फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates 28 january north east west south india politics crime national news in hindi

Updates: वक्फ के मामलों में गैर-मुस्लिम हो सकते हैं पक्ष- संसदीय समिति; BACS के महानिदेशक बने IPS राजेश निरवाण

Tue, 28 Jan 2025 11:18 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: बशु जैन Updated Tue, 28 Jan 2025 11:18 PM IST
विज्ञापन
news updates 28 january north east west south india politics crime national news in hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

वक्फ (संशोधन) विधेयक पर विचार कर रही संसदीय समिति वक्फ बोर्डों में गैर-मुसलमानों को शामिल करने के सरकार के कदम का समर्थन कर सकती है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। संयुक्त संसदीय समिति बुधवार को अपनी रिपोर्ट स्वीकार करने वाली है। समिति शिया मुसलमानों के दो छोटे संप्रदायों- दाऊदी बोहरा और आगा खानी की दलीलों से भी सहमत है कि उनकी अपनी विशिष्ट पहचान है और उनकी स्वीकार्यता भी इसी रूप में होनी चाहिए । उन्होंने खुद को प्रस्तावित कानून के दायरे से बाहर रखने की मांग की थी। भारतीय जनता पार्टी के सांसद जगदंबिका की अध्यक्षता वाली समिति का विचार है कि राज्य वक्फ बोर्डों का विस्तार करने के लिए दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल करने और शिया, सुन्नी और पिछड़े मुस्लिम समुदायों से व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के विधेयक के प्रस्ताव से वक्फ प्रबंधन में समावेशन और विविधता को बढ़ावा मिलेगा।

विज्ञापन


कोलकाता एसटीएफ ने हथियारों के साथ यूपी के पांच लोग पकड़े
कोलकाता के सियालदह इलाके में एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश के पांच लोगों को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सोमवार को मुचिपारा पुलिस थाना क्षेत्र में सुरेंद्रनाथ महिला कॉलेज के पास से आरोपियों को पकड़ा।  वे किसी अपराध को अंजाम देने के लिए शहर में थे। मामले की जांच चल रही है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों पास से दो हथियार और 15 राउंड गोला बारूद जब्त किया।
विज्ञापन


कलकत्ता हाईकोर्ट करेगा 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की याचिका पर सुनवाई
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में 10 वर्षीय लड़की से बलात्कार और हत्या के दोषी की सजा के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करने की मंजूरी दी है। पॉक्सो अदालत ने आरोपी को मौत की सजा सुनाई थी। न्यायमूर्ति देबांगसु बसाक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार को मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


मामले के दोषी मोस्ताकिन सरदार की अपील को स्वीकार करते हुए खंडपीठ ने आदेश दिया कि लड़की के बलात्कार और हत्या के मुकदमे से संबंधित POCSO अदालत के रिकॉर्ड उसके समक्ष पेश किए जाएं। न्यायमूर्ति मोहम्मद शब्बर रशीदी ने निर्देश दिया कि ट्रायल कोर्ट के रिकॉर्ड प्राप्त होने के चार सप्ताह के भीतर दस्तावेज तैयार किए जाएं। इसके बाद अदालत अपील पर सुनवाई करेगी।

श्रीलंकाई सेना ने 13 मछुआरों को पकड़ा
श्रीलंकाई नौसेना ने पुडुचेरी के कराईकल से 13 मछुआरों को उनके जलक्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुडुचेरी सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि सरकार मछुआरों और उनकी मशीनी नाव की रिहाई कराने के लिए केंद्र से हस्तक्षेप की मांग करेगी। गिरफ्तार मछुआरों के नाम जुटाए जा रहे हैं। पुडुचेरी के मत्स्य पालन मंत्री के लक्ष्मीनारायणन ने दावा किया कि मछुआरों और उनकी नाव को रिहा करवाने के लिए सरकार विदेश मंत्री से संपर्क में है। ये मछुआरे कुछ दिन पहले मछली पकड़ने निकले थे।

मणिपुर में दो उग्रवादी पकड़े गए
मणिपुर के थौबल और इंफाल पश्चिम जिलों में अलग-अलग अभियानों में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (ताइबांगनगानबा) के एक सदस्य को सोमवार को थौबल में वेथौ-थियाम आईवीआर से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान सपम पाइखोम्बा मैतेई (26) के रूप में हुई। उसके पास से एक वायरलेस हैंडसेट और छह 9 मिमी लाइव राउंड जब्त किए गए। इसके अलावा प्रतिबंधित केसीपी (एमएफएल) के एक 32 वर्षीय सदस्य  सैमोम डेविडसन मैतेई उर्फ लोया को इंफाल पश्चिम जिले के थोंगजू पेचुलमपाक पुखरी से गिरफ्तार किया गया। उस पर सिंगजामेई-थोंगजू क्षेत्र और उसके आसपास स्थित दुकानों के मालिकों से जबरन वसूली करने का आरोप था।

भारत माता महाआरती के दौरान पटाखा विस्फोट में झुलसे व्यक्ति की मौत
हैदराबाद में गणतंत्र दिवस की रात हुसैन सागर झील में आयोजित भारत माता आरती कार्यक्रम में पटाखा विस्फोट में बाद झुलसे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि 25 वर्षीय युवक रात में झील में नाव पर पटाखे फोड़ रही टीम का हिस्सा था। उसे अस्पताल ले जाया गया। हादसे में कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं। पुलिस ने कहा कि आयोजकों ने पटाखे फोड़ने की अनुमति नहीं ली थी। उनके पास कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति थी।

बीसीएएस के महानिदेशक बने IPS राजेश निरवाण
केंद्र सरकार ने 1992 बैच के राजस्थान कैडर के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी राजेश निरवाण को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) का महानिदेशक नियुक्त किया है।

दूरदर्शी प्रधानमंत्री के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं- अंबानी
गुजरात के गांधीनगर में पीडीईयू (पंडित दीनदयाल ऊर्जा विश्वविद्यालय) के 12वें दीक्षांत समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा, 'हम अपने दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। पंडित दीनदयाल ऊर्जा विश्वविद्यालय का जन्म उनकी असाधारण दृष्टि के कारण हुआ है...प्रधानमंत्री बनने से बहुत पहले उन्होंने यह अनुमान लगा लिया था कि भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की आवश्यकता है। 20 साल पहले उन्होंने मुझसे कहा था कि वह चाहते हैं कि गुजरात ऊर्जा और ऊर्जा उत्पादों के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करे'। 
 

मुकेश अंबानी ने आगे कहा, 'पीएम मोदी कभी भी अच्छे विचारों को बर्बाद नहीं होने देते। उनके मन की बात हमेशा उनके मन का संकल्प बन जाती है। उनका संकल्प हमेशा वज्र संकल्प होता है। उनका दृढ़ संकल्प हीरे की तरह कठोर है। वे सिर्फ संकल्प लेकर ही नहीं बैठ जाते। वे अपने संकल्प को सफलता में बदलना जानते हैं...नरेंद्र मोदी का नाम अनंत शक्ति का प्रतीक है...लोग अक्सर पूछते हैं कि पीएम मोदी आराम कहां करते हैं या क्या वे आराम करते हैं? इसका जवाब पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की कही बातों में है। उन्होंने कहा है 'काम में बदलाव ही विश्रांति है', काम का परिवर्तन ही विश्राम है। यह हमारे प्रधानमंत्री का आदर्श वाक्य है। यह हमारा आदर्श वाक्य होना चाहिए।'
 

कर्नाटक: चावल की तेल फैक्टरी में बॉयलर फटने से दो श्रमिकों की मौत
 अंतरासनहल्ली औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को एक चावल की भूसी तेल फैक्टरी में बॉयलर फटने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहार के चंदन शर्मा (24) और संतोष (27) के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक, धमाका शाम करीब 5.30 बजे हुआ। फैक्टरी का बॉयलर फटते ही मजदूर ऊंचाई से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।

केरल विवि उत्सव में SFI और KSU कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, कई घायल
केरल के त्रिशूर जिले के माला में एक विश्वविद्यालय युवा उत्सव के दौरान स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) से संबद्ध एसएफआई और कांग्रेस पार्टी से जुड़ी केएसयू इस झड़प में शामिल थे। कथित तौर पर यह विवाद सोमवार आधी रात को प्रतियोगिताओं के समय को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद पुलिस ने व्यवस्था बहाल करने के लिए कदम उठाया।

छात्रों ने एक-दूसरे पर डंडों और कुर्सियों से हमला किया। एक फुटेज में यह भी दिखाया गया है कि घायल छात्रों को अस्पताल ले जाते समय एक एम्बुलेंस को निशाना बनाया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि घायल छात्रों को पास के सरकारी अस्पतालों में ले जाया गया। मंगलवार को एसएफआई नेतृत्व ने दावा किया कि घायल छात्रों में से एक उनके समूह का सदस्य था और केएसयू कार्यकर्ताओं की तरफ से कथित तौर पर किए गए हमले में उसे गंभीर चोटें आई थीं। इसके जवाब में केएसयू के राज्य अध्यक्ष एलोशियस जेवियर ने एसएफआई पर जानबूझकर उत्सव के दौरान परेशानी पैदा करने का आरोप लगाया और दावा किया कि हिंसा एक पूर्व नियोजित योजना का हिस्सा थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed