फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 25th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: गुजरात के मंदिर से शिवलिंग चोरी; लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों की छुट्टी की मंजूरी के लिए बनाई समिति

Tue, 25 Feb 2025 11:32 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 25 Feb 2025 11:32 PM IST
विज्ञापन
News Updates 25th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

गुजरात के द्वारका जिले में महाशिवरात्रि से एक दिन पहले एक मंदिर से पत्थर का शिवलिंग चोरी हो गया। पुलिस ने शिवलिंग बरामद करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि अरब सागर के तट पर बने भीडभंजन भवनीश्वर महादेव मंदिर के पुजारी जब सुबह मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि किसी ने शिवलिंग को उसके स्थान से उखाड़ दिया और चोरी कर लिया। बाकी सारी चीजें मंदिर में जहां की तहां हैं। शिवलिंग का आधार समुद्र तट के पास पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है शिवलिंग को समुद्र में फेंका गया होगा। गोताखोरों की टीम ने समुद्र के अंदर शिवलिंग की खोज की। पुलिस की शिवलिंग की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। साथ ही चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। 

विज्ञापन


लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों की छुट्टी की मंजूरी के लिए बनाई समिति
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों की छुट्टी की मंजूरी के लिए समिति का गठन किया है। यह समिति सदन की कार्यवाही से गायब रहने वाले सांसदों के  अवकाश के आवेदनों की समीक्षा करेगी। भाजपा सांसद बिप्लव कुमार देब को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। 15 सदस्यीय समिति का गठन सोमवार को किया गया। समिति में सौमित्र खान, ज्ञानेश्वर पाटिल, जय प्रकाश, गोपाल ठाकुर, मनसुखभाई वसावा (सभी भाजपा), आनंद भदौरिया (सपा), असित कुमार मल (तृणमूल), गोवाल पदवी, वी के श्रीकंदन, प्रशांत पडोले (कांग्रेस), अमरा राम (सीपीआई-एम), केसिनेनी शिवनाथ (टीडीपी), और नलिन सोरेन (झामुमो) शामिल हैं। इसके अलाव लोकसभा अध्यक्ष ने याचिका समिति का भी गठन किया। इसके अध्यक्ष भाजपा सदस्य चंद्र प्रकाश जोशी होंगे। इस समिति में एंटो एंटनी, सुखदेव भगत और राजमोहन उन्नीथन (सभी कांग्रेस), मितेश पटेल, राजू बिस्ता, कमलजीत सहरावत, मंजू शर्मा, विष्णु दत्त शर्मा (सभी भाजपा), गुरमीत सिंह मीत हेयर (आप), बस्तीपति नागराजू (टीडीपी), राजकुमार सांगवान (आरएलडी), देवेश शाक्य (सपा) और अभय कुमार सिन्हा (राजद) शामिल हैं।
विज्ञापन


केरल स्थानीय निकाय उपचुनाव में 15 वार्डों में LDF की जीत
केरल में स्थानीय निकाय उपचुनाव में सीपीआई एम के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ एलडीएफ ने 30 में से 15 वार्डों में जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ को 12 वार्डों में जीत मिली। वहीं शेष तीन वार्डों में निर्दलीय जीते। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए को कहीं भी जीत नसीब न हुई। यूडीएफ का दावा है कि उसकी सीटें 10 से बढ़कर 12 हो गईं हैं। जबकि एलडीएफ को तीन सीटों का नुकसान हुआ। 
विज्ञापन
विज्ञापन


तमिलनाडु के सीएम ने किया डाटा सेंटर पार्क का उद्घाटन
तमिलनाडुक सीएम एमके स्टालिन ने मंगलवार को चेन्नई में सीटीआरएलएस डाटासेंटर्स लिमिटेड द्वारा चार हजार करोड़ रुपये की लागत से स्थापित  डाटा सेंटर पार्क का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री पलानीवेल थियागा राजन और डाटा सेंटर के संस्थापक-सीईओ श्रीधर पिन्नापुरेड्डी मौजूद रहे। स्टालिन ने कहा कि मुझे सीटीआरएलएस के चेन्नई डाटा सेंटर पार्क का उद्घाटन करते हुए खुशी हो रही है। यह एक अत्याधुनिक सुविधा है जो तमिलनाडु की वैश्विक तकनीकी केंद्र के रूप में स्थिति को मजबूत करती है। हमारे रणनीतिक लाभ और प्रगतिशील नीतियां सीटीआरएलएस जैसे उद्योग के नेताओं को आकर्षित करती हैं। इस उपलब्धि के लिए सीटीआरएलएस टीम को बधाई।

स्टालिन बोले- हम एक और भाषा युद्ध के लिए तैयार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने लोकसभा परिसीमन पर चर्चा के लिए 5 मार्च को सर्वदलीय बैठक बुलाने की घोषणा की है। इसके साथ ही चेन्नई में बोलते हुए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा- हम एक और भाषा युद्ध के लिए तैयार हैं।

बंगाल की खाड़ी में आया 5.1 तीव्रता का भूकंप
आज सुबह 06:10 पर बंगाल की खाड़ी में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.1 दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र बंगाल की खाड़ी और 91 किलोमीटर गहराई में था। कोलकाता के पास भूकंप की पुष्टि नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने की है। अभी तक भूकंप से हुए नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कोलकाता में आए भूकंप का केंद्र शहर से काफी दूर था। इस साल 8 जनवरी को भी कोलकाता में भूकंप के हल्के झटके महसूस हुए थे क्योंकि तिब्बत के सुदूर क्षेत्र और नेपाल के कुछ हिस्सों में शक्तिशाली भूकंप आया था।


'दवाईयों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए रेगुलेटरी स्टैंडर्ड मजबूत करने की जरूरत'
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिल श्रीवास्तव का कहना है कि दवाईयों की गुणवत्ता कायम रखने के लिए रेगुलेटरी स्टैंडर्ड को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने ये भी कहा कि दवाईयां सिर्फ डॉक्टर की पर्ची पर ही बेची जानी चाहिए ताकि दवाईयों की गलत कारणों से तस्करी न हो सके। राज्य के ड्रग रेगुलेटर्स के साथ बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने ये बात कही।

देश के उत्तरी राज्यों में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) को पुनर्जीवित करने की कोशिशों से जुड़े एक मामले में एनआईए ने एक आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। जांच एजेंसी ने इस बारे में जानकारी दी। एंजेंसी ने अपने बयान में बताया कि हरियाणा के सोनीपत के निवासी और राज्य में सीपीआई (माओवादी) की राज्य आयोजन समिति के प्रभारी अजय सिंघल उर्फ अमन के खिलाफ लखनऊ में एक विशेष एनआईए अदालत के समक्ष आरोप पत्र दायर किया गया।

एनआईए के अनुसार, सिंघल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तरी क्षेत्रीय ब्यूरो (एनआरबी) में अपनी गतिविधियों को पुनर्जीवित करने के संगठन के प्रयासों में शामिल था। एनआईए जांच से पता चला है कि आरोपी की हैसियत सीपीआई (माओवादी) के केंद्रीय समिति सदस्य (सीसीएम) के बराबर थी। सिंघल एनआरबी क्षेत्र में संगठन को पुनर्जीवित करने के लिए सीपीआई (माओवादी) के लिए भर्ती में भी शामिल था।

नौसेना जासूसी मामले में पति-पत्नी को साढ़े 5 साल की सजा
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से जुड़े नौसेना जासूसी मामले में एनआईए की विशेष अदालत, विशाखापत्तनम ने अब्दुल रहमान और उसकी पत्नी शाइस्ता कैसर को दोषी करार देते हुए पांच साल छह महीने की साधारण कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोनों पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह मामला करवाड़ नौसैनिक अड्डे और कोच्चि नौसैनिक अड्डे के बारे में संवेदनशील जानकारी साझा करने से संबंधित है।

एनआईए की ओर से एक बयान में कहा गया कि जुर्माना न भरने की स्थिति में उन्हें एक साल का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। यह मामला दिसंबर 2019 से जून 2020 के बीच सामने आया था, जिसमें अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एनआईए ने उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। जांच में पता चला कि रहमान और कैसर ने विदेशी खुफिया एजेंसियों के एजेंट के रूप में काम किया। वे भारत विरोधी जासूसी गतिविधियों में शामिल थे। उन्होंने अपने पाकिस्तानी रिश्तेदारों के माध्यम से पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क किया और 14 अगस्त, 2018 से 1 सितंबर, 2018 के बीच पाकिस्तान की यात्रा भी की। पाकिस्तानी एजेंटों के निर्देश पर उन्होंने भारत की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील रक्षा जानकारी लीक की। इसके एवज में विभिन्न ऑनलाइन मनी ट्रांसफर पॉइंट ऑफ सेल का इस्तेमाल कर अन्य आरोपियों के खातों में धन हस्तांतरित कराया।

छेड़छाड़ से बचने के लिए भगाई कार पलटी, महिला की मौत
 पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में छेड़छाड़ से बचने के दौरान कार दुर्घटना में इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करने वाली 27 साल की एक महिला की मौत हो गई। दुर्घटना में मारी गई महिला हुगली जिले की रहने वाली थी।

सुचंद्र चट्टोपाध्याय नाम की महिला अपने तीन साथियों के साथ बिहार के गया में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कार से जा रही थी। रात करीब 3 बजे पश्चिम बर्धमान के पानागढ़ में सुचंद्र की कार एक पेट्रोल पंप पर रुकी। इसके बाद पांच लोग सफेद रंग की एक दूसरी कार से सुचंद्र की कार का पीछा करने लगे। उन्होंने शराब पी रखी थी। पांचों ने काफी देर तक उनका पीछा किया और ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठी सुचंद्र को गंदे इशारे करते रहे। छेड़छाड़ से बचने के दौरान सुचंद्र की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार सवार सुचंद्र और उसके दो साथी बुरी तरह घायल हो गए। सुचंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब उसकी मौत हो चुकी थी। दूसरी कार में सवार पांच लोग मौके पर ही अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि गाड़ी मालिक की पहचान कर ली गई। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  

केवल हिंदी हो सकती है देश में समन्वय की भाषा : विहिप
विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि तमिल भारत की राष्ट्रीय भाषाओं में एक है, लेकिन केवल हिंदी ही देश में समन्वय की आम भाषा के रूप में काम कर सकती है। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक इस बात को अस्वीकार करके राज्य को देश की प्रगति की मुख्यधारा से अलग न करे। विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने संस्कृत को लेकर नियमित रूप से आपत्ति जताने के लिए भी द्रमुक की आलोचना की और कहा कि पार्टी वोट बैंक के पीछे अंधी हो गई है, लेकिन वह तमिलनाडु को हिंदी और संस्कृत से अलग करके उसकी जड़ों से नहीं काट सकती।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की टिप्पणी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत निर्धारित स्कूली शिक्षा के लिए तीन-भाषा फॉर्मूले को लेकर चल रहे विवाद की पृष्ठभूमि में आई है, जिसमें तमिलनाडु की सत्तारूढ़ द्रमुक ने केंद्र पर नीति के कार्यान्वयन पर जोर देकर राज्य पर हिंदी थोपने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। 

नव-फासीवादी नहीं है मोदी सरकार : माकपा
 मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा है कि वह नरेंद्र मोदी सरकार या भारतीय राज व्यवस्था (इंडियन स्टेट) को नव-फासीवादी नहीं मानती है। हालांकि, इसमें नव-फासीवादी पहलुओं की झलक जरूर मिलती है।

वापमंथी पार्टी ने आगामी सम्मेलन के लिए राजनीतिक प्रस्ताव के मसौदे को लेकर अपनी प्रदेश इकाइयों को भेजे गए नोट में यह बात कही। माकपा का इस नोट में उल्लेखित उसका यह पक्ष भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन जैसे अन्य वाम दलों के रुख से अलग है। भाकपा का रुख है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार फासीवादी है, जबकि भाकपा (माले) ने भी कहा है कि एक भारतीय फासीवाद स्थापित हो गया है। माकपा के नोट में कहा गया कि राजनीतिक प्रस्ताव में इस बात का उल्लेख है कि अगर भाजपा-आरएसएस से मुकाबला नहीं किया गया और उन्हें रोका नहीं गया तो देश के हिंदुत्व-कॉरपोरेट अधिनायकवाद के नव-फासीवाद की ओर बढ़ने का खतरा है।

तमिलनाडु की पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, 3 महिलाओं की मौत
 तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में तीन महिलाओं की मौत हो गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्टरी के भीतर काम कर रहीं तीनों महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।  

मुख्य निर्वाचन अधिकारियों का सम्मेलन चार मार्च से
निर्वाचन आयोग 4 और 5 मार्च को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों का सम्मेलन करेगा। भारत अंतरराष्ट्ररीय लोकतंत्र व चुनाव प्रबंधन संस्थान, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले सम्मेलन में श्रेष्ठ प्रथाओं को साझा किया जाएगा। इसके अलावा आयोजन में चुनाव प्रबंधन को लेकर मंथन किया जाएगा। चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से यह पहला ऐसा सम्मेलन है।  

नेपाली छात्रा की आत्महत्या मामले में ओडिशा सरकार ने दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश
  एक नेपाली छात्रा की आत्महत्या के बाद ओडिशा सरकार ने सख्ती दिखाते हुए निजी संस्थान केआईआईटी से छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

एक दिन पहले नेपाली विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी से फोन पर बात कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस बीच, नेपाल के मानवाधिकार आयोग ने भारतीय राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) से इस मामले में हस्तक्षेप करने और नेपाली छात्रा की मौत के मामले की जांच करने का आग्रह किया है। नेपाली मानवाधिकार आयोग ने एनएचआरसी से इंसाफ दिलाने का अनुरोध किया है। एजेंसी

भाषा विवाद : कंडक्टर से मिले मंत्री रेड्डी, कहा-जानबूझकर पॉक्सो लगाया
 महाराष्ट्र के साथ गरमाए भाषाई एवं सीमा विवाद में कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी भी कूद पड़े। उन्होंने मारपीट के शिकार कंडक्टर महादेवप्पा हुक्केरी से मुलाकात की। रेड्डी ने कहा कि बस में 90 लोग थे। कंडक्टर के खिलाफ जानबूझकर पॉक्सो केस दर्ज किया गया है। रेड्डी ने मामले में पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा, यहां आने के बाद मुझे पता चला कि हुक्केरी पर हमले में कम से कम 15 लोग शामिल थे, लेकिन केवल 5 को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने महाराष्ट्र सरकार से इस प्रकार की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया।  

सामाजिक सुरक्षा ही भारत की सामाजिक न्याय प्रतिबद्धता का मूल स्तंभ : मांडविया
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि सामाजिक सुरक्षा भारत की सामाजिक न्याय प्रतिबद्धता का मूल स्तंभ है। उन्होंने बताया कि 2021 में 24.4 प्रतिशत की तुलना में 2024 में कुल जनसंख्या का 48.8 प्रतिशत को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा, आईएलओ की विश्व सामाजिक सुरक्षा रिपोर्ट 2024-26 में भारत की प्रगति को रेखांकित किया गया है।

सोशल जस्टिस 2025' पर आयोजित क्षेत्रीय संवाद के उद्घाटन सत्र पर मांडविया ने कहा, बेरोजगारी दर 2017-18 में 6 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 3.2 प्रतिशत हो गई है, जबकि श्रम बल भागीदारी दर 49.8 प्रतिशत से बढ़कर 60.1 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि ये सकारात्मक संकेतक हमारे सुधारों और पहलों के प्रभाव को दर्शाते हैं।

मजदूरों के लिए लॉन्च किया ई-श्रम मोबाइल एप
इस दौरान मांडविया ने ई-श्रम मोबाइल ऐप लॉन्च किया, जो देश भर के श्रमिकों के लिए सुविधा और पहुंच को बढ़ाएगा। ई-श्रम पोर्टल असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का राष्ट्रीय डाटाबेस है। यह उन्हें सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजनाओं से जोड़ता है। एप के माध्यम से श्रमिक अपने ई-श्रम कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और कल्याण योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।

केरल में युवक ने दादी समेत पांच की हत्या की, मां की हालत गंभीर
 केरल में 23 साल के एक युवक ने अपने 13 साल के छोटे भाई, 80 साल की दादी और युवती समेत पांच लोगों की हत्या कर दी। माना जा रहा है कि युवती उसकी प्रेमिका थी। उसकी मां की हालत गंभीर और उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी के दो मृतक भी उसके करीबी रिश्तेदार हैं।

पुलिस ने बताया कि राज्य की राजधानी के पास वेंजारामूडु इलाके में तीन घरों में सामूहिक हत्याकांड हुआ। इस घटना की जानकारी तब हुई जब आरोपी अफान खुद वेंजारामूडु थाने पहुंचा और कहा कि उसने छह लोगों की हत्या कर दी है। उसने यह भी कहा कि उसने जहर खा लिया है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

एनएसए डोभाल ने देखी बांग्लादेशी अल्पसंख्यकों की दुर्दशा पर एक प्रदर्शनी
विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन (वीआईएफ) ने 'बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों का कभी न खत्म होने वाला उत्पीड़न' नाम से एक प्रदर्शनी और पैनल चर्चा आयोजित की, जिसमें बांग्लादेश में धार्मिक और जातीय अल्पसंख्यकों की तरफ से सामना किए जाने वाले प्रणालीगत भेदभाव और हिंसा पर प्रकाश डाला गया, वीआईएफ के एक बयान के अनुसार। इस कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए), अजीत डोभाल की उपस्थिति थी। एनएसए ने प्रदर्शनी का दौरा किया और पैनल चर्चा में भाग लिया, जिससे बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की दुर्दशा पर भारत की गहरी चिंता को दर्शाया गया था। दिल्ली के वीआईएफ ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में बांग्लादेश में सामने आ रहे तत्काल मानवाधिकार संकट पर चर्चा करने के लिए प्रतिष्ठित विशेषज्ञ, राजनयिक और पत्रकार एक साथ आए।

कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं स्थगित
बसों पर हमले के बाद कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। मामले में उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'हमने कल से महाराष्ट्र के लिए बस सेवाएं स्थगित कर दी हैं। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने भी कर्नाटक के लिए बसें चलाना बंद कर दिया है।' उन्होंने बताया कि सीमावर्ती जिले बेलगावी में संवेदनशील मुद्दे पर व्याप्त तनाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

इस बीच, नारायण गौड़ा के नेतृत्व वाली कर्नाटक रक्षण वेदिके (केआरवी) ने मंगलवार को 'बेलगावी चलो' का आह्वान किया है। केआरवी ने मंगलवार को बेलगावी में मार्च निकालने, विरोध प्रदर्शन करने और जनसभा करने का फैसला लिया है। भाषा को लेकर विवाद बेलगावी में तब शुरू हुआ जब कुछ लोगों ने कथित तौर पर केएसआरटीसी की बस को रोक लिया और एक यात्री से मराठी में बात न करने पर उसके कंडक्टर और ड्राइवर की पिटाई कर दी। यात्री - एक नाबालिग लड़की - ने भी शिकायत की कि कंडक्टर ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इस मुद्दे ने तब तूल पकड़ लिया जब दोनों राज्यों की बसों में तोड़फोड़ की गई और ड्राइवरों पर हमला किया गया।

जहां कर्नाटक के मंत्रियों ने शांति और सद्भाव की अपील की है, वहीं राज्य के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने महाराष्ट्र सरकार पर केएसआरटीसी बसों पर हमला करने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

तापमान में बढ़ते ही प्रवासी पक्षी ओडिशा के भितरकनिका से जल्दी चले गए
ओडिशा में तापमान में अचानक बढ़ोतरी और गर्मियों की शुरुआत ने प्रवासी पक्षियों को सर्दियों के मौसम में लगभग दो महीने तक रहने के बाद भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान से अपने घर की ओर यात्रा जाने के लिए प्रेरित किया है। बता दें कि, प्रवासी पक्षी सुंदरबन के बाद भारत में दूसरे सबसे बड़े मैंग्रोव वन के रूप में जाने जाने वाले भितरकनिका के जल निकायों में पिछले सप्ताह दिसंबर में हिमालय से परे दूरदराज के स्थानों में अत्यधिक ठंडे मौसम की स्थिति से बचने के लिए उमड़ पड़े।

राजनगर मैंग्रोव (वन्यजीव) वन प्रभाग के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) मानस दास ने बताया कि इस साल अचानक बढ़े तापमान और जल्दी गर्मी के आगमन के कारण ये पक्षी जल्दी ही चले गए हैं। पिछले वर्षों में ये पक्षी मार्च या अप्रैल में चले जाते थे। उन्होंने बताया कि साइबेरिया जैसे स्थानों से भितरकनिका जलाशयों में आने वाले पक्षी लगभग हर दिन समूहों में जा रहे हैं। वन अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर ये पक्षी मार्च के मध्य तक भितरकनिका से अपने स्थानों पर चले जाते हैं, लेकिन फरवरी में तापमान में असामान्य वृद्धि के कारण ये पक्षी इस साल जल्दी चले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस साल 118 प्रजातियों के 1.51 लाख से अधिक प्रवासी पक्षियों ने भितरकनिका को अपना अस्थायी घर बनाया है।

ओडिशा के आवासीय विद्यालय के आदिवासी छात्रों ने किया प्रदर्शन
ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक सरकारी आवासीय विद्यालय के 100 से अधिक आदिवासी छात्र पूरी रात पैदल चलकर जिला मुख्यालय शहर बारीपदा पहुंचे। छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें छात्रावास में घटिया गुणवत्ता वाला भोजन परोसा जा रहा है तथा विद्यालय में शिक्षक उनके साथ मारपीट करते हैं। जिला कलेक्टर हेमाकांत साय ने तुरंत छात्रों से मुलाकात की। डीसी ने स्कूल जाकर छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) नेत्रानंद मलिक ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और उन्हें पूरा करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

कर्नाटक विधानसभा में विधायकों को लंच के बाद मिलेगी आरामदेह कुर्सी
कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष यूटी खादर ने आगामी विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों को दोपहर के भोजन के बाद झपकी लेने के लिए आरामकुर्सी मिलेगी। यूटी खादर ने कहा कि विधायकों को विधानसभा सत्र के दौरान अनुपस्थित रहने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 15 रिक्लाइनर किराये पर लिए जाएंगे और 3 मार्च से 21 मार्च तक कर्नाटक विधानसभा के अंदर रखे जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमने तीन मार्च से 21 मार्च तक विधानमंडल सत्र के दौरान 15 रिक्लाइनर किराये पर लेने का फैसला किया है। हम उन्हें नहीं खरीद रहे हैं, क्योंकि यह पैसे की बर्बादी है, क्योंकि वे साल के बाकी समय बिना इस्तेमाल के पड़े रहेंगे। सत्र समाप्त होने के बाद ये रिक्लाइनर हटा दिए जाएंगे। इसके अलावा विधायकों की सुविधा के लिए लॉबी में चाय और काफी का इंतजाम किया गया है। 

बंगलूरू: नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार
बंगलूरू में नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि बोम्मनहल्ली पुलिस स्टेशन में तैनात अरुण थोनेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामला 13 फरवरी को सामने आया। 17 वर्षीय लड़की ने शिकायत में कहा कि उसका पिछले महीने उसके पड़ोसी ने यौन उत्पीड़न किया था। न्याय दिलाने में मदद करने के बहाने कांस्टेबल ने उसके परिवार से संपर्क किया। लड़की ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल उसे एक लॉज में ले गया जहां उसने उसे शराब पिलाई और उसका यौन उत्पीड़न किया। उसने उसे यह भी धमकी दी कि वह इस बारे में किसी को न बताए अन्यथा वह उसका निजी वीडियो लीक कर देगा। एसपी ने कहा कि कांस्टेबल को सेवा से निलंबित कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
 

डीआरडीओ में भर्ती रैकेट के खिलाफ सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बेरोजगार युवाओं से झूठे वादे कर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में नौकरी दिलाने वाले गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के जालसाजों ने भोले-भाले युवाओं को डीआरडीओ में विभिन्न पदों जैसे चपरासी, सफाई कर्मी, मल्टी टास्किंग स्टाफ और क्लर्क आदि पदों पर भर्ती कराने के प्रस्ताव देते थे। अधिकारियों ने बताया कि गिरोह ने नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से पांच से 10 लाख रुपये तक वसूले।

हैरानी की बात यह है कि गिरोह ने उम्मीदवारों से पैसे लेने के बाद दिल्ली में नकली डीआरडीओ केंद्र पर उनका मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया। उसके बाद अभ्यर्थियों को नकली नियुक्ति पत्र थमा कर उन्हें तीन महीने के प्रशिक्षण में हिस्सा लेने के लिए जयपुर स्थित कथित डीआरडीओ केंद्र पर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया। दिलचस्प यह है कि जयपुर में प्रशिक्षण के लिए भी डीआरडीओ का नकली केंद्र बना दिया गया। इस फर्जीवाड़े को लेकर सीबीआई ने जयपुर में दो स्थानों और दिल्ली स्थित एक जगह पर छापा भी मारा था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed