फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 28th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक, हिरासत में दो; बंगाल के चंदननगर में आंधी से गिरा पंडाल, छह घायल

Tue, 28 Oct 2025 10:33 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 28 Oct 2025 10:33 PM IST
विज्ञापन
News Updates 28th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

बंगाल के चंदननगर में आंधी के दौरान जगद्धात्री पूजा पंडाल गिरने से छह लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चंदननगर में आंधी के दौरान जगद्धात्री पूजा पंडाल गिरने से छह लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान 'मोंथा' के प्रभाव से क्षेत्र में गरज के साथ हल्की बारिश हुई।

विज्ञापन


चंद्रनगर पुलिस आयुक्तालय के एक अधिकारी ने बताया कि आयोजकों की ओर से बनाया गया 75 फीट ऊंचा यह पंडाल तेज हवाओं में कई मिनट तक हिलने के बाद ढह गया, जिससे लोगों को मामूली चोटें आईं।
विज्ञापन


मौसम विभाग ने शुक्रवार तक कोलकाता और आसपास के हावड़ा और हुगली जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


कोयंबटूर: उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक, हिरासत में दो लोग

तमिलनाडु दौरे पर मंगलवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। इस मामले में कोयंबटूर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उपराष्ट्रपति के कोयंबटूर दौरे से पहले सुरक्षा में सेंध लगाने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। दोपहिया वाहन पर सवार दोनों लोग बिग बाजार स्ट्रीट के बैरिकेड लगे हिस्से को पार कर गए, जिसके बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिस ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया।

एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और जांच जारी है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष और कोयंबटूर दक्षिण की विधायक वी श्रीनिवासन ने कहा कि दो युवक मंगलवार दोपहर कोयंबटूर टाउन हॉल क्षेत्र में पुलिस के बैरिकेड को पार कर गए। पुलिस से आग्रह है कि वह मामले की तत्काल जांच करे।

त्रिपुरा की कंटेंट क्रिएटर अश्लीलता फैलाने के आरोप गिरफ्तार
त्रिपुरा में सोशल मीडिया के जरिये अश्लीलता फैलाने के आरोप में एक महिला डिजिटल कंटेंट क्रिएटर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पश्चिमी अगरतला पुलिस स्टेशन के प्रभारी राणा चटर्जी ने बताया कि राम नगर की रहने वाली परमिता घोषाल की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए माधवी बिस्वास को गिरफ्तार किया गया। माधवी बिस्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री माणिक साहा और सांसद बिप्लब कुमार देब की फेसबुक पर आलोचना करती रही हैं। 

प्रधानमंत्री की आलोचना की थी
उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री की मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में थोड़ी देर के लिए जाने पर उनकी सोशल मीडिया पर आलोचना थी। पुलिस ने उन पर आईटी और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत उन पर केस दर्ज किया है। हालांकि, त्रिपुरा मानवाधिकार संगठन ने उनकी गिरफ्तारी की निंदा की है। वरिष्ठ अधिवक्ता पुरुषोत्तम रॉय बर्मन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस उन पर सोशल मीडिया पर राज्य सरकार की आलोचना बंद करने का दबाव बना रही थी, लेकिन वे नहीं मानी। इसीलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हम उनकी बिना शर्त रिहाई की मांग करते हैं।

दुबई जा रहे स्पाइसजेट के विमान की चेन्नई में कराई आपात लैंडिंग
 मदुरै से दुबई जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान में सोमवार को तकनीकी खराबी आ गई और उसे चेन्नई डाइवर्ट करना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि उड़ान भरने के बाद पायलटों को खामी का पता चला और विमान की चेन्नई में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि, एयरलाइन ने आपात लैंडिंग से इन्कार किया है। विमान में चालक दल के सात सदस्य और 160 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं।

स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने कहा, मदुरै से दुबई जा रही स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 23 को तकनीकी दिक्कत की वजह से चेन्नई डायवर्ट कर दिया गया था। विमान ने सामान्य लैंडिंग की ना कि आपात लैंडिंग। यात्रियों को भी सामान्य तरीके से ही उतारा गया। हालांकि, निजी एयरलाइन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि विमान में तकनीकी दिक्कत क्या थी। एजेंसी

बीआरएस को पिछले वित्तीय वर्ष में मिला 15 करोड़ रुपये का चंदा

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 15 करोड़ रुपये का चंदा मिला। 2023 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव आयोग में जमा विवरण के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पार्टी को इससे एक साल पहले 580 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा मिला था। 

बीआरएस को 15.09 करोड़ रुपये के चंदे में से 15 करोड़ रुपये चुनावी ट्रस्ट फंड के माध्यम से मिला और बाकी राशि लोगों ने 2024-25 में दी। वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान पार्टी को 495 करोड़ रुपये से अधिक चुनावी बॉन्ड के माध्यम से मिले और बाकी 85 करोड़ रुपये चुनावी ट्रस्ट फंड के जरिए प्राप्त हुए। वित्तीय वर्ष 2022-23 में बीआरएस को कुल 683 करोड़ रुपये चंदे के रूप में मिले थे। 

मेघालय: बिना वैध दस्तावेजों के पांच संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार


पुलिस ने मंगलवार को कहा कि बिना वैध दस्तावेजों के यात्रा करने के आरोप में शिलांग में पांच संदिग्ध बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी सोमवार को मावलई पुलिस और विशेष अभियान टीम (एसओटी) के संयुक्त अभियान के दौरान मावलई मावियोंग के आईएसबीटी चौराहे से की गई।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांच लोगों की पहचान मोहम्मद फाजिद बिलुल (47 वर्षीय), लेलेपा बेगम (40 वर्षीय), मुसमत जहां खातून (35 वर्षीय), मोहम्मद आलमगीर मिया (25 वर्षीय) और मोहम्मद इम्मामुल हसन (18 वर्षीय) के रूप में की। सूत्रों के अनुसार, यह समूह बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज के श्रीनगर से शिलांग पहुंचा और शिलांग से बांग्लादेश की ओर यात्रा कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस की टीमों ने आईएसबीटी चौराहे पर चेकिंग अभियान के दौरान पांच व्यक्तियों को ले जा रही एक पर्यटक टैक्सी को रोक लिया। संदिग्ध अपने कोई वैध यात्रा दस्तावेज या पासपोर्ट पेश नहीं कर सके।

पुलिस अधीक्षक (शहर) विवेक सियम ने कहा कि आगे की जांच के लिए मावलई थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पांचों को सोमवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
 

आंध्र प्रदेश: हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों के कमरे में लगी आग

आंध्र प्रदेश के गन्नावरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों के कमरे में आग लग गई। इसके बाद अचानक लपटें उठीं। आग में आव्रजन (इमिग्रेशन) कक्ष का सॉफ्टवेयर उपकरण, एक स्प्लिट एसी और सीमा शुल्क अधिकारियों के सामान के बैग जलकर खाक हो गए। हवाई अड्डे के दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मामले की विस्तृत जानकारी का इंतजार है। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने यह जानकारी दी।

ब्राजीलियाई मॉडल से दुष्कर्म का प्रयास, डिलीवरी एजेंट गिरफ्तार

बंगलूरू में सोमवार को 21 साल के एक डिलीवरी एजेंट को एक ब्राजीलियाई मॉडल से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम कुमार है और वह एक निजी कॉलेज में डिप्लोमा छात्र है। पुलिस ने बताया कि यह घटना 17 अक्तूबर को हुई थी, जब मॉडल ने एक डिलीवरी एप के जरिये किराने का सामान ऑर्डर किया था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि डिलीवरी एजेंट ने उसे घर पर अकेला पाकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। हालांकि, मॉडल ने चिल्लाकर और दरवाजा बंद करके खुद को बचा लिया। पुलिस ने आर टी नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले का पता चलते ही डिलीवरी पोर्टल ने आरोपी को नौकरी से निकाल दिया है।

 

चित्तूर में बड़ा हादसा: दो बसों के बीच आमने-सामने की टक्कर, 20 घायल

आंध्र प्रदेश के चित्तूर में बड़ा हादसा हो गया। चित्तूर में मंगलवार सुबह आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की दो बसों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें 20 यात्री घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई, जब बसें पुंगनूर मंडल में मोड़ लेने की कोशिश कर रही थीं। पालमनेर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बी प्रभाकर ने बताया, "एपीएसआरटीसी की दो बसें आपस में टकरा गईं और लगभग 20 लोग घायल हो गए। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और मामूली रूप से घायल लोगों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।" उन्होंने बताया कि टक्कर के समय दोनों बसों में कुल 48 यात्री सवार थे।
 

नगालैंड के बाढ़ प्रभावितों के लिए दूसरी किस्त जारी

केंद्र सरकार ने नगालैंड के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए एसडीआरएफ के हिस्से की दूसरी किस्त जारी कर दी है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस वर्ष मानसून के दौरान अत्यधिक भारी वर्षा, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) के केंद्रीय हिस्से की दूसरी किस्त के रूप में नागालैंड को 20 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि जारी करने को मंजूरी दे दी है।

बयान में कहा गया है कि वर्ष 2025-26 के लिए दूसरी किस्त प्राकृतिक आपदाओं के प्रभावों से निपटने के लिए पूर्वोत्तर राज्य को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए जारी की गई है।

तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पांच घंटे के लिए उड़ान रहेंगी स्थगित

तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर 30 अक्टूबर को पांच घंटे के लिए उड़ान सेवाएं स्थगित रहेंगी। तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टीआईएएल) ने कहा कि श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर की 'अल्पासी अरट्टू' शोभायात्रा के लिए यहां के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान सेवाएं 30 अक्टूबर को पांच घंटे के लिए स्थगित रहेंगी।

टीआईएएल ने कहा कि उस दिन शाम 4.45 बजे से रात 9.00 बजे तक उड़ान सेवाएं  स्थगित रहेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी संबंधित एयरलाइनों से उड़ान समय-सारिणी और संशोधित समय के बारे में जानकारी प्राप्त करें। मंदिर की शोभायात्रा पारंपरिक रूप से हवाई अड्डे के रनवे को पार करने वाले मार्ग से होकर गुजरती है।
 

स्वच्छता अभियान : केंद्र ने 3 दिन में कबाड़ निस्तारण से कमाए 387 करोड़
 केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र ने जारी विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान कबाड़ के निस्तारण से 387 करोड़ रुपये कमाए और 148.19 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई है।

सिंह ने मंगलवार को स्वच्छता अभियान की उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान यह टिप्पणी की। बैठक में युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया और नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी शामिल हुए। इस दौरान मंत्रालयों और विभागों में लागू किए जा रहे स्वच्छता अभियानों, फाइल निपटान और अन्य नये तौर-तरीकों की प्रगति का आकलन करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि सरकार का स्वच्छता अभियान एक परिवर्तनकारी राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में उभर कर सामने आया है, जो स्वच्छता को दक्षता, पारदर्शिता और नवाचार के साथ जोड़ता है। उन्होंने कहा, अब तक इस अभियान में कबाड़ और ई-कचरे के निपटान से 387.4 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है। 148.19 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई गई है और निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले 19.21 लाख फाइलों का निपटारा किया गया है।
5.51 लाख जन शिकायतों का निपटारा : एक बयान में कहा गया कि 7.04 लाख में से 5.51 लाख जन शिकायत मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि लक्षित 17,402 में से 12,402 अपीलों का निपटारा कर दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed