Updates: अहमदाबाद में फैक्टरी में बॉयलर फटने से दो की मौत; आईबी प्रमुख का कार्यकाल एक साल बढ़ा
केरल में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 19 करोड़ की 1.945 किलो कोकीन की तस्करी के प्रयास में एक महिला समेत तंजानिया के दो यात्रियों को कोच्चि हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एक्स-रे जांच के दौरान उनके पेट में कुछ कैप्सूल पाए गए। दोनों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके पेट से कोकीन से 100 कैप्सूल निकाले।
बीआरएस छोड़कर पांचवें विधायक ने कांग्रेस का दामन थामा
तेलंगाना विधानसभा में विपक्षी दल- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को बड़ा झटका लगा। जगतियाल से चुने गए विधायक संजय कुमार ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी सूत्रों ने रविवार देर रात बताया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कुमार का कांग्रेस में स्वागत किया। कुमार कांग्रेस में शामिल होने वाले पांचवें बीआरएस विधायक हैं। संजय कुमार के कांग्रेस में शामिल होने से कुछ ही समय पहले वरिष्ठ बीआरएस विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पोचाराम श्रीनिवास रेड्डी 21 जून को कांग्रेस में शामिल हुए थे।
#WATCH | Hyderabad, Telangana: BRS MLA from Jagtial Sanjay Kumar joins Congress at CM Revanth Reddy's Jubilee Hills residence.
(Video Source: CMO) pic.twitter.com/vGAGTGO7rK — ANI (@ANI) June 23, 2024
कई और विधायक भी शामिल हो सकते हैं
इससे पहले बीआरएस विधायक कदियम श्रीहरि, दानम नागेंद्र और तेलम वेंकट राव सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो चुके हैं। इन विधायकों के अलावा हैदराबाद की मेयर विजया लक्ष्मी आर गडवाल समेत कई अन्य बीआरएस नेता भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि आने वाले दिनों में बीआरएस के और विधायक कांग्रेस में शामिल होंगे।
तमिलनाडु : विमान में बम की अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार
मुंबई जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में बम की अफवाह फैलाने वाले शख्स को पुलिस ने तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 18 जून को यहां एयरलाइन के ग्राहक सेवा केंद्र में बम की झूठी सूचना देते हुए दावा किया था कि चेन्नई से मुंबई जा रहे विमान में एक बम रखा हुआ है। आरोपी वी प्रसन्ना (27) तंजावुर जिले के तिरुवैयारु का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उत्तरी सिक्किम : सीमावर्ती गांवों को फिर से जोड़ेगा सेना का सस्पेंशन ब्रिज
सिक्किम में लगातार भारी बारिश के कारण संपर्क से कटे सीमावर्ती गांवों को फिर से जोड़ने के लिए भारतीय सेना के त्रिशक्ति कोर के इंजीनियरों ने 150 फुट ऊंचे सस्पेंशन ब्रिज का निर्माण किया। सेना ने रविवार को कहा कि उत्तरी सिक्किम में बनाए गए इस ब्रिज से स्थानीय लोगों को राहत मिली है। सेना के एक अधिकारी कहा, सेना के इंजीनियरों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में 48 घंटे से भी कम समय में ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर अपनी तकनीकी दक्षता साबित की है। इस दौरान 20 नॉट से अधिक की गति से बहने वाला पानी सबसे बड़ी बाधा था। यह पुल अब उन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को फिर से स्थापित करने, लोगों की आवाजाही सुनिश्चित करने और प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में मदद करेगा।
केनरा बैंक का आधिकारिक एक्स अकाउंट हैक
सरकार के स्वामित्व वाले केनरा बैंक ने रविवार को कहा कि उसके एक्स हैंडल से छेड़छाड़ की गई है। उसने अपने ग्राहकों से कहा है कि वे सोशल मीडिया हैंडल का तब तक इस्तेमाल न करें जब तक कि इसे ठीक न कर दिया जाए। बैंक के एक अधिकारी ने कहा, संबंधित टीमें मामले की जांच कर रही हैं और बैंक के एक्स हैंडल तक पहुंच हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हम उपयोगकर्ताओं से आग्रह करते हैं कि वे हमारे एक्स पेज पर कुछ भी पोस्ट न करें। जब यह बहाल हो जाएगा और केनरा बैंक तुरंत सूचित करेगा। बैंक ने अपने ग्राहकों से अधिक जानकारी और सेवाओं के लिए निकटतम बैंक शाखाओं या इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के लिए कहा है।
महाराष्ट्र के अकोला जिले में रविवार को तेलहारा तालुका के कालेगांव में करंट लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। कूलर छूने से बच्चों को करंट लग गया था। 4 और 5 साल के बच्चे गर्मी की छुट्टियों में अपने मामा के घर आए थे। हिवरखेड़ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि खेलते समय उन्होंने एक एयर कूलर को छू लिया। कूलर में से करंट निकल रहा था और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।