फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 23rd June North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Update: पीएम मोदी ने PMML सोसाइटी की वार्षिक आम बैठक की अध्यक्षता की; बांग्लादेश के नए राजदूत से मिलीं CM ममता

Mon, 23 Jun 2025 08:01 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 23 Jun 2025 08:01 PM IST
विज्ञापन
News Updates 23rd June North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) सोसाइटी की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि, सोसाइटी की 47वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) तीन मूर्ति भवन में हुई। सरकार ने इस साल की शुरुआत में पीएमएमएल सोसाइटी का पुनर्गठन किया था, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता शेखर कपूर को जगह मिली थी। पीएमएमएल के प्रमुख निर्णय लेने वाले निकाय में प्रधानमंत्री अध्यक्ष के रूप में और रक्षा मंत्री उपाध्यक्ष के रूप में शामिल हैं। इस बैठक में राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, गजेंद्र सिंह शेखावत और अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे।
विज्ञापन


संस्कृति मंत्रालय के 13 जनवरी के आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा को संगठन के अध्यक्ष के रूप में एक और पांच साल का कार्यकाल मिला है। प्रतिष्ठित संस्थान की सोसायटी में कई नए लोग शामिल हुए हैं, जिनमें ईरानी, कपूर, नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कुमार, सेवानिवृत्त सेना अधिकारी सैयद अता हसनैन और संस्कार भारती के वासुदेव कामथ शामिल हैं। पीएमएमएल का आयोजन तीन मूर्ति भवन में किया गया है, जहां प्रधानमंत्री संग्रहालय भी स्थित है। एयर इंडिया के पूर्व सीएमडी और रेलवे बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अश्विनी लोहानी को हाल ही में पीएमएमएल का निदेशक नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन


जेपी नड्डा ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया नमन
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेदों और डॉ. जवाहरलाल नेहरू की तुष्टिकरण नीति के कारण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उनके मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में वे भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को दिए गए विशेष दर्जे का विरोध किया था। 23 जून 1953 को श्रीनगर जेल में उनकी रहस्यमयी मौत हो गई थी। उस समय भारतीय जनसंघ बहुत छोटा था। हमने आवाज उठाई। विपक्ष ने कहा कि जांच होनी चाहिए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मां ने भी जवाहरलाल नेहरू को पत्र लिखकर कहा था कि इस बारे में जांच होनी चाहिए, लेकिन इस पर सुनवाई नहीं हुई। 
विज्ञापन
विज्ञापन

ओडिशा में अफगान घुसपैठिया गिरफ्तार, जाली दस्तावेज जब्त
ओडिशा पुलिस ने आव्रजन अधिकारियों की मदद से एक अफगानी घुसपैठिये को गिरफ्तार किया है, जो जाली दस्तावेज के सहारे 2018 से कटक में रहकर व्यापार कर रहा था। आरोपी की पहचान मोहम्मद यूसुफ (54) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान-पत्र समेत कई जाली दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, यूसुफ को शनिवार को गिरफ्तार किया और वह काबुल निवासी मोहम्मद नसीम खान का पुत्र है। हालांकि, जाली दस्तावेज में उसने अपना नाम याहा खान पुत्र मोती खान दर्ज कराया है।

फर्जी सिम कार्ड गिरोह का एक और मुख्य आरोपी गिरफ्तार
असम पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड गिरोह के एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास 15 वोटर आईडी बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही ऑपरेशन घोस्ट सिम के तहत अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि विशेष कार्यबल (एटीएफ) ने शुक्रवार को रूपचंद अली की गिरफ्तारी के साथ ही इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था। एसटीएफ ने कहा, आरोपी से अभी पूछताछ चल रही है और उसने प्रारंभिक पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। जांच आगे बढ़ने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी। 

सीएम ममता बनर्जी ने बांग्लादेश के नए राजदूत से मुलाकात की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार शाम को राज्य सचिवालय में बांग्लादेश के नवनियुक्त उच्चायुक्त एम. रियाज हमीदुल्लाह से मुलाकात की है। मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि इस बातचीत के दौरान मुख्य सचिव मनोज पंत भी मौजूद थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, 'यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी।'

सूत्रों ने दावा किया कि लगभग नौ वर्षों में सीएम ममता बनर्जी और बांग्लादेश के उच्चायुक्त के बीच यह पहली मुलाकात थी। यह मुलाकात बनर्जी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे गए पत्र के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें उन्होंने केंद्र से बांग्लादेश सरकार के साथ मिलकर बांग्लादेश के सिराजगंज के शहजादपुर में ऐतिहासिक कचहरी हाउस, जिसे रवींद्र कचहरीबाड़ी के नाम से भी जाना जाता है, में तोड़फोड़ की घटना की जांच करने का आग्रह किया था। यह टैगोर परिवार का पैतृक घर और राजस्व कार्यालय था।

केरल के पूर्व सीएम अच्युतानंदन को हार्ट अटैक
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) नेता वीएस अच्युतानंदन को दिल का दौरा पड़ने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि 101 वर्षीय नेता की हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। माकपा के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन अस्पताल में अच्युतानंदन से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि हृदय रोग विशेषज्ञों की एक टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। अच्युतानंदन उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और सार्वजनिक जीवन से दूर रहे हैं। अच्युतानंदन 2006 से 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे। सात बार विधायक रहे अच्युतानंदन ने अपने राजनीतिक जीवन में 10 चुनाव लड़े, जिनमें से केवल तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

गुजरात ग्राम पंचायत चुनाव में करीब 72 फीसदी मतदान
गुजरात ग्राम पंचायत चुनाव में करीब 72 फीसदी मतदान हुआ है। प्रदेश के 3,894 ग्राम पंचायतों के चुनाव में रविवार को करीब 72 प्रतिशत मतदान हुआ। स्थानीय निकायों में 2023 में 27 प्रतिशत ओबीसी कोटा की घोषणा के बाद पहली बार यह चुनाव हो रहे हैं। कुछ जिलों में हिंसा की कुछ घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि 10,479 मतदान केंद्रों पर 6,224 पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले गए। 

असम के CM का दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स हैंडल पर दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर किया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में सीएम सरमा एक बच्चे से बातचीत करते देखे गए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'नन्हे भगिन के साथ दिल को छू लेने वाली बातचीत हुई। जल्द ही अपने घर पर उसकी और उसकी मां की मेज़बानी करने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं।'

कांग्रेस नेता ने आंध्र के पूर्व सीएम को घेरा
कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की उनके कार्यकाल के दौरान कथित 3500 रुपये के शराब घोटाले को लेकर आलोचना की। टैगोर ने इसे भ्रष्टाचार का वैज्ञानिक तरीका करार दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक घोटाला नहीं बल्कि एक इंजीनियर्ड इकोसिस्टम था। एक्स पर पोस्ट में कांग्रेस सांसद ने कहा कि एसआईटी ने उजागर किया है कि जगन मोहन रेड्डी ने कथित तौर पर 3500 करोड़ रुपये का शराब घोटाला किया और यह कैसे जनता के पैसे लूटने का एक वैज्ञानिक तरीका बन गया।

उद्योग हितों की रक्षा के लिए सरकार एफटीए पर कर रही है व्यापक विचार-विमर्श- पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि सरकार मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श कर रही है और घरेलू उद्योग के हितों को ध्यान में रखते हुए इन समझौतों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भारत इन समझौतों पर बातचीत करते समय उद्योग के आक्रामक और रक्षात्मक दोनों हितों को ध्यान में रख रहा है। वाणिज्य भवन के उद्घाटन की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, 'हम अपने सभी एफटीए हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श और बैठकें करने के बाद करते हैं। हम उनकी (उद्योगों की) चिंताओं और जरूरतों को संबोधित करते हैं।'

उन्होंने कहा कि भारत उन व्यापारिक साझेदारों के साथ एफटीए पर बातचीत कर रहा है जो देश के साथ प्रतिस्पर्धा नहीं करते हैं बल्कि इसकी अर्थव्यवस्था को पूरक बनाते हैं ताकि उद्योग और लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा, 'आगे भी हम ऐसे एफटीए करेंगे जो राष्ट्रीय और सार्वजनिक हितों को ध्यान में रखेंगे।' भवन के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह आधुनिक, कुशल और एकीकृत शासन का प्रतीक है, तथा भारत के तेजी से बढ़ते वाणिज्य और उद्योग पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक समर्पित केंद्र है। उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन केवल ईंट-पत्थर के ढांचे की वर्षगांठ मनाने के लिए नहीं था, बल्कि एक परिवर्तनकारी दृष्टिकोण का जश्न मनाने के लिए था जिसने पिछले 11 वर्षों में देश की प्रगति को निर्देशित किया है।

बंगलूरू भगदड़ मामले में न्यायमित्र की हुई नियुक्ति
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता एस सुशीला को चार जून को यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ से संबंधित मामले में सोमवार को न्यायमित्र नियुक्त किया। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश वी कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति सी एम जोशी की खंडपीठ ने निर्देश दिया कि राज्य सरकार द्वारा सीलबंद लिफाफे में प्रस्तुत की गई स्थिति रिपोर्ट सहित सभी प्रासंगिक सामग्री न्यायमित्र के साथ साझा की जाए।

अदालत ने वरिष्ठ अधिवक्ता सुशीला को यह सलाह देने का काम सौंपा है कि क्या इन रिपोर्ट को गोपनीय रखा जाना चाहिए या इन्हें अन्य संबंधित पक्षों के समक्ष – पूर्णतः या चुनिंदा रूप से – प्रकट किया जा सकता है। वहीं राज्य की ओर से पेश महाधिवक्ता (एजी) शशि किरण शेट्टी ने दलील दी थी कि फिलहाल मामले की सामग्री का खुलासा नहीं किया जाना चाहिए। उनकी चिंता थी कि प्रारंभिक निष्कर्षों को सार्वजनिक करने से जारी मजिस्ट्रेट और न्यायिक आयोग की जांच में बाधा उत्पन्न हो सकती है। महाधिवक्ता (एजी) ने इससे पहले उच्च न्यायालय से अपील की थी कि इस मामले को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदलने से रोका जाए और जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने से बचा जाए।

आयकर विभाग को वित्त मंत्री का निर्देश- समय पर रिफंड और शिकायतों का निपटारा हो
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आयकर अधिकारियों से कहा कि वे करदाताओं की शिकायतों का समय पर समाधान करें और टैक्स रिफंड जल्दी जारी करें। उन्होंने लंबित विवादित कर मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दिया ताकि लोगों का विश्वास बढ़े। वित्त मंत्री ने विभाग से शिकायत निवारण तंत्र में लंबित मामलों को तेजी से खत्म करने को कहा। अब तक 82% शिकायतें सुलझाई जा चुकी हैं। साथ ही छोटे मामलों में अपील वापस लेने और कर प्रक्रियाओं को सरल बनाने के निर्देश दिए गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed