फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 27th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: PM मोदी ने बेल्जियम के राजा से फोन पर बात की; NGT ने गुजरात, दमन और दीव पर 50 हजार का जुर्माना लगाया

Thu, 27 Mar 2025 03:19 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 27 Mar 2025 03:19 PM IST
विज्ञापन
News Updates 27th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूरोपीय देश बेल्जियम के राजा फिलिप से बात की। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, किंग फिलिप से बात कर बेहद खुशी हुई। प्रधानमंत्री ने राजकुमारी एस्ट्रिड के नेतृत्व में हाल ही में भारत आए बेल्जियम आर्थिक मिशन की सराहना भी की। उन्होंने कहा, हमने अपने मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने और नवाचार और स्थिरता में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

विज्ञापन


एनजीटी ने गुजरात, दमन और दीव पर 50 हजार का जुर्माना लगाया
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने रिपोर्ट दाखिल न करने पर गुजरात, केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। दोनों प्रदेशों ने भूजल में अनुमेय सीमा से अधिक आर्सेनिक और फ्लोराइड की मौजूदगी पर जवाब दाखिल नहीं किया। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुछ इलाकों में भूजल में अनुमेय सीमा से अधिक आर्सेनिक और फ्लोराइड की मौजूदगी से जुड़ी एक मीडिया रिपोर्ट का एनजीटी ने संज्ञान लिया है। समाचार रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लेने के बाद मामले की सुनवाई कर रहे एनजीएटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की पीठ ने 17 मार्च को आदेश पारित किया। पीठ ने कहा कि दोनों प्रदेशों ने अपने जवाब दाखिल करने के निर्देशों की "पूरी तरह से अवहेलना" की है। नोटिस जारी होने के बाद दो साल से अधिक समय बीत चुका है। दोनों प्रदेशों ने बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद जवाब दाखिल नहीं किया है। एनजीटी ने जिस रिपोर्ट का संज्ञान लिया है इसमें कहा गया है कि 25 राज्यों के 230 जिलों के कुछ हिस्सों में भूजल में आर्सेनिक पाया गया जबकि 27 राज्यों के 469 जिलों के कुछ हिस्सों में फ्लोराइड पाया गया।
विज्ञापन


अगले महीने से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने अगले महीने से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया है। राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के मंत्रिपरिषद में सहकारिता मंत्री के एन राजन्ना ने कहा कि 1 अप्रैल से दूध की कीमतें 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


दिल्ली से कलकत्ता हाईकोर्ट जाएंगे जस्टिस दिनेश शर्मा
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा का तबादला कलकत्ता उच्च न्यायालय में  करने की सिफारिश की है।

किसी पत्रकार की गिरफ्तार नहीं
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि असम पुलिस ने हाल के दिनों में किसी भी पत्रकार को गिरफ्तार नहीं किया है।

आईएएस अधिकारी पवन यादव गृह मंत्री अमित शाह के निजी सचिव नियुक्त

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी पवन यादव को बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निजी सचिव नियुक्त किया गया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।

मणिपुर कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी यादव केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव के पद पर कार्यरत थे। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उप सचिव के रूप में यादव के कार्यकाल में कटौती को मंजूरी दे दी। आदेश के मुताबिक, मंत्रालय ने दो अप्रैल, 2027 तक की अवधि के लिए शाह के निजी सचिव के रूप में यादव की नियुक्ति को मंजूरी दी है।

ओडिशा:  कांग्रेस के दो और विधायक विधानसभा से निलंबित
ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बुधवार को सदन में अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस के दो और विधायकों को सात दिन के लिए निलंबित कर दिया। इसके साथ ही अब कांग्रेस के सभी 14 विधायक निलंबित कर दिए गए हैं। सदन में भारी हंगामे के चलते कार्यवाही को चार बार स्थगित भी करना पड़ा। गौरतलब है कि हंगामा करने पर मंगलवार को भी 12 विधायक निलंबित किए गए थे।  

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के पांच उग्रवादी गिरफ्तार
 मणिपुर की इंफाल घाटी के दो जिलों से सुरक्षाबलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अलग-अलग क्षेत्रों में जबरन वसूली की गतिविधियों में लिप्त थे। सूत्रों ने बताया कि यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (कोइरेंग गुट) के दो सक्रिय कैडरों को इंफाल पूर्वी जिले से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों इंफाल और बिष्णुपुर जिले में वसूली करते थे। वहीं, इंफाल पश्चिम में वसूली करने वाले कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के दो कैडरों को बिष्णुपुर जिले के थांगटेक तेरामाखोंग से पकड़ा गया। इसके अलावा, पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले के कोंगबा से सोरेपा के एक सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया।  

ईडी ने अंबर दलाल की 36.21 करोड़ की संपत्तियां अटैच की
 प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में अंबर दलाल और अन्य के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी 36.21 करोड़ की संपत्तियां अटैच कर ली हैं। ईडी के अनुसार, अटैच की गई संपत्तियों में मुंबई और कोलकाता स्थित 10 अचल संपत्तियां शामिल हैं, साथ ही एफडीआर, शेयर, म्यूचुअल फंड और वैकल्पिक निवेश फंड जैसी चल संपत्तियां भी जब्त की गई हैं। ईडी ने यह जांच मुंबई पुलिस की ओर से अंबर दलाल के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। अंबर दलाल रिट्ज कंसल्टेंसी सर्विसेज का मालिक है।  

मिजोरम में 16.13 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार
 मिजोरम में सुरक्षाबलों ने 16.13 करोड़ की ड्रग्स जब्त कर एक विदेशी सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। असम राइफल्स ने कहा कि अभियान के दौरान लॉन्गतलाई जिले के बुआलपुई में 15 करोड़ की 50 हजार मेथामफेटामिन की गोलियों के साथ म्यांमार के नागरिक को गिरफ्तार किया गया। वहीं, चंफाई जिले के जोखावथर में एक वाहन से 1.13 करोड़ की 151.7 ग्राम हेरोइन बरामद कर असम निवासी राशिद अहमद, इमरान खान और कन्हुल इस्लाम तस्कर को गिरफ्तार किया गया।  

ओडिशा : राउरकेला जा रही वंदे भारत पर पथराव, शीशे क्षतिग्रस्त
ओडिशा में पुरी से राउरकेला जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। इससे एक कोच की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पथराव की घटना राउरकेला स्टेशन से करीब पांच किमी दूर कलुंगा गांव के पास हुई। इससे कोच संख्या तीन की दो खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण ट्रेन को कलुंगा में कुछ देर रुकना पड़ा।  

सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और आरपीएफ के कर्मियों के साथ तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और टूटी खिड़कियों के शीशों पर टेप लगाई गई। इस घटना के चलते ट्रेन निर्धारित समय से करीब 30 मिनट देरी से राउरकेला पहुंची। घटना की जांच की जा रही है।

गोवा: विस्फोट मामले में खुलासा, 11 हजा किलोग्राम गनपाउडर किया गया था जमा
दक्षिण गोवा में एक निजी कंपनी के गोदाम में हुए विस्फोट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि फैक्टरी में अवैध रूप से 11,000 किलोग्राम गनपाउडर संग्रहीत किया गया था, जिसके लिए जरूरी लाइसेंस भी नहीं लिया गया था।  

20 मार्च की रात करीब 10:30 बजे दक्षिण गोवा के नक्वेरी-बेतुल गांव में ह्यूजेस प्रिसीजन मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गोदाम में भीषण आग लगी। आग लगने के बाद हुए धमाके में करीब 14.5 टन गनपाउडर नष्ट हुआ। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आसपास के घरों में दरारें आईं।  

जांच में सामने आया कि कंपनी ने बिना अनुमति के 11,000 किलोग्राम गनपाउडर जमा किया था। पुलिस के अनुसार, कंपनी को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन से लाइसेंस लेना अनिवार्य था, जो उन्होंने नहीं लिया।  दक्षिण गोवा के क्यूपेम क्षेत्र के डिप्टी कलेक्टर ने कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि प्रबंधन और कर्मचारियों ने लाइसेंस प्राप्त करने के बाद भी भंडारण और परिवहन से जुड़े सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया। यही लापरवाही इस विस्फोट की वजह बनी।  

उत्तरी सीमा पर तीनों सेनाओं ने किया अभ्याास
भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना ने देश की उत्तरी सीमा में हिमालय के ऊबड़-खाबड़ ऊंचे इलाकों में गुरुवार तक तीन दिवसीय एकीकृत अभ्यास किया। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि अभ्यास प्रचंड प्रहार में मानव रहित हवाई वाहनों और अंतरिक्ष संसाधनों का उपयोग किया गया। साथ ही तीनों सेनाओं के उन्नत निगरानी संसाधनों को तैनात किया गया। इसमें वायु सेना के लंबी दूरी के निगरानी विमान और भारतीय नौसेना के समुद्री क्षेत्र जागरूकता विमान व हेलीकॉप्टर शामिल थे। अभ्यास में भारतीय सेना के विशेष बलों ने कड़ी निगरानी करते हुए लक्ष्यों को निशाना बनाया। 

तेलंगाना में छह मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही
तेलंगाना के भद्राचलम में बुधवार को एक छह मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। इसके मलबे में फंसे एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक को बचाने के प्रयास जारी हैं। एएसपी विक्रांत कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे एक छह मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। इसमें दो लोग फंसे हैं। जैसे ही हमें सूचना मिली, हम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हमने तुरंत एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य टीमों से संपर्क किया। इसमें दो लोगों के फंसे होने की आशंका है। हमें यकीन है कि उसे जल्द ही बचा लिया जाएगा। जब तक हम सभी फंसे हुए लोगों को नहीं बचा लेते और सारा मलबा साफ नहीं हो जाता, तब तक बचाव अभियान जारी रहेगा।

युवती ने फांसी लगाकर जान दी
बेलगावी में पीजी में रहने वाली लड़की ने फंदा लगाकर जान दे दी। बेलगावी पुलिस कमिश्नर इदा मार्टिन मारबानियांग का कहना है कि शिकायतकर्ता ने शिकायत दी है कि उसकी 24 साल की बेटी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हमने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम किया जा रहा है। सात चीजें जब्त की गई हैं और हम उन्हें आगे के विश्लेषण के लिए एफएसएल भेजेंगे।

राजस्थान के डिप्टी सीएम बैरवा को मिली जान से मारने की धमकी
राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी का फोन जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को आया था।  जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने इस बाबत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि फोन अज्ञात नंबर से आया था। मोबाइल नंबर की लोकेशन जयपुर सेंट्रल जेल में पाई गई। उन्होंने बताया कि जेल विभाग को इस बाबत जानकारी दे दी गई है। साथ ही मामले में जांच जारी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed