फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 24th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: मणिपुर से तीन उग्रवादी गिरफ्तार, गोला बारूद बरामद; तटरक्षक बल की मुस्तैदी से बची मछुआरे की जान

Thu, 24 Apr 2025 12:04 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 24 Apr 2025 12:04 PM IST
विज्ञापन
News Updates 24th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
भारत की कंपनी UCSL ने नॉर्वे को पहला हरित मालवाहक जहाज सौंप दिया है। उडुपी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (यूसीएसएल) ने नॉर्वे के विल्सन शिप मैनेजमेंट एएस को विल्सन इको 1 नाम का जहाज सौंपा जो भारत की तरफ से पर्यावरण अनुकूल समुद्री समाधानों के निर्यात की दिशा में बड़ा कदम है। बुधवार को कर्नाटक में न्यू मैंगलोर पोर्ट पर कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड की सहायक कंपनी UCSL ने 506 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विल्सन इको 1 सौंपा। इस अत्याधुनिक जहाज में स्वीडन, नीदरलैंड और भारत की प्रमुख प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नीदरलैंड के कोनोशिप इंटरनेशनल ने इसका डिजाइन तैयार किया है। यह डीजल-इलेक्ट्रिक जहाज नॉर्वे सरकार की ग्रीन शिपिंग पहल का हिस्सा है। भविष्य में इसे अपग्रेड करने के बाद विंड-फ़ॉइल और बैटरी से संचालित किया जा सकेगा। इसका संचालन यूरोपीय अंतर्देशीय और तटीय जल में होगा। नॉर्वे के विल्सन शिप मैनेजमेंट एएस को भारत की UCSL पांच और 3,800 डीडब्ल्यूटी हरित शुष्क मालवाहक जहाजों की आपूर्ति करेगी। ब्यूरो वेरिटास ने इसे नॉर्वे के झंडे के तहत वर्गीकृत किया है। पूरी परियोजना में 800 से अधिक भारतीय श्रमिक शामिल रहे। जहाज निर्माण के दौरान सरकार के राष्ट्रीय कौशल कार्यक्रम के तहत 100 से अधिक लोगों को प्रशिक्षित भी किया गया। बता दें कि यूरोप की सबसे बड़ी लघु-समुद्री शिपिंग कंपनी विल्सन ने भारत की यूसीएसएल को 1,041 करोड़ रुपये मूल्य के आठ मालवाहक जहाजों (6,300 DWT) का ऑर्डर दिया है। 
विज्ञापन


राज्यपाल बोस और TMC नेता मुकुल रॉय से अस्पताल जाकर मिलीं CM ममता
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस  कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बोस से अस्पताल में जाकर मुलाकात की। राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचीं सीएम ममता बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा, उन्होंने राज्यपाल से बात नहीं की। डॉक्टरों से बात हुई है। उन्हें हृदय संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है। उपचार के भावी तरीके पर अगले कुछ दिनों में विचार किया जाएगा। बता दें कि सोमवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद राज्यपाल को पूर्वी कमान अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें एक निजी चिकित्सा केंद्र में गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। ममता ने राज्यपाल के अलावा इसी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कद्दावर नेता मुकुल रॉय से भी मुलाकात की। पूर्व रेल मंत्री रॉय पिछले कुछ वर्षों से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती रॉय से मिलने के बाद सीएम ममता ने कहा, 'मैंने मुकुल रॉय को भी देखा... उनके सिर को सहलाया। उन्होंने धीरे से अपनी आंखें भी खोलीं।'
विज्ञापन

ईडी ने सहारा समूह की 1500 करोड़ से अधिक की संपत्तियां अटैच कीं
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सहारा समूह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की नई संपत्तियां अटैच की हैं। संघीय जांच एजेंसी ने बुधवार को बताया कि अटैच की गईं संपत्तियों में 16 शहरों में सहारा प्राइम सिटी लिमिटेड की कुल 1,023 एकड़ जमीन हैं। इन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अटैच की गई हैं। इन भूखंडों का कुल मूल्य 1,538 करोड़ रुपये (2016 सर्किल रेट के अनुसार) है। एजेंसी ने कहा कि इन जमीनों को बेनामी लेन-देन के जरिए खरीदा गया था, जिसमें सहारा की संस्थाओं से धन डायवर्ट किया गया था। एजेंसी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ये जमीनें गुजरात, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर और उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। पिछले सप्ताह, ईडी ने महाराष्ट्र के लोनावाला में स्थित एंबी वैली में 707 एकड़ जमीन अटैच की थी, जिसकी कीमत 1,460 करोड़ रुपये (बाजार मूल्य) है। धन शोधन का यह मामला विभिन्न राज्य पुलिस विभागों द्वारा दर्ज 500 से अधिक एफआईआर से संबंधित है।
विज्ञापन

ओडिशा: ग्रामीण डाक सेवक भर्ती धोखाधड़ी में सीबीआई ने मारे छापे
सीबीआई ने ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) भर्ती में धोखाधड़ी से जुड़े में मामले में बुधवार को ओडिशा के पांच जिलों में 12 जगहों पर छापे मारे। आरोप है कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों ने 2023 की भर्ती प्रक्रिया के दौरान नौकरी पाने के लिए फर्जी मैट्रिकुलेशन प्रमाण पत्र जमा किए थे। भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी सामने आने के बाद ओडिशा सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि भुवनेश्वर, कालाहांडी, बलांगीर, संबलपुर और केंदुझार जिलों में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापे मारे गए।
विज्ञापन

एफटीआईआई पुणे और एसआरएफटीआई कोलकाता को विश्वविद्यालय का दर्जा

प्रतिष्ठित फिल्म निर्माण स्कूलों, भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे, सत्यजीत रे फिल्म व टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई), कोलकाता को मानद विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया है। शिक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी साझा की। डीम्ड टु बी दर्जा मिलने से उन्हें डिप्लोमा के बजाय डिग्री प्रदान करने और डॉक्टरेट कार्यक्रम की पेशकश करने का अधिकार होगा। शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, एफटीआईआई पुणे और एसआरएफटीआई कोलकाता को यूजीसी अधिनियम की धारा तीन के तहत मानद विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की अनुशंसा के बाद दर्जे को अधिसूचित किया गया है।

एयरो-इंजन विकास सरकार का प्राथमिकता क्षेत्र: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वायुसेना की जरूरतों के मद्देनजर एयरो-इंजन का विकास सरकार का एक प्राथमिकता वाला क्षेत्र है। सरकार का यह प्रयास है कि इस इंजन को पूर्ण बौद्धिक संपदा अधिकारों के साथ सह-विकास और सह-उत्पादन मॉडल पर स्वदेशी रूप से बनाया जाए। यहां बुधवार को सुब्रतो पार्क स्थित वायुसेना सभागार में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि बदलते भू-रणनीतिक समीकरणों का भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है, जैसा पहले कभी नहीं था।  इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह की स्मृति में किया गया, जिनकी जयंती 15 अप्रैल को थी।

एक देश-एक चुनाव विकसित भारत की आधारशिला: प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि एक देश-एक चुनाव विकसित भारत के विजन की आधारशिला है। उन्होंने यह एक मजबूत और स्थिर भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण कारक साबित होगा। प्रधान बुधवार को छात्रों से संबंधित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधान ने कहा कि यह विषय अब कानूनी और राजनीतिक चर्चाओं से आगे बढ़कर देश के मुख्य एजेंडे का हिस्सा बन गया है। किसी भी बड़े राष्ट्रीय निर्णय को निर्णायक स्तर तक ले जाने के लिए नीति, योजना, रणनीति और सबसे महत्वपूर्ण, जनभागीदारी जरूरी है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष का नकारात्मक रवैया लोगों के जनादेश का अपमान करता है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि यह समय भारत का समय है तो विपक्ष का नकारात्मक रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है।

पहलगाम आतंकी हमले पर विवादित पोस्ट करने वाला शख्स गिरफ्तार
झारखंड के बोकारो जिले में बुधवार को एक व्यक्ति को आतंकी हमले के बारे में विवादित सोशल मीडिया पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बालीडीह थाने के प्रभारी नवीन कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद नौशाद ने आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान और लश्कर-ए-तैयबा की तारीफ की थी। इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता संजीव सरदार ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि देश इसका जवाब देगा। उधर पुलिस ने मध्य प्रदेश के दमोह शहर में दो लोगों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

बंगाल : गांव की पहरेदारी कर रहे दो युवकों पर हमला, एक की मौत
पश्चिम बंगाल में मालदा के एक गांव में मंगलवार रात पहरा दे रहे दो युवकों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इसमें शिबू मंडल नामक युवक की मौत हो गई, जबकि सूर्य मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। सिकंदरपुर में हुई इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने मालदा-मानिक चौक को जाम कर दिया गया। पुलिस ने लोगों को तितर-बितर के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में भारी पुलिस बल उतारा गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्थगित किया असम का दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की इस सप्ताह के अंत में होने वाली दो दिवसीय असम यात्रा पहलगाम आतंकी हमले के चलते स्थगित कर दी गई है। मुर्मू को दो आधिकारिक समारोहों में भाग लेने के लिए बृहस्पतिवार शाम को गुवाहाटी पहुंचना था। असम के राज्यपाल सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि हमें राष्ट्रपति भवन से एक संदेश मिला है जिसमें हमले के कारण यात्रा स्थगित होने की सूचना दी गई है। इसे बाद में पुनर्निर्धारित किया जाएगा।

मुर्शिदाबाद दंगों के दौरान 109 घर हुए क्षतिग्रस्त : अधिकारी
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हाल ही में हुए सांप्रदायिक दंगों में कुल 109 घर क्षतिग्रस्त हुए। बुधवार को एक सरकारी सर्वेक्षण में यह खुलासा हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि मुर्शिदाबाद जिला प्रशासन के सर्वेक्षण के अनुसार धुलियान, शमशेरगंज और सुती में हाल ही में हुए दंगों के दौरान 109 घर क्षतिग्रस्त हुए। अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट मुख्य सचिव मनोज पंत को सौंप दी गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले घोषणा की थी कि हिंसा से प्रभावित सभी घरों को राज्य की ‘बांग्लार बारी’ आवास योजना के तहत फिर से बनाया जाएगा।

मणिपुर में फिर हिंसा, आगजनी कामजोंग के हैयांग में कर्फ्यू
मणिपुर के कामजोंग जिले में बुधवार को एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। कामजोंग जिले के सहामफुंग उप-मंडल के अंतर्गत गम्पाल और हैयांग (गम्पाल का एक छोटा सा गांव) गांवों के घरों में आगजनी की घटना के बाद, कामजोंग के जिला मजिस्ट्रेट रंगनामेई रंग पीटर ने बुधवार को अपराह्न दो बजे से अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया है। अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं और अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

शिवसेना की तरफ से श्रीकांत शिंदे होंगे सर्वदलीय बैठक में शामिल

शिवसेना की तरफ से पार्टी के सांसद श्रीकांत शिंदे आज होने वाली सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेंगे। पहलगाम आतंकी हमले के चलते सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। पार्टी ने बयान जारी कर रहा है कि पार्टी का स्टैंड राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा है और श्रीकांत शिंदे सर्वदलीय बैठक में पार्टी के स्टैंड को रखेंगे। 

मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में अलग-अलग ऑपरेशन में तीन उग्रवादियों को पकड़ा गया है। ये उग्रवादी इंफाल ईस्ट जिले से पकड़े गए हैं। पकड़े गए उग्रवादी प्रतिबंधित संगठन कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी, कांगलेई यावोल कन्ना और प्रीपाक के सक्रिय सदस्य हैं। इनकी पहचान लोशामबम सुंदर सिंह व दो अन्य की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद किए हैं। 
 

तटरक्षक बल की मुस्तैदी से बची मछुआरे की जान

भारतीय तटरक्षक बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक मछुआरे की जान बचाई। दरअसल गुजरात में मछली पकड़ने के दौरान मछुआरे को सीने में दर्द की शिकायत हुई। जैसे ही तटरक्षक बल को इसकी जानकारी हुई तो तटरक्षक बल के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और मछुआरे को बचाया। 
 

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि एआईयूडीएफ के विधायक अमीनुल इस्लाम को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, क्योंकि उन्होंने पाकिस्तान का बचाव किया और पहलगाम आतंकी हमले में उसकी मिलीभगत को लेकर बयान दिया। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed