊपर गिर गई। 

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई) के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि चिंगमेइरोंग से गिरफ्तार उग्रवादी गोलीबारी की घटना, नागरिकों पर हमले और एक महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने में शामिल थे। प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed