फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 24th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: करंट लगने के एक परिवार के तीन लोगों की मौत; असम में छेड़छाड़ के आरोप में दो जेलकर्मी गिरफ्तार

Sat, 24 May 2025 11:04 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 24 May 2025 11:04 PM IST
विज्ञापन
News Updates 24th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में करंट लगने से एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। एसएसओ वी पवन किशोर ने कहा कि नारा चंद्रबाबू नायडू कॉलोनी में साईं टावर्स में सुबह करीब आठ बजे तहखाने में रहने वाले तीन परिवार के सदस्यों की बिजली करंट से मौत हो गई। परिवार ने कपड़े टांगने के लिए केबल तार और बिजली के तार के बीच लोहे का तार बांधा था। महिला ने तार से कपड़े खींचने का प्रयास किया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। उसने मदद के लिए चिल्लाया और परिवार के दो पुरुष सदस्य उसकी मदद के लिए दौड़े। इस प्रक्रिया में वे भी करंट लगने से झुलस गए। तीनों व्यक्तियों की मौत बिजली करंट से हुई।

विज्ञापन


असम में छेड़छाड़ के आरोप में दो जेलकर्मी गिरफ्तार
असम के श्रीभूमि जिला जेल के दो कर्मचारियों को जेल के अंदर एक महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को उनके सहकर्मियों ने महिला से छेड़छाड़ का प्रयास करते हुए पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि जेल अधीक्षक ने अन्य कर्मचारियों की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना रात करीब डेढ़ बजे मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को पकड़ लिया गया और महिला को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन


असम में 3 और पाकिस्तान समर्थक गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को कहा कि राज्य में पाकिस्तान समर्थकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सरमा ने कहा कि नलबाड़ी, दक्षिण सलमारा और कामरूप जिलों में एक-एक गिरफ्तारी की गई। उन्होंने कहा कि असम में पाकिस्तान समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई में अब तक कुल 76 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य पुलिस 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से सोशल मीडिया पर पोस्ट सहित 'भारत विरोधी' और 'पाकिस्तान समर्थक' गतिविधियों के लिए लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। सरमा ने पहले कहा था कि देशद्रोहियों के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई जारी रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

चेन्नई एयर शो: मानवाधिकार आयोग ने तमिलनाडु के डीजीपी से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
अक्तूबर 2024 में चेन्नई में आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो के दौरान लापरवाही की शिकायत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। शो के दौरान मरीना बीच पर गर्मी से संबंधित समस्याओं के कारण पांच लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। एनएचआरसी ने 23 मई को अपनी कार्यवाही में कहा कि उसे 10 अक्तूबर, 2024 को ग्रेटर चेन्नई सिटी पुलिस आयुक्त के खिलाफ शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता एक वकील हैं। उन्होंने आयुक्त पर शो के आयोजन के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया और पांच मौतों का हवाला दिया। उन्होंने घटना की जांच और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत की प्रति तमिलनाडु सरकार के डीजीपी को ऑनलाइन भेजने के लिए कहा गया है।

भारत से सालाना दो अरब डॉलर के एयरोस्पेस कलपुर्जों, सेवाओं की आपूर्ति: नागर विमानन सचिव समीर सिन्हा
वैश्विक मौलिक उपकरण विनिर्माता (ओईएम) भारत से सालाना लगभग दो अरब डॉलर के एयरोस्पेस कलपुर्जों और सेवाओं की आपूर्ति कर रहे हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की। भारतीय विमानन और अंतरिक्ष क्षेत्र में अवसरों का उल्लेख करते हुए नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि देश एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल) गतिविधियों के लिए भी एक गंतव्य बन रहा है। इससे एयरलाइन कंपनियों की लागत को कम करने में मदद मिलेगी, अधिक नौकरियां पैदा होंगी और सेवा क्षमताएं बढेंगी। उन्होंने यहां ‘विंग्स इंडिया-2026’ की घोषणा करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण अनुकूलता पर ध्यान देने पर भी जोर दिया। ‘विंग्स इंडिया-2026’ एक विमानन सम्मेलन है, जो जनवरी, 2026 में हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा। भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नागर विमानन बाजारों में से एक है और विमानन कंपनियों ने विमान के लिए बड़े ऑर्डर दिए हैं, क्योंकि वे अपने बेड़े के साथ-साथ बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को पूरा करने के लिए नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं। सिन्हा ने कहा कि वैश्विक ओईएम भारत से सालाना दो अरब डॉलर से अधिक विमानन और अंतरिक्ष कलपुर्जों और सेवाओं की आपूर्ति करता है।

राज्यों में जाति आधारित अपराधों पर केंद्र सख्त
जाति आधारित भेदभाव पर चिंता के बीच सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने नई दिल्ली में 28वीं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के खिलाफ छुआछूत और अत्याचारों को रोकने की रणनीतियों पर चर्चा हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार और केंद्रीय जनजातीय मामले मंत्री जुआल ओराम ने की। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्रियों रामदास आठवले, बीएल वर्मा और दुर्गा दास उइके, केंद्र और राज्यों के एससी/एसटी विकास और गृह विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। समिति ने चार्जशीट दाखिल करने की दर, अदालतों में लंबित मामलों, विशेष अदालतों के कामकाज और राज्य एवं जिला स्तर की निगरानी समिति की बैठकों की प्रगति जैसे प्रमुख संकेतकों की समीक्षा की। बैठक में राष्ट्रीय अत्याचार हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और सिविल अधिकार संरक्षण (पीसीआर) अधिनियम, 1955 और अनुसूचित जाति और जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के कार्यान्वयन में कमियों को दूर करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। मंत्री वीरेंद्र कुमार ने जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई पर जोर देते हुए राज्यों से इन दोनों कानूनों के नियमित निगरानी और एससी/एसटी के अधिकारों व सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, अत्याचार मामलों के लिए विशेष पुलिस स्टेशन बढ़ाने और कर्तव्यों में विफल अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

सक्षम, आत्मनिर्भर भारत को आकार देने के लिए उत्कृष्टता के मूल्यों से समझौता नहीं होना चाहिए : वायुसेना प्रमुख
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शुक्रवार को फ्लाइट टेस्ट कोर्स के स्नातक अधिकारियों से कहा कि मजबूत और सक्षम 'आत्मनिर्भर भारत' को आकार देने के लिए उत्कृष्टता के मूल्यों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। भारतीय वायु सेना टेस्ट पायलट स्कूल के प्रतिष्ठित 47वें फ्लाइट टेस्ट कोर्स का बंगलूरू स्थित एयरक्राफ्ट एंड सिस्टम्स टेस्टिंग एस्टेब्लिशमेंट (एएसटीई) में आयोजित समापन समारोह एयर चीफ मार्शल सिंह मुख्य अतिथि थे। उन्होंने वायु सेना की आत्मनिर्भरता के प्रति उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (एएमसीए) और एलसीए एमके-II जैसी विकास परियोजनाओं के माध्यम से स्वदेशीकरण के प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण और विशिष्ट पाठ्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्नातक अधिकारियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की। 48 सप्ताह के इस कठोर प्रशिक्षण कोर्स के दौरान छात्रों को अत्याधुनिक हवाई प्लेटफार्मों और जटिल प्रणालियों के बारे में विस्तार से पढ़ाया जाता है।

तकनीकी खराबी के कारण अबू धाबी से बंगलूरू लौटी ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान
ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान बीए118 तकनीकी खराबी के कारण अबू धाबी पहुंचने के बाद बंगलूरू लौट आई। यह शुक्रवार सुबह 7.40 बजे बंगलूरू से रवाना हुई थी। बंगलूरू हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि यह उड़ान दोपहर 2.30 बजे अपने मूल गंतव्य लंदन के लिए फिर से रवाना हुई। ब्रिटिश एयरवेज के एक प्रवक्ता ने ईमेल के जवाब में कहा, तकनीकी खराबी के कारण एहतियातन विमान को बंगलूरू में सुरक्षित उतारा गया। विमान की जांच की गई और इसके बाद यह लंदन हीथ्रो के लिए अपनी निर्धारित यात्रा पर रवाना हुआ। एक यात्री सतीश मेदापति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, बीए118 बीएलआर-एलओएन शुक्रवार सुबह कुछ घंटों बाद बंगलूरू लौट आया। हम अभी भी विमान में हैं, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। उम्मीद है कि विमान जल्द ही उड़ान भरेगा। ब्रिटिश एयरवेज ने सोशल मीडिया हैंडल पर एक बयान में कहा कि उसने शनिवार की लगभग 90% उड़ानों का संचालन किया।

आंध्र में 33 वैश्विक साइबर ठग गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश पुलिस ने अनकापल्ली जिले के अच्युतापुरम इलाके से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 33 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तकनीकी उपकरण और तीन लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विष्णु स्वरूप ने बृहस्पतिवार को एक ग्राम राजस्व अधिकारी की शिकायत पर तीन स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान कंप्यूटर, नेटवर्क डिवाइस और महंगे फर्नीचर जब्त किए गए। स्वरूप ने शुक्रवार को बताया कि यह एक फर्जी कॉल सेंटर था जो अमेरिका के लोगों को निशाना बना रहा था। कॉल सेंटर में काम करने वाले लोग खुद को अमेजन कस्टमर सपोर्ट का कर्मचारी बताकर ठगी को अंजाम देते थे।

एनआईए ने लॉरेंस गिरोह के सहयोगी को किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक प्रमुख सहयोगी राहुल सरकार को गिरफ्तार किया है। उसे नई दिल्ली के पटियाला हाउस स्थित एजेंसी की विशेष अदालत ने आगे की जांच के लिए एनआईए की हिरासत में भेज दिया है। एनआईए ने कहा कि जांच में पता चला कि आरोपी जाली पासपोर्ट की व्यवस्था करके गिरोह के सदस्यों को बाहर भागने में मदद कर रहा था। उसने जिन गिरोह के सदस्यों की मदद की थी उनमें सचिन थापन बिश्नोई भी शामिल था, जो 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुख्य आरोपी है।

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का हवाई क्षेत्र आज भी तीन घंटे के लिए रहेगा बंद
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का हवाई क्षेत्र शुक्रवार सुबह सात बजे से 10 बजे तक बंद रहा। एक अधिकारी ने बताया कि त्रि-सेवा कमान के उच्च ऊंचाई वाले हथियार का परीक्षण किए जाने के चलते हवाई क्षेत्र को तीन घंटे के लिए बंद रखा गया। इतना ही नहीं, शनिवार को भी हवाई क्षेत्र सुबह सात बजे से तीन घंटे के लिए बंद रहेगा। अंडमान एवं निकोबार कमान (एएनसी) भारत में एकमात्र त्रि-सेवा कमान है। अंडमान एवं निकोबार कमान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार की तरह शनिवार को भी अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के ऊपर एवं आसपास का हवाई क्षेत्र तीन घंटे (सुबह सात बजे से 10 बजे तक) के लिए बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि हमने उच्च ऊंचाई वाले हथियार का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। शनिवार को भी इसी तरह का परीक्षण किया जाएगा। यह अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में एक नियमित अभ्यास है क्योंकि हम पहले भी इस तरह के परीक्षण कर चुके हैं।

कर्नाटक : आरएटी जांच में नौ माह के बच्चे में कोविड की पुष्टि
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में नौ महीने के बच्चे में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। बंगलूरू स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव हर्ष गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि 22 मई को रैपिड एंटीजन टेस्ट (आरएटी) के जरिए बच्चे की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। मरीज की हालत स्थिर है और उसे कलासीपल्या में वाणी विलास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक बच्चा बंगलूरू के होसकोटे गांव का रहने वाला है और उसे शुरू में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अमित मालवीय व अर्नब के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही पर रोक
कर्नाटक हाईकोर्ट ने भाजपा नेता अमित मालवीय और रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी। दोनों पर कांग्रेस (आईएनसी) के इस्तांबुल, तुर्किये में कार्यालय होने के झूठे दावों को फैलाने के आरोप हैं। जस्टिस एस. रचिया ने बृहस्पतिवार को मालवीय और गोस्वामी की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया, जिसमें उनके खिलाफ दर्ज मामलों को रद्द करने की मांग की गई थी। यह रोक अगली सुनवाई तक प्रभावी रहेगी।

बेटी को पीटने का वीडियो वायरल, पिता गिरफ्तार

केरल पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। दरअसल इस व्यक्ति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह अपनी आठ साल की बेटी को बेरहमी से पीटते नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी ने बेटी के सिर को गुस्से में दीवार से पटकने की कोशिश की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया और आरोपी की पहचान जोस के रूप में हुई, जो चेरुपुझा इलाके से पकड़ा गया। आरोपी की पत्नी उसके साथ नहीं रहती और पत्नी को वापस आने के लिए मजबूर करने के लिए ही उसने बेटी को पीटने का वीडियो बनाया। 

प्रतिबंधित संगठन उल्फा का नेता गिरफ्तार

असम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल असम और अरुणाचल प्रदेश की सीमा से पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन उल्फा के एक शीर्ष नेता को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उल्फा उग्रवादी की पहचान रुपम असोम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। रूपम असम में जबरन वसूली गैंग चला रहा था। उस पर साल 2018 में पुलिस अधिकारी भास्कर कालिता की हत्या का भी आरोप है। रूपम लंबे समय से छिपकर वसूली गैंग चला रहा था। 

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बम की धमकी

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में उस वक्त डर का माहौल पैदा हो गया, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन करके बेसेंट रोड पर बम होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बम की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलते ही बेसेंट रोड की दुकानें बंद हो गईं और पूरे इलाके को सील कर जांच की गई। राहत की बात ये रही कि जांच में कुछ नहीं मिला। फिलहाल पुलिस फोन पर सूचना देने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। 

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से की कोविड से न घबराने की अपील
कर्नाटक में बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने लोगों से शांत रहने और अपनी दैनिक दिनचर्या जारी रखने को कहा। राव ने कहा कि मैं सभी से अपील करता हूं कि वे घबराएं नहीं क्योंकि जब आप मीडिया में ऐसी खबरें देखते हैं कि कोविड-19 फिर से लोगों को परेशान करने लगा है तो लोग चिंतित हो जाते हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सतर्क है और वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई हैं।
 

अगले सप्ताह रूस की यात्रा करेंगे NSA अजीत डोभाल
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल अगले सप्ताह रूस की यात्रा पर जा सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। गौरतलब है कि आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक समर्थन जुटाने के लिए भारतीय संसद का एक सात-दलों का प्रतिनिधिमंडल कई देशों की यात्रा पर है। पहलगाम हमले के बाद यह कूटनीतिक पहल की गई है। पिछले साल, सेंट पीटर्सबर्ग में ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के दौरान डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी।

त्रिपुरा: टीपीवाईसी ने की सरकारी नौकरियों पर श्वेत पत्र की मांग की
 त्रिपुरा प्रदेश युवा कांग्रेस (टीपीवाईसी) ने शनिवार को मुख्यमंत्री माणिक साहा से भाजपा शासन के दौरान सरकारी क्षेत्र में रोजगार का विवरण देने वाला श्वेत पत्र प्रकाशित करने का आग्रह किया। टीपीवाईसी नेता शाहजहां इस्लाम ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भाजपा शासन के दौरान भरे गए पदों की संख्या के बारे में विरोधाभासी बयान दे रहे हैं। लोग जानना चाहते हैं कि पिछले सात वर्षों में सरकारी विभागों में कितने युवाओं को रोजगार मिला है। 18 दिसंबर 2024 को साहा ने कहा था कि 13,000 पद भरे गए हैं। 28 अप्रैल 2025 को उन्होंने दावा किया कि 16,942 नौकरियां दी गईं और दो दिन पहले उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रेणियों के 19,262 पद भरे गए हैं। मुख्यमंत्री इन संदेहों को दूर करने के लिए पिछले सात वर्षों में सरकारी क्षेत्र में रोजगार पर एक श्वेत पत्र प्रकाशित करें। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवा सरकारी नौकरियों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार रोजगार प्रक्रिया में देरी कर रही है। कुछ मामलों में तो भर्ती प्रक्रिया दो या तीन साल बाद भी पूरी नहीं हो पाती है। यदि मुख्यमंत्री हमारी मांग पर ध्यान नहीं देते हैं तो युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी, क्योंकि हमारा संगठन हमेशा बेरोजगार युवाओं के साथ खड़ा रहा है।
 

24 जून से आम जनता के लिए खुलेगा देहरादून में बना राष्ट्रपति निकेतन
राष्ट्रपति कार्यालय ने शनिवार को घोषणा की कि पहली बार देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन  24 जून से आम जनता के लिए खुलेगा। 186 वर्ष पुराने 21 एकड़ के एस्टेट को खोलना राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन की विरासत के साथ नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने की पहल का हिस्सा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून को उत्तराखंड के देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन का दौरा करेंगी और वहां जनता के लिए इसे खोलने की तैयारियों का जायजा लेंगी। वह 132 एकड़ के पारिस्थितिक पार्क, राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखेंगी।

केरल तट के पास समुद्र में तेल और माल गिरा
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने  कहा कि तेल सहित खतरनाक माल केरल तट से दूर अरब सागर में गिर गया है। केएसडीएमए ने जनता को चेतावनी दी है कि यदि ये कंटेनर किनारे पर आ जाएं तो उन्हें न छुएं।  केएसडीएमए के सदस्य सचिव शेखर कुरियाकोस ने कहा कि समुद्र में खतरनाक माल गिरने की सूचना तट रक्षक से मिली थी। संभावना है कि कंटेनर और तेल सहित माल किनारे पर आ जाएगा। यदि आम जनता को ऐसा माल दिखाई दे तो उसे न तो उसके पास जाना चाहिए और न ही छूना चाहिए और तुरंत पुलिस को सूचित करना चाहिए।
 

झारखंड में घर में मृत मिले परिवार के चार लोग, आत्महत्या की आशंका
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में कृष्ण कुमार (40), उनकी पत्नी डोली देवी (35) और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। चारों के शव शुक्रवार की रात चित्रगुप्त नगर स्थित उनके घर में फंदे से लटके मिले। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।

आदित्यपुर थाने के अधिकारियों ने बताया कि कृष्ण कुमार गम्हरिया स्थित एक इस्पात संयंत्र में वरिष्ठ प्रबंधक थे। हाल ही में उनके कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था, जिसके बाद से वे मानसिक रूप से काफी तनाव में थे। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

मणिपुर : कामजोंग में एक उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार व गोला-बारूद बरामद
मणिपुर के कामजोंग जिले में शनिवार को प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्तौल और गोला-बारूद भी बरामद किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध को बृहस्पतिवार को कासोम खुल्लेन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत तारेत नदी के पास से पकड़ा गया था। उसकी कब्जे से एक 9 मिमी पिस्तौल और कारतूस जब्त किए गए।

एक अन्य ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को इंफाल पूर्व जिले के पंगेई नेपाली बस्ती और आसपास के इलाके में दो हथियार, तीन हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद किए। मणिपुर में मई 2023 से मेइतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच हिंसा जारी है, जिसमें 260 से अधिक लोग मारे गए हैं। केंद्र ने 13 फरवरी को राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया था।

केरल में भी बदलेगा पाकिस्तान मुक्कू जंक्शन का नाम, पंचायत ने की मांग
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच केरल की एक सीपीआई(एम)-शासित पंचायत ने दशकों पुराने पाकिस्तान मुक्कू जंक्शन का नाम बदलने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का फैसला किया है। कुन्नथूर पंचायत ने हाल की बैठक में भाजपा वार्ड सदस्य के अनुरोध पर इस मुद्दे पर सर्वसम्मति से सहमति जताई। पंचायत अध्यक्ष वल्साला कुमारी के ने बताया कि नाम परिवर्तन का अधिकार पंचायत के पास नहीं है, इसलिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, चर्चा के दौरान किसी ने आपत्ति नहीं जताई। कुछ सदस्यों ने जगह का नाम 'इवारकला' रखने का सुझाव दिया।

उन्होंने बताया कि दशकों से यह स्थान स्थानीय लोगों में पाकिस्तान मुक्कू के नाम से जाना जाता है, हालांकि पंचायत रिकॉर्ड में इसका जिक्र नहीं है। यहां कई मुस्लिम परिवार रहते हैं और एक मस्जिद भी है। पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय सरकार का होगा क्योंकि पंचायत राज नियमों में किसी स्थान का नाम बदलने का प्रावधान नहीं है। यह मामला भारत-पाकिस्तान संबंधों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है।

त्रिपुरा में 29 मई को शुरू होगी कृषि संकल्प यात्रा 
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा 29 मई को सिपाहीजाला जिले में किसानों के लिए दो सप्ताह तक चलने वाले कृषि संकल्प यात्रा का उद्घाटन करेंगे। राज्य के कृषि मंत्री रतन लाल नाथ ने कहा कि इस यात्रा के दौरान प्रतिदिन किसानों के साथ 72 बैठकें होंगी। राष्ट्रव्यापी विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत राज्य सरकार ने 29 मई को पूरे राज्य में दो सप्ताह तक चलने वाली कृषि संकल्प यात्रा शुरू करने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री सिपाहीजाला जिले के बिश्रामगंज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम एक ही दिन में राज्य के 24 स्थानों पर शुरू किया जाएगा।

असम में नौ बांग्लादेशी गिरफ्तार
भारत में अवैध रूप से रह रहे नौ बांग्लादेशियों को असम के मोरीगांव जिले में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि विदेशी न्यायाधिकरण ने सभी को विदेशी नागरिक घोषित कर दिया था। पुलिस ने मोरीगांव, मिकिरभेटा और धरमतुल पुलिस थानों से दो-दो तथा जागीरोड, मायोंग और लाहौरीघाट पुलिस थाना क्षेत्रों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए दो लोगों ने न्यायाधिकरण के फैसले के खिलाफ गुवाहाटी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उनकी अपील खारिज कर दी गई। गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों से पुलिस फिलहाल पूछताछ कर रही है।

असम के मंत्रियों ने पहलगाम हमले के पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात की
असम सरकार ने शनिवार को पहलगाम आतंकी हमले के चार पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा दिया। राज्य के मंत्रियों ने देश भर के विभिन्न शहरों में उनके आवासों का दौरा किया। एक्स पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उनके तीन कैबिनेट सहयोगियों ने पीड़ितों के घरों का दौरा किया। असम के लोगों की ओर से रानोज पेगु ने जयपुर में स्वर्गीय नीरज उधवानी के परिवार को सहायता का एक छोटा सा प्रतीक प्रदान किया है। हमें उम्मीद है कि इससे उन्हें तत्काल कठिनाइयों से निपटने में मदद मिलेगी। मंत्री रंजीत कुमार दास उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुभम द्विवेदी के आवास पर गए। उन्होंने कहा कि असम इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। राष्ट्र के लिए उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। मंत्री कृष्णेंदु पॉल ने कोलकाता में बितान अधिकारी के आवास का दौरा किया। सीएम ने कहा कि हम बितान अधिकारी द्वारा उनकी पत्नी सोहिनी और उस छोटे बच्चे के जीवन में छोड़े गए खालीपन को कभी नहीं भर सकते, फिर भी हमने कठिन समय में उनकी मदद करने के लिए असम के लोगों की ओर से सहायता का एक प्रतीक पेश किया है। पॉल ने कोलकाता में एक अन्य पीड़ित समीर गुहा के परिवार से भी मुलाकात की और सहायता राशि सौंपी। मंत्रियों ने केरल में एन रामचंद्रन, विशाखापत्तनम में जेएस चंद्रमौली और अरुणाचल प्रदेश में तागे हैलियांग के आवास पर जाकर उनके परिवारों को सहायता राशि सौंपी।

बेलगावी: मठ प्रमुख दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
कर्नाटक के बेलगावी में एक मठ के प्रमुख को एक नाबालिग लड़की का अपहरण करने और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस जिले के रायबाग तालुक के मेकाली गांव में राम मंदिर मठ के आरोपी हठयोगी लोकेश्वर स्वामी (30) को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता को उसके परिवार की ओर से मठ में ले जाया गया था, क्योंकि कुछ रिश्तेदारों ने सुझाव दिया था कि स्वामी उसकी बीमारी और अन्य समस्याओं को ठीक कर सकते हैं। अपनी शिकायत में, 17 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया कि अपराध 13 मई को हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उसे उस समय लिफ्ट दी, जब वह एक गांव में अपने रिश्तेदार के घर से घर जा रही थी। 

पुलिस ने बताया कि मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़िता ने घटना के कुछ दिन बाद अपने पिता को घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसके पिता ने उसे इस संबंध में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर स्वामी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

नक्सली बसवराज का शव सौंपने की मांग वाली याचिका का हाईकोर्ट ने किया निपटारा
आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में मारे शीर्ष नक्सली नंबाला केशव राव उर्फ बसवराज और एसवी नागेश्वर राव के शवों को सौंपने की मांग वाली याचिकाओं का निपटारा कर दिया। हाईकोर्ट ने दोनों नक्सलियों के रिश्तेदारों से छत्तीसगढ़ के अधिकारियों से संपर्क करने को कहा है। हाईकोर्ट में दाखिल याचिकाओं में दोनों नक्सलियों के शवों को सौंपने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार को निर्देश देने की मांग की गई थी, ताकि शवों का अंतिम संस्कार किया जा सके। पोस्टमार्टम की स्थिति पर पूछे जाने पर छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता ने हाईकोर्ट को सूचित किया कि मारे गए नक्सलियों के शवों का पोस्टमार्टम शनिवार तक पूरा हो जाएगा। एक बार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर शवों को उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed